इसराइल के विदेश मंत्रालय ने फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पर 'यहूदी राज्य के ख़िलाफ़ धर्मयुद्ध' करने का आरोप लगाया है
हमास के अधिकारी बासम नईम ने कहा है कि हमास को अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ की ओर से रखे गए प्रस्ताव पर इसरायल से "आधिकारिक प्रतिक्रिया" मिल गई है
भारत की अर्थव्यवस्था जनवरी से मार्च की तिमाही के बीच 7.4 फ़ीसदी बढ़ी है, जो कि उसकी पिछली तिमाही में 6.2 फ़ीसदी थी
लाइव कवरेज
सुरभि गुप्ता, संदीप राय और इफ़्तेख़ार अली
ब्रेकिंग न्यूज़, आईपीएल 2025: एलिमिनेटर मैच में मुंबई ने गुजरात को हराया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, विकेट लेने के बाद जश्न मनाती मुंबई की टीम.
मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एलिमिनेटर मुक़ाबले में 20 रनों से हरा दिया है.
इस मैच में साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर की तूफ़ानी बल्लेबाज़ी भी गुजरात को जीत नहीं दिला सकी.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी मुंबई की टीम ने 228 रन बनाए और गुजरात को 229 रनों का लक्ष्य दिया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम 208 रन ही बना पाई.
गुजरात की तरफ़ से साई सुदर्शन ने एक छक्का और दस चौकों की मदद से 49 गेंदों पर सबसे ज़्यादा 80 रन बनाए. लेकिन ये रन गुजरात की जीत के लिए काफ़ी नहीं थे.
मुंबई की तरफ़ से रोहित शर्मा ने 50 गेंदों पर सबसे ज़्यादा 81 रन बनाए.
गेंदबाज़ी में मुंबई की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने सबसे ज़्यादा दो विकेट लिए.
मुंबई इंडियंस यह मुक़ाबला जीतकर क्वालीफायर 2 में पहुंच गई है, जहां उनका सामना पंजाब किंग्स से होगा. क्वालीफायर 2, एक जून को खेला जाएगा.
वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) आईपीएल के फ़ाइनल में पहुंच चुकी है. तीन जून को आईपीएल का फ़ाइनल मुक़ाबला खेला जाएगा.
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.
कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.
फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ट्रंप ने चीन पर किस समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है?
इमेज स्रोत, PA Media / Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस महीने की शुरुआत में रेसिप्रोकल टैरिफ़ कम करने पर सहमति जताई थी.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर टैरिफ़ को लेकर दो हफ़्ते पुराने समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है.
इस महीने की शुरुआत में अमेरिका और चीन ने जेनेवा में अस्थायी रूप से टैरिफ़ कम करने पर सहमति जताई थी.
राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि, "चीन पर लगाए गए टैरिफ़ की वजह से वो गंभीर आर्थिक संकट में फंस गया था. जिसके बाद अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ़ को लेकर डील हुई."
उन्होंने बिना कोई कारण बताए कहा कि, 'चीन ने अमेरिका के साथ किए गए समझौते का पूरी तरह से उल्लंघन किया है.'
अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि चीन ने उन नॉन-टैरिफ़ बाधाओं को उस तरह से नहीं हटाया, जैसा कि समझौते में तय हुआ था.
हालांकि, चीन ने इन दावों पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
दक्षिणपंथी संगठनों ने माओवादियों को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार से क्या अपील की?, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Alok Putul
छत्तीसगढ़ में कई दक्षिणपंथी संगठनों ने छत्तीसगढ़ सरकार से माओवादियों के फ्रंटल समूहों के तौर पर काम करने वाले व्यक्तियों और संगठनों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की है.
शुक्रवार को इस संबंध में दक्षिणपंथी संगठनों से जुड़े लोग, शिक्षाविदों, वकीलों और रिटायर्ड अफ़सरों ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.
माओवादियों से शांति वार्ता के ख़िलाफ़ यह प्रस्ताव ऐसे समय पर आया है, जब पिछले 15 महीनों से राज्य में माओवादियों के ख़िलाफ़ सरकार सघन अभियान चला रही है.
