You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मुझे रूसी लोगों से प्यार है लेकिन...'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के बारे में प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, संदीप राय

  1. आरजी कर केस : अभियुक्त को फांसी की सजा दिलाने के लिए हाईकोर्ट पहुंची सीबीआई, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    कोलकाता के आरजी कर केस के अभियुक्त संजय रॉय को फांसी की सजा दिए जाने की मांग पर सीबीआई ने अब कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है.

    सोमवार को सियालदह कोर्ट ने संजय को उम्र क़ैद की सज़ा सुनाई थी. सीबीआई के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर इसकी पुष्टि की.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सियालदह कोर्ट के फैसले को चुनौती देने की बात कही थी. उसी आधार पर सरकार ने मंगलवार को हाईकोर्ट में अभियुक्त को फांसी की सज़ा की मांग में एक याचिका दायर की थी.

    बुधवार को इसकी सुनवाई के दौरान सीबीआई ने सरकार के अधिकार क्षेत्र पर सवाल उठाया.

    बुधवार को सुनवाई के दौरान सीबीआई के वकील ने सवाल उठाया कि अभियुक्त को फांसी की सज़ा की देने की मांग कैसे कर सकती है?

    एजेंसी के वकील राजदीप मजूमदार की दलील थी कि सीबीआई ने भी इस मामले में अभियुक्त को फांसी की सज़ा दिए जाने की मांग की थी.

    इस मामले की जांच सीबीआई ही कर रही थी. लेकिन राज्य के एडवोकेट जनरल किशोर दत्त और सरकारी वकील देवाशीष राय ने सीबीआई की दलीलों का विरोध किया.

    इसके कुछ घंटों बाद ही सीबीआई ने भी इसी मांग में हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है.

    सीबीआई सूत्रों ने बताया कि दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय के निर्देश पर ही यह फ़ैसला किया गया है.

  2. भारत ने जीता पहला टी-20 मैच, इंग्लैंड को सात विकेट से हराया

    भारतीय टीम ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहला टी-20 मुक़ाबला जीत लिया है.

    भारत ने बुधवार की शाम कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले गए पहले टी-20 मुक़ाबले में सात विकेट से जीत दर्ज की है.

    मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था. इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में 132 रनों का स्कोर खड़ा किया.

    इंग्लैंड के लिए कप्तान जॉस बटलर ने सबसे ज़्यादा 68 रन बनाए. वहीं भारत के लिए वरुन चक्रवर्ती ने सबसे ज़्यादा तीन विकेट लिए. इसके अलावा अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह को 2-2 विकेट मिले.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाकर मैच जीत लिया. ओपनर अभिषेक शर्मा ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और आठ छक्कों की मदद से 79 रनों की पारी खेली.

    इंग्लैंड की टीम भारतीय दौरे पर है. इस दौरे के पांच टी-20 मैचों की सिरीज़ में भारतीय टीम अब 1-0 से आगे हो गई है. दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैच भी खेले जाएंगे.

  3. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

  4. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मुझे रूसी लोगों से प्यार है लेकिन...'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के बारे में प्रतिक्रिया दी है.

    ट्रुथ सोशल पर एक लंबी पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, “मैं रूस को नुकसान पहुंचाने के बारे में नहीं सोच रहा हूं. मैं रूसी लोगों को प्यार करता हूं और मैंने राष्ट्रपति पुतिन से हमेशा अच्छे रिश्ते बनाए रखे, बावजूद कि रेडिकल लेफ़्ट रशिया का हंगामा खड़ा किया गया.”

    “हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि रूस ने द्वितीय विश्व युद्ध जीतने में हमारी मदद की थी और इस दौरान उसने लगभग 60 लाख लोगों को गंवाया. ये कहा जा रहा है कि अर्थव्यवस्था के संकट से जूझते रूस और राष्ट्रपति पुतिन को मैं बड़ी राहत दूंगा. मैं उनसे कहने वाला हूं इस बेकार के युद्ध को बंद करो और समझौता करो. यह जंग और बदतर ही होती जाएगी.”

