कोरोना: WHO ने कहा, वन्यजीवों के मांस के व्यापार पर कड़े प्रतिबंध लगाएं देश

माना जा रहा है कि कोरोना वायरस महामारी की शुरूआत एक सीफूड मार्केट से ही हुई थी.

लाइव कवरेज

  1. फ़िलीपींसः लॉकडाउन तोड़ा तो मार्शल लॉ लग जाएगा, राष्ट्रपति दुटर्टे ने दी धमकी

    फ़िलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुटर्टे ने राजधानी मनीला में सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही बढ़ने पर नाराज़गी जताते हुए धमकी दी है कि अगर लोग नहीं सुधरे तो वे मार्शल लॉ लगा देंगे.

    दुटर्टे ने टीवी पर कहा, “मैं आपसे बस थोड़ा अनुशासन रखने के लिए कह रहा हूँ. अगर ऐसा नहीं हुआ, आपने मेरी बात पर भरोसा नहीं किया तो स्थिति सेना और पुलिस के हाथों में चली जाएगी. अब आप ख़ुद चुन लीजिए.”

    समाचार एजेंसी एपी के अनुसार वहाँ एक महीने पहले लॉकडाउन लागू होने के बाद से पुलिस अब तक 1 लाख 20 हज़ार लोगों को गिरफ़्तार कर चुकी है. इनमें कुछ लोग मुर्गो की लड़ाई करवा रहे थे तो कुछ ग़ैर-पेशेवर बॉक्सिंग मैच करवा रहे थे.

    फ़िलीपींस में अब तक संक्रमण के 5,660 मामलों की पुष्टि हुई है. 362 संक्रमित लोगों की मौत हो चुकी है.

    मनीला

    इमेज स्रोत, Getty Images

  2. भारत में बीते 24 घंटों में 1007 मामले, 23 की मौत

    स्वास्थ्यकर्मी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और आईसीएमआर की शुक्रवार को हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया गया है कि देश में आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की स्थिति नियंत्रण में है.

    गृह मंत्रालय की प्रवक्ता पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि इसमें भारतीय डाक की भूमिका महत्वपूर्ण है क्योंकि भारतीय डाक सेवा ने 100 टन से अधिक दवाइयां और मेडिकल उपकरण अस्पतालों तक पहुंचाए हैं.

    उन्होंने कहा कि लोगों की पेंशन राशियों का भुगतान और दूसरी सरकारी सेवाओं का फ़ायदा लोगों को दरवाज़े पर मिले इसके लिए डाक विभाग प्रयासरत है.

    उन्होंने कहा कि भारतीय डाक ने ज़िला प्रशासन और ग़ैर-सरकारी संस्थाओं के साथ मिलकर खाद्यान्न का वितरण किया है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के ज्वाइंट सेक्रेटरी लव अग्रवाल ने बताया कि अब तक कोरोना के कुल 13387 पॉज़िटिव मामले सामने आए हैं और 1749 लोगों का इलाज किया जा चुका है.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उन्होंने बताया कि पहले कोरोना पॉज़िटिव मामले तीन दिन में डबल हो रहे थे अब वो 6.2 दिन में डबल हो रहे हैं.

    बीते 24 घंटों में 23 लोगों की मौत हुई है और 1007 नए मामले सामने आए हैं.

    लव अग्रवाल ने कहा, “अगर दूसरे देशों से तुलना करें तो भारत की स्थिति बेहतर है.हम ग्लोबल पार्टनर्स के साथ काम कर रहे हैं ताकि कोरोना वायरस के लिए वैक्सीन मिल सके.राज्यों को पांच लाख एंटीबॉडी टेस्ट किट बांटे जा रहे हैं.”

    “नई किट से 30मिनट में रिज़ल्ट पता चलेगा.कोरोना के मामलों में 40 फ़ीसदी की गिरावट आई है,80 फ़ीसदी मरीज़ ठीक हो रहे हैं.कोविड के लिए अलग से अस्पताल बनाए जा रहे हैं.”

    कोविड के लिए अलग से 1919 अस्पताल बनाए गए हैं. इनमें 1.73 लाख आइसोलेशन बेड और 21800 आईसीयू बेड हैं.