दिसंबर 2023 में जब छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार आई तो राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने माओवादियों के साथ शांति वार्ता की पेशकश की थी.
माओवादी संगठन कम से कम पांच मौक़ों पर शांति वार्ता और युद्ध विराम की पेशकश कर चुके हैं. कई नागरिक संगठनों ने भी शांति वार्ता की अपील की है.लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार ऐसे प्रस्तावों को ठुकरा चुकी है.
दो हफ़्ते पहले नारायणपुर में सीपीआई माओवादी के महासचिव बसवराजू उर्फ नंबाल्ला केशव राव समेत 27 माओवादियों को सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में मारने का दावा किया था.
इंटलैक्चुअल फ़ोरम ऑफ़ छत्तीसगढ़ के बैनर तले जुटे 15 संगठन के लोगों ने सरकार को एक खुला पत्र लिखा. इस पत्र में उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सरकार नक्सलवाद के ख़िलाफ़ अपनी कार्रवाई सशक्त रूप से जारी रखे और सुरक्षाबलों के प्रयासों को और भी मज़बूत बनाए.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा गया कि माओवादियों के साथ 'शांति वार्ता' की बात तभी स्वीकार्य हो सकती है, जब माओवादी हिंसा और हथियारों का त्याग करें.
छत्तीसगढ़ में माओवादियों के ख़िलाफ़ आदिवासियों को हथियार दे कर शुरु किए गए सलवा जुडूम अभियान पर सुप्रीम कोर्ट ने पांच जुलाई 2011 को रोक लगा दी थी.
वक्ताओं ने कहा कि सलवा जुडूम को बार-बार निशाने पर लेना 'माओवादी आतंक' को नैतिक छूट देने का प्रयास है, जबकि बस्तर की जनता ख़ुद इस हिंसा की सबसे बड़ा शिकार है.
जिन लोगों ने सरकार को खुली चिट्ठी में लिखी है, उनमें मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज जस्टिस राकेश सक्सेना, सेना से जुड़े रहे मेजर जनरल मृणाल सुमन (रिटायर्ड), ब्रिगेडियर राकेश कुमार शर्मा (रिटायर्ड), पूर्व कुलपति डॉक्टर एसके पांडेय, सेवानिवृत्त आईएएस अनुराग पांडेय और एम्स दिल्ली के निदेशक तीरथ दास डोगरा के अलावा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के कई वक़ील भी शामिल हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, रोहित की पारी की मदद से मुंबई ने गुजरात को दिया 229 रनों का लक्ष्य
इमेज स्रोत, Getty Images
मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 229 रनों का लक्ष्य दिया है. इस मैच में मुंबई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार पारी खेली है.
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का एलिमिनेटर मुक़ाबला शुक्रवार को मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 228 रन बनाए.
मुंबई की तरफ़ से रोहित शर्मा ने चार छक्कों और नौ चौकों की मदद से 50 गेंदों पर सबसे ज़्यादा 81 रन बनाए. वहीं सलामी बल्लेबाज़ जॉनी बेयरस्टो ने तूफ़ानी शुरुआत करते हुए 22 गेंदों पर 47 रन बनाए.
गुजरात की ओर से गेंदबाज़ी में साई किशोर और प्रसिद्ध कृष्णा ने भले ही दो-दो विकेट लिए, लेकिन उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 42 (साई ) और 53 (कृष्णा ) रन दिए.
इस मुक़ाबले को जीतने वाली टीम क्वालीफायर 2 में पहुंच जाएगी, जहां उसका मुक़ाबला पंजाब किंग्स से होगा. क्वालीफायर 2, एक जून को खेला जाएगा.
वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) आईपीएल के फ़ाइनल में पहुंच चुकी है. तीन जून को आईपीएल का फ़ाइनल खेला जाएगा.
