कोरोना अपडेट: अमरीका में मरने वालों की संख्या 50 हज़ार के पार

अमरीका में कोरोना से संक्रमित रोगियों की संख्या 870,000 से ज़्यादा है. ये वो मामले हैं जिनकी पुष्टि हो चुकी है.

लाइव कवरेज

  1. भारत में कोरोना वायरस के मामले कितने बढ़े?

    भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 23077 हो गए हैं.

    केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी नए आँकड़ों के मुताबिक़, भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अब तक 718 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं 4749 मामलों में लोग ठीक हुए हैं.

    भारत में संक्रमण के सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र में हैं. यहां संक्रमण के 6430 मामले हैं जबकि राज्य में 283 लोगों की मौत हो चुकी है.

    देश में दूसरे स्थान पर गुजरात है. यहां संक्रमण के मामले 2624 हैं. साथ ही 112 लोगों की मौत हुई है.

    तीसरे स्थान पर राजधानी दिल्ली है. जहां संक्रमण के मामले 2376 हैं और मरने वालों की संख्या 50 है. मरने वालों की संख्या मध्य प्रदेश में तुलनात्मक रूप से अधिक है. यहां मरने वालों की संख्या 83 है.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, रेमडेसिवयर ड्रग का ट्रायल कैसा था?

    रेमडेसिवयर ड्रग को लेकर काफ़ी उम्मीद थी. रेमडेसिवयर ड्रग से मरीज़ में कोई सुधार देखने को नहीं मिला. मतलब रेमडेसिवयर ड्रग देने से मरीज़ के ख़ून में रोगाणु कम नहीं हुए. इसके फेल होने की रिपोर्ट को WHO ने विस्तार से प्रकाशित किया था. बाद में WHO ने कहा कि ड्राफ़्ट रिपोर्ट ग़लती से अपलोड हो गई थी और रिपोर्ट को हटा लिया.

    रिपोर्ट के अनुसार यह ट्रायल 237 मरीज़ों पर किया गया. इन मरीज़ों में से 158 को रेमडेसिवयर दी गई और बाक़ी के 79 को प्लेसीबो. एक महीने बाद रेमडेसिवयर लेने वाले 13.9% मरीज़ों की मौत हो गई और प्लेसीबो लेने वाले 12.8% मरीज़ों की.''

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

  3. कोरोना वायरस: लॉकडाउन के बीच दुनिया भर में रमज़ान

    दुनिया भर में आज से रमज़ान का पवित्र महीना शुरू हो रहा है. इस्लाम में रमज़ान के महीने का ख़ास महत्व है. कोरोना वायरस के कारण ज़्यादातर देशों में लॉकडाउन की स्थिति है और ऐसे में रमज़ान के महीने को लेकर हर देश ने अपने यहां गाइडलाइन्स जारी की हैं.

    अमूमन रमज़ान के महीने में मुस्लिम सूरज उगने लेकर शाम ढलने तक उपवास रखते हैं और उसके बाद पूरे परिवार के साथ बैठकर व्रत खोलते हैं.

    कुछ देशों में जहां लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग के कारण लोगों के जुटने पर रोक है वहीं कुछ देशों ने अपने यहां रमज़ान को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया है. लेकिन बहुत से लोगों का मानना है कि जहां ये प्रतिबंध लगाए गए हैं वहां इस बार रमज़ान उस तरह से नहीं मनाया जा सकेगा जैसे मनाया जाता है- क्योंकि लोगों के मस्जिद में जमा होने और नमाज़ पढ़ने की मनाही है.

    साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए अधिक संख्या में साथ बैठकर खाने पर भी रोक है.

    कुछ लोग वर्चुअली इस पवित्र महीने को मनाने की कोशिश कर रहे हैं. वीडियो कॉल और मस्जिदों में होने वाली नमाज़ में वर्चुअली शामिल होकर वे रमज़ान मना रहे हैं.