  3. ओडिशा में सार्वजनिक जगहों पर थूकने पर लगेगा जुर्माना

    भुवनेश्वर से बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सुब्रत पति ने जानकारी दी है कि ओडिशा में सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर पाबंदी लगा दी गई है.

    ओडिशा सरकार ने महामारी रोकने के क़ानून के तहत बाहर थूकने पर रोक लगाते हुए एक आदेश जारी किया है जिसमें नियम तोड़ने पर जुर्माने की सज़ा का प्रावधान है.

  4. चीन ने मृतकों की संख्या छिपाने से किया इनकार

    वुहान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीन ने अपने यहाँ कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या में सुधार करने के कुछ घंटे बाद इस बात से इनकार किया कि उसने असल संख्या छिपाने की कोशिश की.

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा, "सच को कभी भी नहीं छिपाया गया और हम इसकी कभी भी इजाज़त नहीं देंगे."

    चीन ने शुक्रवार को मृतकों की संख्या लगभग 50 प्रतिशत बढ़ा दी.

    वुहान जहाँ से संक्रमण की शुरुआत हुई थी वहाँ मरने वालों की संख्या में और 1290 लोगों को जोड़ा गया जिसके बाद चीन में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,869 हो गई है.

    चीन के सरकारी आँकड़ों पर पहले से सवाल उठते रहे हैं.

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने इस सप्ताह कहा था कि ये आँकड़े ‘काफ़ी हल्के लग रहे हैं.’

    शुक्रवार को फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्राँ ने भी एक इंटरव्यू में कहा कि 'निश्चित तौर पर ऐसी बातेें हैं जो हुईं और जिनके बारे में हमें जानकारी नहीं है'.

  5. दिल्ली में लॉकडाउन के दौरान स्कूल फ़ीस बढ़ाने पर रोक

    दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि निजी स्कूलों को बिना सरकार से पूछे स्कूल फ़ीस बढ़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. लॉकडाउन के दौरान स्कूलों के बंद होने के बावजूद दिल्ली के कई प्राइवेट स्कूलों के फ़ीस बढ़ाने की रिपोर्टें आई थीं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  6. पीएम मोदी ने आरबीआई के आर्थिक पैकेज की तारीफ़ की

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    भारतीय रिज़र्व बैंक के आर्थिक पैकेज की घोषणा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रशंसा की है.

    आरबीआई ने शुक्रवार को भारतीय अर्थव्यवस्था की सुस्ती दूर करने के लिए 50 हज़ार करोड़ रुपये की घोषणा की थी. इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया है कि इस घोषणा से आर्थिक तरलता बढ़ेगी और क़र्ज़ देने में सुधार होगा.

    प्रधानमंत्री ने कहा कि इस क़दम से छोटे व्यापार, एमएसएमई, किसानों और ग़रीबों को मदद मिलेगी और यह सभी राज्यों को डब्ल्यूएमए लिमिट बढ़ाने में मदद करेगा.

  7. कोरोना वायरस क्या चीन की प्रयोगशाला से आया है?

    दुनिया भर में कोहराम मचाने और एक लाख 43 हज़ार से ज़्यादा लोगों की जान लेने वाला कोरोना वायरस आख़िर आया कहां से?

    ये एक ऐसा सवाल है जिसका जवाब हर कोई जानना चाहता है.

    इसको लेकर कई तरह की धारणाएँ हैं. उनमें से एक है लैब-थ्योरी. क्या है लैब-थ्योरी और ये कोरोना वायरस के बारे में क्या बताती है जानने के लिए पढ़ें ये ख़ास रिपोर्ट.

  8. सूडान: ख़ार्तूम के गवर्नर हटाए गए

    सूडान के प्रधानमंत्री अब्दल्लाह हमदोक ने राजधानी ख़ार्तूम के गवर्नर जनरल अहमद हम्माद मोहम्मद को अपने पद से हटा दिया है.

    गवर्नर जनरल अहमद ने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए धार्मिक कार्यक्रमों पर लगी पाबंदी को मानने से इनकार कर दिया था.

    सुडान की सरकार ने शनिवार से सभी मस्जिदों और चर्च में होने वाले किसी भी धार्मिक कार्यक्रम पर पाबंदी लगा दी है. लेकिन गवर्नर ने सरकार के आदेश का विरोध किया था.

