अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मुझे रूसी लोगों से प्यार है लेकिन...'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के बारे में प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, संदीप राय

  1. दिल्ली चुनावों में पंजाब की गाड़ियों के इस्तेमाल के आरोप पर आम आदमी पार्टी सांसद ने क्या कहा

    संजय सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, संजय सिंह ने प्रवेश वर्मा के बयान के लिए गृह मंत्री अमित शाह से माफ़ी मांगने की मांग की है

    आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के उन आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें प्रवेश वर्मा ने दिल्ली में बड़ी संख्या में पंजाब के नंबर प्लेट की गाड़ियों के देखे जाने का आरोप लगाया था.

    संजय सिंह ने कहा है, "यह बयान (प्रवेश वर्मा का) पंजाबियों का बहुत बड़ा अपमान है. दिल्ली देश की राजधानी है, यहां हर राज्य की गाड़ियां हैं. मेरा मानना है कि अमित शाह को सिख समुदाय से इस बयान के लिए माफ़ी मांगनी चाहिए."

    संजय सिंह का कहना है कि दिल्ली के लोग अपने वोट के अधिकार से बीजेपी को इसका जवाब देंगे.

    इससे पहले नई दिल्ली सीट से बीजेपी के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया था कि पंजाब नंबर प्लेट की हज़ारों गाड़ियाँ दिल्ली में घूम रही हैं और नई दिल्ली विधानसभा सीट और इसके आसपास के सारे होटल बुक करा लिए गए हैं.

    प्रवेश वर्मा ने कहा, "ये कौन लोग हैं, यहां 26 जनवरी को मनाने की तैयारी चल रही है. पंजाब से आए लोग बिना अनुमति के नई दिल्ली इलाक़े की झुग्गियों में सीसीटीवी कैमरा लगा रहे हैं, जो सुरक्षा के लिए भी एक ख़तरा है."

    प्रवेश वर्मा के आरोपों के बाद नई दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने भी आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाए थे और इसे दिल्ली के चुनावों में पंजाब की सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग बताया था, जहां आम आदमी पार्टी की ही सरकार है.

  2. दिल्ली के चुनावों में पंजाब की गाड़ियों के कथित इस्तेमाल पर अब कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने क्या कहा

    संदीप दीक्षित

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नई दिल्ली सीट पर केजरीवाल के ख़िलाफ चुनाव लड़ रहे प्रवेश वर्मा के बाद अब संदीप दीक्षित ने भी आरोप लगाए हैं

    दिल्ली में विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच बड़ी संख्या में पंजाब के नंबर प्लेट की गाड़ियों के देखे जाने पर कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    संदीप दीक्षित नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "लोग प्रचार करने के लिए देशभर में कहीं से भी आ सकते हैं, हमारे मित्र बाहर से आए हैं. लेकिन चुनाव प्रचार के लिए केवल बाहरी लोगों का इस्तेमाल किया जाना और वो भी उस जगह से जहां आपकी सरकार है, यह सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग है."

    "पंजाब पुलिस की गाड़ी आपको एस्कॉर्ट कर रही है, यह किस तरह की राजनीति है. ये पूरी तरह से सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग है."

    इससे पहले नई दिल्ली सीट से बीजेपी के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया था कि पंजाब नंबर प्लेट की हज़ारों गाड़ियाँ दिल्ली में घूम रही हैं और नई दिल्ली विधानसभा सीट और इसके आसपास के सारे होटल बुक करा लिए गए हैं.

    प्रवेश वर्मा ने कहा, "ये कौन लोग हैं, यहां 26 जनवरी को मनाने की तैयारी चल रही है. पंजाब से आए लोग बिना अनुमति के नई दिल्ली इलाक़े की झुग्गियों में सीसीटीवी कैमरा लगा रहे हैं, जो सुरक्षा के लिए भी एक ख़तरा है."

    प्रवेश वर्मा ने कहा है कि उन्होंने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की है.