    हालांकि बहुत से लोगों का मानना ये भी है कि रमज़ान तो रमज़ान है, बस इस बार अंतर ये है कि इसे कुछ अलग ढंग से मनाया जा रहा है.

    क्या है रमज़ान ?

    इस्लामी कैलेंडर के नौवें महीने को रमज़ान कहते हैं. यह एक पवित्र महीना है जिसे दुनियाभर में फैले क़रीब 1.8 अरब मुस्लिम शिद्दत के साथ मनाते हैं. इस दौरान वे एक-दूसरे से मिलते हैं, प्रार्थना करते हैं और साथ खाते-पीते हैं.

    रमज़ान के महीने में मुसलमान सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक उपवास रखते हैं. इस दौरान वो न कुछ खाते हैं और न ही कुछ पीते हैं.

    इस्लाम में छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुज़ुर्गों, बीमार और यात्रियों को व्रत करने से छूट है.

    रोज़ा (व्रत) रखने से पहले हर दिन रोज़े की नीयत करनी होती है. रोज़े की नीयत रात को सोने से पहले या सहरी के वक़्त की जा सकती है. इसके बाद रमज़ान में रोज़ा रखने वाले परिवार और दोस्तों के साथ इफ़्तार करते हैं.

    आमतौर पर इस पूरे महीने मस्जिदें प्रार्थना करने वालों से भरी होती हैं. अमूमन ये प्रार्थनाएं एक से डेढ़ घंटे तक चलती हैं.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रायल में फेल हुआ कोरोना वायरस ड्रग रेमडेसिवयर

    कोरोना वायरस के संक्रमण में एक प्रभावी एंटी वायरल ड्रग के फेल होने की ख़बर है. यह पहले रैंडम क्लिनिकल ट्रायल में फेल हो गई. इसे लेकर दुनिया भर में उम्मीद थी. इस एंटी वायरल ड्रग का नाम रेमडेसिवयर है. चीनी ट्रायल में पता यह ड्रग नाकाम रही. वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइज़ेशन के दस्तावेजों के इसकी जानकारी मिली है.

    कुल 237 मरीज़ों में से कुछ को वो ड्रग दी गई और कुछ को प्लेसीबो. एक महीने बाद ड्रग लेने वाले 13.9% मरीज़ों की मौत हो गई जबकि इसकी तुलना में प्लेसीबो लेने वाले 12.8% मरीज़ों की मौत हुई. साइड इफेक्ट के कारण ट्रायल को पहले ही रोक दिया गया. इस ड्रग के पीछे एक अमरीकी फर्म गिलिएड साइंस था.

    कोराना

    इमेज स्रोत, Getty Images

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: एशियाई देशों में क्या है ताजा स्थिति

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    • चीन में बीते एक सप्ताह में कोरोना वायरस के कारण किसी की मौत नहीं हुई है.
    • दक्षिण कोरियाई सरकार का कहना है कि वो हर घर को कैश करेगी. इससे पहले यह योजना सिर्फ़ मध्यम वर्गीय और निम्म आय वाले लोगों को लेकर ही बनाई गई थी.
    • कोरोना वायरस के कारण जापान में मंदी आ सकती है. कोरोना वायरस के कारण अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है जिसे लेकर यह चेतावनी जारी की गई है.
    • इंडोनेशिया इस शुक्रवार से घरेलू हवाई सेवाओं और समुद्री यात्राओं पर रोक लगा देगा. रमज़ान के महीने के मद्देनज़र यह प्रतिबंध लगाए जाएंगे.
    • फ़िलीपिंस ने मनीला समेत उन सभी जगहों पर लॉकडाउन को 15 मई तक के लिए बढ़ा दिया है, जहां कोरोना वायरस के संक्रमण का ख़तरा अधिक है.
    • मलेशिया लॉकडाउन के ज़्यादातर प्रतिबंधों को 12 मई तक के लिए बनाए रखेगा. लेकिन कुछ क्षेत्रों में व्यापार फिर से शुरू करने की अनुमति होगी.
  6. वीडियो कैप्शन, स्पेन के किसानों से क्यों परेशान अफ़्रीकी श्रमिक
  7. कोरोना वायरस से जुड़ी अन्य बड़ी बातें

