You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

महाराष्ट्र: SC ने मांगे विधायकों के समर्थन पत्र और राज्यपाल की चिट्ठियां, मुंबई में बैठकों का दौर

शिव सेना, एनसीपी और कांग्रेस ने फडणवीस के शपथ लेने को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.

लाइव कवरेज

  1. याचिकाकर्ताओं ने दस्वावेज़ पेश नहीं किए: रोहतगी

    बीजेपी विधायकों और निर्दलियों की ओर से पेश अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने कहा, "क्या सुप्रीम कोर्ट राज्यपाल को पहले फ़्लोर टेस्ट करवाने का आदेश दे सकते हैं? इस याचिका के साथ कुछ संलग्न नहीं है, इन्हें पता ही नहीं है कुछ, वे तीन हफ़्तों तक सोते रहे. अपने दावे के समर्थन में इन्होंने कोई दस्वापेज़ पेश नहीं किए हैं."

  2. राज्यपाल का फ़ैसला ग़ैरक़ानूनी नहीं: रोहतगी

    बीजेपी के विधायकों और कुछ निर्दलियों के ओर से पेश मुकुल रोहतगी ने कहा, "कोर्ट को आज आदेश देने की ज़रूरत नहीं है. राज्यपाल का आदेश ग़रैक़ानूनी नहीं था. कोर्ट को फ़्लोर टेस्ट का दिन तय करने का आदेश भी नहीं देना चाहिए."

  3. जब समय था, तब क्यों नहीं बनाई सरकार: मुकुल रोहतगी

    मुकुल रोहतगी ने कहा, "जो सरकार बनाने की इच्छा रखता है, राज्यपाल उसे बुलाएंगे ही. जब उनके पास (शिव सेना और सहयोगियों के पास) समय था, तब उन्हें बना लेनी चाहिए थी सरकार."

  4. सुनवाई जारी

    शिव सेना, एनसीपी और कांग्रेस की संयुक्त याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में हो रही है सुनवाई. शिव सेना की ओर से कपिल सिब्बल, कांग्रेस-एनसीपी की ओर से अभिषेक मनु सिंघवी और बीजेपी विधायकों की ओर से मुकुल रोहतगी दे रहे हैं दलीलें. सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता केंद्र सरकार का पक्ष रख रहे हैं.

  5. 'यह विधायकों की ख़रीद-फ़रोख़्त को बढ़ावा देना है'

    कांग्रेस-एनसीपी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कोर्ट से कहा, "महाराष्ट्र में जो हुआ, वह विधायकों की ख़रीद-फ़रोख़्त को बढ़ावा देना है."

  6. यह लोकतंत्र की हत्या है: अभिषेक मनु सिंघवी

    जस्टिस एनवी रमन ने कांग्रेस और एनसीपी की ओर से दलीलें दे रहे वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी से पूछा: क्या आप यह कहना चाहते हैं कि गवर्नर के पास (सरकार बनाने का न्योता देने और शपथ दिलाने का) कोई आधार नहीं था?

    सिंघवी बोले- ये लोकतंत्र की हत्या है. कल एनसीपी ने तय किया है कि अजित पवार पार्टी के विधायक दल के नेता नहीं हैं. अगर उनके पास अपनी पार्टी का ही समर्थन नहीं है तो वह कैसे उप-मुख्यमंत्री बने रह सकते हैं?

  7. तुषार मेहता बोले- याचिकर्ताओं की मांग स्वीकार नहीं की जा सकती

    केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा, "इकट्ठा हुए दलों को सरकार बनाने का मौलिक अधिकार नहीं है. उनकी याचिका को स्वीकार नहीं किया जा सकता."

  8. हम कल बहुमत साबित करने को तैयार: कपिल सिब्बल

    याचिकाकर्ताओं में शिव सेना की ओर से पेश हुए वकील कपिल सिब्बल ने कोर्ट से कहा, "हम कल बहुमत साबित करने को तैयार हैं."