इस देश में भारी बारिश के कारण सौ से ज़्यादा लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Mikail Musa
इमेज कैप्शन, अधिकारियों का कहना है कि बचाव अभियान अभी भी जारी है
मध्य नाइजीरिया में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में कम से कम 110 लोग मारे गए हैं. सरकारी अधिकारियों ने बीबीसी को ये जानकारी दी.
नाइजर राज्य आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (एनएसईएमए) के प्रमुख अबुल्लाही बाबा-अराह ने बताया कि बारिश कई घंटों तक जारी रही.
उन्होंने कहा, "बाढ़ का पानी बढ़ने से 50 से ज़्यादा घर और उनमें रहने वाले लोग बह गए."
आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक़, मोक्वा शहर के टिफिन माज़ा और अंगुवान हौसावा ज़िले में इस बाढ़ से सबसे ज़्यादा नुक़सान हुआ है.
नाइजीरिया को 2022 में भी भयंकर बाढ़ का सामना करना पड़ा, जिसमें लगभग 13 लाख लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े और 600 से ज़्यादा लोगों की जान चली गई थी.
इसराइल ने फ़्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों पर क्या आरोप लगाया?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल ने फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है.
इसराइल के विदेश मंत्रालय ने फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पर 'यहूदी राज्य के ख़िलाफ़ धर्मयुद्ध' करने का आरोप लगाया है.
राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा था कि 'अगर इसराइल ग़ज़ा में जारी मानवीय संकट दूर करने के लिए और कदम नहीं उठाता है तो हमें अपना सामूहिक रुख और भी मज़बूत करना होगा.'
इसराइल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैक्रों की तथ्यों में कोई दिलचस्पी नहीं है. मानवीय सहायता पर कोई नाकाबंदी नहीं है. यह साफ़ झूठ है."
इसराइली मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र और ग़ज़ा मानवीय कोष के ज़रिए आने वाली सहायता का हवाला देते हुए कहा, "इसराइल इस समय दो समानांतर प्रयासों के ज़रिए ग़ज़ा में सहायता पहुंचाने में मदद कर रहा है."
इससे पहले शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय ने इसराइल पर आरोप लगाया था कि वह ग़ज़ा में ज़्यादा सहायता पहुंचने से रोक रहा है.
दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर प्रियंका और सुमिरन प्रीत कौर से
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
हमास ने ग़ज़ा में युद्ध ख़त्म करने वाले अमेरिकी प्रस्ताव पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, हमास अधिकारी बसेम नईम
हमास के अधिकारी बासम नईम ने कहा है कि हमास को अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ की ओर से रखे गए प्रस्ताव पर इसरायल से "आधिकारिक प्रतिक्रिया" मिल गई है.
नईम ने कहा कि इसराइल की यह प्रतिक्रिया "हमारे लोगों की किसी भी न्यायसंगत और वैध मांग को पूरा नहीं करती है, जिनमें तुरंत युद्धविराम और ग़ज़ा में जारी मानवीय तबाही को रोकना शामिल है."
साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि हमास नेतृत्व फ़िलहाल नए प्रस्ताव को गहनता और ज़िम्मेदारी से समीक्षा कर रहा है.
इससे पहले हमास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया था कि ग़ज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई के समझौते को लेकर अमेरिका के नए प्रस्ताव को हमास अस्वीकार करेगा.
हमास का कहना है कि यह प्रस्ताव पूर्ण युद्धविराम की उसकी मूल मांग को पूरा नहीं करता है
गुरुवार को व्हाइट हाउस ने कहा था कि स्टीव विटकॉफ़के एक प्रस्ताव पर इसराइल ने "हस्ताक्षर कर" दिए हैं और अब वो इस प्रस्ताव पर हमास की प्रतिक्रिया का इंतज़ार कर रहे हैं.
भारत की जीडीपी नए आंकड़ों में उम्मीद से ज़्यादा तेज़ी से बढ़ी, निखिल इनामदार, बीबीसी न्यूज़, लंदन
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रिज़र्व बैंक जून के आख़िर में बैठक करने जा रहा है जिसमें ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद है (सांकेतिक तस्वीर)
भारत की अर्थव्यवस्था जनवरी से मार्च की तिमाही के बीच 7.4 फ़ीसदी बढ़ी है, जो कि उसकी पिछली तिमाही में 6.2 फ़ीसदी थी.
