You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इंजीनियर राशिद को ज़मानत मिलने पर उमर अब्दुल्ला बोले- बारामूला के लोगों के लिए अफ़सोस

बारामूला से सांसद इंजीनियर राशिद को जम्मू कश्मीर में चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम ज़मानत दी गई है. इसको लेकर जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि 'मुझे पता था कि ऐसा होगा.'

सारांश

  • मणिपुर में 15 सितंबर तक इंटरनेट बंद रहेगा
  • हरियाणा में बीजेपी की दूसरी लिस्ट: 21 और उम्मीदवारों के नाम घोषित
  • केरल हाई कोर्ट ने जस्टिस हेमा कमिटी की रिपोर्ट पर राज्य सरकार से पूछे सवाल
  • कांग्रेस ने सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच और पीएम मोदी का ज़िक्र कर कई सवाल उठाए हैं
  • अमेरिका में राहुल गांधी बोले- मैं इस बार के चुनाव को स्वतंत्र नहीं मानता, यह नियंत्रित चुनाव था

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, संदीप राय, सुमंत सिंह और अदिति शर्मा

  1. अमेरिका में दिए राहुल गांधी के बयानों पर बीजेपी की तीखी प्रतिक्रिया

    आरएसएस और पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए बयानों पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी के बयानों को 'देश विरोधी' बताया है.

    शिवराज सिंह ने कहा, "राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं. ये ज़िम्मेदारी का पद है. मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूँ कि जब अटल बिहारी वाजपेयी नेता प्रतिपक्ष थे, नरसिम्हा राव जी प्रधानमंत्री हुआ करते थे, तब कई मामलों में वाजपेयी जी बाहर देश का प्रतिनिधित्व करते थे. देश के बाहर कभी भी नेता प्रतिपक्ष ने देश की छवि खराब करने की कोशिश नहीं की.”

    उन्होंने कहा, “लेकिन राहुल कुंठाग्रस्त हैं. लगातार तीसरी बार हारने के कारण वो बीजेपी, संघ और मोदी के अंधविरोधी हो गए हैं. और वो ये विरोध करते करते देश का ही विरोध करने लगे हैं. वे लगातार देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.”

    उन्होंने कहा, “ये देशद्रोह के अंतर्गत ही आता है. संविधान पर हमले किसने किये? इमरजेंसी किसने लगाई? राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा करते हैं पर वो ना भारत से जुड़ पाए, ना भारत के लोगों से जुड़ पाए."

    बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी ‘डर का माहौल’ बना रहे हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई से प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "डर उन लोगों को लगता है जो भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, घोटाले कर रहे हैं. लेकिन देश में ऐसा एक भी व्यक्ति नहीं है जो कहे की उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डर लगता है.”

    उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता लोगों के सर चढ़ कर बोल रही है. राहुल गांधी को ये सहन नहीं होता और इस कारण वो एक डर का माहौल बना रहे हैं. ये ग़लत है, भ्रामक है और कम से कम नेता प्रतिपक्ष को ऐसा गैर ज़िम्मेदार बयान विदेशी धरती पर नहीं देना चाहिए."

    सिखों पर दिए बयान पर बीजेपी हमलावर

    बीजेपी नेता आरपी सिंह ने एएनआई से कहा, "कांग्रेस की सरकार के रहते सिखों की पगड़ी उतारी जाती थी, चेकिंग होती थी, उनके केश काटे गए, जलाया गया. कांग्रेस के रहते दिल्ली के अंदर 3000 सिखों का कत्लेआम हुआ.”

    उन्होंने कहा, “आज देश के अंदर सभी धर्मों को एक समान देखा जाता है, कोई भेदभाव नहीं है. विदेश में जाकर वैमनस्य फैलाना गलत है. मैं राहुल गांधी को चुनौती देता हूँ, वो सिखों को लेकर जो बयान विदेश में दे रहे हैं, वही बयान भारत में दें और मैं उनके ख़िलाफ़ मुकदमा करूंगा."

