फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर फ़ैक्ट चेकर्स को लेकर मेटा ने किया ये बड़ा फ़ैसला

मेटा ने फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर इंडिपेंडेंट फ़ैक्ट चेकर्स को हटाने का फ़ैसला लिया है. इसकी जगह 'एक्स' की तरह कम्युनिटी नोट्स का विकल्प शुरू होगा.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. फ़्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने मस्क पर साधा निशाना, नाम लिए बिना लगाया ये बड़ा आरोप

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के एलन मस्क से अच्छे संबंध रहे हैं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के एलन मस्क से अच्छे संबंध रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों भी दुनिया के सबसे अमीर शख़्स और टेस्ला और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के मालिक एलन मस्क की आलोचना करने वाले नेताओं में शामिल हो गए हैं.

    उन्होंने कहा, ''दस साल पहले किसने ये सोचा होगा कि दुनिया के सबसे बड़े सोशल नेटवर्कों में से एक के मालिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियावादी आंदोलन का समर्थन करेंगे और जर्मनी समेत कई देशों के चुनावों में सीधे दखल देंगे.''

    अलग-अलग देशों में फ़्रांस के राजदूतों को संबोधित करते हुए मैक्रों ने मस्क का नाम तो नहीं लिया लेकिन उन्होंने कई देशों में चुनावों में उनके दखल देने की बात कही.

    मैक्रों के मस्क से अच्छे संबंध रहे हैं. हाल में नोट्रेडम कैथेड्रल को दोबारा खोले जाने के मौके पर उन्होंने मस्क को आमंत्रित किया था.

    इससे पहले जर्मनी सरकार के एक प्रवक्ता ने मस्क का नाम लेकर कहा था कि वोटरों पर मस्क का सीमित असर है. उन्होंने कहा, ''सामान्य, समझदार और सभ्य लोग इस देश में ज्यादा हैं.''

    जर्मनी में अगले महीने मध्यावधि चुनाव होंगे.

    इससे पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने एलन मस्क के ब्रिटिश सरकार पर किए गए हमलों का जवाब दिया था.

    पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने एलन मस्क का नाम लिए बिना मंत्री जेस फिलिप्स का बचाव किया.

    उन्होंने कहा कि जेस ने अपने आलोचकों के मुकाबले पीड़ितों के लिए हज़ार गुना ज़्यादा काम किया है.

  2. अमेरिका ने ग्वांतानामो बे जेल से यमन के 11 कैदियों को छोड़ा

    ग्वांतनामो बे जेल में एक कैदी को ले जाते अमेरिकी सैनिक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग्वांतनामो बे जेल में एक कैदी को ले जाते अमेरिकी सैनिक

    अमेरिकी सेना ने यमन के 11 कैदियों को ग्वांतानामो बे डिटेंशन कैंप से रिहा कर ओमान भेज दिया है. अब वहां सिर्फ 15 कैदी बचे हैं.

    सोमवार को जिन लोगों को छोड़ा गया था उनमें से किसी पर भी यहां कैद में रहने के दौरान किसी अपराध का आरोप साबित नहीं हो पाया है.

    मानवाधिकार समूहों ने कैद में रहने के दौरान उनके हालात पर चिंता जताई है.

    जो 15 लोग अब भी कैद हैं उनमें भी छह पर आरोप तय नहीं हुए हैं.

    हालांकि एक अन्य कैदी को अमेरिका में हुए 11 सितंबर 2001 के हमले का दोषी ठहराया गया है. जिन लोगों को रिहा किया गया है फिलहाल उन्हें यमन नहीं भेजा सकता क्योंकि वहां गृहयुद्ध चल रहा है. हालांकि रिहा किए जाने वाले कैदियों के पुनर्वास में ओमान का रिकार्ड अच्छा रहा है.

    ग्वांतनामो बे जेल 2001 में 11 सितंबर को अमरीका में चरमपंथी हमले के बाद शुरू किया गया था.

    ग्वांतनामो बे के लिए दुनिया भर में अमरीका की आलोचना होती है. ग्वांतनामो बे को दुनिया की सबसे ख़तरनाक जेलों में से एक है. यहां कैदियों पर जुल्म ढाने की ख़बरें आती रही हैं.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, नेपाल-तिब्बत सीमा के पास भूकंप, बिहार समेत उत्तर भारत में महसूस किए गए झटके

    काठमांडू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तिब्बत-नेपाल की सीमा पर आए भूकंप के शक्तिशाली झटके काठमांडू तक महसूस किए गए हैं (सांकेतिक तस्वीर)

    नेपाल-चीन सीमा पर मंगलवार के तड़के तक़रीबन 7.1 तीव्रता का भूकंप आया है. भूकंप इतना ताक़तवर था कि इसके झटके उत्तर भारत में महसूस किए जाने की ख़बरें आ रही हैं.