यह आंकड़ा विश्लेषकों की उम्मीदों से कहीं बेहतर बताया जा रहा है.
हालांकि, पूरे 2024-25 वित्तीय वर्ष (अप्रैल से मार्च तक) के लिए विकास दर 6.5 फ़ीसदी रहने का अनुमान है, जो कि बीते चार वर्षों में सबसे धीमी रहेगी.
देश के केंद्रीय बैंक रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया की जून के आख़िर में बैठक होने जा रही है और उम्मीद है कि विकास को बढ़ावा देने के लिए वह लगातार तीसरी बार ब्याज दरों में कटौती करेगा.
भारत अभी भी दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है. हालांकि 2023-24 के वित्तीय वर्ष में 9.2 फ़ीसदी की ऊंची विकास दर दर्ज की गई थी जिसमें भारी गिरावट आई है.
एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को पिछले वित्तीय वर्ष में कृषि क्षेत्र की मज़बूत वृद्धि, लगातार सरकारी ख़र्च और ग्रामीण मांग में सुधार से फ़ायदा हुआ, भले ही इस दौरान मैन्युफैक्चरिंग और निजी कंपनियों की ओर से नए निवेश कमज़ोर रहे हैं.
एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आज भारत ने जीते इतने गोल्ड मेडल
इमेज स्रोत, gulveer__singh/Insta
इमेज कैप्शन, गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीता है
दक्षिण कोरिया के गूमी में चल रहे 26वें एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने शुक्रवार को
तीन गोल्ड मेडल अपने नाम किए.
महिलाओं की हाई जम्प स्पर्धा में पूजा ने गोल्ड मेडल
जीता. वहीं 5000
मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह और हेप्टाथलॉन में नंदिनी
अग्रसारा ने गोल्ड मेडल जीता है.
इस चैंपियनशिप में भारत के कुल 8 गोल्ड मेडल हो चुके
हैं.
इससे पहले 3000 मीटर स्टेपलचेज़ में अविनाश साबले ने गोल्ड मेडल जीता था.
इस चैंपियनशिप की मेडल टैली में भारत दूसरे पायदान पर
है.
भारत ने अब तक 8 गोल्ड,
7 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज़ समेत कुल 18 मेडल जीते हैं.
वहीं चीन 26 मेडल के साथ शीर्ष पर है.
पहलगाम हमला: शुभम द्विवेदी के परिवार ने बताया पीएम मोदी से क्या हुई बात?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशन्या द्विवेदी ने बताया है कि पीएम मोदी ने कहा है कि 'आतंकवाद' के ख़िलाफ़ लड़ाई ख़त्म नहीं हुई है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश
के कानपुर में कई सार्वजनिक परियोजनाओं का उद्घाटन किया.
पहलगाम हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशन्या
द्विवेदी ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाक़ात के दौरान उन्होंने संवेदना जताई है और ये कहा है कि वो पूरे
परिवार के साथ खड़े हैं.
उन्होंने कहा कि ‘पीएम मोदी
ने कहा कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई ख़त्म नहीं हुई है. इस पूरी घटना के बारे में भी उन्होंने विस्तार से बात
की.’
वहीं शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी ने बताया कि ‘पीएम मोदी से मिलकर आतंकवाद के ख़िलाफ़ कार्रवाई को लेकर
उनका आभार व्यक्त किया है.’
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने परिवार के साथ पहलगाम की घटना पर गहरा दुख
व्यक्त किया है.
पीएम मोदी ने 'आतंक' के ख़िलाफ़ लड़ाई के लिए कौन से तीन सूत्र का ज़िक्र किया?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी का भी ज़िक्र किया है (फ़ाइल फ़ोटो)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में शुक्रवार को कहा कि भारत ने 'आतंक' के ख़िलाफ़ अपनी लड़ाई में तीन सूत्र स्पष्ट रूप से तय किए हैं.
