You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

आईसीसी महिला वर्ल्ड कप: भारत को 4 रन से हराकर इंग्लैंड सेमीफाइनल में

आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का 20वां मैच भारत और इंग्लैंड के बीच इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जिसे इंग्लैंड ने चार रनों से जीत लिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और सुरभि गुप्ता

  1. आईसीसी महिला वर्ल्ड कप: भारत को 4 रन से हराकर इंग्लैंड सेमीफाइनल में

    आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का 20वां मैच भारत और इंग्लैंड के बीच इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जिसे इंग्लैंड ने चार रनों से जीत लिया है.

    एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत यह मैच आसानी से जीत लेगा, लेकिन स्मृति मंधाना के आउट होते ही पारी की रफ़्तार धीमी पड़ गई.

    इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवरों में 8 विकेट के नुक़सान पर 288 रनों का स्कोर भारत के सामने रखा था.

    289 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, भारतीय टीम की शुरुआत में जल्दी विकेट गिरे, लेकिन सलामी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला.

    इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट ने शानदार शतक जड़ते हुए 91 गेंदों पर 109 रन बनाए, जबकि एमी जोन्स ने 56 रन का योगदान दिया.

    भारतीय गेंदबाजों में, दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि श्री चरणी ने 2 विकेट चटकाए.

    हरमनप्रीत कौर 70 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि स्मृति मंधाना ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए 88 रन बनाए.

    गेंदबाज़ी में कमाल करने वालीं दीप्ति शर्मा ने बल्लेबाज़ी में भी अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया. उन्होंने 57 गेंदों पर 50 रन बनाए.

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. यूपी: फ़तेहपुर में पटाख़ा बाज़ार में भीषण आग, 60 से अधिक दुकानें राख़

    उत्तर प्रदेश के फ़तेहपुर में रविवार दोपहर पटाख़ा बाज़ार में भीषण आग लग गई. इस दौरान 60 से अधिक दुकानें और पटाख़ा लेने आए लोगों की 50 से ज़्यादा गाड़ियां जल गईं.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ मुख्य अग्निशमन अधिकारी जयवीर सिंह ने बताया कि फ़तेहपुर के एमजी कॉलेज मैदान में लगे अस्थायी पटाख़ा बाज़ार में दोपहर क़रीब साढ़े 12 बजे आग लग गई.

    ऐसा बताया जा रहा है कि यहां एक चिंगारी से एक दुकान में आग लगी थी और एक के बाद एक दुकानों में आग लगती चली गई.

    पटाख़ों के चलते विस्फोट होना शुरू हो गया. हादसे के बाद दो किलोमीटर तक धुआं उठता देखा गया.

    फ़तेहपुर के ज़िलाधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि फ़ायर टेंडर ने तुरंत आग पर काबू पा लिया था.

    उन्होंने कहा, "कोई घायल नहीं हुआ है. आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है. जांच की जाएगी."

  4. दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी ख़राब होने के बाद ग्रैप स्टेज-2 लागू किया गया

    दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान यानी ग्रैप का स्टेज-2 लागू किया गया है.

    ग्रैप का स्टेज-2 'बहुत ख़राब' एयर क्वालिटी होने पर लागू किया जाता है, जब एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 301-400 के बीच होता है.

    कमीशन फ़ॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट इन नेशनल कैपिटल रिज़न एंड एडजॉनिंग एरियाज़ ने ये आदेश दिया है.

    इसमें बताया गया है, "दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) सुबह से ही बढ़ रहा है और शाम चार बजे एक्यूआई 296 और शाम सात बजे एक्यूआई 302 दर्ज किया."

    ये भी कहा गया है कि आने वाले दिनों में एक्यूआई और बिगड़ने का अनुमान है इसलिए पूरे एनसीआर में ग्रैप के स्टेज-2 को तुरंत लागू करने का फ़ैसला किया गया है.

    क्या है ग्रैप का स्टेज-2?

    स्टेज-2 में सड़कों पर मैकेनिकल या वैक्यूम स्वीपिंग और पानी का छिड़काव करना, प्रदूषण नियंत्रित करने के उपायों में तेज़ी लाना शामिल है.

    इसमें समाचार पत्रों/टीवी/रेडियो से लोगों को वायु प्रदूषण और प्रदूषण बढ़ाने वाली गतिविधियों को कम करने के बारे में सलाह देना शामिल है.

