व्लादिमीर पुतिन ने किया था बर्ख़ास्त, अब मृत मिले रूस के पूर्व मंत्री

रूस की जांच समिति ने बताया है कि पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइत मृत पाए गए हैं. स्टारोवोइत को सोमवार को ही राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उनके पद से हटा दिया था.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और सुरभि गुप्ता

  1. वियान मुल्डर ने ब्रायन लारा का रिकॉर्ड तोड़ने से पहले पारी घोषित की, बोले- 'लारा के नाम रहना चाहिए रिकॉर्ड'

    वियान मुल्डर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वियान मुल्डर

    दक्षिण अफ़्रीका के खिलाड़ी और कप्तान वियान मुल्डर ने कहा है कि टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सबसे बड़ा स्कोर करने का रिकॉर्ड ब्रायन लारा के पास रहना 'बिल्कुल वैसा ही है जैसा होना चाहिए.'

    मुल्डर, जो पहली बार दक्षिण अफ़्रीका की टेस्ट टीम की कप्तानी कर रहे हैं, ने ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ बुलावायो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन लंच पर अपनी टीम की पहली पारी 626/5 पर घोषित कर दी. तब वह 367 रन पर नॉट आउट थे.

    उनका स्कोर वेस्टइंडीज़ के दिग्गज ब्रायन लारा के 400 नॉट आउट से सिर्फ़ 33 रन पीछे था. लारा ने यह रिकॉर्ड 2004 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ एंटीगुआ में बनाया था.

    27 वर्षीय मुल्डर ने कहा कि उन्होंने रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश नहीं की क्योंकि टीम के हित में गेंदबाज़ी शुरू करना ज़रूरी था और साथ ही उन्होंने लारा के क्रिकेट में ‘दिग्गज’ दर्जे का सम्मान भी किया.

    मुल्डर ने दक्षिण अफ़्रीकी चैनल सुपरस्पोर्ट से कहा, “सबसे पहले तो मुझे लगा कि हम पर्याप्त रन बना चुके हैं और अब हमें गेंदबाज़ी करनी है. और दूसरी बात, ब्रायन लारा एक लीजेंड हैं, यह सच है. उन्होंने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 400 बनाए थे, और किसी ऐसे खिलाड़ी के पास यह रिकॉर्ड रहना वाक़ई ख़ास है.”

    उन्होंने कहा, "अगर मुझे दोबारा ऐसा मौका मिलेगा, तो शायद मैं फिर से वही करूंगा. मैंने हमारे कोच शुकरी कॉनराड से बात की थी और उन्होंने कहा कि दिग्गजों को ऐसे बड़े रिकॉर्ड रखने दो."

    मुल्डर का स्कोर टेस्ट क्रिकेट में अब तक का पांचवां सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है और दक्षिण अफ़्रीका के किसी बल्लेबाज़ का सबसे बड़ा स्कोर है. उनसे पहले हाशिम अमला ने साल 2012 में नाबाद 311 रन बनाए थे.

    मुल्डर की पारी बेहद आक्रामक थी. उनका स्ट्राइक रेट 109.88 का रहा, जो किसी भी तिहरे शतक में सबसे ज़्यादा है.

    अफ़्रीका के 626/5 के जवाब में ज़िम्बाब्वे की पहली पारी सिर्फ़ 170 रनों पर सिमट गई. फ़ॉलोऑन खेलते हुए ज़िम्बाब्वे ने दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक एक विकेट के नुक़सान पर 51 रन बना लिए.

    दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ दक्षिण अफ़्रीका ने पहले टेस्ट में जीत दर्ज कर 1–0 की बढ़त बना ली है और अब दूसरे मैच में उसकी पकड़ मज़बूत लग रही है.

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. व्लादिमीर पुतिन ने किया था बर्ख़ास्त, अब मृत मिले रूस के पूर्व मंत्री, लौरा गोज़्ज़ी, बीबीसी संवाददाता

    रोमन स्टारोवोइत

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, रूस के पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइत मृत पाए गए

    रूस की जांच समिति ने बताया है कि पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइत मृत पाए गए हैं. स्टारोवोइत को सोमवार को ही राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उनके पद से हटा दिया था.

