कोरोना अपडेट: कोरोना गांवों में ना फैले, ये हमारी सबसे बड़ी चुनौती है- मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए बातचीत की.

लाइव कवरेज

  1. चीन के शुलान में बढ़े कोरोना संक्रमण के मामले

    कोरोना लॉकडाउन

    इमेज स्रोत, GETTY IMAGES

    चीन के शुलान शहर में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले बढ़ने के बाद लॉकडाउन लागू कर दिया गया है.

    सरकारी मीडिया के मुताबिक़ बीते 24 घंटे में यहाँ संक्रमण के 11 मामले सामने आये हैं. ये सभी लोग कपड़े धोने वाली एक महिला के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं.

    45 साल की महिला से संक्रमण उनके पति, बहन और परिवार के दूसरे सदस्यों में पहुँचा. महिला की कोई हालिया ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है.

    शहर की सभी सार्वजनिक जगहों को बंद कर दिया गया है और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घर में रहने की अपील की है. इसके अलावा सार्वजनिक परिवहन पर रोक लगा दी गई है.

  2. कोरोना अपडेट: खाड़ी देशों से इतने लोगों को क्या वापस ला पाएगी मोदी सरकार

  3. कोरोना संकटः कैसा है दुनिया भर का हाल

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Ben Gabbe/Getty Images

    दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 40 लाख पार कर गई है. कोविड-19 के कारण रविवार तक 277,092 लोगों की मौत हो गई है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार ये आंकड़े भारतीय समयानुसार रविवार रात 8:47 बजे तक के हैं.

    • उधर, ब्रितानी प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा है कि लॉकडाउन अभी नहीं हटाया जाएगा और उन्होंने लोगों से सावधान रहने की अपील की है. उन्होंने सात हफ़्तों से बंद आर्थिक गतिविधियों को दोबारा शुरू करने की योजना भी रखी है.
    • जर्मनी में जैसे ही कोरोना वायरस को रोकने के लिए लगाई गई पाबंदियों में ढील देने की प्रक्रिया शुरू की गई तो संक्रमण के नए मामलों की संख्या बढ़ने लगी. वहां इस बात की चिंता जताई जा रही है कि हालात एक बार फिर बेकाबू हो सकते हैं.
    • स्पेन में 15 मार्च के बाद इस रविवार को कोविड-19 के कारण मरने वाले लोगों की संख्या सबसे कम रही. स्पेन में लॉकडाउन के आदेश को कड़ाई से लागू किया गया है और अब देश की आधी आबादी पाबंदियों में छूट के लिए तैयार है. हालांकि मैड्रिड और बार्सिलोना जैसे शहरों में रहने वाले लोगों को इसका फ़ायदा नहीं मिलेगा.
    • रूस में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण रिकॉर्ड 11,012 मामले दर्ज किए गए. इसके साथ ही पूरे देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 209,688 तक पहुंच गई है.
    कोरोना संकट

    इमेज स्रोत, CHANDAN KHANNA/AFP via Getty Images

    एशिया का हाल

    दक्षिण कोरिया ने संक्रमण के नए मामलों में आई तेज़ी को देखते हुए कोरोना वायरस की दूसरी लहर को लेकर चेतावनी जारी की है. ये चेतावनी ऐसे वक़्त में जारी की गई है जब देश में लॉकडाउन में रियायतें देना शुरू किया जा रहा था.

    चीनी अधिकारियों ने भी उत्तर पूर्वी चीन में कोरोना वायरस की दूसरी लहर को लेकर चेतावनी जारी की है. यहां जिलिन प्रांत के एक शहर को हाई रिस्क श्रेणी में रखा गया है.

    टोक्यो में कोरोना संक्रमित मरीज़ों के लिए अस्पतालों में तय किए गए 90 फ़ीसदी बेड भर चुके हैं. जापान के स्वास्थ्य मंत्री ने इसकी जानकारी रविवार को दी.

    ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में प्रशासन ने शुक्रवार को रेस्टोरेंट, खेल के मैदान और आउटडोर पूल खोलने की अनुमति दी है. बड़े स्तर पर टेस्टिंग के बाद यहां कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी दिखी है.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Jeenah Moon/Getty Images

    अमरीका में 80 हज़ार लोगों की मौत

    न्यूयॉर्क में नर्सिंग होम्स में भर्ती मरीज़ों की देखभाल के लिए कुछ नए नियम जारी किए गए हैं. अमरीका में करीब 80 हज़ार लोगों की मौत कोरोना संक्रमण की वजह से हुई है जिनमें से सबसे अधिक न्यूयॉर्क में हैं.

    व्हॉइट हाउस ने कोरोना संक्रमण की वजह से प्रभावित लोगों को आर्थिक राहत देने की योजना को लेकर रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स से कांग्रेस में बातचीत की अनौपचारिक शुरुआत की है. हालांकि वो यह चिंता भी जता रहे हैं कि केंद्र से आने वाला कोई भी पैसा अब शर्तों के साथ दिया जा सकता है.

    कनाडा में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या रविवार को 2.2 फ़ीसदी बढ़कर 4728 हो गई. सरकारी स्वास्थ्य एजेंसी के आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमण शुरू होने के बाद रोज़ाना के मामलों में यह सबसे बड़ी गिरावट है.

    मेक्सिको की राजधानी में कोरोना संक्रमण के नए मामले इतनी तेज़ी से बढ़ रहे हैं कि सरकारी और निजी अस्पतालों से कोरोना के मरीज़ों को लौटा दिया जा रहा है. अस्पतालों में नए मरीज़ों के लिए जगह नहीं है.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Lior Mizrahi/Getty Images

    मध्य पूर्व और अफ्रीका

    इसराइल में धीरे-धीरे नर्सरी, किंडरगार्टन स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है. यह फैसला अर्थव्यवस्था को उबारने के लिहाज से लिया गया है.

    कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से अफ्रीका में 83000 से एक लाख 90 हज़ार लोगों के एक साल में मरने की आशंका जताई गई है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का कहना है कि अगर संक्रमण को रोका नहीं गया तो एक साल में यहां करीब तीन करोड़ से साढ़े चार करोड़ लोग संक्रमित हो सकते हैं.

  4. कोरोना अपडेट: क्या घर से बाहर रहना ज़्यादा सुरक्षित है?

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, PA Media

    इस मामले में अभी तक बहुत रिसर्च नहीं हुई है लेकिन कई बिंदु ऐसे हैं जिनसे लगता है कि घर के बाहर रहना कहीं अधिक सुरक्षित है. लेकिन एक रिसर्च के शुरुआती चरण में कहा गया है कि ड्रॉपलेट्स (छींकने या खांसने के दौरान निकली बूंदें) में वायरस होता है. ऐसे में बाहर रहने के दौरान यह हवा के साथ उड़ जाएगा. और अगर आप जॉगिंग कर रहे हैं या फिर सैर कर रहे हैं तो इस बात की भी आशंका कम होगी कि आप किसी सतह को छूएं. इस दौरान इस बात की संभावना बढ़ जाएगी कि आप किसी संक्रमित सतह पर हाथ ना रखें और या फिर अपने चेहरे को ना छुएं.

    जापान में हुई एक स्टडी में कहा गया है कि घर में रहना, बाहर घूमने की तुलना में 18 गुना अधिक ख़तरनाक है. और चीन की एक रिसर्च में जब संक्रमण के तीन सौ मामलों की पड़ताल की गई तो पाया गया कि उनमें से सिर्फ़ एक मामला आउटडोर का था.

    लेकिन इसका मतलब ये बिल्कुल नही है कि ख़तरा नहीं है.

    चीन की ही एक अन्य रिसर्च में क़रीब 2000 ऐसे लोगों पर अध्ययन किया गया जो संक्रमित लोगों के संपर्क में आए थे. इस रिसर्च में चेतावनी दी गई है कि किसी भी शख़्स के संपर्क में बिना मास्क पहने संपर्क में आना ख़तरनाक हो सकता है.

