कोरोना अपडेट: दुनियाभर में संक्रमण का आंकड़ा 27 लाख के पार, एक लाख 90 हज़ार से ज़्यादा मौतें
अमरीका में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 8 लाख 66 हज़ार से ज़्यादा हो गई है और लगभग 50 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है.
लाइव कवरेज
ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: जर्मनी में मरने वालों की संख्या 5000 के पार
कोरोना वायरस के संक्रमण से जर्मनी में मरने वालों की संख्या पांच हज़ार के पार पहुंच गई है.
गुरुवार को संक्रमण
के 2,352 नए मामलों के बाद जो ताजा आँकड़े जारी किए गए उनके मुताबिक़, जर्मनी
में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 148,046 हो गई है.
जर्मन चांसलर एंगेला मर्केल ने जर्मनी के लोगों से सावधानी बरतने और होशियार
रहने की अपील की है. उन्होंने लोगों से अपील की कि कोरोना वायरस महामारी के अगले
फ़ेज़ का सामना करने के लिए देश को चौकन्ना रहने की ज़रूरत है.
संसद में अपनी बात रखते हुए मर्केल ने कहा, “यह अंतिम फ़ेज़ नहीं है बल्कि अभी सिर्फ़
शुरुआत है. हम लंबे समय तक इसके साथ बने रहेंगे.”
उन्होंने कहा, “मैं यह जानती हूं कि ये प्रतिबंध मुसीबत भरे हैं, यह लोकतंत्र के लिए
चुनौती है, यह हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित करते हैं.” लेकिन उन्होंने साथ में ये
भी कहा कि लोकतांत्रिक पारदर्शिता जैसे की प्रेस की स्वतंत्रता इन परिस्थितियों को
सहने में मददगार होंगी.
उन्होंने जर्मनी के लोगों
की तारीफ़ करते हुए कहा कि जिस तरह की समझ लोगों ने एक-दूसरे के प्रति दिखाई है वो
वाक़ई अद्भुत है.
इमेज स्रोत, Getty Images
वीडियो कैप्शन, कोरोना वायरस: बचाव के लिए हाथ धोने का सही तरीक़ा क्या है?
कोरोना वायरस: लॉकडाउन की वजह से साफ़ हुई है उत्तर भारत की हवा
इमेज स्रोत, Getty Images
सालों से उत्तर भारत और ख़ासतौर पर देश की राजधानी नई दिल्ली प्रदूषण
से जूझती रही है. सर्दियों में जब किसान खेतों में पुआल जलाते हैं तो
वायु प्रदूषण और बढ़ जाता है. इसके अलावा सड़कों पर दौड़ती गाड़ियां, बड़ी संख्या
में होते निर्माण कार्य और कल-कारखानों से निकलने वाला प्रदूषण तो लगभग स्थायी
वजहें होती ही हैं.
लेकिन बीते लगभग एक महीने से देश में लॉकडाउन है. कोरोना वायरस के कारण बीते
महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी. 14
अप्रैल को यह अवधि समाप्त हो रही थी लेकिन संक्रमण के मामलों को देखते हुए इसे
अब तीन मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है. लॉकडाउन की वजह से बहुत सी चीज़ें बदली हैं
और उन्हीं में से एक बदलाव प्रदूषण के स्तर को लेकर भी आया है.
नासा ने जो आंकड़े जारी किए हैं उनके मुताबिक़, इस क्षेत्र में प्रदूषण का
स्तर बीते 20 सालों में सबसे कम है.
मानचित्रों की एक श्रृंखला के माध्यम से नासा ने उत्तर भारत में एयरोसॉल के
स्तर को दिखाया है. इन मानचित्र में 31मार्च से लेकर 5 अप्रैल को अलग-अलग सालों की
स्थिति के आधार पर दर्शाया गया है. नासा ने साल 2016 से लेकर साल 2020 तक के
आँकड़े दर्शाएं हैं.
अल्बामा के हंट्सविल स्थित नासा के मार्शल स्पेस फ़्लाइट सेंटर में यूनिवर्सिटीज़
स्पेस रिसर्च एसोसिएशन साइंटिस्ट पवन गुप्ता का कहना है “हम जानते थे कि लॉकडाउन
के दौरान हमें कई जगहों पर वातावरण में अंतर देखने को मिलेगा.”
