बिहार में बाढ़ की वजह से अब तक क़रीब 20 ट्रेनें प्रभावित, कुछ को किया गया रद्द
बिहार में जमालपुर-भागलपुर सेक्शन के सुल्तानगंज और रतनपुर रेलवे स्टेशन के बीच एक पुल के ग्रिडर तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है.
बाढ़ की वजह से इस रूट पर शनिवार देर रात क़रीब 12 बजे से ही कई ट्रेनों पर असर पड़ा है.
रूट पर रेल सेवा प्रभावित होने से रविवार की कम से कम चार ट्रेनों को भी रद्द करना पड़ा है. इसके अलावा कम से कम एक दर्जन ट्रेनों को डायवर्ट कर दूसरे रूट से चलाने का फ़ैसला किया गया है.
पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक़ कम से कम चार ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है. यानी ये ट्रेनें अपनी तय दूरी से कम की यात्रा करेंगी ताकि ट्रेनों को बाढ़ प्रभावित इलाक़ों से दूर रखा जा सके.