कोरोना वायरस: अमरीका में 32,000 से ज़्यादा मौतें, ब्राज़ील में राष्ट्रपति ने स्वास्थ्य मंत्री को किया बर्ख़ास्त
पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. 21 लाख से अधिक इस वायरस ये संक्रमित हैं जबकि 1.43 लाख लोगों की मौत हो चुकी है.
लाइव कवरेज
कोरोना भारत में सिर्फ़ बुज़ुर्ग लोगों की बीमारी नहीं: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि भले ही विदेशों में कोरोना वायरस का असर ज़्यादातर बुजुर्ग़ों पर हो रहा है, लेकिन यही बात भारत के लिए नहीं कही जा सकती है.
राहुल गांधी ने कहा कि यहां बहुत सारे लोगों को शुगर और दूसरी बीमारियां हैं, इसलिए यहां बुज़ुर्गों के अलावा नौजवान और बच्चे भी शिकार हो सकते हैं.
लेकिन राहुल ने विश्वास जताते हुए कहा कि ये देश किसी भी बीमारी से बहुत बड़ा है.
आज वायरस से लड़ने का टाइम है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि वो नरेंद्र मोदी सरकार के साथ तू-तू मैं-मैं नहीं करना चाहते. उन्होंने कहा कि ये समय सरकार और विपक्ष के बीच लड़ाई का नहीं है बल्कि ये कोरोना वायरस से लड़ने का समय है.
राहुल गांधी ने कहा कि उनका काम सरकार को सुझाव देना है, उनकी सुझाव को मानना या ना मानना सरकार के हाथ में है.
उन्होंने सरकार के ज़रिए जारी किए गए आर्थिक पैकेज को बहुत थोड़ा बताते हुए और पैसे देने की बात की.
उन्होंने प्रवासी मज़दूरों को लेकर रणनीति की आवश्यकता पर ज़ोर दिया. उन्होंने कहा कि गोदाम से सामान लोगों तक नहीं पहुँच रहा है. उन्होंने कहा कि गोदाम में अनाज की कोई कमी नहीं है, सरकार को इसे ग़रीबों में बांट देना चाहिए.
राहुल ने कहा कि कोरोना वायरस से लड़ाई में सबसे महत्वपूर्ण है अपनी सोच.
उन्होंने सरकार को आगाह किया कि जल्दबाज़ी में कोरोना पर विजय पा लेने की बात नहीं करनी चाहिए.
ये लड़ाई अभी शुरू हुई है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अधिक से अधिक टेस्ट कराने की मांग करते हुए कहा कि अभी भारत में हर 10 लाख आदमी पर केवल 199 व्यक्तियों के टेस्ट किए जा रहे हैं जिसे बढ़ाने की ज़रूरत है.
राहुल ने कहा कि केंद्र सरकार को राज्य सरकारों की मदद करनी चाहिए.
उन्होंने मज़दूरों और दिहाड़ी करने वालों के लिए खाने का इंतज़ाम करने की वकालत करते हुए कि खाद्य क्षेत्रों को मज़बूत किया जाना चाहिए, ज़रूरतमंदों को राशन कार्ड दिया जाना चाहिए, न्याय स्कीम के तहत ग़रीबों के खाते में सीधे पैसा जाना चाहिए.
राहुल गांधी ने कहा कि कोरोना के ख़िलाफ़ तो लड़ाई अभी शुरू हुई है और ये लड़ाई लंबी चलेगी.
कोरोना का इलाज लॉकडाउन नहीं है: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि पूरे देश में लॉकडाउन लागू कर देना कोरोना वायरस का इलाज नहीं है. राहुल के अनुसार टेस्टिंग ही कोरोना से लड़ने का सही हथियार है. उन्होंने देश में ज़्यादा से ज़्यादा टेस्ट कराने पर ज़ोर दिया.
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत के ज़्यादातर बड़े शहर कोरोना हॉटस्पॉट
राजधानी दिल्ली और देश की वित्तीय राजधानी मुंबई समेत भारत के छह बड़े शहरों को कोरोना वायरस के लिए रेड ज़ोन में रखा गया है.
बुधवार को जारी किए गाइडलाइन में सरकार ने पूरे देश को इन्फ़ेक्शन के आधार पर अलग-अलग ज़ोन में बांटा है.
जिन जगहों पर सबसे ज़्यादा संक्रमण के मामले आए हैं उन्हें रेड ज़ोन में रखा गया है, जिनमें थोड़ा इन्फ़ेक्शन है उन्हें ऑरेंज ज़ोन में और जहां ज़रा भी संक्रमण के मामले नहीं हैं उन्हें ग्रीन ज़ोन में रखा गया है.
