You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

टी20 वर्ल्ड कप 2026: कब और कहां होगा भारत और पाकिस्तान का मुक़ाबला?

भारत का मुक़ाबला 7 फरवरी को अमेरिका से, 12 फरवरी को नामीबिया से, 15 फरवरी को पाकिस्तान से और 18 फरवरी को नीदरलैंड्स से होगा.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय, सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026: कब और कहां होगा भारत और पाकिस्तान का मुक़ाबला?

    भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में होने वाले आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही 20 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है.

    भारत और पाकिस्तान दोनों ग्रुप ए में हैं.

    भारत का मुक़ाबला 7 फरवरी को अमेरिका से, 12 फरवरी को नामीबिया से, 15 फरवरी को पाकिस्तान से और 18 फरवरी को नीदरलैंड्स से होगा.

    भारत और पाकिस्तान के बीच मैच कोलंबो में होगा. इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के सारे मैच कोलंबो में ही होंगे.

    टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली 20 टीमें

    ग्रुप ए

    भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड्स, नामीबिया

    ग्रुप बी

    ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, ज़िम्बाब्वे, ओमान

    ग्रुप सी

    इंग्लैंड, वेस्टइंडीज़, बांग्लादेश, नेपाल, इटली

    ग्रुप डी

    न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ़्रीका, अफ़ग़ानिस्तान, कनाडा, यूएई

    7 से 20 फरवरी के बीच कुल 40 ग्रुप मैच खेले जाएंगे. हर ग्रुप से टॉप दो टीमें सुपर आठ फ़ेज़ में पहुंचेंगी, जिसकी शुरुआत 21 फ़रवरी से होगी.

    सुपर आठ की टॉप चार टीमें टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज में पहुंचेंगी.

    सेमीफ़ाइनल मुकाबले कोलकाता/कोलंबो और मुंबई में खेले जाएंगे, जबकि फ़ाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद/कोलंबो में होगा.

  3. बंगाल: एसआईआर के ख़िलाफ़ ममता बनर्जी की रैली, कहा- यह बंगाल है, बिहार नहीं, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में जारी स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) के ख़िलाफ़ मंगलवार को उत्तर 24-परगना ज़िले के मतुआ बहुल इलाके़ में एक रैली की.

    यह एसआईआर के ख़िलाफ़ सीएम ममता की दूसरी रैली थी. रैली के बाद उन्होंने बनगांव में एक जनसभा को संबोधित किया.

    अपने भाषण में उन्होंने केंद्र सरकार और बीजेपी के साथ-साथ चुनाव आयोग पर भी हमला बोला.

    उन्होंने कहा, "बिहार में महागठबंधन एसआईआर के खेल को नहीं समझ सका. लेकिन यह बंगाल है, बिहार नहीं. हम पर हमला हुआ तो देश हिला देंगे. चुनाव के बाद मैं पूरे देश का दौरा करूंगी."

    उन्होंने आरोप लगाया, "बीजेपी बंगाल पर कब्ज़ा करने के लिए एक गैंगस्टर की तरह काम कर रही है."

    मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि आख़िर इतने कम समय में बिना किसी ठोस योजना के एसआईआर की क्या ज़रूरत थी? मुख्यमंत्री ने इस कवायद के दौरान बूथ लेवल एजेंटों (बीएलओ) को होने वाली परेशानियों का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने आशंका जताई कि ड्राफ़्ट मतदाता सूची आने के बाद भयावह स्थिति पैदा हो सकती है. लेकिन साथ ही उन्होंने लोगों को भरोसा दिया कि राज्य सरकार मतुआ लोगों को ज़रूरी दस्तावेज़ हासिल करने में मदद करेगी.

    उन्होंने कहा कि वह बीजेपी के गुजरात चुनाव हारने की भविष्यवाणी कर रही हैं, बंगाल जीतने के प्रयास में गुजरात बीजेपी हाथ से निकल जाएगा.

    सीएम ममता ने कहा कि बीजेपी मतुआ समुदाय को डराने की कोशिश कर रही है. साथ ही उन्होंने कहा कि उनके बंगाल में रहते किसी भी मतुआ को राज्य से बाहर नहीं निकाला जा सकता.

    मतुआ समुदाय बांग्लादेश से आकर पश्चिम बंगाल में बसा है. माना जाता है कि यहां की कम से कम एक दर्जन सीटों पर यह समुदाय निर्णायक स्थिति में है.