    इसमें गाड़ियों की पार्किंग फ़ीस बढ़ाने और सीएनजी/इलेक्ट्रिक बसों और मेट्रो सेवाएं बढ़ाने का निर्देश है ताकि प्राइवेट गाड़ियों का इस्तेमाल कम हो.

    स्टेज-2 के तहत दिल्ली में एनसीआर क्षेत्र वाले राज्यों से इंटर-स्टेट बसों को मंज़ूरी न देना भी शामिल है. इसमें इलेक्ट्रिक वाहन/सीएनजी/बीएस-VI डीजल बस और वे बस और टेम्पो ट्रैवलर्स शामिल नहीं हैं, जिनके पास ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट है.

  5. छठ और दीपावली के लिए 12 हज़ार से अधिक ट्रेनें चलाई जा रही हैं: रेलवे

    भारतीय रेलवे बोर्ड के मुताबिक़ छठ और दीपावली पर यात्रियों की सुविधा के लिए 12 हज़ार से अधिक ट्रेनें चलाने का फ़ैसला लिया गया है.

    एग्ज़ीक्यूटिव डायरेक्टर ऑफ़ रेलवे बोर्ड दिलीप कुमार ने कहा, "ये ट्रेनें देश के हर हिस्से से चलाई जा रही हैं. जहां भी यात्रियों की संख्या अधिक है, वहां हम विशेष गाड़ियां चला रहे हैं."

    "18 अक्तूबर 2025 को ही हमने दिल्ली, मुंबई, सूरत जैसी जगहों से 275 से अधिक विशेष गाड़ियां चलाईं. इसके ज़रिए दस लाख से अधिक यात्री अपने-अपने गंतव्य स्थान की ओर गए हैं."

    उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर बनाए गए हैं और प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी निगरानी की जा रही है.

  6. अयोध्या के दीपोत्सव 2025 के ये दो रिकॉर्ड गिनीज़ बुक में हुए दर्ज

    उत्तर प्रदेश के अयोध्या दीपोत्सव के दौरान दो नए रिकॉर्ड गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किए गए हैं, जिसका सर्टिफ़िकेट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपा गया.

    दीपोत्सव में 26,17,215 तेल के दीये जलाने का रिकॉर्ड बना है और दूसरा वर्ल्ड रिकॉर्ड 2,128 लोगों का मिलकर एक साथ सरयू नदी की आरती करने का रिकॉर्ड भी बना है.

    इससे पहले, दीपोत्सव के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (एसपी) पर निशाना साधा.

    इससे पहले एक कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा, "जब हम यहां लाखों दीपों से अयोध्या धाम को जगमगा रहे हैं, तब हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि इसी अयोध्या में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने कोर्ट में कहा था कि भगवान राम एक मिथक हैं."

    "सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस ने शपथ पत्र दिया था कि श्री राम काल्पनिक हैं और समाजवादी पार्टी ने राम भक्तों पर इसी अयोध्या में गोलियां चलाई थीं."

    सीएम योगी ने राम मंदिर उद्घाटन के कार्यक्रम का ज़िक्र करते हुए कहा, "ये वही लोग हैं, जो बाबर की क़ब्र पर जाकर सजदा करते हैं, लेकिन जब अयोध्या में राम मंदिर के कार्यक्रम में उन्हें निमंत्रण दिया जाता है, तो ये लोग उस निमंत्रण को ठुकरा देते हैं."

  7. हमास ने कहा- रफ़ाह में क्या हो रहा है, हमें इसकी जानकारी नहीं

    हमास का कहना है कि उसे दक्षिणी ग़ज़ा के रफ़ाह में हो रही "किसी भी घटना या झड़प की कोई जानकारी नहीं है."

    वहीं इसराइल ने कहा है कि रफ़ाह में उसके सैनिकों पर 'आतंकी हमले' के बाद उसने क्षेत्र में हवाई हमले शुरू किए हैं.

    हमास का बयान

    "हम उन सभी बातों को लागू करने के लिए अपनी पूरी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं जिन पर सहमति बनी थी, जिनमें सबसे प्रमुख ग़ज़ा पट्टी के सभी क्षेत्रों में संघर्षविराम शामिल है."

    "हमें रफ़ाह में हो रही किसी भी घटना या झड़प की जानकारी नहीं है क्योंकि ये क़ब्ज़े वाले क्षेत्र के रेड ज़ोन हैं."

