ब्रिटेन: आज की ब्रीफ़िंग की प्रमुख बातें
कोरोना संक्रमण से ठीक होकर काम पर लौटे ब्रितानी प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने गुरुवार को दैनिक ब्रीफ़िंग की अगुवाई की. इस ब्रीफ़िंग की ख़ास बातें:
- बोरिस जॉनसन ने स्वीकार किया कि फ़्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों के लिए पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) का इंतज़ाम करने में सरकार को दिक्कतें पेश आईं.
- उन्होंने कहा कि ब्रिटेन कोविड-19 संक्रमण के सबसे बुरे दौर से गुज़र चुका है इसलिए सरकार अगले हफ़्ते स्कूल खोलने और अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की योजना पर काम करना शुरू कर देगी.
- ब्रिटेन में अस्पताल और आईसीयू में भर्ती होने वालों की संख्या में कमी आ रही है. मौतों का आंकड़ा भी धीरे-धीरे स्थिर हो रहा है.
- बोरिस जॉनसन ने कहा कि इस मुश्किल दौर में लोगों के मानसिक स्वास्थ्य का बिगड़ना स्वाभाविक है और इसके लिए पर्याप्त मदद मौजूद है. उन्होंने कहा कि आम लोगों मानसिक सेहत भी उन वजहों में से एक है जिसके कारण उनकी सरकार लॉकडाउन जल्दी ख़त्म करना चाहती थी.
- ब्रिटेन में अन्य यूरोपीय देशों के मुकाबले ज़्यादा मौतें होने के सवाल पर जॉनसन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय तुलना करना विश्वसनीय नहीं होगा. उन्होंने कहा कि ब्रिटेन ने सही वक़्त पर लॉकडाउन का ऐलान किया लेकिन सरकार हर रोज़ कुछ न कुछ सीख रही है.
- प्रधानमंत्री ने कहा कि फ़ेस मास्क का इस्तेमाल करना फ़ायदेमंद होगा. ख़ासकर लॉकडाउन ख़त्म होने के बाद. उन्होंने कहा कि इससे लोगों में भरोसा पैदा होगा. ब्रिटेन में कोरोना संक्रमण से मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 26,711 हो गई है













