डोनाल्ड ट्रंप बोले, 'हमास ने इनकार किया तो उसे पूरी तरह ख़त्म कर देंगे'

ट्रंप ने कहा कि जल्द ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि क्या हमास सच में शांति चाहता है या नहीं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अंशुल सिंह

  1. लंदन में 'फ़लस्तीन एक्शन' के समर्थन में प्रदर्शन, क़रीब 500 लोग गिरफ़्तार, थॉमस मैकिन्टॉश और इमोगेन जेम्स, बीबीसी न्यूज़

    लंदन में प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, PA Media

    इमेज कैप्शन, इसी साल जुलाई में ब्रिटिश सरकार ने 'फ़लस्तीन एक्शन' पर बैन लगा दिया था

    ब्रिटेन के सेंट्रल लंदन में शनिवार को प्रतिबंधित संगठन 'फ़लस्तीन एक्शन' के समर्थन में प्रदर्शन करने वाले क़रीब 500 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. ब्रिटिश पुलिस ने यह जानकारी दी है.

    प्रदर्शन के आयोजकों का कहना है कि इस प्रदर्शन में क़रीब एक हज़ार लोग शामिल हुए.

    इसी साल जुलाई में ब्रिटिश सरकार ने 'फ़लस्तीन एक्शन' पर बैन लगा दिया. इसके बाद से देश में इस संगठन से किसी भी तरह का संबंध या इसका समर्थन करना अवैध है.

    पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधित संगठन के समर्थन में प्रदर्शन करने वाले 488 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. इन लोगों की उम्र 18 से 89 वर्ष के बीच है.

    गुरुवार को मैनचेस्टर में सिनेगॉग पर हुए हमले के बाद मंत्रियों और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से विरोध प्रदर्शन स्थगित करने को कहा था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

  2. टोल टैक्स के नियमों में हुआ बदलाव, यूपीआई से भुगतान करने पर इतना देना होगा शुल्क

    टोल प्लाज़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जिन वाहनों में फ़ास्टैग नहीं होता है, उन्हें अभी नक़द में दोगुना टैक्स देना पड़ता है (सांकेतिक तस्वीर)

    केंद्र सरकार ने टोल टैक्स के नियमों में बदलाव किया है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के मुताबिक़, 15 नवंबर से टोल प्लाज़ा में यूपीआई से भुगतान करने पर 1.25 गुना शुल्क देना पड़ेगा.

    पीआईबी की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ में बताया गया कि 15 नवंबर से वैध फ़ास्टैग के बिना राष्ट्रीय राजमार्ग में प्रवेश करने वाले वाहनों का शुल्क यूपीआई के ज़रिए भी चुकाया जा सकेगा. लेकिन इस स्थिति में नियमित टोल राशि का 1.25 गुना शुल्क लिया जाएगा.

    वर्तमान में जिन वाहनों में वैध फ़ास्टैग नहीं लगा होता है, उन्हें नक़द में दोगुना टोल टैक्स चुकाना पड़ता है.

    सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने कहा कि डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने और ग़ैर-फ़ास्टैग उपयोगकर्ताओं के लिए टोल प्लाज़ा पर नक़द लेनदेन को ख़त्म करने के लिए एक महत्वपूर्ण क़दम उठाते हुए भारत सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दरों का निर्धारण और संग्रहण) नियम, 2008 में संशोधन किया है.

  3. सुनील गावसकर बोले- 'शुभमन गिल जल्द ही तीनों फ़ॉर्मेट के कप्तान होंगे'

    सुनील गावसकर

    इमेज स्रोत, Pankaj Nangia/Getty

    इमेज कैप्शन, गावसकर ने कहा कि गिल को वनडे की कप्तानी सौंपने पर उन्हें हैरानी नहीं हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावसकर ने कहा है कि शुभमन गिल जल्द ही तीनों फ़ॉर्मेट के कप्तान होंगे.