अभी तक भारत के 170 ज़िलों को रेड ज़ोन में रखा गया है. दिल्ली और मुंबई के अलावा चेन्नई, बेंगलुरू, कोलकाता, हैदराबाद को भी रेड ज़ोन में रखा गया है.
अभी तक ग्रीन ज़ोन में किसी को भी नहीं रखा गया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
लॉकडाउन के दौरान अपने घर पहुंचे पाकिस्तानी नागरिकों ने भारत का शुक्रिया अदा किया
भारत में लॉकडाउन के कारण यहां फंसे हुए पाकिस्तानी नागिरक अब अपने घर पहुंच गए हैं. अमृतसर स्थित वरिष्ठ पत्रकार रविंदर सिंह रॉबिन ने बीबीसी को बताया कि पाकिस्तान उच्चायोग ने 14 अप्रैल को भारत सरकार से अनुरोध किया था कि दिल्ली, हरियाणा, उत्तरप्रदेश और पंजाब में फंसे उनके नागरिकों को अटारी-वाघा बॉर्डर से जाने दिया जाए. भारत सरकार ने उनके अनुरोध को स्वीकारते हुए इसके लिए इंतज़ाम कर दिए और गुरुवार को 41 पाकिस्तानी नागरिक अपने घर पहुंच गए. पाकिस्तान पहुंचने के बाद उन्होंने भारत और पाकिस्तान दोनों का शुक्रिया अदा किया है. इस समय 205 भारतीय नागरिक पाकिस्तान में फंसे हुए हैं जबकि क़रीब 100 पाकिस्तानी नागरिक अभी भी भारत में फंसे हुए हैं.
कोरोना वायरस: पाकिस्तान ने कुछ क्षेत्रों में दी प्रतिबंधों में ढील
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान ने अपने यहां क़रीब एक दर्जन से अधिक सेक्टरों में प्रतिबंधों में ढील दी है.
आर्थिक गिरावट के आधार पर यह ढील दी गई है. सरकार ने निर्माण, सीमेंट, उर्वरक, ई-कॉमर्स, पैकेजिंग और अन्य छोटे व्यवसायों को इसके तहत शामिल करने की अनुमति दी है. सरकार ने बुधवार को इसकी घोषणा की.
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक़, पाकिस्तान में कोरोना वायरस संक्रमण के क़रीब छह हज़ार मामले हैं और अब तक देश में इससे 107 लोगों की मौत हो चुकी है.
दक्षिण एशिया से जुड़ी अन्य प्रमुख ख़बरें
-
बांग्लादेश में संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं. हर 2.5 दिन में संक्रमण के मामले दोगुने हो रहे हैं. देश में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण के एक हज़ार से अधिक मामलों की पुष्टि हो चुकी है. अधिकारियों के मुताबिक़, बीते 24 घंटे में बांग्लादेश में 219 नए मामले आए हैं. अभी तक किसी एक दिन में संक्रमण की ये अधिकतम संख्या है.
नेपाल में लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है. देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 16 हो गए हैं. जिसके बाद नेपाल की सरकार ने इस सप्ताह की शुरुआत में ही लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की घोषणा कर दी थी. नेपाल से लगने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमाएं एक मई तक बंद रहेंगी. इसके अलावा चीन से मिली नई टेस्टिंग किट्स की बदौलत देश में टेस्ट की संख्या पहले से कहीं अधिक हुई है.
भूटान में बीते दो सप्ताह से संक्रमण का एक भी नया मामला सामने नहीं आया है. भूटान में जो तीन पॉज़ीटिव केस सामने आए थे उन सभी को क्वारंटीन किया गया है. सभी उद्योगों को शाम सात बजे तक बंद कर देने का आदेश है.
कोरोना वायरस: पिज़्जा डिलीवरी करने आए शख़्स का टेस्ट पॉज़ीटिव, 70 क्वारंटीन
इमेज स्रोत, Getty Images
देश की राजधानी दिल्ली में 70 लोगों को क्वारंटीन में भेजा गया है. पिज़्ज़ा डिलीवरी करने आए डिलीवरी ब्वॉय का कोरोना टेस्ट पॉज़ीटिव आने के बाद इन 70 लोगों को क्वारंटीन में भेजा गया है.
इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के मुताबिक़, अभी तक इनमें से किसी का भी टेस्ट नहीं हुआ है.
अधिकारियों के मुताबिक़, "इन सभी लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है और अगर इन लोगों में से किसी भी शख़्स में कोरोना वायरस के लक्षण नज़र आते हैं तो उनका टेस्ट किया जाएगा."