    सुडान की मस्जिद

    इमेज स्रोत, Getty Images

  9. राजस्थान के टोंक में पुलिस जवानों पर हमला, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के टोंक ज़िले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बावड़ी चौराहे के पास शुक्रवार को पुलिस पर पत्थरों से हमला किया गया.

    इस इलाक़े में कर्फ़्यू लगा हुआ है और पुलिस उसका पालन कराने के लिए इलाक़े में गश्त लगा रही थी. इस दौरान बाहर घूम रहे कुछ लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया.

    कोतवाली थाना इंचार्ज बंसी लाल ने बीबीसी को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, "कर्फ़्यू लगे एरिया की पतली गलियों में जवान गश्त कर रहे थे, इस दौरान बाहर घूम रहे लोगों को पुलिस ने टोका तो उन्होंने पत्थरबाज़ी कर दी."

    इंचार्ज का कहना है कि पत्थर के साथ लाठियों से भी हमला हो सकता है.

    उन्होंने कहा कि पुलिस जाँच कर रही है और मामला दर्ज कर लोगों को गिरफ़्तार किया जा रहा है.

    पुलिस के मुताबिक़ इस हमले में उनके तीन जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    इसके अलावा अन्य क़रीब आधा दर्जन जवानों के भी चोट आई है.

    पुलिस पर हमले की सूचना मिलने पर थाने से भारी संख्या में पुलिसबल मौक़े पर भेजी गई और हालात को क़ाबू किया गया. जानकारी के अनुसार पुलिस पर पत्थराव करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है.

    इससे पहले भी टोंक ज़िले में सर्वे के दौरान मेडिकल टीम पर हमले की ख़बर मिली थीं.

    टोंक, राजस्थान
  10. लॉकडाउन: कीर्तिश के कार्टून की नज़र से

    कीर्तिश का कार्टून
  11. तब्लीग़ी जमात के प्रमुख मौलाना साद के ख़िलाफ़ मनी लॉन्ड्रिंग का केस

    कोरोना वायरस के फैलने के बीच मार्च में दिल्ली में एक धार्मिक आयोजन करने के कारण सुर्ख़ियों में आए तब्लीग़ी जमात के प्रमुख मौलाना साद कंधालवी के ख़िलाफ़ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है.

    मौलाना साद के अलावा तब्लीग़ी जमात की प्रबंधन कमेटी पर भी केस किया गया है.

    मौलाना साद पर दिल्ली पुलिस पहले ही ग़ैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर चुकी है. दिल्ली के निज़ामुद्दीन में स्थित जमात के मुख्यालय मरकज़ में मार्च में जमात का कार्यक्रम हुआ था जिसमें दो हज़ार से ज़्यादा लोग शामिल थे.

    उनमें से कई लोग कोरोना पॉज़िटिव पाए गए थे.

    दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस ने उन पर कोरोना के दौरान लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है.

    हालांकि तब्लीग़ीग जमात की तरफ़ से कहा जाता रहा है कि उन्होंने किसी क़ानून को नहीं तोड़ा और लॉकडाउन की घोषणा के बाद सैकड़ों लोग उनके परिसर में रहने के लिए मजबूर थे क्योंकि किसी को घर से बाहर निकलने की इजाज़त नहीं थी.

    लेकिन जमात के कार्यक्रम में देश-विदेश से लोग आए थे और बाद में भारत के कई शहरों में उन लोगों में कोरोना पॉज़िटिव पाया गया जो दिल्ली में कार्यक्रम में शामिल हुए थे या जो शामिल लोगों के संपर्क में आए थे.

    तब्लीग़ी जमात मरकज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  12. RBI ने किया आर्थिक पैकेज का एलान, बाज़ार में 50 हज़ार करोड़ का होगा निवेश

    आरबीआई गवर्नर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कोरोना के कारण भारतीय अर्थव्यस्था में आई सुस्ती को दूर करने के लिए बड़े आर्थिक पैकेज की घोषणा की गई है.

    भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने शुक्रवार सुबह इसकी घोषणा की.