    उन्होंने कहा कि एशिया कप में गिल को उपकप्तान बनाया गया था, इससे साफ़ संदेश मिलता है कि वह जल्द ही टी20 के भी कप्तान बनेंगे.

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ वनडे टीम की घोषणा के बाद इंडिया टुडे से बातचीत में गावसकर ने कहा कि शुभमन गिल को कप्तानी सौंपने पर उन्हें ताज्जुब नहीं हुआ.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए यह फ़ैसला लिया गया. अभी सूर्यकुमार यादव टी20 टीम के कप्तान हैं. उन्होंने एक हफ़्ते पहले एशिया कप जीता है. इस टूर्नामेंट में शुभमन उपकप्तान थे."

    "मुझे लगता है कि संदेश साफ़ है, शुभमन गिल जल्द ही सभी फॉर्मेट के कप्तान बनेंगे."

    शनिवार को मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा था कि तीनों फ़ॉर्मेट के लिए अलग-अलग कप्तान रखना आसान नहीं होता. उन्होंने कहा कि इससे टीम के लिए योजना बनाना और तालमेल बैठाना मुश्किल हो जाता है.

    संबंधित कहानियां:

  4. रोहित शर्मा को वनडे की कप्तानी से हटाने पर मोहम्मद कैफ़ बोले- 'हम उन्हें एक साल नहीं दे पाए'

    रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, RYAN LIM/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफ़ी और टी20 वर्ल्ड कप जीता है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर मोहम्मद कैफ़ ने रोहित शर्मा को वनडे की कप्तानी से हटाने पर सवाल उठाए हैं.

    कैफ़ ने कहा, "रोहित शर्मा ने हिंदुस्तान को 16 साल दिए, और हम उन्हें एक साल नहीं दे पाए."

    मोहम्मद कैफ़ ने कहा, "बतौर कप्तान आईसीसी टूर्नामेंट्स में 16 मैचों में से 15 में जीत है. एक मैच हारे हैं और वो 2023 का वनडे वर्ल्ड कप फ़ाइनल था."

    उन्होंने कहा, "चैंपियंस ट्रॉफ़ी के आख़िरी मैच में रोहित शर्मा प्लेयर ऑफ़ द मैच थे. वहां ट्रॉफ़ी जिताकर लाए. 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में भारत जीता, वहां उनके नाम ट्रॉफ़ी."

    "उन्होंने बड़प्पन दिखाया और रिटायरमेंट ले लिया कि हम 2024 का वर्ल्ड कप जीत गए. अब नए खिलाड़ियों को आने दो."

    कैफ़ ने कहा, "हिंदुस्तान में उदाहरण है कि जब तक आपका दौर चल रहा है, आप उसको खींचते रहो. लेकिन रोहित शर्मा ने ऐसा काम नहीं किया. उन्होंने प्लेयर बनाए, प्लेयर को सिखाया, संवारा, संभाला, अंडर प्रेशर... हर चीज़ बताई. पर उनको हमने एक साल नहीं दिया. जिस कप्तान ने हमें आठ महीने में दो आईसीसी ट्रॉफ़ियां दीं, उनका नाम नहीं है."

    इसके अलावा कैफ़ ने वनडे के नए कप्तान शुभमन गिल पर भी बात की.

    उन्होंने कहा, "शुभमन गिल युवा हैं, नए हैं, अच्छे कप्तान बन सकते हैं. पर हर चीज़ में जल्दबाज़ी करने की आवश्यकता क्या है? छप्पर फाड़ के देने की आवश्यकता क्या है? उनका वक्त आएगा, पर वैसे अभी रोहित शर्मा का वक्त था."

    शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ के लिए भारतीय टीम का एलान हुआ. इसमें रोहित शर्मा को हटाकर शुभमन गिल को कप्तान बनाया गया है.

