बीबीसी हिन्दी के लिए
बेंगलुरु से
कर्नाटक के तीन उपमुख्यमंत्रियों
में से एक डॉक्टर सी एन अस्वत नारायण ने एक टीवी कैमरामैन के पॉज़िटिव पाए जाने के
बाद ख़ुद को अपने घर में क्वारंटीन कर लिया है.
स्वास्थ्य विभाग ने
आज उन जगहों का ब्यौरा दिया जहाँ ये कैमरामैन 19 से 24 अप्रैल के बीच गया था.
इनमें पाँच मंत्री शामिल थे.
कैमरामैन ने इन मंत्रियों
के बयान रिकॉर्ड किए - गृह मंत्री बासवराज बोम्मई, संस्कृति मंत्री सीटी रवि, आवास
मंत्री वी सोमन्ना और मेडिकल एजुकेशन और कोविड-19 मंत्री डॉक्टर के सुधाकर.
कैमरामैन शहर के दो
कोरोना संक्रमित इलाक़ों में काम करते हुए बीमार हो गया.
उपमुख्यमंत्री के एक
क़रीबी और सरकार में एक मंत्री ने बीबीसी से डॉक्टर नारायण के क्वारंटीन पर जाने
की पुष्टि की.
अन्य तीन मंत्रियों -
बोम्मई, रवि और डॉक्टर सुधाकर की टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है. हालांकि रिपोर्ट निगेटिव आने के बावजूद दोनों ने होम क्वारंटीन में रहने की बात कही है.
आवास मंत्री सोमन्ना
की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है.
कैमरामैन के संक्रमण की पुष्टि के बाद कर्नाटक में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डीके शिवकुमार ने सवाल किया था कि ये नेता क्वारंटीन पर क्यों नहीं जा रहे.
डीके शिवकुमार ने कैमरामैन की गतिविधियों का ब्यौरा देते हुए ट्वीट किया,"क्या ये ऐसे लोगों का दोहरा मापदंड नहीं है जिन्हें नागरिकों के सामने उदाहरण पेश करना चाहिए. ये नियमों का उल्लंघन है. ये सरकार कोविड-19 को लेकर गंभीर नहीं".
कर्नाटक में बुधवार को कोरोना संक्रमण से 21वें व्यक्ति की मौत हुई और 11 नए धरोगियों का टेस्ट पॉज़िटिव आया.