हालांकि भारत इकलौती ऐसी जगह नहीं है जहां हवा पहले की तुलना में साफ़ हुई है.
कोरोना वायरस के कारण दुनिया के कई देशों में लॉकडाउन है, जिसकी वजह से यातायात और
उद्योग-धंधे बंद हैं जिसकी वजह से ज़हरीली और प्रदूषित हवा वातावरण में तुलनात्मक
रूप से कम रिलीज़ हो रही है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
रमज़ान के महीने में मस्जिद जाने को लेकर पाकिस्तान में बढ़ी चिंता
पाकिस्तान के डॉक्टरों ने अधिकारियों और मौलवियों से
अनुरोध किया है कि वे रमज़ान के दौरान मस्जिद में नमाज़ पढ़ने की अनुमति के फ़ैसले
को वापस ले लें. उनका कहना है कि इससे कोरोना वायरस संक्रमण के फैलने का ख़तरा बढ़
सकता है जिसे बाद में क़ाबू करने में काफ़ी मुश्किल हो सकती है.
पाकिस्तान मेडिकल एसोसिएशन के डॉ. क़ैसर सज्जाद का कहना है “दुर्भाग्यपूर्ण है. हमारे शासकों ने एक ग़लत फ़ैसला कर लिया है. हमारे मौलवियों
ने एक बेहद ही गैर-ज़िम्मेदाराना रवैया दिखाया है.”
बुधवार को पाकिस्तान के
प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की कोरोना वायरस टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई. हालांकि
पाकिस्तान में अभी तक संक्रमण के दस हज़ार से अधिक मामलों की पुष्टि हो चुकी है
जबकि देश में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या 212 है.
एमेनेस्टी ने बांग्लादेश
से कहा कि वे बंगाल की खाड़ी में फंसे करीब 500 रोहिंग्या शरणार्थियों को बचाए. इससे
पहले इसी महीने की शुरुआत में बांग्लादेश ने समुद्र में बहते हुए सैकड़ों
शरणार्थियों को बचाया था.
नेपाल के प्रधानमंत्री ने
कोरोना वायरस महामारी के इस दौर में मदद करने के लिए भारत का शुक्रिया अदा किया
है. भारत ने बीते दिनों 23 टन ज़रूरी दवाइयां नेपाल को भेजी हैं, जहां कोरोना
वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 45 हो गए हैं.
श्रीलंका में इस सप्ताह
कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में अचानक से उछाल देखा गया. बीते सप्ताह श्रीलंका
में 41 नए मामले सामने आए. इन नए मामलों के सामने आने के बाद श्रीलंका ने अपने
यहां लॉकडाउन में राहत देने की योजना को 27 अप्रैल तक के लिए आगे बढ़ गया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
Corona Virus से क्या भारतीयों को BCG का टीका बचा रहा है?
वीडियो कैप्शन, क्यों ब्राज़ील में ख़ोदी जा रही हैं इतनी क़ब्र
कोरोना वायरस: चीन में संक्रमण के मामलों को लेकर एक और सवाल
हॉन्ग कॉन्ग के शोधकर्ताओं ने
अपने अध्ययन में पाया है कि कोरोना वायरस संक्रमण के पहले फ़ेज़ में चीन में क़रीब
दो लाख 32 हज़ार से अधिक लोग संक्रमित हुए थे. ये आँकड़ा चीन की ओर से जारी किए गए
सरकारी आँकड़े से चार गुना अधिक है.
चीन में 20 फ़रवरी तक 55
हज़ार मामले दर्ज किए गए थे लेकिन हॉन्ग कॉन्ग यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ़ पब्लिक
हेल्थ के शोधार्थियों के मुताबिक़, कोविड19 केस की जो परिभाषा बाद में इस्तेमाल की
गई अगर वो शुरू में ही इस्तेमाल की जाती तो संक्रमण के आँकड़े इससे कहीं अधिक रहे
होते. यह शोध लांसेट में प्रकाशित हुआ है.
