कोरोना वायरस: अमरीका में मरने वालों की संख्या 20 हज़ार के पार, 5 लाख से अधिक संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक, अमरीका में अब तक 20 हज़ार से अधिक लोगों का मौत हो चुकी है. इटली में मरने वालों की संख्या 19 हज़ार के पार.

लाइव कवरेज

  1. ये लाइव पेज यहीं समाप्त होता है. इससे आगे देश-दुनिया के ताजा अपडेट्स देखने और पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

  2. कोरोना वायरस: अमरीका में मरने वालों की संख्या 20 हज़ार के पार

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक़, अमरीका में मरने वालों की संख्या 20 हज़ार के पार पहुंच गई है.

    अमरीका के बाद इटली में सबसे अधिक मौतें हुई हैं. इटली में मरने वालों की संख्या 19,468 हो गई है. अमरीका में संक्रमित लोगों की संख्या भी दुनिया में सबसे अधिक है. अमरीका में पांच लाख से अधिक संक्रमित हैं.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

  3. कोरोना वायरस: अमरीका में इटली से अधिक मौतें

    इससे पहले हमने आपको सूचित किया था कि अमरीका में मरने वालों की संख्या अभी भी इटली की तुलना में कम है लेकिन साथ ही यह भी कहा था कि इसके लिए तैयार रहने की ज़रूरत है क्योंकि अमरीका में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी ने जो नए आंकड़े जारी किये हैं, उनके अनुसार अमरीका में मरने वालों की संख्या इटली से अधिक हो गई है. अमरीका में मरने वालों की संख्या 19,701 हो गई है.

    इटली के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक़, यहां मरने वालों की संख्या 19,468 है.

  4. कोरोना वायरस: ब्रिटेन में क्या हैं संक्रमण की ताज़ा स्थिति

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, PA Media

    कोरोना वायरस पर ब्रिटेन में हर रोज़ प्रेस ब्रीफ़िंग होती है. आज पहली बार ये प्रेस ब्रीफ़िंग ब्रिटेन की गृह मंत्री प्रीति पटेल की ओर से की गई. उनके साथ नेशनल पुलिस चीफ़ काउंसिल के मार्टिन हेविट और एनएचएस इंग्लैंड के मेडिकल डायरेक्टर प्रोफ़ेसर स्टीफ़न भी मौजूद थे.

    कहा कुछ ख़ास रहा आज की प्रेस ब्रीफ़िंग में-

    - एक नए पब्लिक इंफॉर्मेशन कैंपेन की शुरुआत की जाएगी. इससे उन लोगों को मदद मिल सकेगी जिनके घरेलू हिंसा का शिकार होने की आशंका है.

    - घरेलू हिंसा से जुड़ी हेल्पलाइन और ऑनलाइन सपोर्ट सर्विस के लिए अतिरिक्त आर्थिक मदद.

    - ब्रिटेन में ज़्यादातर लोग लॉकडाउन के नियमों का पालन कर रहे हैं लेकिन पुलिस की तैनाती है. और अगर कोई लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी.

    - संक्रमण के नए मामलों में पहले की तुलना में कमी आयी है और हो सकता है कि आने वाले सप्ताह में रोज़ाना होने वाली मौतों में भी कमी दिखने लगे.

    प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान प्रीति पटेल से पत्रकारों ने कई बार यह सवाल पूछा कि क्या वह एनएचएस के उन स्वास्थ्यकर्मियों से माफ़ी मांगेगी जिन्होंने सुरक्षात्मक उपकरणों की कमी की शिकायत की.

    उन्होंने इस सवाल के जवाब में कहा कि अगर लोगों को ऐसा लगता है कि ग़लती हुई है तो उन्हें 'खेद' है. प्रीति पटेल ने प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की सेहत के बारे में बताया कि प्रधानमंत्री की हालत में लगातार सुधार हो रहा है.

    ब्रिटेन में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 79 हज़ार के पार पहुंच चुके हैं और मरने वालों की संख्या नौ हज़ार से अधिक है.