    “अगर हम कोई समझौता नहीं कर पाए तो मेरे पास रूस पर भारी भरकम टैक्स और आयात शुल्क थोपने और रूसी सामानों पर प्रतिबंध लगाने के अलावा कोई चारा नहीं बचेगा. और उनपर भी प्रतिबंध लगेगा जो इसमें साझीदार हैं. इस जंग को ख़त्म करना होगा जोकि अगर मैं राष्ट्रपति होता तो शुरू ही नहीं होती.”

    “हम इसे सीधे तरीक़े से कर सकते हैं या टेढ़े तरीके से, और आसान तरीक़ा हमेशा ही अच्छा होता है. समझौता करने का समय आ गया है. और अधिक जानें नहीं जानी चाहिए.”

  5. तमिलनाडु के बाद केरल ने भी यूजीसी मसौदा गाइडलाइंस का किया विरोध, बीबीसी इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिंदी के लिए, बेंगलुरु से

    तमिलनाडु के बाद केरल विधानसभा ने भी केंद्र से यूजीसी मसौदा गाइडलाइंस को वापस लेने की मांग करने वाला प्रस्ताव पास किया है.

    सदन ने केंद्र के फ़ैसले को उच्च शिक्षा के व्यावसायीकरण की कोशिश क़रार दिया है.

    इस प्रस्ताव को पेश करने वाले मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि अनुच्छेद 32 की सातवीं अनुसूची के अनुसार, विश्वविद्यालयों को स्थापित करने और चलाने की ज़िम्मेदारी राज्यों की है.

    केरल के उच्च शिक्षा मंत्री आर बिंदू ने बीबीसी हिंदी से कहा, “मसौदा गाइडलाइंस स्पष्ट रूप से शक्तियों के अति केंद्रीकरण को दिखाता है. हम राज्य के विश्वविद्यालयों पर पैसे खर्च कर रहे हैं. हमने इस साल 1,833 करोड़ रुपये खर्च किए और कहा जा रहा है कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों पर हमारा कोई हक़ नहीं है.”

    विधानसभा में पास प्रस्ताव में कहा गया है, “विश्वविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों को चलाने पर लगभग 80 प्रतिशत खर्च राज्य सरकारें करती हैं. विश्वविद्यालयों की गुणवत्ता सुधारने और उन्हें चलाने के खर्च में राज्य सरकारों की बड़ी भूमिका है.”

    “इस सब को नज़रअंदाज कर दिया गया है और इस सदन की राय है कि कुलपतियों की नियुक्ति और शिक्षकों की योग्यता और सेवा शर्तों को हटाने का केंद्र सरकार और यूजीसी का नज़रिया अलोकतांत्रिक है. इसे सुधारने की ज़रूरत है. इसका मकसद विश्वविद्यालयों में शिक्षाविदों की जगह प्राइवेट सेक्टर से व्यक्तियों को वाइस चांसलर नियुक्त किए जाने का है.”

    “यह पहल उच्च शिक्षा का व्यावसायीकरण करने के लिए है. यह बेहद आपत्तिजनक है. यूजीसी नॉर्म्स 2025 के मसौदे को उच्च शिक्षा में लोकतांत्रिक मूल्यों को नष्ट करने और धार्मिक और सांप्रदायिक विचारों को बढाने के क़दम के रूप में देखा जा सकता है.”

    बिंदू ने कहा कि ‘यह मौजूदा सामाजिक राजनीतिक हालात में उच्च शिक्षा का भगवाकरण किए जाने का स्पष्ट संकेत है. वाइस चांसलर और असिस्टेंट प्रोफ़ेसर के लिए अकादमिक योग्यता में ढील इसका स्पष्ट प्रमाण है.’

    तमिलनाडु विधानसभा ने भी इसी तरह का प्रस्ताव पास किया है और केंद्र से यूजीसी गाइडलाइंस को वापस लेने की मांग की है.

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने ग़ैर बीजेपी राज्यों से इसी तरह के प्रस्ताव पास करने की अपील की है.

  6. टीम इंडिया की जर्सी पर पाकिस्तान का नाम होगा या नहीं, बीसीसीआई ने दिया जवाब

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी पर पाकिस्तान के नाम छापने की खबर पर अपनी चुप्पी तोड़ी है.