चीन में अभी तक संक्रमण
के 83 हज़ार मामले रिपोर्ट किए गए हैं. दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के
मामले बढ़कर 26 लाख के पार पहुंच गए हैं जबकि मरने वालों की संख्या भी एक लाख 83
हज़ार से अधिक हो गई है.
चीन के राष्ट्रीय
स्वास्थ्य आयोग ने 15 जनवरी से 3 मार्च तक कोविड 19 के केस को लेकर सात संस्करणों
में परिभाषा जारी की थी और इस शोध के मुताबिक़, इन परिवर्तनों का ही असर था जिसके
आधार पर यह तय किया गया कि किस मामले को ‘केस’ माना जाएगा.
इमेज स्रोत, Getty Images
कोरोना वायरसः भारत में इस पहली मौत पर क्यों उठ रहे सवाल?
ब्रेकिंग न्यूज़, अमरीका में 47 हज़ार के क़रीब मौतें
कोरोना वायरस की महामारी फैलने के बाद से चीन और ऑस्ट्रेलिया के संबंध लगातार ख़राब हो रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के सभी सदस्यों से कहा है कि कोरोना वायरस के संक्रमण फैलने की स्वतंत्र जांच में मदद करें.
इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के कृषि मंत्री ने जी-20 सदस्य देशों से आग्रह किया है कि वन्य जीवों के व्यापार पर प्रतिबंध लगाया जाए.
ज़ाहिर है कि पिछले साल दिसंबर में चीन के वुहान शहर के वेट मार्केट से ही कोरोना वायरस के संक्रमण की शुरुआत हुई थी. इससे पहले ट्रंप भी लगातार चीन पर हमला बोलते रहे हैं. ट्रंप ने साफ़ कहा है कि चीन ने कोरोना वायरस के मामले में पारदर्शिता नहीं बरती है. ट्रंप के अलावा ब्रिटेन और फ़्रांस से भी चीन की आलोचना हो रही है.
ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने कहा है कि चीन के साथ सामान्य संबंध नहीं रह सकता है. अमरीकी राष्ट्रपति ने विश्व स्वास्थ्य संगठन को चीन परस्त बताते हुए फंड बंद करने की घोषणा कर दी थी. इसके बाद से चीन पर और सवाल उठ रहे हैं. अमरीका में कोरोना वायरस से अब तक 47 हज़ार के क़रीब मौतें हो चुकी हैं और 8 लाख 42 हज़ार लोग संक्रमित हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
कोरोना वायरस से अब तक की बड़ी बातें
अमरीका में कोरोना वायरस
से मरने वालों की संख्या बढ़कर 47 हज़ार हो गई है. वहीं देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के 8 लाख 42 हज़ार से अधिक मामले हैं.
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के
आँकड़ों के मुताबिक़, दुनिया भर में संक्रमण के 26 लाख से अधिक मामले हैं जबकि मरने
वालों की संख्या एक लाख 83 हज़ार से अधिक है.
ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या 18
हज़ार से अधिक हो गई है और संक्रमण के मामले भी एक लाख 34 हज़ार से अधिक हैं.
अमरीकी राष्ट्रपति
डोनाल्ड ट्रंप ने इमिग्रेशन ऑर्डर पर हस्ताक्षर कर दिए हैं. ट्रंप ने कहा कि
उन्होंने कोरोना वायरस पर होने वाली दैनिक प्रेस ब्रीफ़िंग से ठीक पहले व्हाइट हाउस में इमिग्रेशन को रोकने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए थे. अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रवासियों के अमरीका में बसने पर फ़िलहाल रोक लगा दी है.
कोरोना वायरस के कारण दक्षिण कोरिया की
अर्थव्यवस्था 1.4 फ़ीसदी घट गई है. गुरुवार को सेंट्रल बैंक ने बयान जारी कर कहा
कि बीते एक दशक में ऐसा पहली बार हुआ है जब दक्षिण कोरिया की अर्थव्यवस्था वित्तीय
वर्ष की पहली तिमाही में इतने ख़राब स्तर पर है. कोरोना वायरस महामारी के कारण
दुनिया के कई देशों की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है. इससे पहले चीन ने
अर्थव्यवस्था पर कोरोना के प्रभाव से संबंधित आधिकारिक आंकड़े जारी किए थे. वर्ष 2020 के पहली तिमाही
में चीन की जीडीपी में 6.8 फ़ीसदी की गिरावट देखी गई है. सरकारी आँकड़ों के मुताबिक़, बीते तीन दशकों में ऐसा पहली बार हुआ
है जब चीन की अर्थव्यवस्था में गिरावट आई है.
ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के सभी
सदस्यों को कोरोना वायरस की जांच में हिस्सा लेना चाहिए. ऑस्ट्रेलिया के
प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के सभी सदस्यों को कोरोनो वायरस के
प्रसार को देखते हुए प्रस्तावित समीक्षा में सहयोग करना चाहिए.
इमेज स्रोत, Getty Images
कोरोना: महामारी से निपटने में दुनिया के सामने भारत ने पेश की मिसाल- नज़रिया
कोरोना वायरस: न्यूयॉर्क में दो पालतू बिल्लियां कोरोना पॉज़िटिव
इमेज स्रोत, Getty Images
न्यूयॉर्क की दो पालतू बिल्लियों में कोरोना वायरस संक्रमण पाया गया है. ये
दोनों पालतू बिल्लियां पॉज़ीटिव पाई गई हैं. संघीय अधिकारियों ने बुधवार को बताया
कि यह पहला मौक़ा है जब अमरीका में पालतू जानवरों में कोरोना वायरस का संक्रमण
पाया गया है.
इन बिल्लियों को सांस
लेने में हल्की तक़लीफ़ थी और अब ऐसी उम्मीद की जा रही है कि ये बिल्लियां जल्दी ही
ठीक हो जाएंगी.
अमरीकी डिपार्टमेंट ऑफ़ एग्रीकल्चर
और सेंटर फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रीवेंशन के मुताबिक़, इस बात की आशंका है कि
इन बिल्लियों को कोरोना संक्रमण इंसानों से ही हुआ हो. ये वो लोग हो सकते हैं
जिनके साथ वो रह रही हों या फिर उनके आस-पास के लोगों से भी यह संक्रमण होने की
आशंका है.
इससे पहले ब्रॉन्क्स
चिड़ियाघर की एक बाघिन में भी कोरोना संक्रमण पाया गया था. हालांकि किसी जानवर में
संक्रमण का यह कोई पहला मामला नहीं था. इससे पहले भी कुछ जानवरों में संक्रमण के
मामले पाए गए थे.
अमरीकी अधिकारियों का
कहना है कि यह तो पता चल रहा है कि जानवर इंसानों से संक्रमित हो सकते हैं लेकिन
अभी तक इस बात के कोई संकेत नहीं हैं कि पालतू जानवरों से यह इंसानों को हो रहा
है.
ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: भारत में संक्रमण के मामले बढ़कर 21 हज़ार के पार, मरने वालों की संख्या 681 हुई
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी नए आँकड़ों के मुताबिक़, भारत में संक्रमण के मामले बढ़कर 21393 हो गए हैं जबकि मरने वालों की संख्या 681 हो गई है.
भारत में सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है, जहां संक्रमण के मामले 5652 हैं. महाराष्ट्र में मरने वालों की संख्या 269 हो गई है. दूसरे स्थान पर गुजरात है, जहां संक्रमण के मामले 2407 है और यहां 103 लोगों की मौत हो चुकी है.
राजधानी दिल्ली में संक्रमण के 2248 मामले हैं और यहां अभी तक 48 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है.
इमेज स्रोत, Getty Images
कोरोना वायरसः जिन देशों की कमान महिलाओं के पास उन्होंने किए शानदार काम
कोरोना वायरस: विश्व स्वास्थ्य संगठन की समीक्षा करेगा अमरीका
इमेज स्रोत, getty
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विश्व स्वास्थ्य संगठन की फंडिंग ये कहते हुए बंद कर दी थी कि विश्व स्वास्थ्य संगठन का रुख़ पक्षपातपूर्ण है. अमरीकी राष्ट्रपति ने उस समय आरोप लगाया था कि कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बहुत ग़लतियां की हैं.
