सऊदी अरब में कोरोना वायरस संक्रमण के अब तक 46,869 मामले सामने आ चुके हैं. इनमें से 77 फ़ीसदी संक्रमित लोग मक्का, रियाद, जेद्दा, मदीना और दम्माम में हैं. इन चार शहरों में भी सबसे ज़्यादा मामले मक्का में हैं.
मक्का: कुल संक्रमित 9,900
रियाद: कुल संक्रमित 8,430
जेद्दा: कुल संक्रमित 8,034
मदीना: कुल संक्रमित 6,768
गुरुवार को सऊदी अरब में कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,039 नए मामले सामने आए.
यह एक दिन की अब तक की यह सबसे बड़ी तादाद है. अल-अरबिया के अनुसार सऊदी में बच्चों में 125 फ़ीसदी संक्रमण बढ़ा है और 100 फ़ीसदी महिलाओं में बढ़ा है. सऊदी अरब ने हाल ही में पाँच से ज़्यादा लोगों के साथ होने पर प्रतिबंध लगा दिया था.
इस बार की हज यात्रा भी अधर में लटक गई है. सिंगापुर ने अपने यहां से हाजियों का ट्रिप रद्द कर दिया है.
कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुए संकट से कच्चे तेल की क़ीमत में जबर्दस्त गिरावट आई है. इसने तेल के ऊपर निर्भर रहने वाले देशों की अर्थव्यवस्था पर बहुत बुरा असर डाला है.
कभी टैक्स फ़्री होने के लिए मशहूर सऊदी अरब ने अपने यहाँ वैल्यू एडेड टैक्स (वैट) पाँच फ़ीसदी से बढ़ाकर 15 फ़ीसदी तक कर दिया है. हर महीने कर्मचारियों को दिया जाने वाला भत्ता भी ख़त्म कर दिया है.
वैश्विक स्तर पर तेल की क़ीमत एक साल पहले के मुक़ाबले में आधी से भी कम हो गई है. इससे सऊदी अरब के राजस्व में 22 फ़ीसदी की कमी हुई है. इसके बाद सऊदी अरब ने अपने सारे अहम प्रोजेक्ट्स पर फ़िलहाल रोक लगा दी है.
सिंगापुर ने कहा- 'हाजियों के लिए जोख़िम भरा हो सकता है कोविड-19'
सिंगापुर की इस्लामिक रिलीजियस काउंसिल ने क़रीब 900 मुस्लिम
तीर्थयात्रियों की हज यात्रा को 2021 तक स्थगित कर दिया है. ये लोग हज के लिए सऊदी
अरब की यात्रा पर जाने वाले थे.
स्थानीय मीडिया के अनुसार सऊदी अरब ने भी इस साल की हज
यात्रा पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की हैजो हर वर्ष जुलाई के अंत में शुरू होती है.
सिंगापुर की काउंसिल ने कहा है कि जाने के लिए पंजीकृत 80
प्रतिशत से अधिक लोग 50 वर्ष की आयु से ऊपर थे जिनके लिए कोविड-19 वाक़ई जोखिम भरा
हो सकता है.
हर साल लाखों मुसलमान पवित्र शहर मक्का की यात्रा करते हैं.