  4. राबड़ी देवी को पटना में नया आवास दिया गया, रोहिणी आचार्य ने की निंदा, सीटू तिवारी, पटना से बीबीसी संवाददाता

    बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को राज्य सरकार के भवन निर्माण विभाग ने नया आवास आवंटित किया है.

    साल 2006 से राबड़ी देवी 10 सर्कुलर रोड पर रह रही हैं, ये आवास आरजेडी की गतिविधियों का मुख्य केंद्र रहा है.

    हालांकि, अब बिहार भवन निर्माण विभाग ने उन्हें आवास संख्या- 39, हार्डिंग रोड, पटना आवंटित किया है.

    भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी आदेश में लिखा गया है, "पूर्वादेश को विखंडित (रद्द) करते हुए राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद को आवास संख्या- 39, हार्डिंग रोड, पटना आवंटित किया जाता है."

    इस पर लालू यादव और राबड़ी देवी की बेटी रोहिणी आचार्य ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "सुशासन बाबू का विकास मॉडल. करोड़ों लोगों के मसीहा लालू प्रसाद यादव का अपमान करना पहली प्राथमिकता."

    "घर से तो निकाल देंगे, बिहार की जनता के दिल से कैसे निकालिएगा. सेहत नहीं तो कम से कम लालू जी के राजनीतिक क़द का ही सम्मान रखते."

  5. कार्टून: वरना देख लेते

    इथियोपिया के ज्वालामुखी की राख भारत तक पहुँचने पर आज का कार्टून.

  6. आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत और श्रीलंका करेंगे मेज़बानी, 20 टीमें लेंगी हिस्सा

    अगले साल 7 फ़रवरी से आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होगा और फ़ाइनल मैच 8 मार्च को होगा. इस टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा लेंगी.

    यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में 29 दिनों तक आठ जगहों पर खेला जाएगा. इनमें पांच वेन्यू भारत में और तीन वेन्यू श्रीलंका में होंगे.

    टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली 20 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है.

    ग्रुप ए

    भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड्स, नामीबिया

    ग्रुप बी

    ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, ज़िम्बाब्वे, ओमान

    ग्रुप सी

    इंग्लैंड, वेस्टइंडीज़, बांग्लादेश, नेपाल, इटली

    ग्रुप डी

    न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ़्रीका, अफ़ग़ानिस्तान, कनाडा, यूएई

    7 से 20 फरवरी के बीच कुल 40 ग्रुप मैच खेले जाएंगे. हर ग्रुप से टॉप दो टीमें सुपर आठ फ़ेज़ में पहुंचेंगी, जिसकी शुरुआत 21 फ़रवरी से होगी.

    सुपर आठ की टॉप चार टीमें टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज में पहुंचेंगी.

    सेमीफ़ाइनल मुकाबले कोलकाता/कोलंबो और मुंबई में खेले जाएंगे, जबकि फ़ाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद/कोलंबो में होगा.

  7. आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के लिए रोहित शर्मा को मिली ये ज़िम्मेदारी

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट का एंबेसडर घोषित किया गया है.

    टूर्नामेंट एंबेसडर बनाए जाने पर रोहित ने कहा कि "टूर्नामेंट का दोबारा भारत में होना शानदार है और मेरे लिए इस बार एक नई भूमिका में इससे जुड़ना खास है."

    उन्होंने कहा, "मैं सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देता हूं. उम्मीद है कि वे अच्छा समय बिताएंगे, भारत की मेज़बानी का आनंद लेंगे और यहां से ढेर सारी यादें लेकर जाएंगे."

    आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 7 फ़रवरी से 8 मार्च 2026 तक खेला जाएगा.

  8. ट्रंप और ज़ेलेंस्की के बीच इस हफ़्ते बैठक चाहता है यूक्रेन, हफ़्सा ख़लील और यांग तियान, बीबीसी न्यूज़

    यूक्रेन के सुरक्षा प्रमुख ने कहा है कि रूस के साथ युद्ध ख़त्म कराने के कूटनीतिक प्रयास जारी हैं और वह इस महीने राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की का अमेरिका दौरा कराने की कोशिश कर रहे हैं.

    हालांकि, अमेरिका ने अब तक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप-ज़ेलेंस्की के बीच किसी भी बातचीत की संभावना की पुष्टि नहीं की है.