  5. कोरोना वायरस: मरने वालों की संख्या अभी भी इटली में ही सबसे अधिक

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    संभव है कि आपने बीते एक घंटे में सुना या पढ़ा हो कि अमरीका में मरने वालों की संख्या इटली में मरने वालों की संख्या से अधिक हो गई है. और इसी के साथ अमरीका कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देश बन गया है.

    जॉन्स हॉपकिन्स की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के आधार पर ये दावा किया जा रहा है. लेकिन ऐसा अभी हुआ नहीं है. किस देश में कितनी मौतें हुईं, रिपोर्ट किए गए मामलों के आधार पर बताए जाते हैं. जैसे ही अमरीका की तरफ़ से आंकड़े सामने आए ऐसा लगा कि 18,860 लोगों की मौत की पुष्टि के साथ ही अमरीका इटली को पीछे छोड़ते हुए सबसे अधिक प्रभावित देश बन गया है.

    लेकिन अब इटली की ओर से जारी नए आंकड़े आ चुके हैं.जो नए आंकड़े सामने आए हैं उनके मुताबिक़, इटली में मरने वालों की संख्या 19 हज़ार के पार पहुंच गई है.

    हालांकि जॉन्स हॉपकिन्स के पन्ने पर अभी इसे अपडेट नहीं किया गया है.

    हालांकि इसमें एक मुश्किल ये है कि अमरीका में भी मौत के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं और उनको अपडेट किया जाना है. ऐसे में इस बात की आशंका से इनक़ार नहीं किया जा सकता है कि अमरीका इटली से आगे निकल जाएं.

  6. पूरी दुनिया में अब तक 17 लाख से ज़्यादा लोग संक्रमित

    पूरी दुनिया में अब तक कोरोना संक्रमित रोगियों की संख्या 17,21,353 है.

    सबसे ज़्यादा प्रभावित देशों की स्थितिः

    • अमरीका - 503,594
    • स्पेन -161,852
    • इटली - 147,577
    • फ़्रांस - 125,942
    • जर्मनी - 122,855
    • चीन - 83,014
    • ब्रिटेन - 79,841
    • ईरान - 70,029
    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

  7. दुनिया भर में अब तक 1 लाख से ज़्यादा लोगों की मौत

    पूरी दुनिया में अब तक कोरोना वायरस से 104,800 लोगों की मौत हो चुकी है.

    सबसे ज़्यादा प्रभावित देशों की स्थितिः

    • इटली - 18,849
    • अमरीका - 18,693 (न्यूयॉर्क - 5,820)
    • स्पेन -16,353
    • फ़्रांस - 13,197
    • ब्रिटेन - 9,875
    • ईरान - 4,357
    • बेल्जियम - 3,346
    • चीन (हुबेई) - 3,219
    • जर्मनी - 2,736
  8. कोरोना वायरसः न्यूयॉर्क में लाशों की ऐसे हो रही है सामूहिक अंत्येष्टि

  9. कोरोना वायरस: राजस्थान के आदिवासी बहुल गांवों को कैसे बचाया जा रहा है कहर से

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, ब्रिटेनः और 917 लोगों की मृत्यु, संख्या 10,000 के पास पहुँची

    ब्रिटेन सरकार के जारी आँकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में देश के अस्पतालों में कोरोना वायरस से संक्रमित 917 लोगों की मौत हो गई है.

    इसके साथ ही ब्रिटेन में महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 9,875 हो गई है.

    ब्रिटेन में अब तक 78,991 लोगों को कोविड-19 टेस्ट में पॉज़िटिव पाया गया है.

  11. ब्रिटिश प्रधानमंत्री अपनी गर्भवती मंगेतर से लगातार ले रहे हैं हाल-चाल

    बोरिस जॉनसन और कैरी साइमंड्स

    इमेज स्रोत, reuters

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के कार्यालय का कहना है कि प्रधानमंत्री की सेहत में अच्छा सुधार हो रहा है.

    55 वर्षीय बोरिस जॉनसन को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के 10 दिन बाद गत रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    वहाँ आईसीयू में तीन दिन बिताने के बाद गुरुवार को उन्हें साधारण वॉर्ड में लाया गया.