    प्रवेश वर्मा के इस आरोप पर आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है, "यह मेरे और देश के हर पंजाबी के लिए बहुत अपमानजनक है. आज हर पंजाबी को इससे बहुत दुःख हुआ है."

  3. डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ़ के मुद्दे पर चीन को क्या चेतावनी दी?

    शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने चीन से आयात होने वाले सामान पर एक फ़रवरी से टैरिफ लगाने की बात की है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो चीन से आयात होने वाले सामान पर 10% टैरिफ़ लगाने पर विचार कर रहे हैं.

    राष्ट्रपति कार्यालय में ट्रंप ने अपनी दूसरी पारी के पहले दिन चीनी आयात पर पत्रकारों के सवालों के जवाब में यह बयान दिया है.

    उन्होंने कहा है कि यह टैरिफ़ एक फ़रवरी से लगाने पर विचार हो रहा है.

    ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि चीन अमेरिका में फ़ेंटानिल जैसी ड्रग्स भेज रहा है जिससे एक संकट पैदा हो रहा है.

    उन्होंने इसके अलावा मेक्सिको और कनाडा से होने वाले आयात पर 25% टैरिफ़ लगाने की चेतावनी भी दी है.

    ट्रंप ने इन दोनों देशों पर अवैध प्रवासियों और ड्रग्स को अमेरिका आने की छूट देने का आरोप भी लगाया है.

  4. वेस्ट बैंक में इसराइल का सैन्य अभियान, नौ फ़लस्तीनियों की मौत

    इसराइली सेना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मंगलवार को जेनिन की सड़कों पर बड़ी संख्या में इसराइली सैनिकों को देखा गया

    फ़लस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इसराइल के कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक के जेनिन में इसराइली सेना की कार्रवाई में नौ फ़लस्तीनियों की मौत हो गई है.

    इसराइली सेना की कार्रवाई में 35 अन्य लोग घायल हुए हैं.

    फ़लस्तीनी मीडिया की ख़बरों के मुताबिक़ शहर में कई हमले हुए हैं. शहर के अलावा ही राहत शिविरों में बड़ी संख्या में सैनिकों की हलचल हुई है.

    मंगलवार को इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि इसराइली सेना ने जेनिन से आतंकवाद को ख़त्म करने के लिए बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की है.

    इसराइल की वेस्ट बैंक में कार्रवाई के बाद वहां हिंसा भड़कने की आशंका जताई जा रही है.

    सेना की कार्रवाई के बारे में जेनिन के गवर्नर कमाल अबू अल-रुब ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "आसमान में हेलिकॉप्टर और हर तरफ इसराइली सैनिक नज़र आ रहे थे."

    फ़लस्तीन की आधिकारिक समाचार एजेंसी वफ़ा ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से कहा है कि इसराइली सेना ने जेनिन कैंप को पूरी तरह घेर लिया और बुलडोज़रों ने कई सड़कों को खोद दिया.

  5. भारत और अमेरिका के विदेश मंत्रियों की मुलाक़ात, क्या हुई बात?

    जयशंकर और मार्को रूबियो

    इमेज स्रोत, @DrSJaishankar

    इमेज कैप्शन, एस जयशंकर ने अमेरिका के नए विदेश मंत्री मार्को रूबियो से वॉशिंगटन डीसी में मुलाक़ात की है

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका के नए विदेश मंत्री मार्को रूबियो से ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में भारत और अमेरिका के बीच पहली द्विपक्षीय बातचीत की है.

    एस जयशंकर ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा है, "मार्को रूबियो के विदेश मंत्री के तौर पर काम संभालने के बाद उनसे मिलकर खुशी हुई. हमने दोनों देशों के आपसी साझेदारी पर बातचीत की है, जिसके वो काफ़ी मज़बूती से वकालत करते रहे हैं."

    "इस बातचीत में हमनें क्षेत्रीय और व्पापक वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार साझा किए हैं."