    कुछ ख़बरों में दावा किया गया था कि टीम अपनी जर्सी पर ‘पाकिस्तान’ का नाम नहीं लिखेगी.

    आम तौर पर, यह नियम है कि किसी भी आईसीसी इवेंट के आधिकारिक लोगो में मेज़बान देश का नाम होता है.

    जब पाकिस्तान 2023 में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत आया था, तो बाबर आज़म की अगुवाई वाली टीम की जर्सी पर छपे लोगो में भारत का नाम लिख था. यह आईसीसी टूर्नामेंटों का आम प्रोटोकॉल है.

    बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने पीटीआई से कहा, "बीसीसीआई चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान आईसीसी की ड्रेस से संबंधित हर नियम का पालन करेगी."

    उन्होंने कहा, "लोगो और ड्रेस कोड के संबंध में अन्य टीमें जो भी करेंगी, हम उसका पूरी तरह से पालन करेंगे."

    एक रिपोर्ट में दावा किया गया है आईसीसी ने कहा है कि यदि खिलाड़ियों की किट पर मेजबान देश पाकिस्तान के नाम के साथ चैंपियंस ट्रॉफी का लोगो नहीं पाया गया तो भारतीय टीम के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है.

    चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आयोजन पहले पूरी तरह से पाकिस्तान में ही होना था, लेकिन भारत के पाकिस्तान जाने से इनकार करने के बाद रोहित शर्मा और उनकी टीम के मैच हाइब्रिड मॉडल पर दुबई में स्थानांतरित कर दिए गए है.

  7. टी-20 मुक़ाबला: इंग्लैंड ने भारत को दिया 133 रन का लक्ष्य

    पहले टी-20 मैच में इंग्लैंड ने भारत के सामने 133 रन का लक्ष्य रखा है. भारत ने 4.3 ओवरों में बिना नुकसान 41 रन बना लिए हैं.

    बुधवार को कोलकाता के ईडन गार्डन में टी-20 सिरीज़ का पहला मैच खेला जा रहा है.

    भारत की ओर से संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की है.

    इससे पहले टॉस जीतकर भारत ने फ़ील्डिंग चुनी थी. इंग्लैंड की टीम को फिल सॉल्ट (0) और बेन डकेट (4) को शुरुआती झटका लगा, लेकिन जोस बटलर ने पारी संभाली. उन्होंने 44 गेंदों में धुआंधार 68 रन बनाए.

    हालांकि उनके बाद सिर्फ दो बल्लेबाज़ ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए. हैरी ब्रुक ने 17 रन और जोफ़्रा आर्चर ने 12 रन बनाए.

    इंग्लैंड का अंतिम विकेट आखिरी गेंद पर गिरा, जब एक रन लेने के चक्कर में मार्क वुड रन आउट हो गए. संजू सैमसन ने उन्हें आउट किया.

    भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने तीन और अर्शदीप, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट झटके.

  8. दिल्ली चुनाव और बजट से पहले ग्रीन पीस ने जारी किया सार्वजनिक परिवहन नीति का मसौदा

    केंद्रीय बजट और दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले बुधवार को एनजीओ ग्रीन पीस ने सार्वजनिक परिवहन नीति का मसौदा जारी किया.

    यह मसौदा नीति ग्रीनपीस इंडिया और पब्लिक ट्रांसपोर्ट फोरम ने दिल्ली के प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया में जारी किया.

    इसी मसौदा नीति में केंद्र सरकार से सार्वजनिक परिवहन के बुनियादी ढांचे और सेवाओं में वित्तीय योगदान बढ़ाने की मांग की गई है और बुनियादी ढांचे में सुधार पर जोर दिया गया है.

    इसमें सार्वजनिक परिवहन में निवेश को बढ़ावा देने समेत कई सुझाव दिए गए हैं.