    राहुल गांधी ने वर्जीनिया में कहा कि “भारत में आज इस बात की लड़ाई है कि कोई सिख कड़ा, पगड़ी पहन सकता है या नहीं. वो गुरुद्वारा जा पाएगा या नहीं. ये सिर्फ सिखों की नहीं, हर धर्म की बात है.”

  2. हरियाणा चुनाव में कांग्रेस और आप के अलग-अलग लड़ने का असर क्या होगा?

  3. कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप के बीच पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट, क्या है माहौल, कैटी के, अमेरिकी विशेष संवाददाता

    अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से पहले डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप के बीच आज प्रेसिडेंशियल डिबेट होने वाली है.

    इस डिबेट को एबीसी न्यूज़ आयोजित कर है. माना जा रहा है कि दोनों ही उम्मीदवारों से टैक्स में कटौती और विदेश नीतियों पर सवाल पूछे जाएंगे.

    लेकिन डिबेट में दर्शकों का ध्यान इस बात पर रहता है कि कौन उम्मीदवार लड़खड़ाता है या कौन पूरी डिबेट में दूसरे पर हावी रहता है.

    ट्रंप के सलाहकारों ने बताया कि नीतियों को लेकर ट्रंप ने विशेष तैयारी की है.

    वो टेलीविज़न के दर्शकों की पसंद को अच्छी तरह जानते हैं, इसलिए वो अपने प्रदर्शन की नाटकीयता को और बेहतर करने की कोशिश करेंगे.

    राष्ट्रपति डिबेट में ट्रंप पहले ही छह बार हिस्सा ले चुके हैं जबकि कमला हैरिस का यह डेब्यू है.

    राष्ट्रपति जो बाइडन के देर से रेस से हटने के कारण कुछ ही सप्ताह में विश्वस्तरीय प्रदर्शन के लिए तैयार होने के लिए कमला हैरिस को रिहर्सल का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया है.

    हालांकि उन्होंने नीतियों को लेकर काफ़ी तैयारी की लेकिन उनके सलाहकारों ने टीवी दर्शकों का दिल जीतने की भी तैयारी की है.

    कथित तौर पर कमला हैरिस की तैयारी के लिए उनकी टीम ने टेलीविज़न स्टेज पर रिहर्सल कराया, जहां एक डिबेट पोडियम बनाया गया था और विधिवत लाइटिंग की गई थी.

    उनकी टीम थोड़ी नर्वस है क्योंकि हालिया सीएनएन इंटरव्यू में कमला कुछ ख़ास प्रभाव नहीं डाल सकी थीं.

    अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव होंगे.

  4. अमेरिका में राहुल गांधी बोले- मैं इस बार के चुनाव को स्वतंत्र नहीं मानता, यह नियंत्रित चुनाव था

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान लोकसभा चुनाव को लेकर टिप्पणी की.

    इसके अलावा उन्होंने व्यापार, आरएसएस, मीडिया और संविधान जैसे मुद्दों पर भी बात की.

    राहुल गांधी ने कहा, "चुनाव से पहले हमें इस बात की चिंता थी कि संस्थानों पर कब्ज़ा कर लिया गया है... हमारे लिए यह फ़ेयर गेम नहीं था. शिक्षा व्यवस्था पर आरएसएस ने कब्ज़ा कर लिया है. मीडिया और जांच एजेंसियों पर कब्ज़ा है. हम यह लोगों को बता रहे थे लेकिन वे इस बात को नहीं समझ पा रहे थे..."

    "इसके बाद मैंने संविधान को अपने साथ रखना शुरू कर दिया और लोगों को सब समझ में आने लगा... भारत के ग़रीब और पीड़ित लोगों को समझ में आ गया कि अगर संविधान गया तो सबकुछ चला जाएगा. ग़रीब लोगों को यह समझ में आ गया कि ये लड़ाई संविधान को बचाने वालों और इसे ख़त्म करने वालों के बीच है."

    राहुल गांधी ने कहा, "जातिगत जनगणना का मुद्दा भी बड़ा हुआ. ये सब चीज़ें अचानक से साथ हो गईं."

    उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि एक निष्पक्ष चुनाव में भाजपा 246 सीट तक भी जीत सकती थी. उनके पास वित्तीय सहायता थी, उन्होंने हमारे बैंक अकाउंट लॉक कर दिए. चुनाव आयोग वही कर रहा था जो वो चाहते थे."

    "पूरा चुनाव अभियान इस तरह से तैयार किया गया कि नरेंद्र मोदी पूरे देश में अपना काम कर सकें. जिन राज्यों में वे कमज़ोर थे उन्हें अलग तरीके से डिज़ाइन किया गया, जहां वे मजबूत थे वहां अलग तरीके से डिज़ाइन किया गया. मैं इसे स्वतंत्र चुनाव नहीं मानता. मैं इसे नियंत्रित चुनाव मानता हूं."

    राहुल गांधी ने कहा, "चुनाव प्रचार के अभियान के आधे समय तक मोदी को नहीं लगा था कि वे 300-400 सीटों के करीब पहुंच गए हैं. जब उन्होंने कहा कि मैं सीधा भगवान से बात करता हूं, तब हमें पता चल गया था कि हमने उन्हें पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है. हमने इसे मनोवैज्ञानिक पतन के रूप में देखा. नरेंद्र मोदी को सत्ता में लाने वाला गठबंधन टूट गया है."

    उन्होंने कहा, "सरकार और दो या तीन बड़े बिजनेस के बीच बड़ी सांठगांठ है. ओबीसी और दलितों को धोखा दिया जा रहा है."

    राहुल के बयान पर विवाद

    इससे पहले डलास में भी राहुल गांधी ने आरएसएस पर टिप्पणी की थी, जिसको लेकर भाजपा ने पटलवार किया.

    डलास में राहुल गांधी ने कहा था, "आरएसएस मानता है कि भारत ‘एक विचार’ है जबकि हम मानते हैं कि भारत ‘कई विचारों’ से बना है. हम अमेरिका की तरह मानते हैं कि हर किसी को सपने देखने का अधिकार है, सबको भागीदारी का मौक़ा मिलना चाहिए और यही लड़ाई है."

    इस पर बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने कहा था, "आरएसएस को जानने के लिए राहुल गांधी को कई जन्म लेने पड़ेंगे. कोई देशद्रोही आरएसएस को नहीं जान सकता. जो विदेशों में जाकर देश की निंदा करे वो आरएसएस को नहीं जान सकता. लगता है कि राहुल गांधी भारत को बदनाम करने के लिए ही विदेश जाते हैं."

    इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि ‘आरएसएस को भारत की कोई समझ नहीं है. उन्होंने भारत के संविधान का भी आख़िर तक विरोध किया था, जब वो संभव नहीं हो पाया तब जाकर उन्होंने संविधान को स्वीकारा. उन्होंने 52 साल तक तिरंगे का भी विरोध किया था. क्या ये बात किसी से छुपी है?’

  5. केदारनाथ हाईवे पर भूस्खलन, कुछ यात्रियों के दबने की आशंका

    उत्तराखंड के सोनप्रयाग और रुद्रप्रयाग के बीच सोमवार को हुए भूस्खलन में कुछ यात्री दब गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक भूस्खलन केदारनाथ नेशनल हाईवे पर हुआ है. फ़िलहाल यात्रियों को मलबे से सुरक्षित निकालने के लिए राहत बचाव कार्य जारी है.

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना के संबंध में बताया और यात्रियों के सकुशल होने की कामना की.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "सोनप्रयाग-मुनकटिया(रुद्रप्रयाग) के बीच मलबा आने से कुछ यात्रियों के दबे होने की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई."

    "स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ़ और एसडीआरएफ़ की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं. मैं भी संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हूं और रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहा हूं."

  6. अफ़ग़ानिस्तान: दम तोड़ते बच्चों को देख माँएं कह रहीं, काश इनकी जगह मैं मर जाती- ग्राउंड रिपोर्ट

  7. ग़ज़ा में इसराइल के हवाई हमले में 40 लोगों की मौत- हमास संचालित प्रशासन

    हमास संचालित प्रशासन ने कहा है कि ग़ज़ा पट्टी में इसराइल के ताज़ा हवाई हमले में कम से कम 40 लोगों की मौत हुई है.