    "इस साल मार्च में युद्ध फिर से शुरू होने के बाद से वहां हमारे बचे हुए गुट से संपर्क टूट गया है. हमें नहीं पता कि वे अभी ज़िंदा हैं या नहीं."

    "इसलिए, उन क्षेत्रों में हो रही किसी भी घटना से हमारा कोई संबंध नहीं है, और हम वहां अपने किसी भी लड़ाके से, अगर उनमें से कोई अभी भी ज़िंदा है, तो संपर्क नहीं कर सकते."

    आईडीएफ़ ने हमास पर "संघर्षविराम उल्लंघन" का आरोप लगाया है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने "ग़ज़ा पट्टी में आतंकी ठिकानों के ख़िलाफ़ सख्ती से कार्रवाई करने" के निर्देश दिए हैं.

  8. आईसीसी महिला वर्ल्ड कप: इंग्लैंड ने भारत को दिया 289 रन का टारगेट

    भारत और इंग्लैंड के बीच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में आईसीसी महिला वर्ल्ड कप का मैच खेला जा रहा है.

    टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 50 ओवरों में आठ विकेट के नुक़सान पर 288 रन बनाए हैं.

    इंग्लैंड के लिए हीथर नाइट ने शतक (109) जड़ा और एमी जोन्स ने अर्धशतक (56) बनाया. भारत के लिए स्पिनर दीप्ति शर्मा ने सबसे ज़्यादा चार विकेट लिए.

    अब भारत को यह मुक़ाबला जीतने के लिए 289 रन बनाने हैं.

  9. जबलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री से घड़ी उतरवाने वाले वायरल वीडियो के बाद क्या कार्रवाई हुई?

    रेलवे स्टेशन पर एक समोसा वेंडर के एक यात्री से उसकी घड़ी छीनने से जुड़े वायरल वीडियो पर वेस्टर्न सेंट्रल रेलवे का बयान आया है.

    ऐसा बताया जा रहा है कि यूपीआई पेमेंट फ़ेल होने के कारण वेंडर ने यात्री से उसकी घड़ी ले ली.

    वेस्टर्न सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ (चीफ़ पब्लिक रिलेशन्स ऑफ़िसर) हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि यह घटना 17 अक्तूबर की शाम साढ़े पांच बजे की है.

    उन्होंने कहा, "जबलपुर स्टेशन पर एक वेंडर से एक यात्री के सामान ख़रीदे जाने पर उसकी घड़ी छीनने का वीडियो सामने आया था. वीडियो सामने आते ही रेलवे प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस वेंडर की पहचान की."

    सीपीआरओ ने कहा, "वेंडर के ख़िलाफ़ रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज करते हुए उसे गिरफ़्तार किया गया है. वेंडर का लाइसेंस रद्द किया जा रहा है. वेंडर का नाम संदीप गुप्ता है."

  10. इसराइल ने ग़ज़ा में हवाई हमले किए, हमास पर लगाया संघर्षविराम उल्लंघन का आरोप

    इसराइल ने हमास पर "संघर्षविराम उल्लंघन" करने का आरोप लगाते हुए दक्षिणी ग़ज़ा में हवाई हमले किए हैं.

    इसराइली सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि हमास ने "इसराइली सेना पर कई हमले" किए हैं. प्रवक्ता के मुताबिक़, ये हमले उस क्षेत्र में किए गए जहां इसराइली सैनिक अमेरिका की मध्यस्थता वाले समझौते के पहले चरण के मुताबिक़ वापस लौटे हैं.

    इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने एक्स पर पोस्ट किया, "आज सुबह, आतंकवादियों ने दक्षिणी ग़ज़ा के रफ़ाह क्षेत्र में तैनात इसराइली सैनिकों पर एंटी-टैंक मिसाइल दागी और गोलीबारी की."

    "इसके जवाब में, आईडीएफ़ ने आतंकवादी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सुरंगों और सैन्य ढांचों को ध्वस्त करने के लिए क्षेत्र में हमले शुरू किए हैं. ये आतंकवादी गतिविधियां युद्धविराम समझौते का घोर उल्लंघन हैं, और आईडीएफ़ इसका जवाब देगा."

    हमास ने कहा कि वह संघर्षविराम के लिए प्रतिबद्ध है, उसने इसराइल पर संघर्षविराम का कई बार उल्लंघन करने का आरोप लगाया.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग़ज़ा शांति योजना का पहला चरण 10 अक्तूबर को लागू हुआ, जिसके तहत हमास ने इसराइली बंधकों को छोड़ा और इसराइल ने फ़लस्तीनी कैदियों को रिहा किया.

