ईरान के यूरेनियम संवर्धन बढ़ाने पर अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने जताई चिंता
ईरान के अत्यधिक यूरेनियम संवर्धन करने के फैसले को अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के प्रमुख राफ़ेल ग्रॉसी ने 'गंभीर चिंता का विषय' कहा है.
ग्रॉसी ने बीबीसी से कहा, "ईरान अपने यूरेनियम संवर्धन को 60 प्रतिशत तक बढ़ा रहा है. यह यूरेनियम को परमाणु हथियार बनाने के स्तर तक संवर्धित करने से थोड़ा ही कम है."
यूरेनियम संवर्धन बढ़ाने के फ़ैसले को, हाल के महीनों में सीरिया, लेबनान और ग़ज़ा में सैन्य और राजनीयिक असफलताओं के बाद ईरान की प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा रहा है.
राफ़ेल ग्रॉसी ने कहा, "ये कोई 'छुपी हुई बात' नहीं है कि ईरान में कुछ नेता परमाणु हथियार बनाने की बात बोल रहे थे."
हालांकि आईएईए प्रमुख ने कहा कि हाल के दिनों में ईरानी नेतृत्व से उनकी बातचीत हुई है और उन्हें ऐसा नहीं लगता कि वे 'इस विकल्प का चुनाव करेंगे.'