You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

टी20 वर्ल्ड कप 2026: कब और कहां होगा भारत और पाकिस्तान का मुक़ाबला?

भारत का मुक़ाबला 7 फरवरी को अमेरिका से, 12 फरवरी को नामीबिया से, 15 फरवरी को पाकिस्तान से और 18 फरवरी को नीदरलैंड्स से होगा.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय, सुरभि गुप्ता

  1. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप अगले साल अप्रैल में करेंगे चीन का दौरा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल अप्रैल में चीन का दौरा करेंगे.

    दोनों नेताओं के बीच फ़ोन पर बातचीत हुई थी. ट्रंप ने कहा कि बीजिंग जाने पर उन्होंने अपनी रज़ामंदी दे दी है.

    उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को अगले साल के आख़िर में स्टेट विज़िट के लिए अमेरिका आमंत्रित किया है.

    ट्रंप और चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि ताज़ा फ़ोन कॉल में दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रूस-यूक्रेन युद्ध, फ़ेंटानिल और ताइवान समेत कई मुद्दों पर बात हुई.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पोस्ट में लिखा, "चीन के साथ हमारे रिश्ते बहुत मज़बूत हैं!"

    चीन की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने विदेश मंत्रालय के हवाले से एक बयान जारी कर कहा है, "दोनों देशों को "रिश्तों में गर्मजोशी को बनाए रखना चाहिए, बराबरी, सम्मान और आपसी हितों के आधार पर सही दिशा में आगे बढ़ते रहना चाहिए."

    दोनों नेता अक्तूबर में दक्षिण कोरिया में मिले थे जिसके बाद टैरिफ़ को लेकर उनके बीच एक समझौते पर सहमति बनी थी.

  2. अरुणाचल प्रदेश की प्रेमा थोंगडोक का दावा, 'भारतीय पासपोर्ट था इसलिए चीनी अधिकारियों ने परेशान किया'

    अरुणाचल प्रदेश की एक महिला ने दावा किया है कि भारतीय पासपोर्ट की वजह से उसे शंघाई पुडोंग एयरपोर्ट पर चीनी आव्रजन अधिकारियों ने कई घंटे परेशान किया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, प्रेमा वांगियोम थोंगडोक ने बताया, “मैं एक भारतीय नागरिक हूं और 14 सालों से ब्रिटेन में रह रही हूं और मैं वाया शंघाई, लंदन से जापान की यात्रा पर थी.”

    उन्होंने दावा किया कि शंघाई में उन्हें रोक लिया गया और कहा गया कि उनका पासपोर्ट वैध नहीं है.

    थोंगडोक ने दावा किया, “अधिकारियों ने मज़ाक उड़ाया और कहा कि अरुणाचल भारत का हिस्सा नहीं है, चीन का हिस्सा है....मैंने बीजिंग में भारतीय दूतावास को फ़ोन किया...और एक अधिकारी मुझसे मिलने आए.”

    प्रेमा थोंगडोक ने बताया कि 18 घंटे बाद वो वहां से निकल पाईं. इस बारे में उन्होंने भारतीय विदेश मंत्रालय, पीएमओ, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री और विदेश सचिव को मेल लिखा है कि किसी सामान्य नागरिक के साथ इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए.

    बीबीसी को सूत्रों से जानकारी मिली है कि भारत सरकार ने घटना वाले दिन ही बीजिंग और दिल्ली में चीनी पक्ष के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया और शंघाई में भारत के कॉन्सुलेट ने भी इस मामले को स्थानीय स्तर पर उठाया और फंसे हुए यात्री की पूरी मदद की.

    सूत्रों ने बताया कि भारत ने चीन से कहा है कि अरुणाचल प्रदेश बिना शक भारतीय इलाका है और इसके निवासियों को भारतीय पासपोर्ट रखने और उससे यात्रा करने का पूरा अधिकार है.

    भारतीय पक्ष ने चीनी अधिकारियों की हरकत को सिविल एविएशन से जुड़े शिकागो और मॉन्ट्रियल कन्वेंशन का उल्लंघन बताया.

  3. इथियोपिया में ज्वालामुखी फटने के कारण भारत में एयर इंडिया की ये उड़ानें रद्द हुईं

    इथियोपिया में हायली गुब्बी ज्वालामुखी के फटने का असर भारतीय उड्डयन क्षेत्र पर देखा जा रहा है.

    एयर इंडिया ने अपनी 11 अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें रद्द कर दी हैं.

    एयरलाइंस ने एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, “एयर इंडिया की ये फ़्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं क्योंकि हम उन एयरक्राफ़्ट की सावधानी से जांच कर रहे हैं जो हायली गुब्बी ज्वालामुखी फटने के बाद कुछ खास जगहों के ऊपर से गुज़रे थे.”

    “पूरे नेटवर्क में हमारी ग्राउंड टीमें यात्रियों को उनकी फ़्लाइट की स्थिति के बारे में अपडेट दे रही हैं और होटल में ठहरने की जगह सहित तुरंत मदद दे रही हैं. हम जल्द से जल्द दूसरी यात्रा का इंतज़ाम करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं.”

    एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए अफ़सोस जताया है और यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को अपनी बड़ी प्राथमिकता बताया है.

    रद्द हुई उड़ानें

    अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में AI 106 – नेवार्क–दिल्ली, AI 102 – न्यूयॉर्क (JFK)–दिल्ली, AI 2204 – दुबई–हैदराबाद, AI 2290 – दोहा–मुंबई, AI 2212 – दुबई–चेन्नई, AI 2250 – दम्मम–मुंबई और AI 2284 – दोहा–दिल्ली शामिल हैं.