    उनके कार्यालय ने बताया कि अस्पताल में वो लगातार अपनी गर्भवती मंगेतर कैरी साइमंड्स से हाल-चाल और उनकी गर्भावस्था के स्कैन प्राप्त कर रहे हैं.

    कैरी भी कोरोना पोज़िटिव पाई जाने के बाद क्वारंटीन में रह रही हैं.

    ब्रिटिश प्रधानमंत्री अस्पताल में फ़िल्में देख और सुडोकु सुलझाकर समय बिता रहे हैं.

  12. कोरोना वायरस: लॉकडाउन बढ़ा तो मोदी सरकार की तैयारी कितनी?

  13. भारत में अबतक 242 मौत

    कोरोना संक्रमण से देश भर में अब तक 242 लोगों की मौत हो चुकी है.

    परिवार एवं कल्याण मंत्रालय के मुताबिक भारत में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 7529 हो गई है.

    अब तक 652 लोग इलाज से ठीक हो चुके हैं.

  14. यूपी में कोरोना से डॉक्टर की मौत, 448 हुए मरीज़

    समीरात्मज मिश्र

    लखनऊ से,

    शनिवार को बुलंदशहर के एक डॉक्टर की दिल्ली के सफ़दरजंग अस्पताल में मौत हो गई है. मृत डॉक्टर सात अप्रैल को तबीयत ख़राब होने पर अपने बेटे और पत्नी के साथ ख़ुद दिल्ली गए थे और अस्पताल में डॉक्टरों की सलाह पर भर्ती किया गया था. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉक्टर के परिजनों का भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है.

    प्रशासन ने डॉक्टर के मोहल्ले को सील कर दिया है. राज्य के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि राज्य में अब तक कुल 10,398 लोगों के कोविड-19 परीक्षण किए जा चुके हैं जिनमें 9,950 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है. अब तक 32 मरीज़ ठीक होकर घर भी जा चुके हैं.

    इस बीच, मेरठ के जली कोठी एरिया को सील करने पहुंची पुलिस टीम पथराव करने की भी ख़बर है.

    मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय साहनी के मुताबिक, “इस मामले में मस्जिद के इमाम समेत चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया है और सभी पर राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून के तहत कार्रवाई की जाएगी.”

    एसएसपी ने बताया कि इस इलाक़े में तीन मरीज़ कोरोना पॉज़िटिव मिले हैं. इनकी रिपोर्ट शुक्रवार देर रात स्वास्थ्य विभाग को मिली थी. उसके बाद प्रशासन ने जली कोठी एरिया को सील करने का निर्णय लिया था.

  15. ममता ने तीस अप्रैल तक बढ़ाया लॉकडाउन, मीडिया से कहा सूत्रों के हवाले से ख़बर न चलाएं

    कोलकाता में भीड़

    इमेज स्रोत, PM Tiwari

    इमेज कैप्शन, कोलकाता में लॉकडाउन के दौरान भी मंडियों में भीड़ दिख रही है

    प्रभाकर मणि तिवारी,

    कोलकाता से

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हवाले कहा है कि कोरोना के चलते जारी देशव्यापी लॉकडाउन को और दो सप्ताह यानी 30 अप्रैल तक बढ़ाया जाएगा. पश्चिम बंगाल सरकार ने स्कूलों को भी दस जून तक बंद कर दिया है.

    शनिवार को प्रधानमंत्री के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद ममता बनर्जी ने शाम को राज्य सचिवालय में अपनी प्रेस कांफ्रेंस में यह बात कही. उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में बीते चौबीस घंटे के दौरान छह नए मामले सामने आने के साथ कोरोना के मरीजों की तादाद बढ़ कर 95 हो गई है.

    ममता ने बताया, “मैंने प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान विभिन्न कंपनियों की ओर से सीएसआर के तहत पीएम केयर्स में धन देने और राज्यों को इससे वंचित करने पर आपत्ति जताई. कहा कि अगर केंद्र को पैसे दिए जा सकते हैं तो राज्यों के साथ भेदभाव क्यों?”

    मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर निगरानी और बढ़ाने की मांग की है. अगर सीमा पार से आने वाले लोगों की वजह से बंगाल प्रभावित होता है तो इसका असर पूर्वोत्तर और दूसरे पड़ोसी राज्यों पर पड़ना तय है.

    ममता ने प्रधानमंत्री से कहा, “लॉकडाउन के दौरान मानवीय पहलुओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए. लॉकडाउन बढ़ाने के साथ जीवन और आजीविका में संतुलन क़ायम रखना और ज़रूरी वस्तुओं की सप्लाई बरक़रार रखना ज़रूरी है.”

    उन्होंने बताया कि केंद्र ने घने बाज़ारों में भीड़ कम करने का सुझाव दिया है. सरकार ऐसा करने पर विचार कर रही है ताकि भीड़ पर अंकुश लगाया जा सके.

    मुख्यमंत्री ने मीडिया से सूत्रों के हवाले से कोरोना के बारे में ख़बरें दिखाने-छापने से बचने को कहा. उन्होंने कहा कि इससे बेवजह आतंक फैलता है.

    ममता ने बताया, “मैंने प्रधानमंत्री से लंबी दूरी की ट्रेनों और अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं को फिलहाल बंद रखने के अलावा असंगठित क्षेत्र, लघु औऱ मझौले उद्योगों, पर्यटन और कृषि क्षेत्र के लिए विशेष वित्तीय पैकेज की मांग की है. इसके साथ ही जहां-तहां फंसे प्रवासी मजदूरों का भी ध्यान रखने की अपील की है.”

    ममता ने प्रधानमंत्री से सौ दिनों के रोजगार योजना के तहत काम करने वाले मज़दूरों को दो महीने के वेतन का भुगतान करने की भी मांग की है.

    राज्य सरकार ने रबी की फसलों की कटाई के लिए कृषि क्षेत्र को छूट देने का एलान किया है. इसके अलावा आटा और तेल मिलों, बोतलबंद पेय जल, मत्स्य पालन केंद्रों और बेकरी को भी छूट देने का एलान किया है.

    लेकिन उन सबको सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार राज्य के विभिन्न इलाकों में ड्रोन के जरिए भीड़-भाड़ पर निगाह रखेगी और लॉकडाउन को सख्ती से लागू कराया जाएगा.

  16. महाराष्ट्र ने तीस अप्रैल तक बढ़ाया लॉकडाउन

    उद्धव ठाकरे

    इमेज स्रोत, ANI

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मीडिया से बातचीत में बताया है कि उन्होंने अपने राज्य में तीस अप्रैल तक लॉकडाउन को बढ़ा दिया है.

    ठाकर ने ने बताया कि उन्होंने और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री को लॉकडाउन आगे बढ़ाने का सुझाव दिया है.

  17. ब्राज़ील में मरने वालों की संख्या 1,000 के ऊपर, पर राष्ट्रपति बेपरवाह

    बोल्सोनारो

    इमेज स्रोत, Reuters

    ब्राज़ील दक्षिणी गोलार्ध का पहला देश बन गया है जहाँ कोरोना की वजह से मरने वालों की संख्या 1,000 तक चली गई है.

    वहाँ लगभग 20,000 लोग संक्रमित बताए जा रहे हैं.

    अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ये संख्या काफ़ी ज़्यादा हो सकती है क्योंकि अभी केवल अस्पताल आए लोगों की जाँच हो रही है.

    उनका कहना है कि महामारी का असल प्रकोप इस महीने के आख़िर में दिखेगा.

    ब्राज़ील के अधिकतर राज्यों ने क्वारंटीन जैसे उपायों को लागू कर दिया मगर देश के राष्ट्रपति ज़ेयर बोल्सोनारो पाबंदियों का ये कहते हुए विरोध करने पर आमादा हैं कि इनसे अर्थव्यवस्था को नुक़सान होगा.

    उन्होंने व्यवसायों को खुलवाने के लिए केंद्र से एक आदेश जारी करने की भी धमकी दी है.