    उनकी बर्ख़ास्तगी की कोई वजह नहीं बताई गई. कुछ ही देर बाद उप परिवहन मंत्री आंद्रेई निकितिन को नया मंत्री नियुक्त कर दिया गया.

    जांच समिति ने कहा है कि वह इस घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. स्टारोवोइत को मई 2024 में परिवहन मंत्री बनाया गया था.

    इससे पहले वह लगभग पांच साल तक कुर्स्क क्षेत्र के गवर्नर रहे थे.

    सोमवार को, स्टारोवोइत की मौत की घोषणा से पहले, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव से जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या कुर्स्क में हुई घटनाओं की वजह से पुतिन का भरोसा स्टारोवोइत से उठ गया, तो पेस्कोव ने कहा, "अगर भरोसा उठ जाता तो राष्ट्रपति के आदेश में ऐसा लिखा होता. ऐसा कोई शब्द इस्तेमाल नहीं हुआ."

  4. सोशल मीडिया पर क्यों आमने-सामने आए असदुद्दीन ओवैसी और किरेन रिजिजू

    असदुद्दीन ओवैसी और किरेन रिजिजू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, असदुद्दीन ओवैसी और किरेन रिजिजू की 7 जुलाई को एक्स पर बहस हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर सोमवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू आमने-सामने नज़र आए.

    ओवैसी ने रिजिजू से कहा है कि वे भारत की तुलना पाकिस्तान, बांग्लादेश, म्यांमार, नेपाल और श्रीलंका जैसे देशों से करना बंद करें.

    दरअसल, रिजिजू ने 7 जुलाई को एक्स पर पोस्ट किया था, "भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां अल्पसंख्यकों को बहुसंख्यक समुदाय की तुलना में अधिक फ़ायदे और सुरक्षा मिलती है!"

    इस पर ओवैसी ने एक लंबा पोस्ट करते हुए रिजिजू से कहा, "आप भारतीय गणराज्य के मंत्री हैं, राजा नहीं. किरेन रिजिजू आप संवैधानिक पद पर हैं, सिंहासन पर नहीं. अल्पसंख्यक अधिकार मौलिक अधिकार हैं, दान नहीं. क्या हर दिन पाकिस्तानी, बांग्लादेशी, जिहादी या रोहिंग्या कहलाना 'फ़ायदा' ​​है? क्या भीड़ द्वारा मारे जाना 'सुरक्षा' है?"

    ओवैसी के पोस्ट पर रिजिजू ने जवाब दिया, "हमारे पड़ोसी देशों से अल्पसंख्यक भारत आना क्यों पसंद करते हैं और हमारे अल्पसंख्यक पलायन क्यों नहीं करते? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल्याणकारी योजनाएं सभी के लिए हैं. अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय की योजनाएं अल्पसंख्यकों को अतिरिक्त लाभ देती हैं."

    रिजिजू के इस पोस्ट पर भी ओवैसी ने जवाब दिया.

    ओवैसी ने लिखा, "माननीय मंत्री के मुताबिक़, अगर हम पलायन नहीं करते हैं तो इसका मतलब है कि हम खुश हैं. दरअसल, हमें भागने की आदत नहीं है: हम अंग्रेजों से नहीं भागे, हम बंटवारे के दौरान नहीं भागे...हम अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए लड़ना जानते हैं और हम लड़ेंगे."

  5. कीनिया में हिंसक हुआ विरोध प्रदर्शन, कम से कम दो लोगों की मौत

    कीनिया में विरोध प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, LUIS TATO/AFP via Getty Images

    कीनिया की राजधानी नैरोबी में हिंसक विरोध प्रदर्शन के दौरान कम से कम दो लोगों की गोली लगने से मौत हो गई है.

    सैकड़ों प्रदर्शनकारी उस अस्पताल के बाहर जमा हो गए हैं, जहां दोनों व्यक्तियों के शव को ले जाया गया था. प्रदर्शनकारी दोनों शव उन्हें सौंपने की मांग कर रहे हैं.