    ब्रिटेन की सरकार ने भी लोगों को एक-दूसरे के सीधे संपर्क में ना आने को कहा है और दो मीटर की दूरी बनाए रखने को भी ज़रूरी बताया है.

    लेकिन क्या दो मीटर की दूरी पर्याप्त है?

    अमरीका में हुए एक लैब टेस्ट में पाया गया है कि खांसने के दौरान ड्रॉपलेट्स छह मीटर दूरी तक जा सकते हैं और छींक के आठ मीटर तक.

    अभी ये जांच और बहस का विषय है कि घर के अंदर रहना ज़्यादा सुरक्षित है बाहर...लेकिन इतना तय है कि भीड़-भाड़ से बचने की सलाह सबसे अहम है.

  5. कोरोना अपडेट: जर्मनी में बढ़ रहे हैं कोरोना संक्रमण के मामले

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आधिकारिक डेटा दिखाते हैं कि जर्मनी में लॉकडाउन में ढील देने के महज़ एक दिन बाद ही संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं.

    रॉबर्ट कोच इंस्टीट्यूट के मुताबिक़, ढील दिए जाने के बाद से संक्रमण का री-प्रोडक्शन रेट बढ़ा है.

    इसका मतलब ये हुआ कि एक संक्रमित व्यक्ति कितने लोगों को संक्रमित कर सकता है, वो दर बढ़ गई है. मौजूदा समय में यह दर एक से अधिक है.

    इसका सीधा सा मतलब ये है कि देश में संक्रमण के मामले अब बढ़ रहे हैं.

    शनिवार को हज़ारों की संख्या में लोग जुटे थे. इन लोगों की मांग थी कि लॉकडाउन को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाए.

    इससे पूर्व जर्मन चांसलर एंगेला मर्केल ने बुधवार को 16 राज्यों के नेताओं से बातचीत के बाद देशव्यापी लॉकडाउन में व्यापक छूट की घोषणा की थी.

    संक्रमण के मामलों के लिहाज़ से जर्मनी दुनिया का सातवां सबसे अधिक प्रभावित देश है. जर्मनी में संक्रमण के कुल एक लाख 71 हज़ार से अधिक मामले हैं. जबकि मरने वालों की संख्या सात हज़ार से अधिक है.

  6. कोरोना अपडेट: वायरस ट्रेसिंग में सेक्स वर्कर्स कर रही हैं मदद

    ज़ाम्बिया के स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोना वायरस के इस दौर में वायरस ट्रेसिंग में मदद करने के लिए ज़ाम्बिया की सेक्स वर्कर्स की तारीफ़ की है.

    सीमा से लगे कस्बे नाकोन्डे में वायरस ट्रेसिंग के काम में मदद करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने इन सेक्स वर्कर्स की प्रशंसा की है.

    हाल के दिनों में उत्तरी कस्बे में संक्रमण के कई दर्जन नए मामले पाए गए. जिनमें ज़्यादातर मामले सेक्स वर्कर्स और लॉरी ड्राइवर्स से जुड़े हुए थे.

    देश के स्वास्थ्य मंत्री ने इन सेक्स वर्कर्स के समूह की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह समुदाय वायरस को ट्रेस करने में अधिकारियों की मदद कर रहा है.

    ज़ाम्बिया के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उत्तरी प्रांत में मिले 85 में से 76 मामलों में या तो सेक्स वर्कर्स हैं या फिर लॉरी ड्राइवर.

    स्वास्थ्य मंत्री शितालु शिलुफ्या ने कहा कि सेक्स वर्कर्स काफी सहयोग कर रही हैं. और वे हमें हर वो जानकारी दे रही हैं, जिसकी हमें ज़रूरत है.

    ज़ाम्बिया में संक्रमण के कुल 27 मामले हैं. जबकि अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, AFP

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना अपडेट: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की घोषणा के अहम बिंदु

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने आज ब्रिटेन में लॉकडाउन को लेकर भविष्य के रोडमैप की घोषणा की.