उन्हें इस बीमारी को लेकर और पहले चेतावनी जारी करनी चाहिए थी और अब अमरीकी सरकार इस बात की समीक्षा करेगी की क्या विश्व स्वास्थ्य संगठन उसी तरह से काम कर रहा है जैसा उसे होना चाहिए.
यूएस एजेंसी फ़ॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (यूएसएआईडी) के मौजूदा प्रशासक जॉन बारसा ने बुधवार को इस बात की घोषणा की.यूएसएआईडी विदेश सहायता का प्रबंधन करने वाली अमरीका की प्रमुख एजेंसी है.
न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की ख़बर के मुताबिक़, वॉशिंगटन इस दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन से अलग वैकल्पिक सहयोगियों को तलाशने का भी काम करेगा ताकि वैक्सीन और दूसरे महत्वपूर्ण कार्यों में कोई रुकावट नहीं आए और उन्हें जारी रखा जा सके. जिससे यह सुनिश्चित हो जाए कि सहायता कार्य में कोई रुकावट नहीं आएगी.
यूएसएआईडी के प्रमुख बारसा ने इस बात की घोषणा की.
यूएसएआईडी प्रमुख बारसा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि समीक्षा के दौरान हर पहलू पर ग़ौर किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि WHO के प्रबंधन के संदर्भ में कई प्रश्न हैं. उन्होंने कहा कि वॉशिंगटन की इस समीक्षा का सबसे अहम पहलू यही होगा कि क्या विश्व स्वास्थ्य संगठन का प्रबंधन इसे चलाने का तरीका है ?
अमरीका विश्व स्वास्थ्य संगठन को सबसे ज़्यादा फ़ंड देता रहा है. अमरीका ने पिछली बार भी विश्व स्वास्थ्य संगठन को क़रीब 40 करोड़ डॉलर का फ़ंड दिया था जो सबसे ज़्यादा है.
ब्रेकिंग न्यूज़, चीन में लगातार छठे दिन कोई मौत नहीं
चीन में लगातार छठे दिन कोरोना वायरस के संक्रमण से किसी की मौत नहीं हुई. चीन में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 10 नए मामले सामने आए हैं जो कि मंगलवार से 30 कम हैं. चीन बिना लक्षण वाले मामलों की गिनती अलग से कर रहा है.
बिना लक्षण वाले मामले भी मंगलवार की तुलना में बुधवार को कम रहे. बुधवार को महज 27 ऐसे मामलों की पुष्टि हुई है जबकि मंगलवार को इसकी संख्या 42 थी. हालांकि चीन के डेटा की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना बहुत ही मुश्किल है इसलिए कई विश्लेषक चीन की विश्वसनीयता पर सवाल भी उठाते हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
ऑस्ट्रेलिया ने की वन्य जीवों के व्यापार पर रोक लगाने की अपील
ऑस्ट्रेलिया ने जी-20 देशों से अपील की है कि जंगली जानवरों के व्यापार पर रोक लगे.
ऑस्ट्रेलिया ने वन्य जीवों के व्यापार को मानव स्वास्थ्य और कृषि के लिए ख़तरनाक बताते हुए यह अपील की है. ऐसी आशंका ज़ाहिर की जा रही है कि ऑस्ट्रेलिया की इस मांग से चीन और उसके बीच संबंधों में और तनाव आ सकता है क्योंकि इससे पहले भी ऑस्ट्रेलिया कोरोना वायरस महामारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग कर चुका है.
कोरोना वायरस की शुरुआत चीन से हुई थी. ऐसा दावा है कि यह वायरस चीन के वुहान शहर के वेट-मार्केट से ही आया है. वुहान के वेट मार्केट में वन्य जीवों के मांस का व्यापार होता है और कोरोना वायरस को लेकर अभी तक यही माना जा रहा है कि यह वायरस जंगली जानवर से ही इंसानों में आया.
मुख्य तौर पर चमगादड़ और पैंगोलिन को ही इसका कारण माना जा रहा है.
वुहान के वेट-मार्केट यहां के लोगों की आजीविका का एक प्रमुख साधन हैं.