  11. लालू यादव के घर के बाहर टिकट के लिए रोने वाले मदन शाह के आरोपों पर आरजेडी क्या बोली?

    बिहार के पिछले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के टिकट पर मधुबन सीट से चुनाव लड़ने वाले मदन शाह का एक वीडियो सामने आया है.

    वीडियो में रोते हुए मदन शाह आरजेडी पर पैसे लेकर टिकट देने का आरोप लगा रहे हैं. मदन शाह ने दावा किया कि लालू प्रसाद यादव ने 2025 के चुनाव में उन्हें टिकट देने का वादा किया था, लेकिन नहीं दिया.

    वीडियो में मदन शाह ये भी कह रहे हैं कि साल 2020 के विधानसभा चुनाव में वह दो हज़ार वोटों से हार गए थे.

    उन्होंने आरजेडी के राज्यसभा सांसद संजय यादव पर टिकट के बदले पैसे मांगने का आरोप लगाया है. वहीं आरजेडी ने मदन शाह के आरोपों से इनकार किया है.

    आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बीबीसी संवाददाता प्रेरणा से बातचीत में कहा, "चुनाव के समय जिनको टिकट नहीं मिलता है, जिनका टिकट कट जाता है, वो कई तरह के आरोप लगाते हैं. टिकट तो एक ही व्यक्ति को मिलेगा, पार्टी हर चीज़ को देखती है और जीतने वाले उम्मीदवार पर दांव लगाती है."

    टिकट के बदले पैसे के आरोप पर मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "आरोप लगाने से क्या होता है, उनके पास क्या सबूत है, जब लोगों को टिकट नहीं मिलता है तो आक्रोशित होकर बेबुनियाद आरोप लगाते हैं. पार्टी सभी को टिकट नहीं दे सकती है. कई लोग ऐसे होते हैं जो सालों से पार्टी में होते हैं लेकिन टिकट नहीं मिल पाता है."

  12. पेरिस के लूवर म्यूज़ियम को चोरी के बाद बंद किया गया

    पेरिस के लूवर म्यूज़ियम में रविवार की सुबह चोरी के बाद उसे बंद कर दिया गया है.

    बीबीसी के पेरिस संवाददाता ह्यू शोफ़ील्ड ने बताया है कि फ़्रांसिसी मीडिया रिपोर्ट कर रहा है कि नक़ाबपोश तीन लोगों ने सुबह म्यूज़ियम खुलने के बाद वहां चोरी की.

    ऐसा बताया जा रहा है कि चोर सामान ले जाने वाली लिफ़्ट के ज़रिए अपोलो गैलरी में दाख़िल हुए. यहां वो कमरा है जहां पर फ़्रांस का रत्नों से जड़ा मुकुट रखा है.

    नौ तरीक़ों के गहने चुराने के बाद चोर मोटर-स्कूटर से भाग गए. चोरी हुए सामान की क़ीमत का आंकलन किया जा रहा है.

    लूवर म्यूज़ियम की ओर से भी एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी गई है कि कुछ ख़ास वजहों से आज म्यूज़ियम बंद रहेगा.

  13. कर्नाटक: चित्तपुर में मार्च निकालने से जुड़ी याचिका पर कोर्ट ने आरएसएस को दिया ये निर्देश

    कर्नाटक हाई कोर्ट ने रविवार को आरएसएस से 2 नवंबर को कलबुर्गी ज़िले के चित्तपुर में अपना मार्च निकालने की मंज़ूरी के लिए एक नया आवेदन दायर करने को कहा.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ चित्तपुर प्रशासन ने शांति और क़ानून-व्यवस्था भंग होने की आशंका का हवाला देते हुए आरएसएस को रविवार, 19 अक्तूबर को मार्च निकालने की मंज़ूरी देने से इनकार कर दिया था.

    इसके बाद, आरएसएस के कलबुर्गी संयोजक अशोक पाटिल ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की. इस पर सुनवाई के लिए एक स्पेशल बेंच का गठन किया गया था.

    लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक़ सुनवाई के दौरान जस्टिस एमएस कमल की सिंगल बेंच ने याचिकाकर्ता से पूछा कि क्या किसी दूसरी तारीख़ या समय पर मार्च निकालना संभव होगा.

