You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

फ्रांस में कोरोना से मौतों का आंकड़ा 20 हज़ार के पार

फ्रांस से स्वास्थ्य सेवा निदेशक ने इन आंकड़ों को 'प्रतीकात्मक और दुखद' बताया है.

लाइव कवरेज

  1. पाकिस्तान: रमज़ान में जारी रहेगी नमाज़

    पाकिस्तान में धर्मगुरुओं ने कहा है कि रमज़ान के महीने में मस्जिदों में नमाज़ जारी रहेगी लेकिन इस दौरान ज़रूरी ऐहतियात भी बरता जाएगा.

    सऊदी अरब की सबसे शीर्ष धार्मिक परिषद ने दुनिया भर के मुसलमानों से रमज़ान के पवित्र महीने के दौरान मस्जिदों में जाकर नमाज़ न पढ़ने की अपील की है ताकि कोरोनो वायरस के प्रसार पर अंकुश लगाया जा सके. वरिष्ठ विद्वानों के परिषद ने कहा कि मुसलमानों को सभाओं से बचना चाहिए.

  2. ऑस्ट्रेलिया: फिर खुले बीच

    ऑस्ट्रेलियाई शहर सिडनी में कुछ बीच आम लोगों के लिए दोबारा खोल दिए गए हैं. कोरोना संक्रमण के नए मामलों में आई गिरावट से उत्साहित अधिकारियों ने बीच खोलने का फ़ैसला किया है.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना संकट: अंतर्राष्ट्रीय तेल बाज़ार में कोहराम

    अमरीका में सोमवार को कच्चे तेल की क़ीमत 15 डॉलर प्रति बैरल से भी नीचे गिर गई. पिछले दो दशक में ये कच्चे तेल के दाम में सबसे बड़ी गिरावट है. इस गिरावट के पीछे कोरोना संकट की वजह से दुनिया भर में तेल की मांग अचानक कम होने और उत्पादन कम करने का समझौता देरी से होने को ज़िम्मेदार माना जा रहा है.

    सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान अमरीकी बेंचमार्क वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (WTI) में 19 फ़ीसदी से ज़्यादा की गिरावट देखी गई. कच्चे तेल का दाम तेज़ गिरावट के साथ 14.73 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया. हालांकि कुछ देर बाद बाज़ार स्थिर हुए और क़ीमत 15.78 डॉलर प्रति बैरल पहुंची.

    इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट में भी कच्चे तेल के दाम में 4.1 फ़ीसदी की गिरावट दर्ज की गई. यहां तेल की क़ीमत 26.93 डॉलर प्रति बैरल तक गिर गई थी. बाद में यह 28.11 डॉलर प्रति बैरल हुई.

    हाल के दिनों में कोरोना संकट के मद्देनज़र जारी लॉकडाउन और यात्राओं पर पांबदी की वजह का असर दुनिया भर में तेल बाज़ारों पर पड़ा है.

    इससे पहले काफ़ी वक़्त तेल उत्पादक देशों के समूह ओपेक के प्रतिनिध सऊदी अरब और रूस में तेल उत्पादन कम करने को लेकर समझौता नहीं हो सका था. हालांकि बाद में रूस और सऊदी अरब में समझौता हो गया था. इस समझौते मुताबिक़ ओपेक और ओपेक प्लस देश हर रोज़ लगभग एक करोड़ बैरल उत्पादन कम करने पर राज़ी हुए हैं.

    इसके बावजूद तेल बाज़ारों का संकट कम नहीं हुआ है और क़ीमतों में लगातार गिरावट देखी जा रही है. विशेषज्ञों का कहना है कि तेल की मांग में अचानक आई इस कमी को उत्पादन कम करके नियंत्रित नहीं किया जा सकता.

  4. कोरोना वायरस: पूरी दिल्ली में बिना लक्षण वाले संक्रमण से बढ़ी चिंता

  5. दक्षिण कोरिया में महज़ 13 नए मामले

    दक्षिण कोरिया में लगातार तीसरे दिन भी कोरोना वायरस से संक्रमण के नए मामले 20 के नीचे रहे. दक्षिण कोरिया ने बताया है कि पिछले 24 घंटों में नए संक्रमण के महज़ 13 मामले ही सामने आए हैं.

    दक्षिण कोरिया में संक्रमण के कुल 10,674 मामले हैं. रविवार को संक्रमण का आँकड़ा एक अंक में महज़ आठ था. ऐसा एक महीने में पहली बार हुआ था.

  6. स्पेन: मौतों की दर में कमी

    स्पेन में रविवार को 410 लोगों की मौत हुई. समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार पिछले एक महीने में यह स्पेन में मौतों का सबसे कम आँकड़ा है. स्पैनिश स्वास्थ मंत्रालय के संयोजक फ़र्नैंडो सिमॉन ने कहा, “ये आँकड़े हमें उम्मीद देते हैं. पिछले एक महीने में ये पहली बार है जब मौतों की संख्या 500 से कम है.”