    अमेरिका ने ये ज़रूर कहा है कि रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर उसके अधिकारी अबू धाबी में रूसी प्रतिनिधियों से मिलने वाले हैं.

    एक अमेरिकी अधिकारी ने बीबीसी को बताया है कि यूक्रेन ने "एक शांति समझौते पर सहमति दे दी है", हालांकि अभी "कुछ मुद्दे तय होने बाकी हैं".

    यूक्रेन की सुरक्षा परिषद के प्रमुख रुस्तम उमेरोव ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका और यूक्रेन के बीच जिनेवा में हुई वार्ताओं में समझौते की प्रमुख शर्तों पर "साझा समझ" बन गई है.

  9. यूक्रेन युद्ध पर बातचीत के लिए अबू धाबी में मिलेंगे अमेरिका और रूस के प्रतिनिधि

    अमेरिका ने कहा है कि रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने की कोशिशों के तहत अमेरिकी अधिकारी अबू धाबी में रूसी प्रतिनिधियों से मिलने वाले हैं.

    रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'पीस प्लान' को लेकर रविवार को जिनेवा में एक बैठक हुई थी.

    इसमें अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल, यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों के प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया था. यूक्रेन और यूरोपीय नेताओं ने ट्रंप की योजना में 'और काम करने की ज़रूरत' बताई थी.

    हालांकि, ट्रंप के 'पीस प्लान' पर हो रही चर्चाओं के बीच यूक्रेन और रूस ने एक दूसरे के शहरों पर हमले किए हैं.

    यूक्रेन की राजधानी कीएव के अधिकारियों ने कहा कि शहर पर रूसी हमलों में कम से कम छह लोग मारे गए, जबकि रूसी अधिकारियों ने कहा कि रोस्तोव क्षेत्र में यूक्रेनी हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है.

  10. छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम का दावा- एसआईआर में बड़े पैमाने पर नाम काटने की तैयारी

    छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल का आरोप है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) के ज़रिए बड़े पैमाने पर नाम काटने की तैयारी है.

    एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उन्होंने चुनाव आयोग को 'केंचुआ' कहा. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के आदेश के कारण दबाव की स्थिति बनी है और कई बीएलओ की मौत हो गई है.

    भूपेश बघेल ने कहा, "पोलिंग बूथ में अगर 500 या 800 वोट हैं, तो कितने घंटे लगेंगे? ये जो एक महीने की समयसीमा तय की गई है और इसके कारण ये केंचुआ के आदेश से...केंचुए के डसने से दर्जनों बीएलओ की मौत हो गई है. केंचुआ मतलब समझ रहे हैं ना केंद्रीय चुनाव आयोग."

    उन्होंने कहा, "एसआईआर में बड़े पैमाने पर नाम काटने की तैयारी है. ये लोग बोल रहे हैं कि जो बांग्लादेशी हैं, उन्हें बाहर करने का मौक़ा मिलेगा. सरकार आपकी है, हमने विधानसभा में बार-बार पूछा है कि कितने रोहिंग्या हैं, कितने बांग्लादेशी हैं, कितने पाकिस्तानी हैं, बताएं. अभी तक सरकार आंकडे़ नहीं दे पाई है."

    वहीं छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, "एसआईआर महत्वपूर्ण विषय है. बीजेपी का पूरा तंत्र इस पर लगा हुआ है. अधिक से अधिक जितने भी योग्य लोग हैं उनका नाम जुड़े और घुसपैठियों का नाम हटे, इन दोनों ही दायित्वों को लेकर काम किया जा रहा है."

  11. गुवाहाटी टेस्ट: चौथे दिन का खेल ख़त्म, भारत को जीत के लिए 522 रन की ज़रूरत

    गुवाहाटी टेस्ट के चौथे दिन का खेल ख़त्म हो चुका है. भारत ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट के नुकसान पर 27 रन बनाए हैं.

    यशस्वी जायसवाल 13 रन और केएल राहुल 6 रन बनाकर आउट हो गए.

    इससे पहले दक्षिण अफ़्रीका ने 260 रन बनाकर अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी थी. इस पारी में ट्रिस्टन स्टब्स ने सबसे अधिक 94 रन बनाए.

    भारत को ये टेस्ट मैच जीतने के लिए 522 रन की ज़रूरत है. वहीं दक्षिण अफ़्रीका को ये मैच जीतने के लिए आठ विकेट लेने होंगे.