    उन्होंने कहा कि बाज़ार में 50 हज़ार करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा.

    नाबार्ड (राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक) को 25,000 करोड़ रुपए, सिडबी ( स्मॉल इंडस्ट्रीज़ डेवेलपमेंट बैंक) को 15,000 करोड़ रुपए और एनएचबी (नेशनल हाउसिंग बैंक) को 10,000 करोड़ रुपए दिए जाएंगे.

    शक्तिकांत दास ने कहा कि कोरोना के कारण पूरी दुनिया एक बड़ी आर्थिक मंद की तरफ़ बढ़ रही है लेकिन भारत के हालात उतने ख़राब नहीं हैं.

    उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण 9.9 ट्रिलियन डॉलर के नुक़सान होने की आशंका जताई जा रही है, जो कि जापान और जर्मनी के संयुक्त जीडीपी से भी ज़्यादा है.

    ये मंदी 1929 के 'ग्रेट डिप्रेशन' से भी ज़्यादा बड़ी आर्थिक मंदी होगी.

    उन्होंने कहा कि भारत में भी मार्च से हालात ख़राब हुए लेकिन बावजूद इसके भारतीय अर्थव्यवस्था बढ़ रही है.

    उन्होंने कहा कि जब सारी दुनिया में मंदी है भारतीय अर्थव्यवस्था के 1.9 फ़ीसदी की दर से बढ़ने की बात की जा रही है.

    शक्तिकांत दास के अनुसार जी-20 के देशों में भारतीय अर्थव्यवस्था सबसे बेहतर हालत में है.

    रिज़र्व बैंक ने रिवर्स रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती की है जिससे बाज़ार में और पैसा आएगा. रिवर्स रेपो रेट 4 फ़ीसदी से घटकर 3.75 फ़ीसदी कर दी गई है. हालांकि रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

    उन्होंने कहा कि देश में बैंकिंग सेक्टर पूरी तरह से काम कर रहा है और लगभग 91 फ़ीसदी बैंक एटीएम भी चालू हैं.

    उन्होंने कहा कि बाज़ार में कैश की कमी नहीं होने दी जाएगी.

    गवर्नर ने कहा कि ये कोई आख़िरी घोषणा नहीं है, स्थिति को देखते हुए रिज़र्व बैंक आगे भी इस तरह की घोषणा करेगा.

  13. कोरोना वायरस: वुहान में संक्रमण से मौत के संशोधित आंकड़े जारी

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीन के वुहान शहर में संक्रमण से मरने वालों के संशोधित आंकड़े जारी किये गए हैं.

    वुहान शहर से ही कोरोना वायरस शुरू हुआ था और फिर ये दुनिया में फैला.

    पहले चीन ने कहा था कि वुहान शहर में 2660 लोग मारे गए थे. लेकिन संशोधित आंकड़ों के मुताबिक़ वुहान में 1209 और लोग मारे गए थे.

    यानी कुल मिलाकर वुहान शहर में कोरोना वायरस से अब तक 3869 लोग मारे गए हैं.

    इसका मतलब है कि नए आंकड़े, पिछले आकंड़े की तुलना में क़रीब 45 फ़ीसदी ज़्यादा हैं.

    बीबीसी के रॉबिन ब्रैंट के अनुसार इनमें उन लोगों को भी शामिल कर लिया गया है जिनकी मौत अस्पताल के बाहर हुई थी और कुछ मामलों में मरने की ख़बर देर से आई थी.

    बीबीसी संवाददाता का कहना है कि "अब इसमें कोई शक नहीं कि चीन में कोरोना वायरस से जुड़े आंकड़ों के बारे में लोगों का संदेह और बढ़ेगा."

  14. कोरोना वायरस: भारत में थूकना अब हो सकता है ख़तरनाक

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    गृह मंत्रालय ने सार्वजनिक जगहों पर थूकने को लेकर प्रतिबंध लगा दिया है. मंत्रालय का कहना है कि सार्वजनिक जगहों पर थूके जाने के कारण कोरोना वायरस संक्रमण फैलने का ख़तरा बढ़ जाता है.