    पुलिस लोगों को राजधानी नैरोबी में जाने से रोकने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल कर रही है और सड़कों को ब्लॉक कर रही है.

    1990 में लोकतंत्र के समर्थन में हुए विरोध प्रदर्शनों की बरसी मनाने के लिए कीनिया भर में प्रदर्शन हो रहे हैं. प्रदर्शनकारी जवाबदेही, सुशासन और 'पुलिस की बर्बरता' के पीड़ितों के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं.

  6. पीएम मोदी की ओर से दलाई लामा को उनके जन्मदिन की बधाई देने पर चीन ने जताई आपत्ति

    चीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दलाई लामा को उनके जन्मदिन की बधाई दिए जाने पर चीन ने आपत्ति जताई है. चीन ने सोमवार को कहा कि इस पर भारत से विरोध दर्ज कराया गया है.

    चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, "तिब्बत से जुड़े मुद्दे पर चीन की सरकार का पक्ष दृढ़ और स्पष्ट है. 14वें दलाई लामा राजनीतिक तौर पर निर्वासित हैं, जो कि लंबे समय से चीन के विरुद्ध गतिविधियों में लिप्त रहे हैं, जो धर्म की आड़ में तिब्बत को चीन से अलग करना चाहते हैं."

    "भारत को तिब्बत से जुड़े मुद्दों की संवेदनशीलता के बारे में पता होना चाहिए, उसे 14वें दलाई लामा की चीन विरोधी और अलगाववादी प्रकृति को स्पष्ट रूप से देखना चाहिए."

    माओ निंग ने कहा, "भारत को तिब्बत से जुड़े मुद्दे पर उन प्रतिबद्धताओं का सम्मान करना चाहिए, जो उसने चीन के प्रति जताई हैं और इन मुद्दों का इस्तेमाल चीन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के लिए बंद करना चाहिए."

    पीएम मोदी ने 6 जुलाई को 14वें दलाई लामा के 90वें जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं. वहीं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू सहित कई राजनेता धर्मशाला में उनके जन्मदिन समारोह में शामिल हुए थे.

  7. ब्रिक्स देशों को ट्रंप की धमकी, भारत क्या करेगा?

    दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मानसी दाश और संदीप राय से.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  8. ब्रिक्स देशों पर अतिरिक्त टैरिफ़ लगाने की ट्रंप की धमकी पर चीन ने क्या कहा

    चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा था कि ब्रिक्स की 'अमेरिका विरोधी नीतियों' के साथ जुड़ने वाले देशों पर अमेरिका 10 फ़ीसदी का अतिरिक्त टैरिफ़ लगाएगा. ट्रंप की इस टिप्पणी पर चीन ने जवाब दिया है.

    ट्रंप की टैरिफ़ धमकी को लेकर किए गए एक सवाल के जवाब में चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, "ब्रिक्स विकासशील देशों और उभरते बाज़ारों के बीच सहयोग का अहम मंच है. ब्रिक्स टकराव के लिए नहीं है और न ही यह किसी दूसरे देश को निशाना बनाता है."

    उन्होंने कहा, "अमेरिकी टैरिफ़ को लेकर चीन कई बार अपना पक्ष रख चुका है. ट्रेड वॉर और टैरिफ़ वॉर करके कोई जीत नहीं सकता है और घरेलू उद्योग को बचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर प्रतिबंध से कुछ हासिल नहीं होता."

  9. 'जेन स्ट्रीट' मामला: राहुल गांधी बोले- किसके इशारे पर आंखें मूंदे बैठी थी मोदी सरकार?

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिकी ट्रेडिंग कंपनी 'जेन स्ट्रीट' से जुड़े मामले को लेकर सोमवार को आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने आम निवेशकों को बर्बादी के कगार पर धकेल दिया है.

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सवाल किया, "सिक्योरिटीज़ एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) इतने समय तक चुप क्यों रही और क्या सरकार किसी के इशारे पर आंखें मूंदे बैठी थी? और कितने बड़े शार्क अब भी रिटेल इन्वेस्टर्स को शॉर्ट कर रहे हैं?"

    राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, "मैंने 2024 में साफ कहा था - एफ़एंडओ बाज़ार 'बड़े खिलाड़ियों' का खेल बन चुका है, और छोटे निवेशकों की जेब लगातार कट रही है. अब सेबी खुद मान रहा है कि जेन स्ट्रीट ने हेर-फेर करके हज़ारों करोड़ रुपये का मुनाफ़ा कमाया."

    राहुल गांधी ने लिखा, "हर मामले में साफ दिख रहा है - मोदी सरकार अमीरों को और अमीर बना रही है."

    हाल ही में सेबी ने शेयर बाज़ार में हेर-फेर कर मुनाफ़ा कमाने के आरोप में अमेरिकी फर्म जेन स्ट्रीट पर प्रतिबंध लगाया है.

  10. अखिलेश यादव बोले- बिहार में बीजेपी नीतीश कुमार का इस्तेमाल कर रही है, सीएम नहीं बनाएगी

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, @samajwadiparty

    इमेज कैप्शन, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस की

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को पूरा समर्थन देगी.

    उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश में बीजेपी के "घोटालों" का पर्दाफाश किया जाएगा.

    अखिलेश यादव ने कहा, "हम बिहार के चुनाव में लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव की पूरी मदद करेंगे और बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में जो घोटाले किए हैं, वो सब बिहार में बताए जाएंगे."

    अखिलेश यादव ने कहा, "ये भी बताया जाएगा कि बीजेपी नीतीश कुमार का नाम इस्तेमाल कर रही है. उनका चेहरा इस्तेमाल करेगी, लेकिन बाद में उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी. हम लोग तो उन्हें प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे...बीजेपी के लोग उन्हें रिटायर कर देंगे."

  11. सीबीआई डायरेक्टर की नियुक्ति की प्रक्रिया को लेकर ये बोले उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

    भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

    इमेज स्रोत, @VPIndia

    भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 7 जुलाई को केरल के नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ एडवांस्ड लीगल स्टडीज़ के स्टूडेंट्स को संबोधित किया.

    इस दौरान उन्होंने सीबीआई डायरेक्टर की नियुक्ति में चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया के शामिल होने पर बयान दिया.

    उन्होंने कहा, "मुझे हैरानी है कि सीबीआई डायरेक्टर जैसे कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति भारत के मुख्य न्यायाधीश की भागीदारी से की जाती है. क्यों? और ज़रा सोचिए, सीबीआई डायरेक्टर पद के अनुक्रम में सबसे सीनियर व्यक्ति नहीं हैं. उनके ऊपर सीवीसी, कैबिनेट सचिव, सभी सचिव होते हैं."'

    "क्या ऐसा दुनिया में कहीं और हो रहा है? मेरा कहना है कि कार्यपालिका की नियुक्ति कार्यपालिका के अलावा किसी और से क्यों कराई जानी चाहिए."

    जगदीप धनखड़ ने ये बात शक्ति विभाजन के सिद्धांत की अहमियत बताते हुए कही.

    उन्होंने कहा, "संविधान की मूल भावना का संरक्षण तब होता है जब संविधान के तीनों स्तंभ- विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका- आपसी तालमेल में काम करते हैं. लेकिन अगर इन तीनों स्तंभों में सामंजस्य न हो तो स्थिति चिंताजनक हो सकती है."

    जगदीप धनखड़ ने कहा, "यही कारण है कि कानून के स्टूडेंट्स के तौर पर आप 'सत्ता के विभाजन के सिद्धांत' पर ध्यान दें. मुद्दा ये नहीं है कि तीनों स्तंभों में से कौन सर्वोच्च है. संविधान की हर संस्था अपने-अपने क्षेत्र में सर्वोच्च है."

    बता दें कि केंद्र सरकार सीबीआई डायरेक्टर की नियुक्ति तीन सदस्यों की समिति की सिफ़ारिश पर करती है. इस समिति में अध्यक्ष के रूप में प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया या उनकी ओर से नामित सुप्रीम कोर्ट के कोई जज शामिल होते हैं.

