बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का निधन, मुंबई में ली अंतिम सांस
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का शुक्रवार सुबह निधन हो गया.
उन्होंने 87 साल की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में अंतिम सांस ली. हिंदी फ़िल्म जगत में उनको देशभक्ति फ़िल्मों के लिए जाना जाता है.
उनकी यादगार फ़िल्मों में क्रांति, उपकार, शहीद, 'पूरब और पश्चिम' के अलावा 'रोटी कपड़ा और मकान' शामिल हैं.
वैसे उनका नाम था हरिकृष्ण गोस्वामी और उनका जन्म 1937 में ऐबटाबाद हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है. मनोज कुमार ने देशभक्ति वाली इतनी फ़िल्में कीं और वो इतनी हिट रहीं कि उनका नाम ही 'भारत कुमार' पड़ गया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है.
एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें 'मनोज कुमार जी के निधन से बहुत दुःख हुआ.
पीएम मोदी ने लिखा, "उन्हें ख़ास तौर पर उनकी देशभक्ति के जोश के लिए याद किया जाता था. उनकी फ़िल्मों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को जगाया. वे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार और फ़ैंस के साथ हैं."
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मनोज कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए एक्स पर एक पोस्ट लिखी.
उन्होंने लिखा, “श्री मनोज कुमार जी एक प्रतिभाशाली अभिनेता थे. उनको हमेशा देशभक्ति से ओतप्रोत फ़िल्मों के निर्माण के लिए याद किया जाएगा. उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ मेरी संवेदनाएँ हैं. ओम शांति.”
इससे पहले, समाचार एजेंसी एएनआई ने फ़िल्ममेकर अशोक पंडित का एक वीडियो शेयर किया.
इसमें अशोक पंडित ने कहा, “दादा साहब फ़ाल्के पुरस्कार विजेता और भारतीय फ़िल्म जगत के दिग्गज कलाकार मनोज कुमार जी हमारे बीच नहीं रहे. यह पूरे फ़िल्म जगत के लिए बड़ी क्षति है. पूरी इंडस्ट्री उनको याद करेगी.”