    सोशल डिस्टैंसिंग की अपनी ही सरकार की सिफ़ारिशों को धता बताते हुए दक्षिणपंथी नेता स्वयं ही शुक्रवार को गुड फ़्राइडे की छुट्टी के दिन राजधानी ब्रासीलिया की सड़कों पर निकल पड़े और लोगों से मिलने लगे.

    एक दुकान पर उन्होंने अपने समर्थकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. मगर वहाँ के कुछ नाराज़ निवासियों ने थालियाँ पीटकर अपनी असहमति जताई और कुछ दूसरे लोगों ने चिल्लाकर कहा - "गो होम!"

    ख़ासतौर पर एक बात को लेकर उनकी आलोचना हुई जब उन्होंने अपने हाथ से अपनी नाक पोंछी और फिर एक बुज़ुर्ग महिला से हाथ मिलाया.

  18. कोरोना वायरस: आख़िर भारत मलेरिया की दवाई बेचने से बच क्यों रहा है?

  19. कारगर साबित हो रहा है लॉकडाउनः लव अग्रवाल

    स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता लव अग्रवाल ने ये बात भी ज़ोर देकर कही है कि रोकथाम और लॉकडाउन से मामले रोकने में मदद मिली है. हाल ही में आीसीएमार के एक शोध का हवाला देकर कहा गया था कि यदि लॉकडाउन नहीं होता तो देशभर में कोरोना संक्रमण के मामले आठ लाख के क़रीब पहुंच जाते.

    लव अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि आईसीएमआर ने कोई शोध नहीं किया है बल्कि 'हम लोगों ने देश में बढ़ रहे मामलों के रेट ऑफ़ ग्रोथ का विश्लेषण किया था.'

    उन्होंने कहा, "हमने देश में 22 मार्च को जनता कर्फ्यू लागू किया था और 25 मार्च के बाद से हम लॉकडाउन में हैं. हमने आंकड़ों से जो समझ बनाई है उससे पता चलता है कि अगर हम कोई भी क़दम नहीं उठाते और 41 फ़ीसदी की दर से कोरोना संक्रण के केस बढ़ते तो शायद पंद्रह अप्रैल तक देशभर में 8.2 लाख मामले होते."

    उन्होंने कहा, "लॉकडाउन से पहले हमारे देश में कोरोना संक्रमण मामले बढ़ने की तादाद सबसे ज़्यादा 28 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई थी. उसके तहत पंद्रह अप्रैल तक शायद 1.2 लाख केस होते. यदि इसकी तुलना में हम देखें तो लॉकडाउन और वायरस को रोकने के लिए उठाए गए क़दमों से, जैसे सोशल डिस्टेंसिंग और रोकथाम के लिए उठाए गए क़दम जो हमने 25 मार्च से शुरू किए हैं, से संक्रमण के मामलों में काफ़ी कमी हुई है."

    लव अग्रवाल ने इस बात पर ज़ोर दिया कि रोकथाम के लिए उठाए गए क़दम कारगर साबित हो रहे हैं.

  20. लगातार बढ़ रहा है संक्रमण

    लव अग्रवाल

    इमेज स्रोत, PIB

    भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता लव अग्रवाल ने रोज़ाना प्रेस वार्ता में बताया है कि देश में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 1035 नए मामले सामने आए हैं और भारत में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 7447 मामले हैं.

    बीते 24 घंटे में देशभर में चालीस मौतें हुईं थीं जिन्हें मिलाकर अब तक 239 मौतें हुई हैं. अब तक 642 लोग ठीक हो चुके हैं.

    उन्होंने बताया, 'इस समय देश में कोरोना के मरीज़ों के इलाज के लिए 586 विशेष अस्पताल हैं, जिनमें एक लाख से अधिक आइसोलेशन बेड और साढ़े ग्यारह हज़ार आईसीयू बेड हैं.

    उन्होंने बताया, "भारत सरकार राज्य सरकारों के साथ समन्वय बनाकर पीपीई किटें, वेंटिलेटर और अन्य ज़रूरी आपूर्ति को सुनिश्चित कर रही है."