भारत ने हाल ही में कोरोना वायरस संक्रमण के दूसरे चरण में प्रवेश किया है. भारत में तीन मई तक लॉकडाउन है लेकिन खाना और राशन की दूसरी ज़रूरत की चीज़ों की डिलीवरी प्रतिबंधित नहीं है.
कोरोना वायरस: भारत में कोविड19 से मरने वालों की संख्या 414 हुई
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 12380 हो गए हैं. वहीं मरने वालों की संख्या भी बढ़कर 414 हो गई है.
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी किये गए नए आंकड़ों के मुताबिक़, देश में संक्रमण के मामले जहां 12हज़ार के पार पहुंच गए हैं वहीं ठीक होने वालों की संख्या भी 1489 है.
देश में संक्रमण के सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र राज्य में हैं. महाराष्ट्र में संक्रमण के 2916 मामले हैं जबकि 187 लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है.
राजधानी दिल्ली संक्रमण के मामले में दूसरे स्थान पर है. दिल्ली में संक्रमण के 1578 मामले हैं जबकि संक्रमण से मरने वालों की संख्या 32 है.
चीन के एक और शहर ने कुत्ते और बिल्ली के मांस पर लगाया बैन
इमेज स्रोत, EPA
चीन के एक और शहर ने अपने यहां कुत्ते और बिल्ली के मांस पर प्रतिबंध लगा दिया है.
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के कारण यह फ़ैसला लिया गया है.
ज़ुहाई शहर में यह प्रतिबंध एक मई से लागू हो जाएगा.
इससे पहले हांगकांग के निकट शहर शेंज़ेन ने भी अपने यहां कुत्ते और बिल्ली के मांस को प्रतिबंधित कर दिया है.
इस फ़ैसले का पशुओं के अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्थाओं ने स्वागत किया है. पशु अधिकार कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि कोरोना वायरस महामारी के बाद चीन में कुत्ते और बिल्ली के मांस को प्रतिबंधित कर दिया जाएगा.
एचएसआई (Humane Society International) के मुताबिक़, पूरे एशिया में हर साल क़रीब तीन करोड़ कुत्ते मांस के लिए मारे जाते हैं.
एशियाई देशों का विकास रुक जाएगा: आईएमएफ़
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) ने कहा है कि 60 सालों में पहली बार इस साल एशियाई देशों का विकास रुक जाएगा. आईएमएफ़ के अनुसार एशियाई देशों के विकास में कमी ''पूरे वैश्विक वित्तीय संकट के सालाना औसत विकास दर (4.7 फ़ीसदी) या एशियाई वित्तीय संकट (1.3 फ़ीसदी)'' से भी ज़्यादा ख़राब होगा.
आईएमएफ़ के अनुसार अगर कोरोना वायरस को रोकने की नीतियां प्रभावी होती हैं तो 2021 में एशियाई देश के विकास दर में एक बार फिर उछाल आएगा.
आईएमएफ़ की चेतावनी विश्व बैंक की उस चेतावनी के ठीक एक दिन बाद आई है जब विश्व बैंक ने कहा था कि दक्षिण एशियाई देश पिछले 40 वर्षों में सबसे ख़राब आर्थिक संकट से गुज़र रहे हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
कोरोना वायरस: अमरीका में मरने वालों की संख्या तीस हज़ार के पार
इमेज स्रोत, Getty Images
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक़, कोरोना वायरस की वजह से दुनिया भर में अब तक एक लाख 36 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है और इनमें सबसे अधिक मौतें अमरीका में हुई हैं.
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, अमरीका में मरने वालों की संख्या 30 हज़ार के पार पहुंच गई है. साथ ही यह देश संक्रमण के मामलों में भी सबसे आगे है. अमरीका में अब तक संक्रमण के कुल 6 लाख 37 हज़ार 716 मामलों की पुष्टि हो चुकी है.
हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप का दावा है कि अमरीका में वायरस से पैदा होने वाला सबसे बुरा दौरा अब गुज़र चुका है.
कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़ी अब तक की अहम ख़बरें
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक़, दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 20 लाख 60 हज़ार के पार पहुंच गए हैं. जबकि मरने वालों की संख्या एक लाख 34 हज़ार से अधिक हो गई है.
संक्रमण के सबसे अधिक मामले अमरीका में हैं और मरने वालों की संख्या भी सबसे अधिक अमरीका में ही है. अमरीका में मरने वालों की संख्या 30 हज़ार से अधिक है जबकि संक्रमण के मामले 6 लाख 37 हज़ार से अधिक हैं.