    दक्षिण अफ़्रीका ने अपनी पहली पारी में 489 रन बनाए थे, वहीं भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 201 रन पर ऑलआउट हो गई थी.

    दो मैचों की इस टेस्ट सिरीज़ में दक्षिण अफ़्रीका एक मैच जीत चुकी है.

  12. तालिबान सरकार के मंत्री के भारत दौरे पर अफ़ग़ानिस्तान के साथ ये समझौते हुए

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार के उद्योग और वाणिज्य मंत्री अलहाज नूरुद्दीन अज़ीज़ी का भारत दौरा ख़त्म हो चुका है. वो 19 से 25 नवंबर 2025 तक एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत पहुंचे थे.

    इस दौरान उन्होंने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की. भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़ दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय संबंधों और संपर्क बढ़ाने पर बातचीत की.

    मंत्री अज़ीज़ी ने भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की. दोनों ने व्यापार सुविधा, बाज़ार तक पहुंच, संपर्क और क्षमता-विकास सहित कई मुद्दों पर चर्चा की.

    उन्होंने काबुल-दिल्ली और काबुल-अमृतसर सेक्टर पर एयर फ़्रेट कॉरिडोर (डायरेक्ट एयर कार्गो रूट) शुरू करने की घोषणा की.

    दोनों मंत्रियों ने व्यापार, वाणिज्य और निवेश पर जॉइंट वर्किंग ग्रुप को फिर से शुरू किए जाने का स्वागत किया.

    भारत और अफ़ग़ानिस्तान अपने-अपने दूतावासों में वाणिज्यिक प्रतिनिधि नियुक्त करेंगे और एक संयुक्त चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री स्थापित करेंगे.

    मंत्री अज़ीजी ने वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद से भी मुलाक़ात की. मंत्री अज़ीजी ने इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2025 का भी दौरा किया, जहां कई अफ़ग़ान व्यापारियों ने स्टॉल लगाए थे.

    भारत ने कहा है कि वह अफ़ग़ानिस्तान के साथ मिलकर इस आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि दोनों देशों के लोगों को इसका फ़ायदा मिल सके.

  13. गुवाहाटी टेस्ट: दक्षिण अफ़्रीका ने दूसरी पारी घोषित की, भारत के सामने जीत के लिए 549 रन का लक्ष्य

    गुवाहटी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने अपनी दूसरी पारी 260 रन बनाकर घोषित कर दी है.

    इस पारी में ट्रिस्टन स्टब्स ने सबसे अधिक 94 रन बनाए.

    इससे पहले सोमवार को दक्षिण अफ़्रीका ने पहली पारी में भारत को 201 रन पर ऑलआउट कर दिया था. दक्षिण अफ़्रीका को पहली पारी में 288 रन की बढ़त मिली थी.

    अब भारत के सामने गुवाहटी टेस्ट में जीत के लिए 549 रन की चुनौती है.

    दो टेस्ट मैचों की इस सिरीज़ में एक मैच दक्षिण अफ़्रीका जीत चुका है.

  14. अफ़ग़ानिस्तान पर फिर हमला करने को लेकर तालिबान ने पाकिस्तान को दी चेतावनी

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान पर अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता पर हमला करने का आरोप लगाया है.

    ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने एक्स पर पोस्ट किया, "पाकिस्तानी सेना ने कल रात पकतीका, ख़ोस्त और कुनर प्रांतों पर हवाई हमला किया, जो अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला है. ये पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है."

    "पाकिस्तानी सेना की इन दुश्मनी भरी कार्रवाइयों से कुछ हासिल नहीं होगा; इनसे सिर्फ़ यह साबित होता है कि ग़लत इंटेलिजेंस से चलाए जा रहे ऑपरेशन तनाव बढ़ाते हैं और पाकिस्तान की सैन्य व्यवस्था की नाकामियों को लगातार सामने लाते हैं."

    उन्होंने लिखा, "अफ़ग़ानिस्तान इस उल्लंघन और हमले की कड़ी निंदा करता है, और इस बात पर ज़ोर देता है कि अपनी हवाई सीमा, ज़मीन और नागरिकों की रक्षा करना उसका अधिकार है. सही समय पर ज़रूरी जवाब दिया जाएगा."

    ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान पर ख़ोस्त प्रांत में एक घर पर बमबारी करने का आरोप लगाया है, जिसमें 10 बच्चों और महिलाओं की मौत हो गई.

    पाकिस्तान ने अभी तक अफ़गानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता के आरोप पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक इस लाइव पेज के ज़रिए ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुचाएंगी.

    आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर छपी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  16. गुवाहाटी टेस्ट: दक्षिण अफ़्रीका ने भारत पर बनाई 531 रन की बढ़त

    ट्रिस्टन स्टब्स के नाबाद 60 रन की पारी की मदद से दक्षिण अफ़्रीका ने भारत के ख़िलाफ़ दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच के चौथे दिन 531 ​​रन की बड़ी बढ़त बना ली.

    मेहमान टीम का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 244 रन है. यह मैच गुवाहाटी में खेला जा रहा है.

    कोलकाता में पहला टेस्ट तीन दिन के अंदर जीतने के बाद दक्षिण अफ़्रीका की टीम 2-0 से सिरीज़ जीतने की उम्मीद लगाए हुए है.

    इससे पहले सोमवार को दक्षिण अफ़्रीका ने पहली पारी में भारत को 201 रनों पर ऑलआउट कर दिया था.

    दक्षिण अफ़्रीका ने अपनी पहली पारी में 489 रन बनाया था, इसमें सेनुरन मुथुस्वामी ने शतक बनाया था, जबकि मैक्रो जैनसेन (93 रन) शतक बनाने से चूक गए थे.

  17. अयोध्या में राम मंदिर पर भगवा ध्वज फहराए जाने के बाद मोहन भागवत ने क्या कहा

    मंगलवार को अयोध्या में बने राम मंदिर पर भगवा ध्वज फहराए जाने को आरएसएस प्रमुख मोहन भागत ने कहा, "आज मंदिर निर्माण की शास्त्रीय प्रक्रिया पूर्ण हो गई."

    उन्होंने कहा, "आज हम सबके लिए एक सार्थकता का दिन है. इतने लोगों ने सपना देखा, इतने लोगों ने प्रयास किए, इतने लोगों ने अपने प्राण अर्पण किए आज उनकी आत्मा को तृप्त हुई होगी. आज वास्तव में अशोक जी (अशोक सिंघल) को वहां शांति मिली होगी....उन्होंने अपना प्राण अर्पण किया और अपना पसीना बहाया.

    उन्होंने कहा, "जो पीछे रहे वो भी मन में इच्छा करते रहे कि मंदिर बनेगा-बनेगा और आज मंदिर निर्माण की शास्त्रीय प्रक्रिया पूर्ण हो गई. ध्वजारोहण हो गया....हमने इसे अपनी आंखों से देखा है."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार दोपहर एक समारोह में राम मंदिर के ऊपर भगवा झंडा फहराया. इस मौके पर उन्होंने कहा, "सदियों के ज़ख्म और दर्द आज भर रहे हैं... पांच सौ साल पुराना संकल्प पूरा हो रहा है."

    उन्होंने कहा, "अगले 10 सालों में गुलामी की मानसिकता से भारत को मुक्त कराना हमारा लक्ष्य होना चाहिए...2047 में विकसित भारत के लिए हमें अपने हृदय में राम को जगाना होगा."

    उधर, कांग्रेस सांसद ने कहा है कि अयोध्या के पास फ़ैज़ाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद को इस ध्वजारोहण समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया.

  18. जंग ख़त्म करने के लिए जारी वार्ता के बीच रूस-यूक्रेन ने एक-दूसरे पर किए बड़े हमले

    जंग ख़त्म करने को लेकर 'ट्रंप के पीस प्लान' पर हो रही चर्चाओं के बीच यूक्रेन और रूस ने एक दूसरे के शहरों पर हमले किए हैं.

    यूक्रेन की राजधानी कीएव के मेयर विताली क्लिट्स्को ने कहा है कि रूसी हमलों में छह लोगों की मौत हो गई.

    इससे पहले, अधिकारियों ने कहा था कि कम से कम दो रिहायशी ब्लॉकों पर हमला हुआ है.

    जबकि रूसी अधिकारियों ने कहा कि क्रास्नोडार और रोस्तोव के बॉर्डर इलाकों में यूक्रेन ने रात भर कई हवाई हमले किए हैं.