    हालांकि इस आदेश के बहुत पहले ही विभिन्न शहरों की नगरपालिकाओं ने क़ानून बनाकर इस पर प्रतिबंध लगा दिया था. लेकिन यह भी सही है कि यह सही तरीक़े से लागू नहीं हो सका और लोगों ने इसे बहुत गंभीरता से नहीं लिया. लेकिन अब गृह मंत्रालय ने केंद्रीय अधिनियम के तहत इस पर प्रतिबंध लगा दिया है.

    ऐसा माना जा रहा है कि अब इसका असर नज़र आ सकता है.

    कई राज्यों ने अपने यहां सार्वजनिक जगह पर थूकने को लेकर जुर्माना लगा रखा है. मुंबई में अगर कोई सार्वजनिक जगह पर थूकते हुए पकड़ा जाता है तो उसे हज़ार रुपये जुर्माना देना पड़ेगा. वहीं राजधानी दिल्ली में इसके लिए दो हज़ार रुपये जुर्माना रखा गया है.

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: भारत में मरने वालों की संख्या 437 हुई, संक्रमण के 13387 मामले

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत में संक्रमण के मामले बढ़कर 13387 हो गए हैं. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 17 अप्रैल सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक़ देश में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 437 हो गई है.

    1749 मामले ऐसे हैं जिसमें लोग ठीक हुए हैं.

    महाराष्ट्र देश का सबसे अधिक प्रभावित राज्य है. जहां संक्रमण के 3205 मामलों की पुष्टि हुई है. महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के कारण अभी तक 194 लोगों की जान जा चुकी है.

    वहीं दिल्ली में संक्रमण के मामले बढ़कर 1640 हो गए हैं. दिल्ली में 38 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

    तीसरे स्थान पर तमिलनाडु है, जहां संक्रमण के 1267 मामले सामने आए हैं और चौथे स्थान पर राजस्थान है, जहां संक्रमण के 1131 मामले हैं.

  16. चीन: विकास दर में 1992 के बाद सबसे ज़्यादा गिरावट

    वर्ष 2020 के पहली तिमाही में चीन की जीडीपी में 6.8 फ़ीसदी की गिरावट देखी गई है. ये गिरावट वर्ष 2019 की पहली तिमाही की तुलना में है. लेकिन अगर पिछली तिमाही से इसकी तुलना की जाए तो चीनी अर्थव्यवस्था में ये गिरावट और ज़्यादा है. पिछली तिमाही की तुलना में ये गिरावट 9.8 फ़ीसदी है.

    शंघाई स्थित बीबीसी संवाददाता रॉबिन ब्रैंट के अनुसार कोरोना महामारी फैलने के बाद चीन दुनिया का पहला देश है जिसने अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव से संबंधित आधिकारिक तौर पर आंकड़े जारी किए हैं.

    चीनी अधिकारियों का कहना है कि अर्थव्यवस्था में गिरावट के बावजूद रोज़गार स्थिर हैं और कोई बड़े पैमाने पर छटनी नहीं हो रही. चीन में बेरोज़गारी फ़िलहाल 6.2 फ़ीसदी है.

    लेकिन एक सवाल ये भी है कि क्या चीन के ज़रिए जारी किए गए इन आंकड़ों पर विश्वास किया जा सकता है.

    बीबीसी संवाददाता रॉबिन ब्रैंट के अनुसार जहां तक सरकारी आंकड़ों को जारी करने का सवाल है उस मामले में चीन की छवि बहुत ख़राब है.

    उनके अनुसार चीन के सरकारी आंकड़े चीन की असल अर्थव्यवस्था के बजाए आपको सिर्फ़ एक संकेत या दिशा देते हैं.

    चीन के सांख्यिकी ब्यौरो के अनुसार कोरोना के कारण थोड़े समय के लिए अर्थव्यवस्था ज़रूर प्रभावित हुई है लेकिन इससे लंबे समय के विकास पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उनके अनुसार चीनी अर्थव्यवस्था की बुनियाद मज़बूत है, उसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है और आर्थिक सुधार से घरेलू डिमांड में बढ़ोत्तरी होगी.

    चीन

    इमेज स्रोत, Reuters

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: चीन की जीडीपी में सात प्रतिशत की गिरावट

    मौजूदा वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में चीन की अर्थव्यवस्था में 6.8 प्रतिशत की गिरावट आयी है. शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक़, बीते तीन दशकों में ऐसा पहली बार हुआ है जब चीन की अर्थव्यवस्था में गिरावट आई है.