अमरीका के बाद दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश इटली है. इटली में मरने वालों का आंकड़ा 21 हज़ार के पार है. इटली में संक्रमण के एक लाख 65 हज़ार से अधिक मामले हैं.
इटली के बाद सबसे अधिक मौतें स्पेन में हुई हैं. स्पेन में अभी तक 18,812 लोगों के मौत की पुष्टि की जा चुकी है. जबकि एक लाख 80 हज़ार से अधिक लोग संक्रमित हैं.
वहीं ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या 12 हज़ार के पार है. यहां संक्रमण के 99 हज़ार से अधिक मामले पाए गए हैं.
भारत की बात करें तो स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक़, भारत में संक्रमण के कुल 11933 मामले हैं. 392 लोगों के मौत की पुष्टि की जा चुकी है. जबकि 1344 लोग ठीक हुए हैं.
ये आंकड़े 15 अप्रैल शाम पाँच बजे तक के हैं.
आईएमएफ़ का कहना है कि कोरोना वायरस के कारण इस वर्ष एशिया की आर्थिक वृद्धि 60 सालों में पहली बार रुकेगी.
जी-20 समूह के देशों ने दुनिया के सबसे ग़रीब देशों में से 77 देशों से ऋण भुगतान को फ़िलहाल के लिए लंबित करने पर सहमति जताई है.
चीन ने अपने यहां कोविड 19 के मरीज़ों के इलाज के लिए शुरू किये गए अस्पतालों में से एक को बंद कर दिया है. कोविड 19 के लिए ख़ासतौर पर तैयार किये गए ये अस्पताल महज़ कुछ दिनों में तैयार हो गए थे.
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमरीका में कोरोना वायरस का सबसे ख़तरनाक दौर गुज़र चुका है और इस बात की उम्मीद की जा सकती है कि अमरीका के कुछ राज्य जल्दी ही खुल जाएंगे. व्हाइट हाउस में अपने दैनिक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि प्रतिबंधों को हटाने से जुड़ी गाइडलाइन्स की घोषणा राज्यों के गवर्नरों से बातचीत के बाद गुरुवार को कर दी जाएगी.
राष्ट्रपति ट्रंप के फ़ंड से जुड़े फ़ैसले के बाद WHO के प्रमुख डॉ टेड्रोस एडनम गिब्रिएसस ने कहा, ''अमरीका लंबे समय से WHO का दोस्त रहा है और वो आर्थिक रूप से मदद भी करता रहा है. ट्रंप के इस फ़ैसले की आलोचना हो रही है." डॉ टेड्रोस ने कहा, ''अमरीका के फ़ंड बंद करने के बाद पड़ने वाले प्रभाव की WHO समीक्षा कर रहा है. हम अपने पार्टनर्स के साथ आर्थिक संकट को लेकर काम करेंगे ताकि किसी तरह की दिक़्क़त ना हो. हम इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि काम रुके नहीं.''
फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फ़्रेंच रेडिए आरएफ़आई को दिए इंटरव्यू में संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरस की अपील का समर्थन किया है, जिसमें उन्होनें आने वाले दिनों में कोरोना वायरस की महामारी को रोकने के लिए दुनिया भर में चल रहे सभी सैन्य संघर्षों को रोकने की बात कही है.
जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल ने घोषणा की है कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए चल रही पाबंदियां अब धीरे-धीरे ख़त्म की जाएंगी. हालांकि सोशल डिस्टेंसिंग के नियम कम से कम तीन मई तक लागू रहेंगे.
इमेज स्रोत, Getty Images
बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों को नमस्कार.
कोरोना वायरस के कारण दुनिया भर में फैली महामारी के लाइव कवरेज में आप सभी का स्वागत है.
हम यहां आपको कोरोना वायरस से जुड़ी हर छोटी-बड़ी ख़बर देंगे.
सबसे पहले जानें कि पिछली रात में क्या कुछ हुआ ख़ास और आज सुबह में क्या हो रहा है.
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर विश्व स्वास्थ्य संगठन को निशाना बनाया है.
राष्ट्रपति ट्रंप ने ये भी कहा है कि इसी महीने कई राज्यों से लॉकडाउन हटा लिया जाएगा.
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरस ने कोरोना वायरस को क़ाबू में करने के लिए दुनिया भर में चल रहे सभी सैन्य संघर्षों को रोकने की अपील की है.
कोरोना वायरस पर लिखे गए एक लेख के कारण चीन और फ़्रांस में राजनयिक विवाद हो गया है.
पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से जुड़ी और ख़बरों को विस्तार से जानने के लिए यहां क्लिक करें.