पीएम मोदी ने कानपुर में 47 हज़ार 600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी.
इसके बाद पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए तीन सूत्र बताए, जो 'आतंक' के ख़िलाफ़ लड़ाई के लिए तय किए गए हैं.
पीएम के मुताबिक़ पहला सूत्र, "भारत हर आतंकी हमले का क़रारा जवाब देगा, उसका समय, जवाब देने का तरीक़ा और शर्तें हमारी सेनाएं ख़ुद तय करेंगी."
उन्होंने दूसरा सूत्र बताते हुए कहा, "भारत अब एटम बम की गीदड़ भभकी से नहीं डरेगा और न ही उसके आधार पर कोई फ़ैसला लेगा."
पीएम ने तीसरे सूत्र के बारे में कहा, "आतंक के आक़ा और आतंक की सरपरस्त सरकार को भारत एक ही नज़र से देखेगा."
इसके अलावा पीएम मोदी ने बताया कि कानपुर में ये विकास का कार्यक्रम 24 अप्रैल को होने वाला था लेकिन पहलगाम हमले के कारण दौरा रद्द करना पड़ा.
साथ ही पीएम मोदी ने पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी का भी ज़िक्र किया.
उन्होंने कहा, "पहलगाम के आतंकी हमले में हमारे कानपुर के बेटे शुभम द्विवेदी भी इस बर्बरता का शिकार हुए. बेटी ऐशान्या द्विवेदी की वो पीड़ा, वो कष्ट और भीतर का आक्रोश हम सब महसूस कर सकते हैं."
पीएम मोदी ने कहा, "हमारी बहनों का वही आक्रोश ऑपरेशन सिंदूर के रूप में पूरी दुनिया ने देखा है."
पश्चिम बंगाल सरकार ने जारी की शिक्षक भर्ती परीक्षा की अधिसूचना, इन्हें मिलेगी ये छूट, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Sanjay Das
इमेज कैप्शन, शिक्षकों की नियुक्ति रद्द होने के बाद पश्चिम बंगाल में धरने पर शिक्षक बैठे हैं
पश्चिम बंगाल सरकार ने नौवीं से 12वीं कक्षा तक नए सिरे से शिक्षकों की भर्ती के लिए परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दी है.
सुप्रीम कोर्ट ने राज्य के कथित शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में क़रीब 26 हज़ार शिक्षकों की नियुक्ति रद्द कर नए सिरे से बहाली की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया था.
अदालत ने 31 मई तक इसकी अधिसूचना जारी करने को कहा था. उसी आधार पर स्कूल सेवा आयोग ने यह अधिसूचना जारी की है.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक दिन पहले अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी थी. उन्होंने कहा था कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक़ अधिसूचना जारी करेगी.
अधिसूचना में कहा गया है कि उम्मीदवार 14 जून से 14 जुलाई के बीच इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. लिखित परीक्षा सितंबर के पहले सप्ताह में आयोजित की जाएगी.
अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में इसका नतीजा जारी किया जाएगा और नवंबर के पहले से तीसरे सप्ताह के बीच इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा. उम्मीदवारों का पैनल 24 नवंबर को जारी किया जाएगा. उसके बाद नियुक्ति की सूचना दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के फै़सले के ख़िलाफ़ दायर समीक्षा याचिका के ज़रिए क़ानूनी लड़ाई भी जारी रखेगी.
दूसरी ओर, योग्य उम्मीदवारों ने सरकार के इस फै़सले पर निराशा जताई है. वो दोबारा परीक्षा में बैठने को तैयार नहीं हैं. फ़िलहाल ऐसे सैकड़ों उम्मीदवार आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने शुक्रवार को राज्य सचिवालय तक रैली निकालने का भी एलान किया है.
लेकिन सीएम ममता का कहना है कि अदालत के निर्देश के मुताबिक़ उनको भी परीक्षा में शामिल होना होगा.