    हमास संचालित सिविल डिफ़ेंस प्रशासन ने कहा है कि ये हमला मानवीय मदद के लिए निर्धारित इलाक़े में हुआ और कई अन्य लोगों के घायल होने की आशंका है.

    इसराइली सेना ने कहा कि 'उसके लड़ाकू विमानों ने ख़ान युनिस में हमास के लड़ाकों के एक संचालन केंद्र पर हमला किया और इस अभियान में नागरिकों को नुकसान से बचाने के उपाय किए गए थे.'

    स्थानीय निवासियों ने कहा कि अल-मवासी में विस्थापित लोगों के टेंटों पर तीन हमले किए गए, जिससे एक विशाल गड्ढा बन गया है.

    अल-मवासी ख़ान युनिस के पश्चिम में बसा आबादी वाला इलाक़ा है.

    हमास के सिविल डिफ़ेंस के ऑपरेशंस डायरेक्टर ने बीबीसी को बताया, “40 लोग मारे गए और 60 लोग घायल हुए हैं जबकि कई लोग मलबे के नीचे दबे हुए हैं.”

    बीते साल अक्टूबर में जब इसराइल ने अपना सैन्य अभियान शुरु किया, उसके बाद हज़ारों विस्थापित फ़लस्तीनी जान बचाकर ख़ान युनिस चले गए थे.

    यह ज़मीनी सैन्य अभियान, सात अक्टूबर को हमास के इसराइल के अंदर घुस कर किए गए हमले के बाद इसराइल ने शुरू किया था, जिसमें 1200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बनाकर ग़ज़ा में ले जाया गया था.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इसराइली सैन्य अभियान में अबतक 40,900 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.

  8. कैंसर की दवाओं पर टैक्स घटा, जीएसटी काउंसिल की बैठक में हुए ये बड़े फ़ैसले

    सोमवार को हुई जीएसटी काउंसिल की 54वीं बैठक में कैंसर दवाओं पर टैक्स कम करने से लेकर केंद्रीय और राज्य सरकार की यूनिवर्सिटी को दिए जाने वाले रिसर्च फ़ंड से टैक्स हटाने का फैसला लिया गया है.

    हालांकि जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा पर टैक्स को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है और इसके लिए एक मंत्री समूह के गठन की सिफ़ारिश की गई है. वर्तमान में इन पर 18% जीएसटी है.

    काउंसिल की चेयरपर्सन और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैठक के बाद मीडिया ब्रीफ़िंग में बताया कि 'काउंसिल ने राज्य और केंद्र के सभी विश्वविद्यालय और रिसर्च सेंटर और जिन संस्थानों को आयकर से छूट मिली है, वे सरकारी और निजी दोनों से क्षेत्र से रिसर्च फंड प्राप्त कर सकते हैं.'

    वित्त मंत्री ने कहा, "इन संस्थानों को जीएसटी का भुगतान नहीं करना है, इन्हें जीएसटी से छूट दी गई है."

    बड़े फ़ैसले:

    1. प्रेस इन्फ़ार्मेशन ब्यूरो के मुताबिक़ जीएसटी काउंसिल ने जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा पर जीएसटी से संबंधित मुद्दों पर विचार करने के लिए मंत्रियों के एक समूह (जीओएम) के गठन की सिफ़ारिश की है.

    जीओएम में बिहार, यूपी, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, केरल, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, मेघालय, गोवा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पंजाब और गुजरात सदस्य के रूप में शामिल हैं. इसे अक्तूबर 2024 के अंत तक रिपोर्ट पेश करनी है.

    2. जीएसटी काउंसिल ने मुआवजा उपकर () को लेकर भविष्य में स्टडी करने के लिए एक जीओएम के गठन की भी सिफारिश की है.