    सुझावः

    • सार्वभौमिक निशुल्क सार्वजनिक परिवहन के तहत महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, ट्रांसजेंडर्स और दिव्यांगों के लिए "क्लाइमेट टिकट" के माध्यम से निःशुल्क सुविधा दी जाए.
    • सार्वजनिक परिवहन से जुड़े टैक्स समाप्त किए जाएं.
    • शहरों में बस अड्डों की संख्या दोगुनी करने और डेडिकेटेड बस लेन बनाई जाए.
    • परिवहन कर्मचारियों के वेतन, काम के बेहतर हालात और लैंगिक समावेशन को सुनिश्चित किया जाए.
    • महिलाओं के लिए निःशुल्क सार्वजनिक परिवहन को लेकर जागरूकता अभियानों के माध्यम से विश्वसनीय परिवहन के अधिकार को बढ़ावा दिया जाए.
  9. पुष्पक रेल हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हुई

    महाराष्ट्र के जलगांव ज़िले में ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है.

    भुसावल रेलवे डिवीज़न के पीआरओ ने बीबीसी मराठी से इसकी पुष्टि की है.

    पीआरओ के अनुसार, लखनऊ से मुंबई जाने वाली यह ट्रेन महाराष्ट्र के जलगांव ज़िले में रेलवे ट्रैक पर खड़ी थी. यात्रियों को एक बोगी में आग लगने की आशंका थी, जिसकी वजह से वे ट्रैक के दूसरी तरफ़ कूद गए.

    उसी समय कर्नाटक एक्सप्रेस उस ट्रैक से गुजरी, जिससे कुछ लोग चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई जबकि कई लोगों के घायल होने की ख़बर है.

    बताया जाता है कि कर्नाटक एक्सप्रेस मनमाड़ से भुसावल जा रही थी.

    जलगांव के ज़िला मजिस्ट्रेट ने बीबीसी मराठी को बताया कि इस घटना में 12 लोग घायल हुए हैं और पचोरा रूरल हॉस्पीटल में उनका इलाज चल रहा है.

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख जताया है.

    एक्स पर उन्होंने लिखा, “मेरे सहयोगी मंत्री गिरीश महाजन और एसपी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. ज़िला मजिस्ट्रेट भी जल्द पहुंचने वाले हैं. पूरा जिला प्रशासन रेलवे के साथ तालमेल में है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है.”

    सीएम ने बताया, "आठ एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजा गया है. आस-पास के निजी अस्पतालों को भी घायलों के इलाज के लिए अलर्ट पर रखा गया है. हम पूरी घटना पर नज़र रखे हुए हैं और सभी ज़रूरी मदद तुरंत पहुंचाई जा रही है."

    रेलवे प्रशासन ने क्या बताया?

    सेंट्रल रेलवे पीआर स्वपनिल नीला ने कहा, “पुष्पक एक्सप्रेस लखनऊ से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस जा रही थी. माहेजी और पारधाडे रेलवे स्टेशन के बीच चेन पुलिंग हुई. उसी समय एक कोच से यात्री पटरी पर उतर गए थे.”

    उनके अनुसार, “इसी बीच कर्नाटक एक्सप्रेस दूसरी ओर से आ रही थी और इसकी चपेट में यात्री आ गए. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.”

  10. सैफ़ अली ख़ान को अस्पताल पहुंचाने वाले ऑटो ड्राइवर ने एक्टर से मुलाक़ात के बाद क्या कहा

    सैफ़ अली ख़ान ने अस्पताल पहुंचाने वाले ऑटो रिक्शा ड्राइवर भजन सिंह राणा से मुलाक़ात की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए भजन सिंह राणा ने स्वीकार किया कि मंगलवार को एक्टर से उनकी मुलाक़ात हुई थी.

    उन्होंने कहा, “मुझे मंगलवार को एक व्यक्ति का कॉल आया और उसने मुझे लीलावती अस्पताल बुलाया. मैं वहां शाम 3.34 बजे पहुंचा और उनसे और परिवार से मिला.”

    “उन्होंने अपने पास बैठाया और मेरे कंधे पर हाथ रखा और शाबाशी दी. मैं उनकी मां से भी मिला, वो हाथ जोड़े हुए थीं लेकिन मैंने उनके पैर छुए. मुझे खुशी हुई कि मैं इतने बड़े स्टार के पैर छू रहा हूं.”