    घरेलू उड़ानों में AI 2822 – चेन्नई–मुंबई, AI 2466 – हैदराबाद–दिल्ली, AI 2444 / 2445 – मुंबई–हैदराबाद–मुंबई और AI 2471 / 2472 – मुंबई–कोलकाता–मुंबई शामिल हैं.

  4. पूर्व एफ़बीआई डायरेक्टर कोमी और न्यूयॉर्क अटार्नी जनरल के ख़िलाफ़ केस ख़ारिज

    पूर्व एफ़बीआई डायरेक्टर जेम्स कोमी और न्यूयॉर्क अटार्नी जनरल लेटेटिया जेम्स के ख़िलाफ़ आपराधिक केस ख़ारिज कर दिया गया है.

    अमेरिकी जज ने कहा कि आरोप लगाने वाले अभियोजक को ग़ैरक़ानूनी तरीके से नियुक्त किया गया था.

    जज कैमरन क्यूरी ने कहा कि लिंडसे हैलिगन कभी भी इस पद के लिए योग्य नहीं थे, जिन्हें ट्रंप ने अपने दो राजनीतिक विरोधियों के ख़िलाफ़ आरोप लगाने के लिए नियुक्त किया था.

    कोमी और जेम्स ने ख़ुद को निर्दोष बताया और इस केस को राजनीतिक बताया.

    इस फ़ैसले पर व्हाइट हाउस ने बीबीसी से कहा कि ‘कोमी और जेम्स के ख़िलाफ़ आरोपों के तथ्य नहीं बदले हैं और यह इस मामले में आख़िरी फ़ैसला नहीं है.’

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार कोमी और जेम्स पर हमला कर चुके हैं. एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा था, "वे सब बहुत ज्यादा दोषी हैं", और बाद में जोड़ा, "न्याय होना चाहिए, अभी."

    सोमवार के अपने फैसले में जज क्यूरी ने लिखा कि व्हाइट हाउस के पूर्व सहयोगी हैलिगन को ग्रैंड जूरी के सामने आरोप लगाने का अधिकार नहीं था.

  5. धर्मेंद्र को कुछ इस तरह याद किया अमिताभ बच्चन ने

    सोमवार को मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की.

    कल्ट फ़िल्म शोले में धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन ने यादगार जोड़ी जय और वीरू का अमर क़िरदार निभाया था.

    सोमवार देर रात अमिताभ बच्चन ने एक्स पर लिखा, "हमसे एक और बहादुर दिग्गज जुदा हो गया है. मंच छोड़ गया है. पीछे एक असहनीय गूंज भरी खामोशी छोड़ गया. धर्म जी..."

    "वो महानता की पहचान थे. सिर्फ़ अपनी दमदार मौजूदगी के लिए नहीं, बल्कि अपने बड़े दिल और उसकी सादगी के लिए जाने जाते थे...वह अपने साथ पंजाब के उस गांव की मिट्टी की सादगी लेकर आए थे, जहां से वह निकले थे."

    "अपने पूरे शानदार सफर में उसी स्वभाव के साथ जुड़े रहे. हर दशक में बदल जाने वाली फ़िल्म बिरादरी में भी वह अपने शानदार करियर के साथ बने रहे... बिरादरी बदलती रही. वह नहीं."

    "उनकी मुस्कान, उनका सलीका और उनकी गर्मजोशी हर किसी तक पहुंचती थी. यह इस पेशे में कम देखने को मिलता है...हमारे आसपास एक खालीपन है...ऐसा खालीपन जो कभी नहीं भरेगा. प्रार्थना."

    सोमवार को दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर मुंबई के विले पार्ले के पवन हंस श्मशान घाट पर धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया.

    इस दौरान उनके क़रीबियों की मौजूदगी रही. धर्मेंद्र 89 साल के थे और काफ़ी दिनों से बीमार चल रहे थे.

  6. रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने के 'ट्रंप पीस प्लान' में संशोधन, किन बातों पर बनी सहमति

    रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने को लेकर जिनेवा में हुई वार्ता के बाद जारी यूक्रेन और अमेरिका के संयुक्त बयान में ‘अपडेटेड पीस प्लान’ की बात कही गई है.

    दोनों पक्षों ने इसे ‘अपडेटेड और संशोधित फ़्रेमवर्क डाक्यूमेंट’ कहा है.

    रविवार को अमेरिका, जर्मनी, फ़्रांस, ब्रिटेन और यूक्रेन के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई.

    इससे पहले, अमेरिका ने एक पीस प्लान का प्रस्ताव दिया था जिसे व्यापक तौर पर रूस के पक्ष में माना जा रहा था.

    फ़ाइनेंशियल टाइम्स अख़बार ने एक प्रतिनिधि के हवाले से कहा कि नई योजना में शामिल किए गए 19 बिंदु, शुरुआती योजना से ही लिए गए हैं.

    हालांकि नए अपडेडेट पीस प्लान के बारे में अधिक जानकारी नहीं है लेकिन समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, इसमें कहा गया है कि यूक्रेन में पश्चिमी देश वहां स्थाई रूप से सेना तैनात नहीं कर सकते, लेकिन इस पर पूरी तरह बैन नहीं लगाया गया है.

    प्लान के मुताबिक रूस को डोनबास का इलाक़ा बिल्कुल मुफ़्त नहीं दिया जाएगा और यूक्रेन अपने गए कब्ज़ाए इलाक़े को फिर से पाने के लिए कूटनीतिक रास्ता अख़्तियार कर सकता है.

    युद्ध अपराधों के लिए पूर्ण क्षमादान भी हटा दिया गया है.

    इस वार्ता को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने ‘काफ़ी प्रगति’ की बात कही है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.