    3. जीएसटी काउंसिल ने कैंसर की दवाओं जैसे- ट्रैस्टुज़ुमैब डेरक्सटेकन, ओसिमर्टिनिब और ड्यूरवालुमैब पर जीएसटी दरों को 12% से घटाकर 5% करने की सिफारिश की है.

    4. जीएसटी काउंसिल ने बी2सी ई-चालान के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की सिफारिश की है. यह फ़ैसला बी2बी सेक्टर में ई-चालान की सफ़लता के बाद लिया गया है.

    5. नमकीन पर जीएसटी की दर को घटाकर 18% से 12% कर दिया गया है.

  9. उत्तर प्रदेश के बहराइच में पांचवां भेड़िया पकड़ा गया

    वन विभाग ने उत्तर प्रदेश के बहराइच में आतंक का सबब बने एक और भेड़िये को पकड़ लिया है.

    अधिकारियों के अनुसार, पांच भेड़ियों को पकड़ा जा चुका है और एक और भेड़िये को पकड़ा जाना है.

    सोमवार की रात रेस्क्यू अभियान चलाया गया. डीएफ़ओ अजीत प्रताप सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “छह भेड़ियों को पकड़ने की बात थी, जिसमें पांच को पकड़ लिया गया है. एक अब भी लापता है, उसे भी जल्द पकड़ लिया जाएगा.”

    उन्होंने कहा,“वन विभाग की एक पूरी टीम लगी है और कुछ लोगों को अलग से भी हायर किया गया है.”

    उन्होंने बताया कि ‘ये ग्रुप में लोगों पर हमला करते थे और ख़ासकर बच्चों को शिकार बनाते थे. जब तक ये सभी छह नहीं पकड़े जाते तब तक समस्या बनी रहेगी.’

    भेड़िए का आतंक

    उत्तर प्रदेश के बहराइच ज़िले में एक ख़ास इलाक़े में लोग कुछ दिनों से भेड़ियों के आतंक का सामना कर रहे थे.

    ये इलाक़ा भारत-नेपाल सीमा से सटे तराई अंचल का है, जहाँ भेड़ियों का झुंड ख़ासतौर से बच्चों को निशाना बना रहा है.

    भेड़ियों के हमलों से बड़े भी सुरक्षित नहीं हैं. इस इलाक़े में जुलाई और अगस्त महीने में भेड़िए छह बच्चों को अपना शिकार बना चुके हैं और कुल 26 लोग उनके हमले में घायल हुए हैं.

    जिसके बाद प्रदेश की योगी सरकार ने उन्हें पकड़ने का आदेश दिया था. काफ़ी कोशिशों के बाद जब वन विभाग को उन्हें पकड़ने में नाकामी हाथ लगी तो उन्हें मारने का आदेश जारी किया गया था.

  10. अमेरिका में राहुल गांधी ने कहा- अब लोगों को डर नहीं लगता, डर निकल गया

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस समय अमेरिका के तीन दिवसीय दौरे पर हैं. सोमवार को डलास के बाद वर्जीनिया में उन्होंने भारतीय समुदाय से मुलाक़ात की.

    राहुल गांधी ने वर्जीनिया के हर्नडन में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए लोकसभा चुनावों का ज़िक्र किया और पीएम मोदी के अलावा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, “चुनाव के तीन महीने पहले हमारे बैंक खाते सील कर दिए गए....हम सोच रहे थे कि अब आगे क्या किया जाए...मैंने कहा देखा जाएगा और हम चुनाव में गए.”

    उन्होंने कहा, “चुनाव के बाद बहुत कुछ बदल गया. कुछ लोगों ने कहा कि ‘डर नहीं लगता अब, डर निकल गया’...मेरे लिए ये दिलचस्प था कि बीजेपी और पीएम मोदी ने जितना डर फैलाया था, छोटे व्यवसायों पर एजेंसियों का जितना दबाव बनाया गया....ये सब ग़ायब हो गया. संसद में मैंने प्रधानमंत्री को बिल्कुल कऱीब से देखा और मैं आपको बता सकता हूं कि मोदी का आइडिया- 56 इंच की छाती, ईश्वर के साथ सीधा संपर्क, ये सब अब जा चुका है. अब ये सब इतिहास हो गया है...”