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- मैं ख़ुश नहीं था

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सहयोगी और जॉर्जिया के गवर्नर ब्रायन कैंप के फ़ैसले पर आपत्ति ज़ाहिर की है. उन्होंने कहा इतनी अफ़रा-तफ़री में राज्य को दोबारा खोलने के उनके फ़ैसले से मैं ख़ुश नहीं था.

    राहत के लिए आपातकालीन फंड पर सहमति

    यूरोपीय संघ के नेताओं के बीच आपातकालीन फंड को लेकर सहमति बन गई है. यूरोपीय संघ के नेताओं ने वीडियो समिट करके 575 अरब डॉलर की सहायता राशि को मंजूरी दी है. इस आपातकालीन राशि का इस्तेमाल यूरोप के कर्मचारियों और व्यापार-उद्योग की सहायता के लिए किया जाएगा. यूरोप कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित है.

    केयर-होम्स में हुई मौतों पर WHO ने जताया शोक

    यूरोप में अभी तक जितनी मौतें कोरोना वायरस के कारण हुई हैं उनमें से आधी मौतें केयर-होम्स में हुई हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने केयर-होम्स में हुई इन मौतों पर गहरा दुख ज़ाहिर किया है.

    ब्रिटेन में बड़े स्तर पर हो रही है कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग

    ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैंकॉक ने कहा है कि ब्रिटेन में बहुत बड़े स्तर पर कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है. इस काम के लिए 18000 लोगों को रखा गया है जो इस बात का पता करेंगे कि कौन संक्रमित रह चुका है और उनसे ये वायरस किस-किस को हो सकता है.

    इंसानों पर वैक्सीन परीक्षण

    यूरोप में पहली बार किसी इंसान पर कोरोना वायरस वैक्सीन का परीक्षण किया गया है. ऑक्सफ़र्ड में यह परीक्षण किया गया. दो लोगों को यह वैक्सीन इंजेक्ट की गई है. इस शोध के लिए क़रीब 800 लोगों को चुना गया है और ये दो लोग उनमें से पहले हैं.

  8. वीडियो कैप्शन, क्या कोरोना वायरस से जंग में यूरोपियन यूनियन ने इटली को अकेला छोड़ दिया?
  9. कोरोना वायरस की महामारी के अब तक के बड़े अपडेट्स

    दुनिया भर में कुल 27 लाख लोग संक्रमित

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक़, दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 27 लाख के पार पहुंच गए हैं. कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या भी एक लाख 90 हज़ार से अधिक हो गई है.

    अमरीका में मरने वालों की तादाद 50 हज़ार के क़रीब

    अमरीका दुनिया का सबसे बुरी तरह प्रभावित देश है. अमरीका में मरने वालों की संख्या 49,759 हो गई है. अमरीका में संक्रमण के 8 लाख 66 हज़ार से अधिक मामले हैं. इटली में मरने वालों की संख्या 25 हज़ार से अधिक है. फ्रांस में मौत का आंकड़ा 21 हज़ार के पार हो गया है. ब्रिटेन में भी 18 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हुई है. स्पेन में मरने वालों की संख्या 22 हज़ार से अधिक है.

    भारत में संक्रमण के मामले बढ़कर 21 हज़ार के पार

    भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक़, भारत में संक्रमण के कुल 21700 मामले हैं जबकि मरने वालों की संख्या 686 हो गई है. भारत में 4325 मामलों में लोग ठीक भी हुए हैं.