    भजन सिंह राणा ने कहा, "घटना की रात को मैंने पैसे या किसी और चीज़ के बारे में कुछ नहीं सोचा. मैं बस ज़िंदगी बचाना चाह रहा था." हालांकि बांद्रा पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था.

    घटना के दूसरे दिन मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया था कि हमले के बाद सैफ़ अली ख़ान खून से लथपथ थे, और मुश्किल से चल पा रहे थे.

    भजन सिंह राणा की बहादुरी के चर्चे के बाद कई लोग और संस्थाएं उनकी मदद को आगे आ रही हैं.

    भजन सिंह राणा ने कहा कि एक सामाजिक कार्यकर्ता फ़ैज़ान अंसारी ने उन्हें 11,000 रुपये दिए हैं. सैफ़ अली ख़ान ने भी मदद का आश्वासन दिया है.

    16 जनवरी को तड़के मुंबई के बांद्रा में स्थित सैफ़ अली ख़ान के घर में एक शख़्स घुस आया था और उसने एक्टर पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया.

    इसके बाद घायल सैफ़ अली ख़ान को इसी ऑटो ड्राइवर ने लीलावती अस्पताल तक पहुंचाया था.

    बीते मंगलवार को सैफ़ अली ख़ान को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया. जब वह अस्पताल से बाहर आए तो उनके हाथ और गर्दन पर टांके देखे जा सकते थे.

  11. ट्रेन हादसा: पुष्पक एक्सप्रेस में आग की अफ़वाह, दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से सात लोगों की मौत

    महाराष्ट्र के जलगांव ज़िले में एक रेल हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हुई है.

    रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक़ पुष्पक एक्सप्रेस के यात्रियों में ये अफ़वाह फैली कि ट्रेन में आग लग गई है. इसके बाद चेन पुलिंग से ट्रेन को रोक दिया गया और कई यात्री ट्रेन से उतर गए.

    इसी समय दूसरी तरफ़ से बेंगलुरु से दिल्ली जा रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में कुछ यात्री आ गए.

    उधर, भुसावल डिवीज़न के रेलवे पीआरओ ने बीबीसी मराठी को बताया, "लखनऊ से मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस की बी4 बोगी में स्पार्किंग हो गई जिससे यात्रियों को लगा कि आग लग गई है."

    "इसकी वजह से कई यात्री ट्रेन से कूद गए. उसी समय दूसरी तरफ़ से कर्नाटक एक्सप्रेस आ रही थी और कई यात्री उसकी चपेट में आ गए."

    उन्होंने बताया कि 'इस घटना में सात से 10 यात्रियों के मरने की आशंका है.'

    हालांकि समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, घटना में छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

    ज़िला मजिस्ट्रेट ने बीबीसी मराठी से बताया कि 'इस घटना में 12 यात्री घायल हुए हैं, जिनका पचोरा ग्रामीण अस्पताल में इलाज चल रहा है.'

  12. उन्नाव रेप केसः कुलदीप सेंगर को मिली अंतरिम ज़मानत, ये रही वजह

    उन्नाव रेप केस में सज़ा काट रहे बीजेपी से निष्कासित पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट ने अंतरिम ज़मानत दे दी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, कुलदीप सेंगर को यह ज़मानत एम्स में मोतियाबंद की सर्जरी के लिए दी गई है.

    लाइव लॉ के अनुसार, जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस हरीश वैद्यनाथन की पीठ ने सेंगर को 50,000 रुपये के पर्सनल बॉन्ड भरने के भी निर्देश दिए.

    बेंच के आदेश के अनुसार, सेंगर को 23 जनवरी को ज़मानत मिलेगी और उन्हें 24 जनवरी को एम्स में भर्ती होना होगा और सर्जरी के बाद 27 जनवरी तक खुद को सरेंडर करना होगा.

    चार मार्च 2020 को सेंगर को आईपीसी की कई संगीन धाराओं में सज़ा सुनाई गई थी.