    संघ को लेकर उन्होंने कहा, “आरएसएस का कहना है कि कुछ राज्य दूसरों से कमतर हैं. कुछ भाषाएं दूसरों से कमतर हैं, कुछ धर्म दूसरे धर्मों से कमतर हैं और कुछ समुदाय दूसरे समुदायों से कमतर हैं.”

    “सभी राज्यों के अपने इतिहास और अपनी परंपरा हैं..आरएसएस की विचारधारा है कि तमिल, मराठी, बंगाली, मणिपुरी...ये कमतर भाषाएं हैं...इसी बात की लड़ाई है...ये लोग (आरएसएस) भारत को नहीं समझते.”

    उन्होंने कहा, “बीजेपी नहीं समझती है कि यह देश सभी का है. भारत एक संघ है. संविधान में ये साफ़ साफ़ लिखा है...इंडिया यानी भारत राज्यों का संघ है.. वे कहते हैं कि यह संघ नहीं है, ये कुछ अलग है.”

    राहुल के बयान पर विवाद

    इससे पहले डलास में भी राहुल गांधी ने आरएसएस पर टिप्पणी की थी, जिसे लेकर बीजेपी ने पटलवार किया था.

    डलास में राहुल गांधी ने कहा था, ''आरएसएस मानता है कि भारत ‘एक विचार’ है जबकि हम मानते हैं कि भारत ‘कई विचारों’ से बना है. हम अमेरिका की तरह मानते हैं कि हर किसी को सपने देखने का अधिकार है, सबको भागीदारी का मौक़ा मिलना चाहिए और यही लड़ाई है.''

    इस पर बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने कहा था, "आरएसएस को जानने के लिए राहुल गांधी को कई जन्म लेने पड़ेंगे. कोई देशद्रोही आरएसएस को नहीं जान सकता. जो विदेशों में जाकर देश की निंदा करे वो आरएसएस को नहीं जान सकता. लगता है कि राहुल गांधी भारत को बदनाम करने के लिए ही विदेश जाते हैं."

    इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि ‘आरएसएस को भारत की कोई समझ नहीं है. उन्होंने भारत के संविधान का भी आख़िर तक विरोध किया था, जब वो संभव नहीं हो पाया तब जाकर उन्होंने संविधान को स्वीकारा. उन्होंने 52 साल तक तिरंगे का भी विरोध किया था. क्या ये बात किसी से छुपी है?’

  11. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय और सुमंत सिंह आज की बड़ी ख़बरें लेकर हाज़िर हैं.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    टॉप फ़ंड मैनेजर्स ने बीबीसी से कहा है कि भारत का शेयर बाज़ार नियामक अपने चीफ़ के ख़िलाफ़ बड़े पैमाने पर आरोपों के बाद अपनी विश्वसनीयता के ख़तरे का सामना कर रहा है. सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज़ बोर्ड ऑफ़ इंडिया (सेबी) की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच के ख़िलाफ़ कॉन्फ़्लिक्ट ऑफ़ इंटरेस्ट (जब किसी शख़्स का फ़ैसला उसकी व्यक्तिगत रुचि से प्रभावित हो) के इर्द-गिर्द कई आरोप लगाए गए हैं. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पूर्व जेलर सुनील सांगवान को चरखी दादरी से टिकट दिया है.सुनील सांगवान सुर्ख़ियों में हैं क्योंकि उनके जेल अधीक्षक के कार्यकाल के दौरान गुरमीत राम रहीम को 6 बार पैरोल या फरलो मिली थी. रिपोर्ट पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    गुजरात में सूरत के सैयदपुरा में रविवार देर रात एक गणेश पंडाल पर पथराव के मामले में पुलिस ने 28 लोगों को गिरफ़्तार किया है. पूरा मामले जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के रेप और हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट में नौ सितंबर को सुनवाई हुई. एक महीना पूरा, जानिए कब क्या हुआ? ये जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    सोमवार के लाइव पेज पर जाने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.