ताज़ा अधिसूचना में बहाली के नियम-शर्तों में कुछ बदलाव भी किए गए हैं. एक जनवरी, 2025 तक 40 वर्ष की उम्र वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दूसरी पिछड़ी जातियों को सरकारी नियमों के मुताबिक़ उम्र सीमा में छूट मिलेगी.
पीएम मोदी ने वैभव सूर्यवंशी से पटना एयरपोर्ट पर की मुलाक़ात, कही ये बात
इमेज स्रोत, @narendramodi/X
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने वैभव सूर्यवंशी से मुलाक़ात के बारे में अपने एक्स अकाउंट पर जानकारी दी है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पटना एयरपोर्ट पर आईपीएल में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी और उनके परिवार से मुलाक़ात की है.
आईपीएल के 18वें सीज़न के एक मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 35 गेंद पर शानदार शतक बनाया था जो कि आईपीएल में किसी भारतीय क्रिकेटर का सबसे तेज़ शतक है.
वैभव ने कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए जिसके बाद उनकी चर्चा तेज़ हो गई.
वैभव से मुलाक़ात के बाद पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "पटना एयरपोर्ट पर युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी और उनके परिवार से मुलाक़ात हुई. उनके क्रिकेट कौशल की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है."
साथ ही पीएम मोदी ने वैभव को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
आईपीएल 2025 में वैभव ने कौन से रिकॉर्ड बनाए हैं?
गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ 35 गेंदों में शतक बनाया
आईपीएल इतिहास में सबसे तेज़ सेंचुरी लगाने वाले भारतीय
आईपीएल इतिहास में दूसरा सबसे तेज़ शतक लगाने वाले क्रिकेटर (पहले क्रिस गेल- 30 गेंद में शतक)
टी20 में सेंचुरी लगाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर
ग़ज़ा में युद्धविराम लागू करने को लेकर पूर्व अमेरिकी विशेष दूत ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पूर्व अमेरिकी विशेष दूत डेविड सैटरफ़ील्ड ने कहा है कि युद्धविराम लागू हो पाना अभी भी एक बड़ा सवाल है
मध्य पूर्व के लिए एक पूर्व अमेरिकी विशेष दूत ने कहा है कि युद्धविराम की बातचीत में सबसे बड़ी अड़चन यह है कि दोनों पक्ष ऐसी मांगें कर रहे हैं जो एक-दूसरे से मेल नहीं खाती हैं.
डेविड सैटरफ़ील्ड ने बीबीसी रेडियो 4 के "टुडे" कार्यक्रम को बताया कि अमेरिका और इसराइल ऐसा समझौता नहीं चाहते जिसमें हमास के पास काफ़ी ताक़तवर सेना बची रह जाए.
साथ ही वह यह भी चाहते हैं कि ज़रूरत पड़ने पर ग़ज़ा में दोबारा हमला करने की छूट बनी रहे.
उन्होंने कहा कि हमास पूर्ण युद्धविराम और युद्ध की समाप्ति की मांग कर रहा है.
सैटरफ़ील्ड ने कहा कि उनका मानना है कि एक ऐसी व्यवस्था की जा सकती है जिसमें कुछ बंधकों की रिहाई और एक अस्थायी युद्धविराम शामिल हो, लेकिन यह एक लंबे समय के समझौते में क्या तब्दील हो पाएगा, यह एक अलग सवाल है.
इससे पहले हमास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया है कि ग़ज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई के समझौते को लेकर अमेरिका के नए प्रस्ताव को वो अस्वीकार करेगा.
हमास का कहना है कि ये प्रस्ताव पूर्ण युद्धविराम की उसकी मूल मांग को पूरा नहीं करता.
गुरुवार को व्हाइट हाउस ने कहा था कि स्टीव विटकॉफ़के एक प्रस्ताव पर इसराइल ने "हस्ताक्षर कर" दिए हैं और अब वो इस प्रस्ताव पर हमास की प्रतिक्रिया का इंतज़ार कर रहे हैं.