    इस पर याचिकाकर्ता के वकील, सीनियर एडवोकेट अरुण श्याम ने कहा कि 2 नवंबर की तारीख़ ठीक होगी.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, पहले वनडे में भारतीय बल्लेबाज़ फ़्लॉप, ऑस्ट्रेलिया को मिला 131 रनों का लक्ष्य

    ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही तीन वनडे मैचों की सिरीज़ के पहले मैच में भारत के ख़िलाफ़ ऑस्ट्रेलिया को 131 रनों का लक्ष्य मिला है.

    पर्थ में खेले जा रहे पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी को चुना. हालांकि कई बार बारिश के कारण मैच में रुकावटें आईं जिसके बाद मैच 26-26 ओवरों का कर दिया गया.

    भारत 26 ओवरों में 9 विकेट के नुक़सान पर सिर्फ़ 136 रन बना पाया लेकिन डकवर्थ लुईस नियम के कारण ऑस्ट्रेलिया को 131 रनों का टारगेट मिला है.

    टीम के सीनियर बल्लेबाज़ रोहित शर्मा और विराट कोहली कोई ख़ास कमाल नहीं दिखा पाए. रोहित शर्मा आठ रन और विराट कोहली शून्य पर आउट हुए.

    भारत की ओर से सबसे अधिक 38 रन केएल राहुल और 31 रन अक्षर पटेल ने बनाए.

    ऑस्ट्रेलिया की ओर से जॉश हेज़लवुड, मिचेल ओवेन और मैथ्यू कुनमन ने 2-2 विकेट लिए. वहीं मिचेल स्टार्क और नैथन एलिस ने 1-1 विकेट लिए.

  15. बिहार चुनाव: ओवैसी की एआईएमआईएम ने 25 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

    असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने रविवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 25 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की.

    पहली सूची में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और एकमात्र विधायक अख्तरुल ईमान का नाम भी शामिल है.

    एआईएमआईएम ने यह लिस्ट अपने एक्स अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा, “हमें आगामी बिहार चुनावों के लिए एआईएमआईएम उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करते हुए खुशी हो रही है."

    "पार्टी की बिहार इकाई ने राष्ट्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद उम्मीदवारों को चुना है. हम बिहार के सबसे कमज़ोर और उपेक्षित वर्गों की आवाज़ बनेंगे.”

  16. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  17. युद्धविराम को लेकर पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान ने क्या कहा?

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने दोहा में चल रही बातचीत में पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच सहमति बनने को सही दिशा में पहले कदम बताया है.

    अब से कुछ देर पहले इसहाक़ डार ने सोशल मीडिया पर किए एक पोस्ट में क़तर और तुर्की की तरफ से इस प्रक्रिया में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए उनका शुक्रिया किया.

    साथ ही उन्होंने लिखा कि अफ़ग़ानिस्तान की ज़मीन से पाकिस्तान की ओर बढ़ रहे 'आतंकवाद' के ख़तरे से निपटने के लिए वो एक ठोस प्रक्रिया की उम्मीद करते हैं.

    साथ ही उन्होंने ये जानकारी भी दी कि इसके बाद दोनों पक्षों के प्रतिनिधि अगली बैठक के लिए तुर्की में मिलेंगे. हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया है कि ये बैठक कब होनी है.

    अफ़ग़ान तालिबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने भी सोशल मीडिया पर इसे लेकर एक बयान जारी किया है.

    उन्होंने लिखा कि दोहा में बातचीत के बाद पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान ने एक द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं जिसके तहत दोनों पक्ष शांति, आपसी सम्मान और पड़ोसी के तौर पर मज़बूत और सकारात्मक रिश्ते रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

    साथ ही उन्होंने लिखा, "यह तय किया गया है कि न तो कोई एक-दूसरे के ख़िलाफ़ शत्रुतापूर्ण कार्रवाई करेगा और न ही पाकिस्तान सरकार के ख़िलाफ़ हमले करने वाले किसी समूह को समर्थन देगा. दोनों पक्ष एक-दूसरे के सुरक्षा बलों, आम नागरिकों या ज़रूरी बुनियादी ढांचों को निशाना बनाने से परहेज़ करेंगे."

    साथ ही उन्होंने लिखा कि समझौते को प्रभावी तरीके से लागू करने और दोनों पक्षों के दावों की समीक्षा करने के लिए क़तर और तुर्की की मध्यस्थता में एक मैकनिज़्म बनाया जाएगा.

    इससे पहले क़तर ने कहा था कि पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के प्रतिनिधियों के बीच दोहा में हुई उच्चस्तरीय वार्ता में तत्काल प्रभाव से संघर्षविराम लागू करने पर सहमति बन गई है.