  12. कीनिया में राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के मद्देनज़र नैरोबी जाने वाली सड़कें बंद

    कीनिया प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कीनिया में पिछले साल भी सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन हुए थे

    कीनिया के सुरक्षाबलों ने राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों से पहले मध्य नैरोबी की तरफ जाने वाली सभी प्रमुख सड़कों को बंद कर दिया है.

    शहर के ज़्यादातर हिस्से सूने पड़े हैं और व्यावसायिक गतिविधियां बंद हैं. सड़कों पर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है. कुछ स्कूलों ने अपने स्टूडेंट्स को घर पर रहने की सलाह दी है.

    कल रात और आज सुबह सैकड़ों लोग चेकपोस्टों पर फंसे रहे. सुरक्षाबलों ने कुछ ही वाहनों को आवाजाही की अनुमति दी.

    शहर की प्रमुख सरकारी इमारतों की ओर जाने वाली पर सड़कों पर तारबंदी कर दी गई है. इसमें राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास, स्टेट हाउस और देश की संसद शामिल है.

    पुलिस ने रविवार शाम को जारी किए गए एक बयान में कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना और लोगों के जान-माल की रक्षा करना उनका संवैधानिक कर्त्तव्य है.

    सोमवार के विरोध प्रदर्शन जिन्हें सबा सबा (स्वाहिली भाषा में 7 जुलाई) कहा गया, केन्या में बहुदलीय लोकतंत्र के लिए 1990 के दशक के संघर्ष की याद दिलाते हैं.

  13. अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. आईसीसी के सीईओ बने संजोग गुप्ता

    संजोग गुप्ता

    इमेज स्रोत, ICC

    इमेज कैप्शन, संजोग गुप्ता आईसीसी के सातवें सीईओ बन गए हैं

    इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने संजोग गुप्ता को नया सीईओ नियुक्त किया है. इसके साथ ही वह आईसीसी के सातवें सीईओ बन गए हैं.

    इसकी जानकारी देते हुए आईसीसी ने कहा कि संजोग गुप्ता मीडिया, इंटरटेनमेंट और खेल जगत के सम्मानित शख्स हैं. वह वि​भिन्न क्षेत्रों में दो दशक के अनुभव के साथ आईसीसी आए हैं.

    संयोग गुप्ता इससे पहले जियोस्टार के सीईओ-स्पोर्ट्स के पद पर कार्यरत थे.

    आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने संयोग गुप्ता की नियुक्ति पर कहा, "मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि संजोग गुप्ता को आईसीसी का सीईओ नियुक्त किया गया है."

    "संजोग के पास खेल और बिजनेस का व्यापक अनुभव है, जो आईसीसी के लिए फायदेमंद होगा."

    संजोग ने अपना करियर की शुरुआत एक पत्रकार के रूप में की थी. इसके बाद 2010 में वह स्टार इंडिया (अब जियोस्टार) में शामिल हो गए और यहां कई भूमिकाएँ निभाईं.

    उन्हें नवंबर 2024 में जियोस्टार स्पोर्ट्स का सीईओ नियुक्त किया गया था.

  15. टेक्सस में बाढ़: मरने वालों की संख्या 81 हुई, 41 लोग अब भी लापता

    बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारी बारिश के कारण टेक्सस में ग्वाडालूप नदी के किनारे बाढ़ आ गई

    अमेरिका के टेक्सस राज्य में आई अचानक बाढ़ में अब तक 81 लोगों की मौत हो चुकी है और 41 लोग लापता हैं.

    केर काउंटी में 28 बच्चों सहित 68 लोगों की जान चली गई है. केर काउंटी का नदी किनारे स्थित लड़कियों के शिविर में बाढ़ आ गई थी. कैंप मिस्टिक की दस लड़कियां और एक काउंसलर अभी भी लापता हैं.

    ट्रैविस काउंटी में पांच, बर्नेट काउंटी में तीन, विलियमसन काउंटी में दो, केंडल काउंटी में दो और टॉम ग्रीन काउंटी में एक व्यक्ति के मौत की पुष्टि हुई है.