  9. रविवार को सुनवाई क्यों हो रही है: मुकुल रोहतगी

    वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने कहा, "मैं कुछ बीजेपी विधायकों और निर्दलियों की ओर से पेश हुआ हूं. मुझे नहीं पता कि सुनवाई रविवार को क्यों हो रही है. रविवार को सुनवाई नहीं होनी चाहिए. मेरे हिसाब से तो यह मामला सुनवाई के लिए लिस्ट ही नहीं होना चाहिए था."जवाब में कोर्ट ने कहा, "हमें यह केस असाइन किया गया है."

  10. राज्यपाल पर कपिल सिब्बल ने उठाए सवाल

    कपिल सिब्बल ने कहा, "सुबह 5.17 पर राष्ट्रपति शासन हटा दिया गया और 8 बजे दो लोगों ने शपथ ले ली. क्या दस्तावेज़ दिए गए, न्योता कब दिया गया; सबकुछ रहस्य है. राज्यपाल ने जिस तरह से पार्टियों को सरकार बनाने का न्योता दिया गया, उसमें पक्षपात दिखता है."

  11. कपिल सिब्बल बोले- जल्द से जल्द हो 'शक्ति परीक्षण'

    शिव सेना की ओर से पेश हुए वकील कपिल सिब्बल ने कोर्ट से मांग की, "अगर उनके पास बहुमत है तो वे सदन में साबित करें. अगर नहीं है तो हमें दावा पेश करने दें. जल्द से जल्द सदन में शक्ति परीक्षण होना चाहिए."

  12. तीन जजों की बेंच कर रही है सुनवाई

    जस्टिस एनवी रमन, जस्टिस अशोक भूषण और जस्टिस संजीव खन्ना की बेंच के सामने चल रही है सुनवाई.

  13. शिव सेना की ओर से सुप्रीम कोर्ट में कपिल सिब्बल दे रहे हैं दलीलें

    कांग्रेस नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल सुप्रीम कोर्ट में शिव सेना की ओर से दलीलें दे रहे हैं. बीजेपी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी पक्ष रखेंगे.

  14. सुप्रीम कोर्ट में सुुनवाई शुरू

    महाराष्ट्र में पैदा हुए राजनीतिक हालात पर शिव सेना, एनसीपी और कांग्रेस की संयुक्त याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू.

  15. कांग्रेस के सभी विधायक सुरक्षित हैं: अशोक चव्हाण

    एनसीपी प्रमुख शरद पवार से मुलाक़ात के बाद कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने कहा, "मुझे बताया गया है कि अजित ने विधायकों के हस्ताक्षर वाली चिट्ठी का दुरुपयोग किया है. पवार साहब के विधायकों ने समर्थन देने से इनकार किया है. हमारे (कांग्रेस के) 44 विधायक सुरक्षित हैं और सही जगह पर हैं. हमे किसी बात की चिंता नहीं है."

  16. बीजेपी विधायक आशीष शेलार ने ली चुटकी

    बीजेपी विधायक आशीष शेलार ने कहा, "जो लोग 10 दिनों में अपना न्यूनतम साझा कार्यक्रम नहीं बना पाए, वे दस मिनट में कैसे अपने विधायकों को गवर्नर के सामने पेश कर देंगे?"

  17. अजित पवार ने ग़लती की है: नवाब मलिक

  18. ये बीजेपी के अंत की शुरुआत: राउत

  19. एनसीपी-कांग्रेस-शिव सेना बनाएंगे सरकार: भुजबल

    एनसीपी नेता छगन भुजबल ने कहा, "पार्टी के 49-50 विधायक हमारे साथ हैं, एक-दो और आ रहे हैं. सभी विधायकों को इकट्ठा रखा गया है. महाराष्ट्र में एनसीपी-कांग्रेस और शिवसेना की सरकार बनेगी."

  20. अजित पवार फ़र्ज़ी दस्तावेज़ ले गए: संजय राउत

    शिव सेना नेता संजय राउत ने कहा, "अजित पवार कल फ़र्ज़ी दस्तावेज़ों को राजभवन ले गए और राज्यपाल ने उन्हें स्वीकार भी कर लिया. अगर गवर्नर आज हमें बहुमत साबित करने को कहें तो हम अभी साबित कर दिखाएंगे. एनसीपी के 49 विधायक साथ हैं."