    अमरीकी कांग्रेस ने 484 अरब डॉलर का पैकेज पास किया

    अमरीका में संसद के निचले सदन हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स में 484 अरब डॉलर के एक नए राहत पैकेज से जुड़ा बिल पास हो गया है. इसका मक़सद छोटे व्यवसायों को क़र्ज़ देना और हॉस्पिटल और कोरोना वायरस से निपटने के लिए और आर्थिक मदद उपलब्ध कराना है. इसके साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर जो गाइडलाइन्स जारी की गई हैं उन्हें गर्मियों तक बढ़ाया जा सकता है.

    अमरीकी सीनेटर के भाई की कोरोना वायरस से मौत

    डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद एलिज़ाबेथ वॉरेन ने स्वीकार किया है कि उनके बड़े भाई की मौत कोरोना वायरस संक्रमण के कारण हुई है.

    इंडोनेशिया में ग़ैर-ज़रूरी यात्राओं पर प्रतिबंध

    रमज़ान के मद्देनज़र इंडोनेशिया ने अपने प्रातों में ग़ैर-ज़रूरी यात्राओं पर रोक लगा दी है. कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए यह क़दम उठाया गया है.

    अल्जीरिया में रमज़ान में प्रतिबंधों में ढील

    अल्जीरिया में रमज़ान के महीने में प्रतिबंधों में कुछ ढील दी जाएगी. अल्जीरिया के प्रधानमंत्री के कार्यालय द्वारा गुरुवार को बताया गया कि रमज़ान के पवित्र महीने के पहले दिन से रात में कर्फ़्यू में कुछ राहत दी जाएगी. साथ ही राजधानी अल्जीयर्स के पास के एक प्रांत से लॉकडाउन को पूरी तरह हटा दिया जाएगा.

    इक्वाडोर में 11 हज़ार नए मामले

    इक्वाडोर के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले पहले के पुष्ट मामलों की तुलना में कहीं अधिक बढ़ गए हैं. अधिकारियों का कहना है कि देर से टेस्ट होने के कारण संक्रमण के 11 हज़ार नए मामले सामने आए हैं. देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अभी तक 560 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं संक्रमण के मामले बढ़कर 11 हज़ार 183 हो गए हैं.

    फ़लीस्तीनी शरणार्थी शिविर में चार लोगों में संक्रमण

    लेबनान में एक फ़लीस्तीनी शरणार्थी शिविर में चार लोगों में संक्रमण पाया गया है. एक स्वास्थय अधिकारी ने बताया कि इसी के साथ यहां कोविड19 पॉज़ीटिव केस की संख्या बढ़कर पांच हो गई है.

    2020 यूरोपियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप को रद्द

    कोरोना वायरस के कारण अगस्त महीने में पेरिस में होने वाले 2020 यूरोपियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप को रद्द कर दिया गया है.आयोजकों ने इस बात की घोषणा की.इस साल आयोजित होने वाले अधिकांश खेल आयोजन या तो रद्द कर दिये गए हैं या टाल दिए गए हैं.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, दूसरे विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ी चुनौती- एंगेला मर्केल

    जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल ने कहा है कि उनके देश को कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने में चालाकी और सतर्कता से काम लेने की ज़रूरत है. मर्केल ने कहा कि अभी तो इस संकट की शुरुआत हुई है. मर्केल ने कहा, ''हमें इस विषाणु के साथ लंबे समय तक जीना होगा. जर्मनी को बिल्कुल अलग तरह से तैयार रहना है. मतलब ईयू के बजट में उम्मीद से ज़्यादा हमारा योगदान होगा.''

    गुरुवार को जर्मनी में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले बढ़कर 148,046 हो गए और इससे मरने वालों की कुल संख्या भी 5,094 हो गई है. मर्केल ने कहा कि कोरोना वायरस का संक्रमण दूसरे विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ी चुनौती है.

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

  11. बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज में आप सबका स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश और दुनिया के सभी बड़े और ज़रूरी अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स पढ़ने और देखने के लिए यहां क्लिक करें.