    अप्रैल 2018 में नाबालिग रेप पीड़िता का परिवार अदालती सुनवाई के लिए उन्नाव गया था, उस दौरान कथित तौर पर सेंगर से जुड़े लोगों ने पिता की बुरी तरह पिटाई की थी.

    इसके दूसरे दिन ही पीड़िता के पिता को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया और पुलिस हिरासत में उनकी मौत हो गई.

  13. ट्रंप के शपथ लेने के बाद शी जिनपिंग और पुतिन के बीच वीडियो कॉल पर हुई बात, केली एनजी, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यभार ग्रहण करने के बाद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच वीडियो कॉल पर बात हुई.

    दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और ऊंचाई पर ले जाने का वादा किया.

    शी जिनपिंग ने पुतिन से ‘रणनीतिक सहयोग को और व्यापक करने, आपसी समर्थन को मजबूत करने और वैध हितों की रक्षा’ करने की बात कही.

    मंगलवार को ट्रंप ने बीजिंग पर टैक्स लगाने की धमकी दी थी और रूस से कहा था कि अगर वह यूक्रेन जंग रोकने के लिए समझौता नहीं करता तो मॉस्को को ‘बड़ी मुश्किल’ का सामना करना पड़ेगा.

    बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वो चीन से आयात होने वाले सामान पर 10% टैरिफ़ लगाने पर विचार कर रहे हैं. यह टैरिफ़ एक फ़रवरी से लगाने पर विचार हो रहा है.

    रूस के विदेशी मामलों के सलाहकार यूरी यशाकोव के अनुसार, पुतिन ने शी जिनपिंग से कहा कि यूक्रेन को लेकर किसी भी समझौते में रूसी हितों की रक्षा होनी चाहिए.

    हालांकि दोनों ही नेताओं ने कहा कि यह बातचीत ट्रंप के शपथ ग्रहण से संबंधित नहीं है.

  14. ताहिर हुसैन को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली अंतरिम ज़मानत, अब मुख्य न्यायाधीश के पास मामला, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता

    दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए ताहिर हुसैन को अंतरिम ज़मानत देने पर सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले में मतभेद देखने को मिला.

    अंतरिम ज़मानत पर सुप्रीम कोर्ट का फ़ैसला विभाजित रहा.

    जस्टिस पंकज मित्तल ने ताहिर हुसैन की अंतरिम ज़मानत याचिका को ख़ारिज कर दिया, जबकि जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह ने ज़मानत देने के पक्ष में फ़ैसला सुनाया.

    इस तरह से अंतरिम ज़मानत पर सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के बीच सहमति नहीं बनी.

    अब इस मामले की सुनवाई भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) के सामने होगी या आगे की सुनवाई के लिए तीन जजों की बेंच के सामने यह मामला जाएगा.

    लाइव लॉ के अनुसार, याचिका की सुनवाई करते हुए जस्टिस अमानुल्लाह ने दिल्ली पुलिस पर सवाल खड़ा करते हुए कहा, "आपने पांच साल में भी ट्रायल पूरा नहीं किया. पांच गवाहों में सिर्फ़ चार के बयान लिए. आरोप पत्र फ़रवरी 2020 में ही दायर कर दिया गया था. आप किसी को इस तरह से कठोर दंड नहीं दे सकते."

    ताहिर हुसैन दिल्ली विधानसभा चुनावों में मुस्तफ़ाबाद सीट से एआईएमआईएम के उम्मीदवार हैं और चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम ज़मानत दिए जाने की याचिका दायर की थी.

    ताहिर हुसैन आम आदमी पार्टी से पूर्व पार्षद थे. 2020 में हुए दिल्ली दंगों में उन्हें 11 मामलों में अभियुक्त बनाया गया. वह पांच साल से जेल में बंद हैं.

  15. केजरीवाल ने जारी किया मिडिल क्लास मेनिफ़ेस्टो, बजट से पहले केंद्र के सामने रखीं 7 मांगें

    आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पार्टी का मिडिल क्लास मेनिफ़ेस्टो जारी करते हुए केंद्र से सात मांगें रखी हैं.