कोरोना वायरस संक्रमण फैलने के बाद चीन ने 23 जनवरी को अपने यहां के वेट-मार्केट पर अस्थायी तौर पर प्रतिबंध लगा दिया था लेकिन अब वो जंगली जानवरों के व्यापार से जुड़े क़ानूनों की समीक्षा कर रहा है ताकि जंगली जानवरों के व्यापार पर स्थायी प्रतिबंध लगाया जा सके.
ऑस्ट्रेलिया के कृषि मंत्री डेविड लिटिल प्राउड ने एक ऑस्ट्रेलियाई टीवी चैनल को दिए अपने साक्षात्कार में कहा कि उन्होंने 20 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के समूह से जुड़े सरकारी अधिकारियों से वेट-मार्केट को बंद करने को लेकर योजना बताने को कहा है.
उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों के व्यापार से ख़तरा है और यह हमारी कृषि और लोगों के लिए भी ख़तरनाक साबित हो सकता है. अमरीकी अधिकारियों ने भी एशिया के सभी वेट-मार्केट पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है.
इमेज स्रोत, Getty Images
कोरोना वायरस: सूअर मांस की फैक्ट्री से यह इलाक़ा कैसे बना अमरीका का हॉटस्पॉट
ब्रेकिंग न्यूज़, अमरीका किसी तीसरी दुनिया के देश की तरह महामारी को हैंडल कर रहा- अर्थशास्त्री जोसेफ़ स्टिग्लेट्ज़
नोबेल सम्मान से सम्मानित अर्थशास्त्री जोसेफ़ स्टिग्लेट्ज़ ने कहा है कि अमरीका ने कोरोना वायरस की महामारी का सामना किसी तीसरी दुनिया के देश की तरह किया है. राष्ट्रपति ट्रंप पर तीखा हमला बोलते हुए जोसेफ़ ने कहा कि लाखों अमरीकी खाने के लिए फूड बैंक का रुख़ कर रहे हैं. पैसे नहीं होने के कारण बेरोज़गारी भत्ता के लिए आवेदन कर रहे हैं और स्वास्थ्य सेवाओं में असमानता के कारण लोग मर रहे हैं.
जोसेफ़ स्टिग्लेट्ज़ ने कहा, ''फूड बैंक का रुख़ करने वालों की संख्या बहुत ही बड़ी है. यहां तक कि आपूर्ति कम पड़ रही है. ऐसा लग रहा है कि अमरीका किसी तीसरी दुनिया का देश है. लोगों को मदद पहुंचाने वाली सेवाएं बुरी तरह से नाकाफ़ी साबित हुई हैं.''
जोसेफ़ ट्रंप के लंबे समय से आलोचक रहे हैं.
उन्होंने कहा, ''अमरीका के 14 फ़ीसदी लोग सरकार के फूड वाउचर से मिलने वाले भोजन पर निर्भर हैं और सरकारी मदद बेरोज़गारी की भरपाई करने में असमर्थ साबित हो रही है. आने वाले महीनों में बेरोज़गारी दर बढ़कर 30 फ़ीसदी हो जाएगी. हमारे यहां लोगों की सुरक्षा के लिए अपर्याप्त चीज़ें हैं. अमरीका में विषमता बहुत ही गहरी है. कोरोना वायरस ने ग़रीब अमरीकियों को सबसे ज़्यादा निशाना बनाया है. अमरीका दुनिया के उन देशों में है जहां स्वास्थ्य सेवाएं बहुत असमान हैं.''
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नोबेल सम्मान से सम्मानित अर्थशास्त्री जोसेफ़ स्टिग्लेट्ज़
कोरोना वायरस: अब तक के बड़े अपडेट्स
दुनिया भर में एक लाख 83 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत
दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले बढ़कर 26 लाख 24 हज़ार के पार पहुंच गए हैं. कोरोना वायरस से अभी तक दुनिया भर में एक लाख 83 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. अमरीका इससे सबसे अधिक प्रभावित देश है, जहां मरने वालों की संख्या 46 हज़ार के पार पहुंच गई है और संक्रमण के मामले 8 लाख 40 हज़ार के पार. वहीं भारत में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक़, देश में संक्रमण के मामले 20 हज़ार से अधिक हैं और मरने वालों की संख्या 652 हो गई है.
