You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोरोना अपडेट: सोशल डिस्टेंसिंग का ख़ुद उल्लंघन करने पर 'प्रोफ़ेसर लॉकडाउन' का इस्तीफ़ा
दुनिया भर के 187 देशों में फैला कोरोना. अब तक 35.80 लाख से अधिक लोग इस वायरस से संक्रमित जबकि 2.51 लाख लोगों की मौत हो चुकी है.
लाइव कवरेज
कोरोना संकट: अपने खर्चे पर घर लौट रहे मजदूर, 21 दिन बाद बिहार सरकार देगी पैसा
कोरोना के कारण दुनिया भर में 2.51 लाख लोगों की मौत
5 मई 2020 तक पूरी दुनिया के 187 देशों में कोरोना वायरस अपने पैर पसार चुका है.
इसके कारण अब तक दुनिया भर में 35.84 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि 2.51 लाख लोगों की मौत हो चुकी है.
इन देशों में हैं सबसे ज़्यादा मामले:
अमरीका में 11,80,634 लोग संक्रमित, अब तक 68,934 लोगों की मौत
स्पेन में 2,18,011 लोग संक्रमित, अब तक 25,428 लोगों की मौत
इटली में 2,11,938 लोग संक्रमित, अब तक 29,079 लोगों की मौत
यूके में 1,91,832 लोग संक्रमित, अब तक 28,809 लोगों की मौत
फ़्रांस में 1,69,583 लोग संक्रमित, अब तक 25,204 लोगों की मौत
जर्मनी में 1,66,152 लोग संक्रमित, अब तक 6,993 लोगों की मौत
रूस में 1,45,268 लोग संक्रमित, अब तक 1,356 लोगों की मौत
तुर्की में 1,27,659 लोग संक्रमित, अब तक 3,461 लोगों की मौत
ब्राज़ील में 1,08,620 लोग संक्रमित, अब तक 7,367 लोगों की मौत
यह डेटा जॉन हप्किंस यूनिवर्सिटी से लिया गया है और इसमें सिर्फ़ वही मामले हैं जिनकी पुष्टि की जा चुकी है. कुछ देशों में असल में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या और अधिक हो सकती है जिसकी पुष्टि अधिक से अधिक टेस्ट के ज़रिये ही संभव है.
दिल्ली सरकार ने बढ़ाई पेट्रोल डीज़ल की क़ीमतें
दिल्ली सरकार ने पेट्रोल पर लगाए जाने वाले टैक्स को 27 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दिया है.
वहीं डीजल पर टैक्स 16.75 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दिया है.
इसकी वजह से प्रदेश में पेट्रोल की क़ीमत में 1.67 रुपये का इजाफा हो गया है और डीजल की क़ीमत में 7.10 रुपये का इजाफा हुआ है.
70 फीसदी टैक्स के बावजूद दिल्ली में शराब दुकानों के सामने लगी लंबी लाइनें
भारत के तमाम शहरों में शराब दुकानों को खुलने के साथ ही लंबी कतारें लग गई हैं. हालांकि अभी सिर्फ उन दुकानों को खोलने की इजाज़त दी गई है जो किसी मार्केटिंग कॉम्पलेक्स या फिर मॉल में नहीं है बल्कि उन इलाकों में है जो अलग है.
शराब दुकानों के बाहर लगी लंबी कतारों की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. इस कारण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं होने को लेकर चिंताएँ बढ़ गई हैं.
दिल्ली सरकार ने इसे देखते हुए सोमवार को शराब पर सत्तर प्रतिशत का ‘स्पेशल कोरोना फीस’ लगा दिया है. लेकिन इसके बाद भी दुकानों के सामने भीड़ कम होती नहीं दिख रही.
शहर के कई हिस्सों में दुकान खुलने के कुछ ही घंटों के बाद बंद करवा दिया गया था.
राज्य सरकारों की ओर से शराब की दुकानों को खोलने को लेकर काफी दबाव था क्योंकि राज्यों के राजस्व का बड़ा हिस्सा शराब की बिक्री से आता है.
कर्नाटक में लोग शराब की दुकानों के सामने जूते, चप्पल और पानी की बोतलें रख कर कतारों में अपनी जगह सुनिश्चित कर रहे हैं.
कोरोना: दिल्ली में शराब पर 70 फ़ीसदी 'विशेष कोरोना शुल्क'
भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 46 हज़ार के पार
स्वास्थ्य मंत्रालय के आकड़ों के मुताबिक भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या 46000 को पार कर चुकी हैं और मरने वालों की संख्या अब तक 1568 हो चुकी है.
वहीं 12727 लोग इलाज के बाद पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं. ऐसे में भारत में कुल एक्टिव मामलों की संख्या अब 32,138 है.
पिछले 24 घंटों में 3900 नए मामले सामने आए हैं वहीं 195 लोगों की मौत हुई है.
भारत में फिलहाल लॉकडाउन 17 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है.