    उन्होंने मध्य वर्ग को सबसे बड़ी ताक़त बताते हुए उन्हें ‘टैक्स टेररिज़्म’ से पीड़ित बताया.

    केजरीवाल ने दूसरी पार्टियों पर 'नोटबैंक और वोटबैंक' बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन पार्टियों ने मध्य वर्ग को छोड़ दिया है.

    उन्होंने कहा, “दूसरी पार्टियों के लिए बड़े उद्योगपति नोटबैंक हैं और बाकी लोग वोटबैंक हैं. मध्य वर्ग ऐसा वर्ग है जो पिस कर रह गया है.”

    मध्य वर्ग को राहत देने के लिए केजरीवाल ने केंद्र सरकार के सामने सात मांगें रखी हैं, और अगले बजट में इन्हें शामिल किए जाने की अपील की है.

    केजरीवाल की सात मांगें-

    • शिक्षा का बजट दो प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत किया जाए, पूरे देश में प्राइवेट स्कूलों की फ़ीस पर लगाम लगाई जाए.
    • उच्च शिक्षा के लिए सब्सिडी और स्कॉलरशिप दी जाए,
    • स्वास्थ्य का बजट भी 10 प्रतिशत तक बढ़ाया जाए.
    • इनकम टैक्स की छूट को 7 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया जाए.
    • आवश्यक वस्तुओं पर लगने वाली जीएसटी ख़त्म की जाए.
    • वरिष्ठ नागरिकों के लिए मज़बूत रिटायरमेंट प्लान और पेंशन योजनाएं बनाई जाएं और देश के सभी अस्पतालों में उनका इलाज निःशुल्क किया जाए.
    • पहले बुज़ुर्गों को रेलवे के किराए में 50 प्रतिशत छूट मिलती थी, उसे बहाल किया जाए.
  16. कुंभ: यूपी की पूरी कैबिनेट ने लगाई संगम में डुबकी, अखिलेश यादव क्या बोले

    उत्तर प्रदेश सरकार की पूरी कैबिनेट ने बुधवार को प्रयागराज में लगे कुंभ के दौरान त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई.

    इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत अन्य मंत्री थे.

    पवित्र स्नान के लिए खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कैबिनेट की अगुवाई की. उन्होंने मंत्रियों के साथ संगम पर पूजा अर्चना भी की.

    इससे पहले योगी सरकार ने कुंभ में कैबिनेट और विधानमंडल की विशेष बैठक आयोजित की थी.

    कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ ने कहा कि ‘पिछले एक हफ़्ते में 9.25 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र स्नान किया.’

    कैबिनेट के फ़ैसलों के बारे में बताते हुए सीएम योगी ने कहा, “केजीएमयू सेंटर को मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा. हाथरस, कासगंज और बागपत में तीन नए मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे. इसके अलावा प्रदेश में 62 आईटीआई, पांच सेंटर फॉर इनोवेशन और ट्रेनिंग सेंटर भी बनाए जाएंगे.”

    अखिलेश यादव ने क्या कहा?

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कुंभ में योगी कैबिनेट की बैठक बुलाए जाने पर प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने कहा, “कुंभ और प्रयागराज वह स्थान नहीं है जहां राजनीति की जाए और राजनीतिक फ़ैसले लिए जाएं.”

    उन्होंने कहा, “कुंभ के स्थान पर कैबिनेट की बैठक करना राजनीतिक मामला है और वे राजनीतिक संदेश देना चाहते हैं.”

  17. कांग्रेस ने कथित सीएजी रिपोर्ट के हवाले से केजरीवाल पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

    कांग्रेस पार्टी ने भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक यानी सीएजी की कथित रिपोर्ट के हवाले से दावा किया है कि दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है.

    कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी इस आधार पर बनाई थी कि वो भ्रष्टाचार से लड़ेंगे और उस समय उन्होंने सीएजी की रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे.

    माकन ने कहा, "आज सीएजी की 14 रिपोर्ट हैं जो अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाती हैं. ऐसी ही एक रिपोर्ट स्वास्थ्य से जुड़ी है जिसमें अरविंद केजरीवाल द्वारा किया गया 382 करोड़ रुपये का घोटाला है."