    अधिकारियों ने बताया कि लोगों की तलाश की जा रही है और इसके कारण मौत का आंकड़ा भी बहुत तेज़ी से बदल रहा है.

    केर काउंटी में 10 बच्चों सहित अब तक 28 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं लेकिन अभी तक इनकी पहचान नहीं हो पाई है.

    मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 से 48 घंटों में इस क्षेत्र में तूफ़ान आ सकता है, जिससे राहत कार्य प्रभावित हो सकते हैं.

  16. पाकिस्तान में पालतू शेर ने किया हमला, महिला सहित चार लोग घायल

    शेर

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    पाकिस्तान में पालतू शेर ने एक महिला और उसके तीन बच्चों पर हमला कर घायल कर दिया. इस मामले में पुलिस ने शेर के मालिक को गिरफ़्तार कर लिया है.

    लाहौर शहर से सामने आई सीसीटीवी फुटेज में साफ़ दिखाई दे रहा है कि कैसे शेर ने कंक्रीट की दीवार फांदकर महिला का ​पीछा किया और अन्य लोग डर कर भाग गए.

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला और उसके पांच और सात साल के बच्चों के हाथों और चेहरों पर काफी चोट आई है.

    लाहौर पुलिस ने शेर के मालिक पर बिना लाइसेंस जंगली जानवर रखने और लापरवाही बरतने का केस दर्ज किया. शेर को पुलिस ने पकड़कर वन्य जीव पार्क पहुंचा दिया है.

    पाकिस्तान में लाइसेंस लेकर शेर, चीता, बाघ, प्यूमा और जगुआर को पाला जा सकता है. इसके लिए प्रति पशु सिर्फ़ 50 हज़ार रुपए शुल्क भुगतान करना होता है.

  17. इसराइल और हमास की संघर्ष विराम वार्ता बेनतीजा ख़त्म हुई

    प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    एक फ़लस्तीनी अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि इसराइल और हमास के बीच संघर्ष विराम को लेकर चल रही अप्रत्यक्ष बातचीत बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई है.

    अधिकारी के अनुसार, संघर्ष विराम को लेकर कतर की राजधानी दोहा में करीब साढ़े तीन घंटे तक दो अलग-अलग भवनों में यह बातचीत हुई.

    कतर और मिस्र के मध्यस्थों के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच संदेशों का आदान-प्रदान किया गया, लेकिन संघर्ष विराम को लेकर कोई प्रगति नहीं हुई.

    अधिकारी ने बताया कि सोमवार को एक बार फिर से बातचीत शुरू होने की उम्मीद है. मध्यस्थों ने दोनों पक्षों के बीच आ रही अड़चनों और मतभेदों को कम करने के लिए, प्रत्येक प्रतिनिधिमंडल से अलग-अलग बातचीत की योजना बनाई है.

    अप्रत्यक्ष वार्ता ऐसे समय में हो रही है जब इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू अमेरिका के राष्ट्रपति से मुलाकात करने के लिए वाशिंगटन जा रहे हैं.

    नेतन्याहू ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ होने वाली बैठक से बंधकों की रिहाई और ग़ज़ा में युद्ध विराम के लिए समझौते की दिशा में प्रगति हो सकती है.

    उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने वार्ताकारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे इसराइल की शर्तों पर ही संघर्ष विराम का समझौता करें.

  18. बिहार मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर 10 जुलाई को सुनवाई करेगा उच्चतम न्यायालय

    उच्चतम न्यायालय

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बिहार में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण पर उच्चतम न्यायालय ने अंतरिम रोक लगाने से इंकार कर दिया है. अब इस मामले में गुरुवार को सुनवाई होगी.

    इस मामले में वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल, अभिषेक मनु सिंघवी, शादाब फरासत और गोपाल शंकरनारायणन ने सुप्रीम कोर्ट में तत्काल सुनवाई की मांग की.