    संबंधित कहानियां:

  5. ग़ज़ा में इसराइली बंधकों की रिहाई पर क्या बोले नेतन्याहू

    बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, NATHAN HOWARD/POOL/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, नेतन्याहू ने कहा कि ग़ज़ा में कोई भी सेना नहीं होगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि 'आने वाले दिनों' में वह ग़ज़ा में बनाए गए बंधकों की रिहाई की घोषणा करेंगे.

    टेलीविज़न पर नेतन्याहू का एक वीडियो प्रसारित किया गया. इसमें उन्होंने कहा, "हमास अपने हथियार डालेगा और ग़ज़ा में कोई भी सेना नहीं होगी. चाहे यह आसानी से हो या मुश्किल से, लेकिन होगा ज़रूर."

    हमास ने शुक्रवार को ग़ज़ा में शांति के लिए अमेरिकी योजना की कुछ शर्तों पर सहमति जताई और कहा कि वह कुछ प्रमुख शर्तों पर बातचीत करना चाहता है.

    हालांकि, शनिवार को ग़ज़ा में इसराइली हमलों के बाद हमास ने कहा कि इसराइल अभी भी 'जनसंहार' कर रहा है. फ़लस्तीनी समूह ने इसराइल पर वैश्विक दबाव बनाने की अपील की.

    इसराइल और हमास के बीच सोमवार को मिस्र में सीज़फ़ायर को लेकर अप्रत्यक्ष तौर पर बातचीत शुरू होने वाली है.

    संबंधित कहानियां:

  6. मध्य प्रदेश: कफ़ सिरप पीने के बाद 11 बच्चों की मौत, डॉक्टर और दवा कंपनी पर एफ़आईआर, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता, भोपाल से

    मृतक हितांश सोनी की मां प्रिया सोनी

    इमेज स्रोत, Anshul Jain

    इमेज कैप्शन, कफ़ सिरप पीने के बाद हितांश सोनी की भी मौत हुई है

    मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा ज़िले में कफ़ सिरप पीने के बाद 11 बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने सरकारी डॉक्टर प्रवीण सोनी, कफ़ सिरप बनाने वाली कंपनी श्रीसन फ़ार्मास्युटिकल्स के संचालकों और अन्य ज़िम्मेदारों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है.

    यह कार्रवाई 5 अक्तूबर को परासिया ब्लॉक के चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अंकित सहलाम की शिकायत पर हुई.

    ज़िला प्रशासन के अनुसार, मरने वाले 11 बच्चों में से 10 बच्चे परासिया ब्लॉक के निवासी थे. इसी ब्लॉक में डॉक्टर प्रवीण सोनी सरकारी शिशु रोग विशेषज्ञ के तौर पर तैनात थे.

    बीबीसी को मिली एफ़आईआर की कॉपी के मुताबिक़, "अगस्त और सितंबर 2025 के बीच पांच साल से कम उम्र के कई बच्चों को सामान्य सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत पर सीएचसी परासिया लाया गया था. अधिकांश बच्चों को डॉक्टर प्रवीण सोनी ने कोल्ड्रिफ़ कफ़ सिरप समेत अन्य दवाएं दी थीं. कुछ दिनों बाद बच्चों में पेशाब बंद होने, चेहरे पर सूजन और उल्टी जैसे लक्षण दिखे. जांच में उनकी किडनी फ़ेल होने की पुष्टि हुई."

    एफ़आईआर में कहा गया है कि कई बच्चों को नागपुर रेफ़र किया गया, जहां इलाज के दौरान 10 बच्चों की मौत हो गई. इनमें सबसे पहली मौत 4 साल के शिवम राठौर की 4 सितंबर को हुई थी, जबकि अंतिम मौत दो साल की योगिता ठाकरे की 4 अक्तूबर को दर्ज की गई.

    इन मौतों के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने 1 अक्तूबर को तमिलनाडु सरकार को पत्र लिखकर दवा निर्माता के ख़िलाफ़ जांच करने के लिए कहा था.