    रूसी रक्षा मंत्रालय का कहना है कि रूसी सेना ने 249 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए हैं.

    रोस्तोव इलाके के कार्यकारी गवर्नर का कहना है कि इन हमलों में कम से कम तीन लोग मारे गए.

    इस बीच, एक अमेरिकी अधिकारी ने बीबीसी से इस बात की पुष्टि की है कि शांति योजना के मसौदे पर जिनेवा में हुई बातचीत के बाद अबू धाबी में रूसी प्रतिनिधियों के साथ बैठक होने वाली है.

    शुरू में प्रस्तावित ट्रंप के पीस प्लान पर रविवार को जिनेवा में बैठक हुई और इसमें संशोधन किया गया, जिसे अपडेटेड पीस प्लान कहा जा रहा है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि वो पीस प्लान को लेकर ‘मोटे तौर पर’ सहमत हैं.

  19. हिमंत बिस्वा सरमा ने जुबिन गर्ग की मौत को बताया 'मर्डर'

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को दावा किया कि असम के लोकप्रिय गायक ज़ुबिन गर्ग की मौत दुर्घटना नहीं बल्कि मर्डर था.

    असम विधानसभा सत्र के पहले दिन ही गर्ग की मौत पर चर्चा के लिए विपक्ष एडजर्नमेंट मोशन लेकर आया था.

    इसी दौरान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि यह 'गैर इरादतन हत्या' या 'क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी' नहीं बल्कि 'साफ़ तौर पर मर्डर' है.

    गर्ग की मौत की जांच एक आयोग कर रहा है. गुवाहाटी हाई कोर्ट के मौजूदा जज, जस्टिस सौमित्र सैकिया की अगुवाई वाले कमीशन ने 3 नवंबर से घटना के संबंध में बयान दर्ज करना और सबूत इकट्ठा करना शुरू कर दिया था.

    पहले की डेडलाइन 21 नवंबर थी, अब इसे बढ़ाकर 12 दिसंबर कर दिया गया है.

    52 साल के सिंगर-कंपोज़र की मौत 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में हुई थी. वो वह नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में परफॉर्म करने सिंगापुर गए हुए थे.

  20. पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान पर फिर किए हवाई हमले, 10 बच्चों और महिलाओं की मौत- अफ़ग़ान तालिबान

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने पाकिस्तान पर खोस्त प्रांत में एक घर पर बमबारी करने का आरोप लगाया है, जिसमें 10 बच्चों और महिलाओं की मौत हो गई.

    तालिबान की अंतरिम सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने एक्स पर जारी एक बयान में दावा किया कि सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात (लगभग 12 बजे) खोस्त प्रांत के गरबुज ज़िले में एक धमाका हुआ.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, मुजाहिद ने दावा किया कि इस धमाके में नौ बच्चे और एक महिला मारे गए. उन्होंने मारे गए बच्चों की तस्वीरें भी जारी कीं.

    उन्होंने दावा किया कि कुनार और पक्तिया में भी हवाई हमले किए गए हैं, जिसमें कम से कम चार नागरिक घायल हुए हैं.

    कुनार प्रांत के स्थानीय लोगों ने बीबीसी पश्तो को बताया कि उन्होंने कल देर रात मारवारा, असदाबाद और शेलिटन क्षेत्रों में जोरदार विस्फोटों की आवाज़ सुनी.

    यह पहली बार नहीं है जब अफ़ग़ानिस्तान ने पाकिस्तानी सेना पर अपनी सीमा के अंदर हवाई हमले करने का आरोप लगाया है. पिछले महीने की शुरुआत में, अफ़ग़ानिस्तान ने पाकिस्तान पर राजधानी काबुल समेत कई जगहों पर हवाई हमले करने का आरोप लगाया था.

    पाकिस्तान ने अभी तक अफगान सरकार के प्रवक्ता के आरोप पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    अतीत में, पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान के अंदर कई जगहों को निशाना बनाने के काबुल के आरोपों का खंडन किया है,.

    हालांकि पिछले महीने पाकिस्तान ने माना कि उसने अफ़ग़ानिस्तान के अंदर कुछ सीमावर्ती क्षेत्रों में चरमपंथी ठिकानों को निशाना बनाया था.

    तहरीक़-ए-तालिबान पाकिस्तान की कार्रवाइयों के कारण दोनों देशों के बीच स्थिति तनावपूर्ण है.