    न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया और न्यायमूर्ति जयमाल्या बागची की पीठ के समक्ष दलील देते हुए वरिष्ठ वकीलों ने कहा, "चुनाव आयोग के फैसले से लाखों मतदाताओं, खासकर महिलाओं और गरीब लोगों के अधिकारों पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है."

    सिंघवी ने कहा, "8 करोड़ मतदाता हैं और 4 करोड़ को गणना करनी है."

    आरजेडी के तरफ से पेश हुए सिब्बल ने कहा, "यह एक असंभव कार्य है." शंकरनारायणन ने कहा, "वह आधार कार्ड, मतदाता कार्ड स्वीकार नहीं कर रहे हैं."

    सिंघवी ने कहा, "निर्धारित समय बहुत कम है और इसके अनुसार अगर 25 जुलाई तक आप प्रमाण नहीं दे पाए तो आप सूची से बाहर हो जाएंगे."

    न्यायमूर्ति धूलिया ने कहा, "अभी तक चुनाव की घोषणा नहीं हुई है. ऐसे में समय सीमा की कोई वैधता नहीं है."

  19. इसराइल ने कहा- कैफ़े पर हमले में हमास के नौ सेना कमांडर की मौत

    अल-बका कैफ़ेटेरिया

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा के अल-बका कैफ़ेटेरिया पर सोमवार को इसराइल ने बमबारी की

    इसराइली सेना ने कहा है कि उन्होंने उत्तरी ग़ज़ा के एक समुद्रतटीय कैफ़े पर हमले में हमास के नौ सेना के कमांडर को मार गिराया है. इस हमले में कई आम लोग भी मारे गए हैं.

    सोमवार को ग़ज़ा के अल-बका कैफ़े पर हुए हमले के बाद ग़ज़ा और विदेशों में रहने वाले परिवार के सदस्यों ने बीबीसी को बताया कि वो बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की ख़बर से परेशान हैं.

    इसराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने रविवार को कहा कि इस हमले में नौ सेना के कमांडर रमजी रमजान अब्द अली सालेह के साथ-साथ हमास की मोर्टार इकाई के उप प्रमुख हिशाम अयमान अतिया मंसूर और निसिम मुहम्मद सुलेमान अबू सबहा की मौत हो गई.

    आईडीएफ ने कहा कि सालेह हमास के "समुद्री हमलों" की योजना बनाने और उन्हें आगे बढ़ाने में शामिल था.

    ग़ज़ा स्थित सूत्रों ने बीबीसी को बताया था कि हमले के समय एक वरिष्ठ हमास कमांडर के कैफ़े में मौजूद होने की अफवाह थी.

    बीबीसी ने कैफ़े पर हमले में मारे गए 29 लोगों के नामों की पुष्टि की है, इसमें से कम से कम नौ महिलाएं थीं और बच्चे भी थे.

  20. ट्रंप ने नई पार्टी बनाने की योजना को लेकर मस्क पर साधा निशाना

    ट्रंप और मस्क

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप और मस्क पहले करीबी सहयोगी थे

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क पर नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने की घोषणा के बाद निशाना साधा है.

    ट्रंप ने रविवार को अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखा, "मैं एलन मस्क को पूरी तरह से 'पटरी से उतरते' हुए देखकर दुखी हूं, जो पिछले पांच हफ्तों में वास्तव में एक ट्रेन दुर्घटना बन गए हैं."

    कई सप्ताह तक नई पार्टी पर विचार करने के बाद, मस्क ने सप्ताहांत में एक्स पर नई पार्टी बनाने की घोषणा की. उन्होंने अपने नए दल का नाम 'अमेरिका पार्टी' रखा.

    टेस्ला प्रमुख की यह घोषणा, राष्ट्रपति ट्रंप से सार्वजनिक मतभेद होने के कुछ सप्ताह बाद आई है.

    मस्क ने ट्रंप के साथ सार्वजनिक विवाद के दौरान एक नई राजनीतिक पार्टी का विचार ऑनलाइन पेश किया था, क्योंकि ट्रंप बार-बार उनकी योजनाओं की आलोचना कर रहे थे.