    चीन के सरकारी चैनल सीसीटीवी के मुताबिक़ भारतीय समयानुसार मंगलवार की सुबह तिब्बत के शिगात्से शहर में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया है.

    चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र की ओर से जारी बयान के अनुसार भूकंप सुबह 6:35 (भारतीय समयानुसार) आया है.

    वहीं समाचार एजेंसी एएफ़पी के रिपोर्टर का कहना है कि नेपाल की राजधानी काठमांडू में मंगलवार तड़के भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किए गए. भूकंप की तीव्रता 7.1 बताई जा रही है.

    नेपाल के सोलुखुम्बु के सहायक मुख्य ज़िला अधिकारी रूपेश विश्वकर्मा के अनुसार, एक बड़ा भूकंप महसूस किया गया, लेकिन अभी तक कोई शारीरिक या मानवीय क्षति की सूचना नहीं है.

    विश्वकर्मा ने बीबीसी नेपाली को टेलीफोन पर कहा, "यह एक बड़े भूकंप जैसा महसूस हुआ. मैंने बस बाहर देखा और यहां आसपास कोई नुक़सान नहीं हुआ. लोबुचे तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं."

    शिगात्से शहर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पांच सालों में शिगात्से के 200 किलोमीटर के दायरे में 3 और उससे अधिक तीव्रता के 29 भूकंप आ चुके हैं (सांकेतिक तस्वीर)

    तिब्बत क्षेत्र के शिगात्से शहर में आए इस भूकंप से आशंका जताई जा रही है कि वहां ख़ासा नुक़सान हो सकता है.

    चीन के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में कई बार भूकंप आए हैं. साल 2008 में सिचुआन प्रांत में आए भूकंप में 70,000 लोग मारे गए थे.

    चीन के सरकारी टीवी चैनल सीसीटीवी के मुताबिक़, बीते पांच सालों में शिगात्से के 200 किलोमीटर के दायरे में 3 और उससे अधिक तीव्रता के 29 भूकंप आ चुके हैं. ये सभी भूकंप मंगलवार की सुबह आए भूकंप से हलके थे.

    साल 2015 में काठमांडू के नज़दीक आए 7.8 तीव्रता के भूकंप में 9,000 लोगों की मौत हुई थी और हज़ारों लोग घायल हुए थे. ये देश में आया अब तक का सबसे भयानक भूकंप था.

  4. ट्रूडो के इस्तीफ़े पर मस्क का तंज़, कहा- 2025 अच्छा दिख रहा है

    मस्क

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मस्क ने ट्रूडो के इस्तीफ़े पर तंज़ कसते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है

    दुनिया के सबसे अमीर शख़्स और टेस्ला और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के मालिक एलन मस्क ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिस ट्रूडो के इस्तीफ़े पर प्रतिक्रिया दी है.

    डोनाल्ड ट्रंप के नए अमेरिकी प्रशासन में डिपार्टमेंट गवर्नमेंट इफिशिएंसी की ज़िम्मेदारी संभालने जा रहे मस्क ने ट्रूडो के इस्तीफ़े पर तंज़ कसते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''2025 अच्छा दिख रहा है. ट्रंप जीत गए. ट्रूडो ने इस्तीफ़ा दे दिया. किएर स्टार्मर का पर्दाफ़ाश हो चुका है."

    "नायिब बुकेले ने अल सल्वाडोर में अपराध 95 फ़ीसदी कम कर दिया है. जेवियिर मिलि ने 2008 के बाद पहली बार सरप्लस जुटाया है. शानदार लोगों ने तरक्की की है. और बिल्कुल सही समय पर. हमें उनकी ज़रूरत पड़ेगी.''

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सत्ताधारी लिबरल पार्टी के नेता पद और प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया है. हालांकि, लिबरल पार्टी के नए नेता चुने जाने तक ट्रूडो प्रधानमंत्री बने रहेंगे.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    - कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने दिया इस्तीफ़ा, भारत को लेकर क्या हो रही थी बात

    - रमेश बिधूड़ी की टिप्पणी पर आतिशी प्रेस कॉन्फ़्रेंस में रो पड़ीं, केजरीवाल ने क्या कहा

    - रूस के हमले के कारण यूक्रेन में बढ़ रहे हैं तलाक़ के मामले

    - एचएमपीवी की भारत में भी दस्तक, जानिए क्या हैं लक्षण और बचाव