अभी तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अलीआप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
अंकिता भंडारी हत्याः तीन साल बाद तीनों अभियुक्तों को उम्रक़ैद की सज़ा, आसिफ़ अली, बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अंकिता भंडारी हत्या के बाद उत्तराखंड में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे.
उत्तराखंड में बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में कोटद्वार स्थित अपर ज़िला एवं सत्र न्यायालय (एडीजे कोर्ट) ने शुक्रवार को फ़ैसला सुना दिया है.
कोर्ट ने अभियुक्तों पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को दोषी क़रार दिया है.
अधिवक्ता अरविंद वर्मा ने बताया कि, "कोर्ट ने तीनों अभियुक्तों पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को आईपीसी की धारा 302, 354, 201 और 3/4, अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत दोषी करार दिया है."
फ़ैसले में अदालत ने तीनों अभियुक्तों को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई है.
उम्रक़ैद और ज़ुर्माना
अधिवक्ता अरविंद वर्मा के अनुसार, “अभियुक्त पुलकित आर्य को धारा 302 (हत्या) में कठोर आजीवन कारावास और 50,000 रुपये का जुर्माना. धारा 201 (सबूत मिटाना) में 5 साल का कठोर कारावास और 10,000 रुपये ज़ुर्माना. धारा 354ए (यौन उत्पीड़न) में 2 साल का कठोर कारावास
और 10,000 रुपये जुर्माना. आईटीपीए धारा 3(1)(डी) में 5 साल का कठोर
कारावास और 2,000 रुपये ज़ुर्माना.”
“अभियुक्त सौरभ भास्कर व अंकित गुप्ता को धारा 302 में कठोर आजीवन
कारावास और ₹50,000 जुर्माना। धारा 201 में 5 साल का कठोर कारावास और 10,000 रुपये ज़ुर्माना. आईटीपीए धारा 3(1)(डी) में 5 साल का कठोर कारावास और 2,000 रुपये ज़ुर्माना.”
“साथ ही अदालत ने मृतका
के परिजनों को 4 लाख रुपये का प्रतिपूर्ति
मुआवजा भी देने का आदेश दिया है.”
कोटद्वार स्थित एडीजे कोर्ट में 30 जनवरी, 2023 को मामले की पहली सुनवाई शुरू हुई थी.
एसआईटी जांच के बाद अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में 500 पन्ने का आरोपपत्र दाख़िल किया गया.
क़रीब दो साल 8 माह तक चले ट्रायल में अभियोजन पक्ष की ओर से विवेचक समेत 47 गवाह अदालत में पेश किए गए.
बीती 19 मई को अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता विशेष लोक अभियोजक की ओर से बचाव पक्ष की बहस का जवाब दिया गया और इसी के साथ सुनवाई पूरी हो गई थी.
अदालत ने दोनों पक्षों की बहस और दलीलें सुनने के बाद फ़ैसला सुनाने के लिए 30 मई की तारीख निर्धारित की थी.
इमेज स्रोत, SHABAZ ANWAR/BBC
क्या है पूरा मामला
उत्तराखंड के ज़िले पौड़ी गढ़वाल के
डोभ श्रीकोट की रहने वाली अंकिता भंडारी ऋषिकेश में लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र और
चीला के बीच मौजूद वंतरा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी कर रही थी.
साल 2022 के सितंबर माह में अंकिता के लापता होने की
ख़बर और फिर दो दिन बाद चीला नहर से अंकिता का शव बरामद किया गया था.
पुलिस के अनुसार 19 वर्षीय अंकिता की हत्या रिज़ॉर्ट संचालक और भाजपा
नेता और पूर्व राज्यमंत्री विनोद आर्य के बेटे पुलकित आर्य, रिज़ॉर्ट मैनेजर सौरभ भास्कर और एक अन्य कर्मी
अंकित ने की थी.
पुलकित के भाई अंकित भी उत्तराखंड
में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष थे, जिन्हें यह मामला सामने आने के बाद इस पद से हटा दिया गया था.