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भविष्य में मार्को रूबियो के साथ मिलकर रणनीतिक सहयोग पर काम करने की उम्मीद जताई है.

    प्रवासियों का मुद्दा

    उधर अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मीटिंग के दौरान मार्को रूबियो ने भारत से आने वाले अनियमित प्रवासियों का मुद्दा उठाया है.

    अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा, "विदेश मंत्री रूबियो ने अपने भारतीय समकक्ष से मुलाक़ात में अनियमित प्रवासियों के मुद्दे पर मिलकर काम करने की इच्छा ज़ाहिर की है."

    विदेश विभाग के प्रवक्ता टेमी ब्रूस ने एक बयान में कहा, "रुबियो ने आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने और अनियमित प्रवासन से संबंधित चिंताओं को दूर करने के लिए भारत के साथ काम करने की ट्रम्प प्रशासन की इच्छा पर भी जोर दिया."

    इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका के नए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वॉल्ट्ज़ से मुलाक़ात की है.

    एस जयशंकर ने एक्स पर लिखा है, "हमने इस मुलाक़ात में अपनी दोस्ती को और मज़बूत करने पर बात की है, ताकि दोनों देशों के आपसी फायदे और भौगोलिक स्थायित्य और समृद्धि को बढ़ाया जा सके."

    "हम सक्रिय और पक्के नतीजे तक पहुंचने के लिए साथ मिलकर काम करने की तरफ देख रहे हैं."

  6. तुर्की: मशहूर रिसॉर्ट में आग लगने से मरने वालों की संख्या 76 हुई

    रिसॉर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस हादसे के आरोप में 9 लोगों को गिरफ़्तार भी किया गया है

    तुर्की के एक मशहूर स्की रिसॉर्ट में आग लगने से मरने वालों की संख्या कम से कम 76 हो गई है. तुर्की के गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी है.

    आग की इस घटना में मारे गए सभी लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है.

    तुर्की के स्वास्थ्य मंत्री कमाल मेमीसोग्लू ने कहा है कि हादसे में 51 लोग घायल हुए हैं. इन्हीं में से एक व्यक्ति आईसीयू में है. इसके अलावा 17 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.

    इस आग पर काबू पाने में 12 घंटे का वक़्त लग गया.

    तुर्की के क़ानून मंत्री ने बताया है कि इस मामले में 9 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. गिरफ़्तार किए गए लोगों में रिसॉर्ट का मालिक शामिल है.

    कब लगी आग

    बोलू में स्थित 12 मंज़िला ग्रांड कार्टाल होटल में स्थानीय समयानुसार मंगलवार तड़के 3.27 बजे आग लगी थी. होटल में 234 लोग रुके हुए थे.

    बोलू तुर्की की राजधानी अंकारा से 170 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में स्थित है.

    स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, वहां काफ़ी कम तापमान की वजह से दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में एक घंटे से अधिक समय लग गया.

  7. रूस-यूक्रेन युद्ध पर पुतिन को डोनाल्ड ट्रंप ने चेताया, क्या कहा?

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई मुद्दों पर सवालों के जवाब दिए हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर रूसी राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत के लिए तैयार नहीं होते हैं तो वह रूस पर अमेरिकी प्रतिबंधों को और ज़्यादा बढ़ा सकते हैं.

    राष्ट्रपति के तौर पर काम संभालने के बाद ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ़्रेस के दौरान इस मुद्दे पर एक सवाल के जवाब में यह बयान दिया है.

    ट्रंप ने कहा है कि उनका प्रशासन यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के संपर्क में है और जल्द ही वो रूसी राष्ट्रपति पुतिन से भी बात करेंगे.

    हालांकि ट्रंप ने यहा भी कहा कि अगर वो राष्ट्रपति होते तो रूस और यूक्रेन के बीच लड़ाई शुरू नहीं होती.

    डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि नेटो देशों को सुरक्षा पर अपने ख़र्च को 2% से बढ़ाकर 5% करना चाहिए.

  8. बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.