दुनिया को अभी लंबा रास्ता तय करना है- WHO
प्रमुख
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख डॉ टेड्रोस ने कहा है कि इस महामारी से निपटने के लिए दुनिया को अब भी एक लंबा रास्ता तय करना है. डॉ. टेड्रोस ने कहा कि एक ओर जहां पश्चिमी यूरोप के कई देशों में कोरोना वायरस के मामले घटते हुए नज़र आ रहे हैं वहीं अफ़्रीका, मध्य और दक्षिण अमरीका और पूर्वी यूरोप में प्रकोप बढ़ता दिख रहा है.
रिफ़्यूजी कैंप भी कोरोना वायरस की चपेट में
लेबनान में एक शरणार्थी शिविर में कोरोना वायरस के पहले मामले की पुष्टि की गई है. कोरोना वायरस के शुरुआत से ही इस बात की आशंका जताई जा रही थी कि यह शरणार्थी शिविरों को भी चपेट में ले सकता है क्योंकि अमूमन शरणार्थी शिविरों की साफ़-सफ़ाई उस स्तर की नहीं होती. यहां जगह के अनुपात में लोगों की संख्या भी बहुत अधिक होती है.
स्पेन ने की लॉकडाउन में ढील देने की घोषणा
कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देशों में से एक स्पेन ने घोषणा की है कि वह मई महीने के आख़िरी दो हफ़्तों में लॉकडाउन हटाने की योजना बना रहा है.
जर्मनी में वैक्सीन टेस्ट
जर्मनी ने अपने यहां कोविड-19 की वैक्सीन के लिए पहले मानव परीक्षण को मंज़ूरी दे दी है. 18 साल से 55 साल के बीच क़रीब 200 लोगों पर यह परीक्षण किया जाएगा.
पोप ने यूरोपीय संघ के नेताओं से बात की
पोप फ्रांसिस ने यूरोपीय संघ के सदस्यों से कोरोना वायरस के इस दौर में एकता बनाए रखने का आह्वान किया है. पोप ने यह बात यूरोपीय संघ के सदस्यों के एक सम्मेलन के दौरान कही. इस सम्मेलन में कोरोना वायरस संकट से निपटने के लिए एक बड़े आर्थिक पैकेज पर चर्चा की गई. यूरोपीय संघ के देशों के बीच बीते कई दिनों से वित्तीय मामलों को लेकर टकराव की स्थिति बनी है.
क्रू शिप पर कोरोना वायरस के 34 पॉज़ीटिव केस
जापान के तट पर रख-रखाव के लिए रुके क्रूज़ पर चालक दल के 34 सदस्य कोरोना पॉज़ीटिव पाए गए हैं. इटली के इस क्रूज़ कोस्टा अटलांटिका पर कोरोना वायरस के पॉज़ीटिव केस मिलने से जापान के नागासाकी शहर के लिए चिंताएं बढ़ गई हैं. जहां सिर्फ़ 102 बिस्तरों की ही व्यवस्था है.
ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या को लेकर सवाल
ऑफ़िस फ़ॉर नेशनल स्टैटिस्टिक्स की ओर से जारी किए गए आंकड़ों को आधार बनाकर फ़ाइनेंशियल टाइम्स ने आशंका ज़ाहिर की है कि ब्रिटेन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 41 हज़ार से अधिक हो सकती है. इन आँकड़ों का आधार यह है कि सार्वजनिक तौर पर उन्हीं मौतों की गिनती की जा रही है जो अस्पताल में हुई है जबकि इससे अलग मरने वालों की संख्या कहीं अधिक हो सकती है.
फ्रांस में लगातार बढ़ रही है बेरोज़गारी
फ्रांस के श्रम मंत्री मुरिल पेनेइकूद के अनुसार, देश में काम करने वाली क़रीब आधी आबादी ने देश की अस्थायी बेरोज़गारी योजना पर हस्ताक्षर किए हैं. निजी क्षेत्र में काम करने वाले क़रीब 1.2 करोड़ लोगों ने मदद के लिए आवेदन किया है. पेनेइकूद ने कहा कि हर दो में से एक कर्मचारी ने और हर दस में से छह कंपनी ने मदद के लिए आवेदन किया है.