ब्रेकिंग न्यूज़, अमरीका: कोरोना के कारण बढ़ा खर्च, लेना होगा 30 खरब डॉलर का कर्ज़
अमरीका का कहना है कि कोरोनो संबंधित राहत पैकेज के कारण उसका बजट काफी बढ़ गया है और उसे दूसरी तिमाही में रिकॉर्ड 30 खरब डॉलर का कर्ज़ लेना होगा.
इससे पहले किसी तिमाही में लिए गए पैसे के मुक़ाबले ये पांच गुना ज़्यादा है. इससे पहले सबसे अधिक कर्ज़ की ज़रूरत 2008 में आए वित्तीय संकट के दौरान हुई थी. इसके साथ दी अमरीकी सरकार का ऋण 250 खरब तक पहुंच गया है.
साल 2019 में अमरीका ने 12.8 खरब डॉलर का कर्ज़ लिया था.
स्वास्थ्य सेवाओं और सीधे तौर पर लोगों को राहत देने के लिए अमरीका ने 30 खरब डॉलर के राहत पैकेज को मंज़ूरी दी है.
एक अनुमान के अनुसार ये राहत पैकेज देश की अर्थव्यवस्था का 14 फीसदी तक है. सरकार से कोरोना महामारी के चलते टैक्स लेने की तारीख 15 अप्रैल से आगे बढ़ा दी है जिस कारण भी सरकार पर अतिरिक्त बोझ पड़ गया है.
अमरीका को नए संकट से निपटने के लिए अब अनुमान के मुताबिक़ 30 खरब डॉलर की जरूरत पड़ेगी जो कि सरकार के पिछले अनुमान के मुताबिक़ काफी ज्यादा है.
हालांकि कई रिपब्लिकन पार्टी के नेताओं ने अतिरिक्त होने वाले खर्च के मद्देनज़र अमरीका के कुल ऋण पर पड़ने वाले बोझ को लेकर चिंता जाहिर की है.
सरकारी बॉड बेचकर अमरीका यह कर्ज उठाने जा रहा है. कोरोना वायरस के संकट से पहले ही देश के ऊपर काफी कर्ज चढ़ गया था. कई अर्थशास्त्रियों ने इसे भविष्य में विकास के लिए जोखिम भरा बताया है और कहा है कि आय से अधिक खर्च किया जा रहा है.
अमरीकी संसद के बजट कार्यालय ने पिछले महीने अनुमान लगाया था कि राजकोषीय घाटा इस साल 37 खरब तक पहुँचने वाला है और अमरीका के ऊपर चढ़ने वाला कर्ज इसकी जीडीपी का सौ फीसदी होगा.
अमरीका के केंद्रीय बैक के अध्यक्ष जेरोमे पॉवेल ने कहा है कि अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए इस वक्त खर्च करने की ज़रूरत है क्योंकि लॉकडाउन ने तीन करोड़ो लोगों की नौकरियां छीन ली है.
"अर्थव्यवस्था को संभालने और इसे वापस पटरी पर लाने के लिए हमारी ओर से अधिक मदद की जरूरत पड़ेगी."
अमरीका को मिलने वाले कर्ज में बाहर के देशों के निवेशक हिस्सेदार हैं. जापान, चीन और ब्रिटेन इनमें सबसे आगे हैं.
अमरीका और चीन के बीच बढ़ते तनाव ने हाल के सालों में अमरीका की कर्ज लेने की स्थिति को प्रभावित किया है.
वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक़ पिछले हफ्ते ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने चीन से मिलने वाले कर्ज को रद्द करने की बात कही है लेकिन ट्रंप कथित तौर पर इस विचार से सहमत नहीं है. उनका कहना है कि आप इसकी शुरुआत तो कर देंगे लेकिन यह मुश्किल भरा होगा.
प्रिंसटन यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र और लोक नीति के प्रोफेसर एलन ब्लाइंडर ने बीबीसी को बताया कि लगातार कम ब्याज दर बने रहने की वजह से निवेशकों की दिलचस्पी अमरीका को कर्ज देने में बनी हुई है. सब कुछ ठीक बना रहता है तो अमरीकी कितना कर्ज ले सकती है और जब तक कि निवेशक अमरीका को कर्ज देने को लेकर कोई जोखिम नहीं महसूस करते हैं.
आज से दिल्ली में महंगी होगी शराब
सोमवार शाम को दिल्ली सरकार ने शराब पर 70 फीसदी का ‘स्पेशल कोरोना फ़ीस’ लगा दिया है.
सोमवार से देशव्यापी लॉकडाउन में कुछ राहत दिए जाने के बाद दिल्ली सरकार ने शराब की दुकानें खोलने का फ़ैसला लिया था, जिसके बाद शाम को कोरोना फ़ीस लगाने का फ़ैसला आया.
सूत्रों के हवाले से पीटीआई ने कहा है कि ये नई कीमतें शराब की बोतल पर छपी एमआरपी पर लगाई जाएगी और मंगलवार से ही लागू हो जाएगी.