  18. आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत बोले- दुनिया के बुद्धिजीवियों की भारत से उम्मीदें

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में कहा कि "हमारा कर्तव्य है कि हम ऐसे व्यक्ति बनें जिनमें शास्त्र और शस्त्र" दोनों का समावेश हो, यानी शक्ति और भक्ति, दोनों का संतुलन.

    भागवत ने कहा, “समय बदल चुका है. अब दुनिया भर के लोग समझने लगे हैं कि उन्होंने जो रास्ते अपनाए, वे विनाश की ओर ले जाते हैं. हर मार्ग और हर प्रयोग के बाद वे अब एक नए रास्ते की तलाश में हैं.”

    उन्होंने कहा कि वह नया रास्ता भारत दिखा सकता है और दुनिया के बुद्धिजीवियों की भारत से उम्मीदें हैं.

    उन्होंने आगे कहा, “हम जानते हैं कि सब आपस में जुड़े हैं और यह हमारा कर्तव्य है कि हम सबको राहत पहुंचाएं. लेकिन अगर कोई बाधा डालने की कोशिश करे, तो हमारे पास शक्ति भी होनी चाहिए.”

  19. बिहार: जेएमएम ने महागठबंधन से अलग चुनाव लड़ने का किया एलान, छह प्रत्याशी उतारे

    बिहार विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने महागठबंधन से अलग चुनाव लड़ने का एलान किया है. जेएमएम ने छह सीटों पर अपने उम्मीदवारों की भी घोषणा कर दी है.

    जेएमएम महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा, "धमदाहा, चकाई, कटोरिया, मनिहारी, जमुई और पीरपैंती की सीटों पर चुनाव लड़ेंगे."

    झारखंड मुक्ति मोर्चा के अलग चुनाव लड़ने पर जेडीयू ने कहा कि पार्टी को इसका नुक़सान झारखंड में उठाना पड़ेगा.

    जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा, “झारखंड मुक्ति मोर्चा भले ही बिहार में छोटा सहयोगी हो, लेकिन झारखंड में उन्होंने जिस तरीक़े से आरजेडी को हिस्सेदारी दी, वह कृतज्ञता की मिसाल है.”

    उन्होंने कहा, “जहां जगह नहीं थी, वहां भी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने उन्हें हिस्सेदारी दी. अब जिस तरह उनके साथ व्यवहार किया गया है, उसका नुक़सान उन्हें कहीं न कहीं झारखंड में उठाना पड़ेगा.”

  20. ज्योति सुरेखा वेन्नम: वर्ल्ड कप फ़ाइनल में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाज़

    भारत की स्टार आर्चर ज्योति सुरेखा वेन्नम आर्चरी वर्ल्ड कप फ़ाइनल में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाज़ बन गई हैं.

    विश्व नंबर तीन ज्योति ने ब्रॉन्ज़ मेडल मुक़ाबले में ब्रिटेन की एला गिब्सन को 150-145 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की. इस दौरान उन्होंने लगातार 15 बार 10 अंक हासिल कर अपने शानदार फ़ॉर्म का परिचय दिया.

    इससे पहले 29 वर्षीय ज्योति ने क्वार्टर फ़ाइनल में अमेरिका की एलेक्सिस रुइज़ को 143-140 से मात दी थी, लेकिन सेमीफ़ाइनल में विश्व नंबर एक मेक्सिको की आंद्रिया बेसरा से 143-145 के क़रीबी अंतर से हार गई थीं.

    तीन राउंड तक वह 87-86 से आगे थीं, लेकिन बेसरा ने चौथे राउंड में लगातार तीन बार 10 अंक हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया.

    यह ज्योति के करियर का 88वां अंतरराष्ट्रीय पदक था. वहीं आर्चरी वर्ल्ड कप फ़ाइनल में उनका यह पहला पोडियम फ़िनिश रहा. इससे पहले वे 2022 और 2023 में शुरुआती दौर में ही बाहर हो गई थीं.

    दूसरी ओर, पुरुष वर्ग में भारत को मामूली अंतर से निराशा झेलनी पड़ी.

    ऋषभ यादव ब्रॉन्ज़ मेडल मुक़ाबले में नीदरलैंड्स के पूर्व विश्व चैंपियन माइक श्लूसर से शूट-ऑफ़ में 147-147 की बराबरी के बाद हार गए.