    हालांकि सिमोन ने यह भी माना की मौतों की संख्या में कमी की वजह वीकेंड पर कम दर्ज हुए मामले भी हो सकती है. आम तौर पर सप्ताह की शुरुआत में ज़्यादा मामले सामने आते हैं और आख़िर में कम.

    उन्होंने कहा, “मौतों की संख्या, अस्पतालों और आईसीयू में भर्ती होने वाले मरीज़ों की संख्या धीरे-धीरे कम हो रही है जो स्पष्ट रूप से इसका संकेत है कि संक्रमण फैलना कम हुआ है.”

    अमरीका और इटली के बाद स्पेन कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे बुरी तरह प्रभावित देश है. स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार यहां अब तक 20,453 लोग संक्रमण की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं.

    स्पेन में संक्रमण मामलों की कुल संख्या 1,95,344 है. पिछले 24 घंटों में यहां में संक्रमण के 4,218 नए मामले सामने आए हैं जो 2.4% की बढ़त दिखाते हैं.

  7. फ़्रांस: अस्पतालों में मरीज़ों की भर्ती कम हुई

    फ़्रांस में कोरोना वायरस के संक्रमण से पिछले 24 घंटों में 395 लोगों की मौत हुई है. इनमें से 227 मौतें अस्पताल में 168 मौतें नर्सिंग होम में हुई हैं. इसके साथ ही फ़्रांस में कोरोना से मौत का कुल आँकड़ा 19,718 पहुंच गया है.

    हालांकि यहां अब अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीज़ों की संख्या में भी कमी आ रही है. इस वक़्त फ़्रांस में कोरोना से संक्रमित कुल 30,610 लोगों का इलाज चल रहा है. यहां रविवार को अस्पतालों में कुल 29 मरीज़ भर्ती किए गए जो शनिवार के मुकाबले कम हैं. फ़्रांस में पिछले पांच दिनों से अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीज़ों की संख्या लगातार कम हो रही है.

    फ़्रांसीसी प्रधानमंत्री एडवार्ड फ़िलिप ने कहा, “हम इस महामारी के ख़िलाफ़ स्कोर बना रहे हैं. हालात धीरे-धीरे ही सही मगर निश्चित रूप से सुधर रहे हैं. हालांकि हम अभी स्वास्थ्य संकट से बाहर नहीं आए हैं.”

  8. क्या मच्छर के काटने से भी हो सकता है कोरोना वायरस का संक्रमण?

  9. ईरान की मदद के लिए तैयार रहेंगे: ट्रंप

    अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी दैनिक प्रेसवार्ता में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और विश्व व्यापार संगठन (WTO) की आलोचना की. ट्रंप ने कहा कि वो कोरोना संक्रमण की संवेदनशीनलता को देखते हुए ईरान को मदद देने के लिए भी तैयार रहेंगे.

    अमरीका में अब तक संक्रमण से 40 हज़ार से ज़्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. यहां संक्रमण के मामलों की संख्या 7,55,000 तक पहुंच गई है. इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप और राज्यों के गवर्नरों के बीच टेस्टिंग और घर में रहने के मानकों को लेकर तनाव चल रहा है.

  10. इटली: एक हफ़्ते में सबसे कम मौतें

    इटली में रविवार को कोरोना वायरस के संक्रमण से मौतों के 433 आधिकारिक मामले सामने आए जो पिछले एक हफ़्ते में सबसे कम हैं. इटली में फ़रवरी से लेकर अब तक कोविड-19 संक्रमण से 23,660 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.

    मौतों की संख्या के मामले में इटली, अमरीका के बाद दूसरे नंबर पर है. अमरीका में संक्रमण से 40 हज़ार से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है.

    रविवार को जारी किए आंकड़ों के मुताबिक़ इटली में नए मामलों की संख्या में सिर्फ़ 1.7 फ़ीसदी की बढ़त देखी गई.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, चीन में लगातार तीसरे दिन कोई मौत नहीं

    चीन ने कहा है कि उसके यहां 19 अप्रैल को 12 नए मामले सामने आए. 18 अप्रैल को चीन में 16 नए मामले दर्ज किए गए थे. इसके अलावा चीन में लगातार तीसरे दिन कोरोना वायरस के संक्रमण से कोई मौत नहीं हुई है.

  12. अमरीका: संक्रमण के ख़तरों के बीच प्रदर्शन

    अमरीका में लोग सड़क पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं. कहा जा रहा है कि प्रदर्शनकारी एरिज़ोना, कोलाराडो, मोंटाना और वॉशिंगटन में रविवार को रैली निकालेंगे. इससे पहले अमरीका के आधा दर्जन राज्यों में प्रदर्शन हो चुके हैं.

    प्रदर्नशनकारी अपने राज्यों के गवर्नर से मांग कर रहे हैं कि कोरोना संक्रमण के ख़तरे से बंद पड़े उद्योगों को खोला जाए.