  18. कोरोना वायरस: दुनिया भर में मरने वालों की संख्या एक लाख 43 हज़ार पार

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बीते 24 घंटे की महत्वपूर्ण ख़बरें

    • जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक़, कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या एक 43 हज़ार के पार पहुंची.
    • दुनिया भर में संक्रमण के मामले 21 लाख 53 हज़ार के पार. संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या 34 लाख से अधिक.
    • अमरीका कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देश. अमरीका में मरने वालों की संख्या 32 हज़ार के पार. संक्रमण के 6 लाख 67 हज़ार से अधिक मामले.
    • इटली दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश. इटली में मरने वालों की संख्या 22 हज़ार के पार. एक लाख 68 हज़ार से अधिक संक्रमित.
    • स्पेन में मरने वालों की संख्या 19 हज़ार के पार. संक्रमण के एक लाख 84 हज़ार मामले.
    • फ्रांस में मरने वालों की संख्या 17 हज़ार से अधिक. संक्रमण के एक लाख 47 हज़ार मामले.
    • ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या 13 हज़ार के पार. संक्रमण के मामले एक लाख चार हज़ार से अधिक.
    • स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 16 अप्रैल शाम पांच तक जारी आंकड़ों के मुताबिक़, भारत में कोरोना वायरस संक्रमण से अभी तक 420 लोगों की जान जा चुकी है. संक्रमण के कुल 12759 मामलों की पुष्टि की गई है. वहीं 1515 मामलों में लोग ठीक हुए हैं.
    • भारत में सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है. जहां संक्रमण के कुल 2919 मामले हैं. महाराष्ट्र में संक्रमण के कारण अभी तक 187 लोगों की मौत हो चुकी है.
    • देश की राजधानी दिल्ली संक्रमण के मामले में दूसरे स्थान पर है. दिल्ली में संक्रमण के कुल 1640 मामले हैं. जबकि यहां 38 लोगों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है.
    • सिंगापुर में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 728 नए मामले सामने आए हैं, जोकि एक दिन में आए अब तक के सबसे अधिक मामले हैं. यह संख्या एक दिन पहले आए संक्रमण के मामलों का लगभग दोगुनी है.
    • जापान में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. जापान ने इमरजेंसी को हॉटस्पॉट से बढ़ाकर लगभग पूरे देश में लागू कर दिया है.
    • अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि वो देश में लागू प्रतिबंधों को हटाकर, दोबारा से खोलने की योजना बना रहे हैं.
    • कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने से जुड़े मुद्दे पर जारी मतभेद के कारण ब्राज़ील के राष्ट्रपति ज़ायर बोलसोनारो ने देश के स्वास्थ्य मंत्री लुईज़ हैनरिक मनडेटा को बर्ख़ास्त कर दिया है.
    • ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देश में "कम से कम तीन सप्ताह" के लिए देश में लॉकडाउन आगे बढ़ाने की घोषणा की है.
    • न्यूयार्क में लॉकडाउन 15 मई तक बढ़ाने की घोषणा.
  19. बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों को नमस्कार.

    कोरोना वायरस की विशेष कवरेज के लिए बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर बीबीसी हिंदी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है.

    हम यहां आपको कोरोना वायरस से जुड़ी हर छोटी-बड़ी ख़बर देंगे.

    सबसे पहले जानें कि पिछली रात में क्या कुछ हुआ ख़ास और आज सुबह में क्या हो रहा है.

    • सिंगापुर में एक दिन में अब तक का सबसे ज़्यादा 728 मामले सामने आए हैं.
    • जापान ने इमरजेंसी को हॉटस्पॉट से बढ़ाकर लगभग पूरे देश में लागू कर दिया है.
    • रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार चीन में 1992 के बाद पहली बार अर्थव्यस्था में गिरावट देखी जा सकती है.
    • अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अर्थव्यस्था खोलने के लिए एक योजना पेश की है.

    लेकिन पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से जुड़ी और ख़बरों को विस्तार से जानने के लिए यहां क्लिक करें.