    इसके बाद तमिलनाडु के ड्रग कंट्रोल विभाग ने जांच में श्रीसन फ़ार्मास्युटिकल्स में बन रही कोल्ड्रिफ़ कफ़ सिरप के "मिलावटी" होने की पुष्टि की थी.

    श्रीसन फ़ार्मास्युटिकल्स कंपनी की कफ़ सिरप

    इमेज स्रोत, Anshul Jain

    इमेज कैप्शन, श्रीसन फ़ार्मास्युटिकल्स कंपनी की बनाई गई कफ़ सिरप में 'मिलावट' होने की बात कही गई है

    एफ़आईआर में बताया गया कि "कोल्ड्रिफ़ कफ़ सिरप में डायएथिलीन ग्लाइकॉल पाया गया, जो तमिलनाडु की श्रीसन फ़ार्मास्युटिकल्स कंपनी बनाती है. सिरप में डायएथिलीन ग्लाइकॉल की मात्रा 48.6 प्रतिशत वेट/वॉल्यूम पाई गई."

    यानी हर 100 मिलीलीटर कोल्ड्रिफ़ कफ़ सिरप में 48.6 ग्राम रसायन मौजूद था, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यधिक ख़तरनाक माना जाता है.

    भोपाल की डॉक्टर हर्षिता शर्मा ने बीबीसी को बताया कि "डायएथिलीन ग्लाइकॉल और एथिलीन ग्लाइकॉल आमतौर पर कूलेंट के रूप में इस्तेमाल होते हैं. ये बेहद ज़हरीले होते हैं और बच्चों पर इनका जानलेवा असर होता है."

    एफ़आईआर में कहा गया है कि यह जानते हुए भी कि यह दवा बच्चों के लिए ख़तरनाक हो सकती है, इसे बाज़ार में लाया गया और कम उम्र के बच्चों को दिया गया.

    इस आधार पर पुलिस ने डॉक्टर प्रवीण सोनी, श्रीसन फ़ार्मास्युटिकल्स के संचालकों और अन्य ज़िम्मेदार लोगों पर बीएनएस की धारा 105 (ग़ैर इरादतन हत्या के लिए दंड), 276 (औषधियों में मिलावट) और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 की धारा 27(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

  7. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया ग़ज़ा में कब लागू होगा सीज़फ़ायर

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Win McNamee/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि इसराइल ने ग़ज़ा पर बमबारी रोक दी है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इसराइल ग़ज़ा में पीछे हटने की शुरुआती सीमा रेखा पर सहमत हो गया है. उन्होंने कहा कि इस रेखा को हमास के साथ भी साझा किया गया है.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि जैसे ही हमास इस पर सहमति जताएगा, ग़ज़ा में तुरंत सीज़फ़ायर लागू हो जाएगा और बंधकों और क़ैदियों की अदला-बदली भी शुरू हो जाएगी.

    इसके अलावा राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि इसके बाद वह ग़ज़ा में पीछे हटने के दूसरे चरण के लिए शर्तें तैयार करेंगे.

    ट्रंप ने कहा, "इससे हम तबाही के अंत के क़रीब पहुंच जाएंगे."

    इससे पहले एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए ट्रंप ने कहा कि इसराइल ने बंधकों की रिहाई और शांति समझौते को पूरा करने के लिए ग़ज़ा पर बमबारी रोक दी है.

    ट्रंप ने इसके लिए इसराइल की सराहना की और हमास को हिदायत दी कि वह जल्दी क़दम उठाए.

    अमेरिका के शांति समझौते की कुछ शर्तों पर शुक्रवार को हमास ने सहमति जताई थी, जिसमें बंधकों की रिहाई भी शामिल है. हालांकि, हमास का कहना था कि वह कुछ प्रमुख शर्तों पर बातचीत चाहता है.

    संबंधित कहानियां:

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.