    अमरीका में कोविड-19 के ख़तरे करे बावजूद पाबंदियों में ढील दिए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज़ हो गए हैं. राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों के समर्थन का संकेत दिया है.

  13. कोरोना संक्रमण से जूझती दुनिया का हाल, अब तक के बड़े अपडेट्स

    कोरोना: दुनिया भर में 1,60,000 से ज़्यादा मौतें

    जॉन हॉप्किन्स कोरोना वायरस रिसोर्स सेंटर के अनुसार दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से मौत का आँकड़ा 1,64, 938 तक पहुंच गया है. इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 2,3,4291 हो गई है.

    तुर्की में 2,000 से ज़्यादा मौतें

    तुर्की में कोरोना वायरस की वजह से अब तक दो हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. हाल में हुई 127 नई मौतों के साथ ही वहां मौतों का आधिकारिक आंकड़ा 2,017 पहुंच गया है. तुर्की में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 संक्रमण के 3,977 नए मामले सामने आए हैं. वहां संक्रमण के कुल मामलों की संख्या अब 86,306 हो गई है.

    पोलैंड: मामलों में रिकॉर्ड तेज़ी

    पोलैंड में रविवार को कोरोना संक्रमण के 545 नए मामले दर्ज किए गए. इससे ठीक एक दिन पहले यहां पाबंदियों में कुछ ढील देने का ऐलान हुआ था. पोलैंड में अब तक संक्रमण के 9,287 मामलों की पुष्टि हो चुकी है और 360 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.

    एक-दूसरे की मदद करेंगे अमरीका और तुर्की

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयय्प अर्दोआन ने वैश्विक महामारी के इस दौर में आपसी सहयोग की प्रतिबद्धता जताई है. दोनों ने फ़ोन पर हुई बातचीत में अपने देशों के स्वास्थ्य तंत्र और अर्थव्यवस्था की रक्षा के लिए ‘आपसी और क़रीबी सहयोग जारी रखने’ की बात कही.

    फ़्रांस ने दोगुना किया फ़ेस मास्क का उत्पादन

    फ्रांस ने अपने यहां फ़ेस मास्क उत्पादन दोगुना कर दिया हैं. यहां अब हर हफ़्ते 80 लाख मास्क बनाए जाएंगे. इसके साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों और फ़्रंटलाइन कार्यकर्ताओं के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया गया है. फ़्रांसीसी प्रधानमंत्री एडवार्ड फ़िलिप ने कहा है कि मास्क की संख्या अब भी काफ़ी नहीं है. उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है.

    अपने नागरिकों को न्यूज़ीलैंड से वापस लाएगी ब्रितानी सरकार

    ब्रितानी सरकार इस हफ़्ते न्यूज़ीलैंड में फंसे अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए चार्टर्ड विमान भेजेगी. सबसे पहले उन लोगों को वापस लाया जाएगा जिन्हें संक्रमण का ख़तरा ज़्यादा है. इन चार्टर्ड विमानों में 1500 से ज़्यादा ब्रितानी नागरिक वापस आएंगे.

    पेरू में संक्रमण के 15,000 से ज़्यादा मामले

    पेरू में कोरोना वायरस संक्रमण मामलों की संख्या 15 हज़ार से ज़्यादा हो गई है. लातिन अमरीकी देशो में ब्राज़ील के बाद पेरू में अब संक्रमण के सबसे ज़्यादा मामले हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पेरू में संक्रमण के 15,628 मामलों की पुष्टि हो चुकी है. संक्रमण से यहां अब तक 400 लोगों की मौत हुई है.

    अमरीका: गवर्नर और ट्रंप में तनाव

    अमरीकी राज्यों के गवर्नरों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर ‘भ्रामक’ और ‘ख़तरनाक’ बयान देने का आरोप लगाया है. अमरीका में टेस्टिंग और आइसोलेशन कम करने के दबाव के मामले पर राज्यों के प्रतिनिधियों और राष्ट्रपति में तनाव चल रहा है.

    ट्यूनीशिया ने बढ़ाया लॉकडाउन

    ट्यूनीशिया में लॉकडाउन चार मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है. हालांकि चार मई के बाद आर्थिक गतिविधियों को धीरे-धीरे शुरू किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है.

    इसराइल में नेतन्याहू के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

    इसराइल में लोगों ने प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया है. दिलचस्प बात ये है कि विरोध प्रदर्शन में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का ध्यान रखा गया. प्रदर्नशनकारियों ने बेनी गंट्ज़ की पार्टी से नेतन्याहू की अगुवाई वाले गठबंधन में शामिल न होने की मांग की.

    भारत: अब तक 507 मौतें, 15 हज़ार से ज़्यादा मामले

    भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 15, 712 हो गई है. संक्रमण की वजह से अब तक 507 लोगों की मौत हो गई है और 2231 मरीज़ इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं. भारत में 3 मई तक लॉकडाउन जारी रखे जाने की योजना है.

  14. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. यहां हम दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से देश-दुनिया के हर बड़े अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.