माना जा रहा है की कोरोना वायरस के कारण लगाए गए लॉकडाउन में सरकार को काफी पैसा खर्च करना पड़ा है और इस कदम से सरकार को राजस्व मिलेगा.
COVER STORY: कोरोना काल में इटली के लिए चुनौती बने माफ़िया गैंग
अब तक की बड़ी बातें
दुनिया भर में कोरोना से मरने वालों की संख्या ढाई लाख के पार
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आकड़ों के मुताबिक़ कोरोना वायरस से दुनिया भर में मरने वालों की संख्या 250,134 हो चुकी है.
अमरीका
दुनिया भर में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले अमरीका में हैं. यहाँ 11.80 लाख से ज्यादा लोगों में कोरोना संक्रमण की अब तक पुष्टि हो चुकी है और 68,900 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि मरने वालों की संख्या एक लाख के करीब पहुँच सकती है.
अमरीका में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें न्यूयॉर्क में हुई हैं.
तुर्की
राष्ट्रपति रिचैप तैय्यप अर्दोआन ने तुर्की में मध्य मई तक लॉकडाउन की पाबंदियों में छूट देने की बात कही है. इसके तहत कुछ दुकानों, हेयर सैलून और मार्केटिंग सेंटर 11 मई को खोले जाएंगे. वहीं युनिवर्सिटीज़ 15 जून तक बंद रहेंगी.
65 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को 10 मई के बाद कुछ घंटों के लिए ‘पैदल कुछ दूर तक’ चहल-कदमी करने की इजाज़त होगी. बच्चों के ऊपर भी यही नियम लागू होगा.
तुर्की के 31 शहरों में पिछले कुछ हफ्तों से कर्फ़्यू लगा हुआ है.
ब्रिटेन
ब्रिटेन के अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि यह देखना बिल्कुल तर्कसंगत होगा कि अगले चरण में अलग-अलग आयु समूह के लोगों के ऊपर पाबंदियों का असर क्या हो सकता है.
प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के प्रवक्ता ने ध्यान दिलाया कि पहले से ही सत्तर साल के उम्र के अधिक लोगों के लिए खास ध्यान रखने की बात कही गई है और साथ में ही उन्हें कम से कम लोगों के संपर्क में रहने को कहा गया है. इस आयु समूह के लोगों के ऊपर सबसे ज्यादा जोखिम है.
ऑस्ट्रिया
ऑस्ट्रिया की समाचार एजेंसी एएनए की रिपोर्ट के मुताबिक ऑस्ट्रिया में अप्रैल के महीने में रिकॉर्ड बेरोजगारी दर दर्ज की गई है. आकड़ों के मुताबिक 5,71,477 लोग यहाँ बेरोजगार हुए हैं जो आबादी का 12.8 फीसदी है. यह पिछले साल के इस महीने की तुलना में 2,10,000 अधिक है.
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक ऑस्ट्रिया में अब तक 15,621 कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं और वहीं 600 लोगों की मौत हो चुकी है. यहाँ अप्रैल के मध्य से पाबंदियों में छूट देते हुए कुछ दुकानों को खोलने की इजाज़त दी गई थी.
फिनलैंड
फिनलैंड ने कहा है कि वो 21 जून से रेस्त्रां और लाइब्रेरी जैसी सार्वजनिक जगहें लोगों के लिए खोलेगा.
सरकार ने सोमवार को कहा कि पब्लिक मीटिंग पर लगी पाबंदियों में भी ढील दी जाएगी और अब 10 की बजाय ऐसी मीटिंगों में 50 लोग तक एकत्र हो सकते हैं.
फ्रांस
फ्रांस 11 मई से अपने यहाँ पाबंदियों में छूट देने जा रहा है लेकिन धार्मिक जलसों पर 2 जून तक प्रतिबंध रहेगा, लेकिन अगर लॉकडाउन में मिली छूट के नतीजे के फलस्वरूप संक्रमण के मामलों में अधिक वृद्धि नहीं होती है तो फ्रांस इस समय सीमा से पहले ही धार्मिक आयोजनों में भी छूट दे सकता है.
हंगरी
हंगरी में सोमवार को 84,000 बच्चों ने हाई स्कूल परीक्षाओं को लेकर वापस स्कूल जाना शुरू किया हालांकि देश में अभी भी लॉकडाउन लगा हुआ है.
बिना दर्शकों के होंगे फुटबॉल मैच
कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए लोगों के एक जगह इकट्टा होने को लेकर बंदिशें लगी हुई हैं. अब इसकी समय सीमा बढ़ा दी गई है. इस दौरान ब्रिटेन में संभव है कि फुटबॉल मैच दर्शकों की ग़ैर-मौजूदगी में खेला जाए.
फुटबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन ग्रेग क्लार्क ने कहा है कि निकट भविष्य में दर्शकों की मौजूदगी मुश्किल है और प्रीमियर लीग के बिना दर्शकों के अगले सीजन में खेलने की तैयारी की जा रही है.
इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.