    अहम बिंदु-

    • पीएम ने बताया कि एक नया कोविड अलर्ट सिस्टम इंग्लैंड में वायरस को ट्रैक करेगा.
    • पीएम ने कहा कि "इस सप्ताह लॉकडाउन को समाप्त करने का समय नहीं है."
    • अगर कोई घर से काम नहीं कर सकता है तो अब उन्हें काम पर जाने के लिए "सक्रिय रूप से प्रोत्साहित किया जाना चाहिए" लेकिन सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल से बचना चाहिए.
    • बुधवार से इंग्लैंड में लोग व्यायाम के लिए जा सकते हैं और अपने स्थानीय पार्क में बैठ भी सकते हैं. लेकिन इस दौरान उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना होगा.
    • स्कूल एक जून से खुल सकेंगे. प्राइमरी स्कूल पहले खुलेंगे.
    • हवाई जहाज़ से देश में आने वाले लोगों को पहले 14 दिन क्वारंटीन में रखा जाएगा. हालांकि बोरिस जॉनसन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक संयुक्त बयान जारी करके कहा है कि क्वारंटीन के नियम ब्रिटेन और फ्रांस के बीच नहीं होंगे.
    • "stay at home, protect the NHS, save lives" की जगह अब एक नया स्लोगन है. यह नया स्लोगन है,"stay alert, control the virus, save lives" लेकिन स्कॉटलैंड, वेल्स और उत्तरी नीदरलैंड पुराने स्लोगन के साथ ही बने रहेंगे. इन तीनों देशों के नेताओं का कहना है कि जॉनसन ने उनसे इस नए संदेश के संदर्भ में कोई सलाह नहीं ली.
    • अपने संबोधन में उन्होंने एनएचएस के स्वास्थ्यकर्मियों की बहादुरी और कठोर श्रम की भी तारीफ़ की. इसके अलावा उन्होंने ज़रूरी कामों में लगे लोगों मसलन, पुलिस, बस ड्राइवर, कूड़ा उठाने वाले लोगों की भी तारीफ़ की. उन्होंने लगातार रिसर्च करके वैक्सीन ईजाद करने की कोशिश में लगे वैज्ञानिकों के प्रयास की भी सरहाना की.
    • उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल तथ्यात्मक बात है कि इन प्रतिबंधों और उपायों को अपनाने से हमने इस देश को एक बड़ी तबाही से बचाया है.
    • बोरिस जॉनसन ने अपने संबोधन में कहा कि इस अनुभव से ब्रिटेन बदल जाएगा. उन्होंने कहा 'इसके बाद हम पहले और बेहतर, मज़बूत होंगे.'
    • बोरिस जॉनसन ने प्रतिबंधों में कुछ ढील की घोषणा तो ज़रूर की है लेकिन साथ ही यह भी कहा “लेकिन अब से हमें चौकन्ना रहने की ज़रूरत है. वायरस को नियंत्रित करने के लिए और ज़िंदगियों को बचाने के लिए.”

    हालांकि एक वर्ग ऐसा भी है जो बोरिस जॉनसन के रोडमैप को 'स्पष्ट' नहीं मानता है. उनका मानना है कि रोडमैप में बातें-शर्तें और स्पष्ट तरीक़े से होनी चाहिए थीं. कुछ लोगों का ये बी मानना है कि इससे ख़तरा बढ़ेगा.

    वहीं दूसरी ओर ब्रिटेन ने अपने लिए हर रोज़ एक लाख टेस्ट करने का लक्ष्य रखा है लेकिन यह लगातार आठवां दिन था, जब ब्रिटेन अपने लक्ष्य को पूरा नहीं कर सका.

  8. कोरोना अपडेट: बीते 24 घंटे के महत्वपूर्ण अपडेट

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कहां कितने बढ़े मामले

    • दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 40 लाख 81 हज़ार से अधिक हो गए हैं. दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या भी बढ़कर 2 लाख 81 हज़ार से अधिक हो गई है.
    • अमरीका दुनिया का सबसे अधिक प्रभावित देश है. जहां संक्रमण के 13 लाख 20 हज़ार से अधिक मामले हैं. अमरीका में कोविड19 से मरने वालों की संख्या 79 हज़ार से अधिक है.
    • ब्रिटेन दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है. जहां मरने वालों की संख्या 31,930 हो गई है. देश में संक्रमण के कुल 2 लाख 20 हज़ार से अधिक मामले हैं.
    • रूस में संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं. रूस में संक्रमण के 2 लाख से अधिक मामले हैं. रूस में मरने वालों की संख्या 1915 है.