पुलिस का कहना था कि अंकिता को 'अनैतिक कार्य' के लिए मजबूर किया जा रहा था और जब अंकिता ने इस बारे में दूसरों को
बताने की धमकी दी तो उनकी हत्या कर दी गई.
भारतीय विदेश मंंत्रालय ने बताया- अमेरिका ने इस साल 1,000 भारतीयों को डिपोर्ट किया, नियाज़ फ़ारुक़ी, बीबीसी संवाददाता, दिल्ली
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसी साल फ़रवरी में अमेरिका ने सौ से अधिक भारतीय नागरिकों को अमेरिकी सेना के जहाज़ में डिपोर्ट किया था
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि जनवरी से अब तक इस साल एक हज़ार भारतीय नागरिकों को अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया गया है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने विस्तार में जानकारी नहीं दी लेकिन कहा कि इनमें से लगभग 62 फ़ीसदी लोग कमर्शियल उड़ानों से भारत लौटे हैं.
बीते दिनों अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वो देश में बिना वैध दस्तावेज़ रह रहे लोगों को बाहर निकालेंगे.
इससे पहले ट्रंप ने अवैध आप्रवासियों के मामले में कहा था कि भारत "वही करेगा जो सही होगा".
इसी साल फ़रवरी में अमेरिका ने सौ से अधिक भारतीय नागरिकों को अमेरिकी सेना के जहाज़ में डिपोर्ट किया था. इसके बाद ये चर्चा शुरू हो गई थी कि जिन लोगों को डिपोर्ट किया गया था उन्हें हथकड़ियां पहनाई गई थीं.
विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "आप्रवासन के मुद्दों पर भारत और अमेरिका क़रीबी स्तर पर मिलकर काम कर रहे हैं. भारत किसी को वापस लेने से पहले उसकी राष्ट्रीयता का सत्यापन करता है."
अमेरिका ने लगभग 18,000 ऐसे भारतीय नागरिकों की पहचान की है, जिनके बारे में उसका मानना है कि वे अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे थे.
इससे पहले इसी महीने भारत में मौजूद अमेरिकी दूतावास ने चेतावनी जारी की थी कि अमेरिका में निर्धारित अवधि से अधिक समय तक रहने पर डिपोर्ट होने का जोखिम हो सकता है और व्यक्ति पर स्थायी प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है.
दूतावास के अनुसार, ये नियम उन लोगों पर भी लागू होगा जो वैध रूप से अमेरिका आए हैं.
ग़ज़ा के लिए अमेरिका की युद्धविराम योजना पर हमास ने जताया एतराज़
इमेज स्रोत, BASHAR TALEB/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा पर इसराइल का हवाई हमला जारी है
हमास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया है कि ग़ज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई के समझौते को लेकर अमेरिका के नए प्रस्ताव को वो अस्वीकार करेगा.
हमास का कहना है कि ये प्रस्ताव पूर्ण युद्धविराम की उसकी मूल मांग को पूरा नहीं करता.
उसका कहना है कि वो वक्त आने पर इस पर अपनी प्रतिक्रिया देगा.
गुरुवार को व्हाइट हाउस ने कहा था कि स्टीव विटकॉफ़के एक प्रस्ताव पर इसराइल ने "हस्ताक्षर कर" दिए हैं और अब वो इस प्रस्ताव पर हमास की प्रतिक्रिया का इंतज़ार कर रहे हैं.
इधर इसराइली मीडिया में आ रही ख़बरों के अनुसार, इसराइली अधिकारियों का कहना है कि इस प्रस्ताव के तहत 60 दिनों के युद्धविराम और इसराइली जेलों में बंद फ़लस्तीनी कैदियों की आज़ादी के बदले, हमास 10 जीवित बंधकों को आज़ाद करेगा और 18 बंधकों के अवशेष इसराइल को सौंपेगा. ये प्रस्ताव दो चरणों में लागू होगा.
इसराइली सरकार की तरफ से इसपर अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन गुरुवार को इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने बंधकों के परिजनों से कहा था कि वो इस प्रस्ताव को स्वीकर करेंगे.