    कांग्रेस पार्टी ने भी सीएजी रिपोर्ट के हवाले से दिल्ली की आप सरकार पर कई आरोप लगाए हैं.

    कांग्रेस के मुताबिक़, "सीएजी की रिपोर्ट कहती है कि दिल्ली में पिछले 10 साल में केवल तीन अस्पताल बनकर तैयार हुए. इनमें एक का एक्सटेंशन है और इनकी शुरुआत कांग्रेस के समय हुई थी."

    "इन हॉस्पिटल को बनने में समय तो ज्यादा लगा ही, बल्कि जितने का टेंडर था, उससे ज्यादा पैसा खर्च हुए. इंदिरा गांधी अस्पताल बनाने में 314 करोड़ रुपए, बुराड़ी हॉस्पिटल बनाने में 41 करोड़ रुपए और मौलाना आजाद हॉस्पिटल बनाने में 26 करोड़ रुपए फालतू में खर्च किए गए."

    कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कई अन्य आरोप भी लगाए हैं.

  18. आरजी कर मामले में पश्चिम बंगाल सरकार की याचिका पर हाई कोर्ट में होगी सुनवाई

    कोलकाता के आरजी कर बलात्कार और हत्या के मामले पर निचली अदालत के फ़ैसले को चुनौती देने वाली राज्य सरकार की याचिका पर सोमवार को हाई कोर्ट में सुनवाई होगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ बुधवार को कोलकाता हाई कोर्ट ने कहा है कि इस याचिका को स्वीकार करने से पहले वो सीबीआई, पीड़ित परिवार और दोषी की दलील सुनेगा.

    इससे पहले पश्चिम बंगाल सरकार ने निचली अदालत की सज़ा को अपर्याप्त मानते हुए इसके ख़िलाफ़ याचिका दायर की थी.

    पीटीआई के मुताबिक़ सीबीआई ने इस मामले में राज्य सरकार के पास अपील करने के अधिकार का विरोध किया है और दावा किया है कि यह अधिकार उसके पास था कि वो 'कम सज़ा' को लेकर अपील करे.

    इस मामले पर पीड़िता के पिता से पीटीआई ने बात की.

    उनका कहना है, "हाई कोर्ट में जो होगा उसका लिंक हमारे पास है. हम देखेंगे कि क्या होता है. इस मामले पर आज सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई होनी है."

    नौ अगस्त, 2024 को 31 साल की एक महिला ट्रेनी डॉक्टर का आर जी कर अस्पताल के कॉन्फ़्रेंस रूम में शव मिला था. जांच में पता चला कि इस डॉक्टर का पहले बलात्कार किया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई थी.

  19. डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस पर किया बड़ा एलान

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बढ़ावा देने को लेकर बड़ी घोषणा की है.

    ट्रंप ने कहा है कि इसके लिए 500 अरब डॉलर का निवेश किया जाएगा और इससे एक लाख़ नई नौकरियां भी पैदा होंगीं.

    यह निवेश अगले पांच साल में टेक्नोलॉजी क्षेत्र की बड़ी कंपनियां ओरैकल, ओपन एआई और सॉफ़्ट बैंक करेंगी.

    ट्रंप ने इसके लिए एक नई अमेरिकी एआई कंपनी 'स्टारगेट' बनाने की घोषणा की है.

    ओरैकल के वरिष्ठ अधिकारी एलिसन ने कहा है कि इसके लिए टेक्सास में डेटा सेंटर बनाने का काम पहले से ही चल रहा है, जहां 10 इमारत निर्माणाधीन हैं और इसे 20 तक बढ़ाया जाएगा.

    इसके साथ ही ओपन एआई कंपनी के प्रमुख ऑल्टमैन ने दावा किया, "यह इस दौर की सबसे महत्वपूर्ण परियोजना है और यह ट्रंप के बिना नहीं हो सकता था."

    वहीं सॉफ़्टबैंक कंपनी के मैसायोशी सोन ने ट्रंप की बातों को दोहराते हुए कहा, "यह अमेरिका के स्वर्णिम काल की शुरुआत है."