    भारत

    • भारत में संक्रमण के मामले बढ़कर 62,939 हो गए हैं. देश में संक्रमण के कारण अभी तक 2109 लोगों की मौत हो चुकी है. महाराष्ट्र देश का सबसे अधिक प्रभावित राज्य है. जहां संक्रमण के 20,228 मामले हैं. मरने वालों की संख्या यहां 779 है.
    • भारतीय रेलवे ने 12 मई यानी मंगलवार से ट्रेनों को फिर से चलाने का फ़ैसला किया है. शुरूआत में केवल 15 रेलगाड़ियों को चलाया जाएगा जो गंतव्य स्थलों तक जाकर वापसी यात्रा भी करेंगी. टिकटों की बिक्री 11 मई यानी सोमवार शाम 4 बजे से शुरू होगी.
    • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में 10 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड-19 का एक भी नया मामला सामने नहीं आया है.
    • प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सूचना दी गई है कि पीएम मोदी सोमवार दोपहर तीन बजे सारे राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए चर्चा करेंगे.कोरोना संकट पर प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों के साथ ये पाँचवीं बैठक होगी.

    चीन

    • चीन के वुहान शहर से एक महीने से ज़्यादा वक़्त के बाद संक्रमण का पहला मामला सामने आया है. स्थानीय मीडिया के मुताबिक़ 89 वर्षीय रोगी की हालत गंभीर है और उसमें पहले इस रोग के लक्षण नहीं देखे गए थे.चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने संक्रमण के 14 नए मामलों को दर्ज किया है जिनमें वुहान का मामला भी शामिल है.
    • चीन में अब तक संक्रमण के 83,994 मामलेसामने आए हैं. वहाँ इससे 4,637लोगों की मौत हुई है.
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जर्मनी के एक न्यूज़ आउटलेट की उस ख़बर के प्रति खंडन जारी किया है जिसमें ये दावा किया गया था कि चीन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन से कोरोना वायरस पर वैश्विक चेतावनी जारी करने में देरी करने के लिए कहा था.

    दक्षिण कोरिया

    दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल में कोरोना वायरस के दूसरे चरण के संक्रमण फैलने के डर से सारे बार और क्लब बंद कर दिए गए हैं.

    दक्षिण कोरिया की दुनिया भर में कोरोना वायरस को नियंत्रित को लेकर तारीफ़ हो रही है लेकिन शनिवार को सोल के मेयर ने इताइवोन शहर में नए क्लस्टर इन्फेक्शन के मामले सामने आने के बाद एक बार फिर से सब बंद करने का आदेश दिया है.

    अमरीका

    • कोविड-19 से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के कारण अमरीका में कोरोना वायरस टास्क फोर्स के दो बड़े अधिकारियों ने ख़ुद को क्वारंटीन में रखने का फ़ैसला किया है. इनमें सेंटर फ़ॉर डिजीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के डायरेक्टर डॉक्टर रॉबर्ट रेडफील्ड और फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के कमिश्नर स्टीफन हैन हैं.
    • संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए ज़िम्मेदार अधिकारी एंथनी फाउची ने भी कहा है कि वो एहतियात के तौर पर कुछ दिनों के लिए घर से काम करेंगे.
    • अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी आलोचना की है. कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के रुख़ की उन्होंने कड़े शब्दों में आलोचना की है.

    जर्मनी

    जर्मनी में संक्रमण के मामलों में तेज़ी आई है. लॉकडाउन में ढील के बाद से जो सरकारी आंकड़े सामने आए हैं उनके मुताबिक़, लॉकडाउन में ढील देने के एक दिन बाद ही संक्रमण के कई नए मामले सामने आए हैं.

  9. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.