बिहार चुनावः तेजस्वी यादव ने मतगणना से पहले लगाया ये आरोप

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को होने वाली मतगणना से पहले दावा किया है कि महागठबंधन इस बार स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. निठारी केस: सुरिंदर कोली को सुप्रीम कोर्ट से बरी किए जाने के बाद जेल से रिहा किया गया

    सुरिंदर कोली

    इमेज स्रोत, Sunil Ghosh/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, सुरिंदर कोली को बुधवार शाम जेल से रिहा किया गया

    नोएडा के चर्चित निठारी हत्याकांड से जुड़े अंतिम मामले में अभियुक्त सुरिंदर कोली को सुप्रीम कोर्ट की ओर से बरी किए जाने के बाद जेल से रिहा कर दिया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी है.

    सुरिंदर कोली को ग्रेटर नोएडा की लुक्सर जेल में रखा गया था. जेल के अधीक्षक ब्रिजेश कुमार ने रिहाई की पुष्टि करते हुए पीटीआई को बताया कि कोली को बुधवार शाम 7.20 बजे रिहा कर दिया गया.

    निठारी हत्याकांड एक ऐसा आपराधिक मामला था जिसने पूरे भारत को झकझोर कर रख दिया था. महीनों तक यह मामला सुर्ख़ियों में छाया रहा था.

    इस मामले में सुरिंदर कोली और मोनिंदर सिंह पंढेर को मुख्य अभियुक्त बनाया गया और उन पर लगे आरोपों के भयानक विवरण की चर्चा देशभर में थी.

  2. बांग्लादेश ने शेख़ हसीना के इंटरव्यू के बाद भारतीय राजनयिक को तलब किया

    श़ेख हसीना

    इमेज स्रोत, Carsten Koall/Getty

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश ने शेख़ हसीना की मीडिया तक पहुंच को रोके जाने की मांग की (फ़ाइल फ़ोटो)

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के भारतीय मीडिया में इंटरव्यू के बाद ढाका में भारत के उप-उच्चायुक्त पवन बदेह को तलब किया गया.

    बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, बांग्लादेश ने इस मामले पर गहरी चिंता व्यक्त की है.

    बांग्लादेश में अपनी सरकार के पतन के बाद शेख़ हसीना भारत में रह रही हैं.

    बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने बुधवार शाम एक राजनयिक सूत्र के हवाले से इस ख़बर की पुष्टि की.

    बीएसएस के मुताबिक़, बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा, ''मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों के लिए मुक़दमे का सामना कर रही एक अभियुक्त को शरण देना और उन्हें बांग्लादेश विरोधी बयान देने और देश में 'आतंकवादी' गतिविधियों को भड़काने की अनुमति देना, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के लिए सही नहीं है.''

    बांग्लादेश ने भारतीय राजनयिक से कहा कि शेख़ हसीना की मीडिया तक पहुंच को तुरंत रोका जाए.

    पिछले साल सरकार विरोधी आंदोलन के बाद शेख़ हसीना को देश छोड़ना पड़ा था.

  3. दिल्ली ब्लास्ट: अमेरिकी विदेश मंत्री ने क्यों की भारत की तारीफ़?

    मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, MANDEL NGAN/POOL/AFP via Getty

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दिल्ली ब्लास्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भारत ने इस मामले की जांच को बहुत ही संतुलित और पेशेवर तरीक़े से संभाला है.

    जी7 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए कनाडा पहुंचे रुबियो ने कहा, "मेरा मानना है कि भारतीयों की सराहना की जानी चाहिए."

    मार्को रुबियो ने कहा, "उन लोगों ने इस मामले की जांच को बहुत ही संतुलित, सतर्क और पेशेवर तरीक़े से संभाला है. यह साफ़ तौर पर एक आतंकवादी हमला है. एक कार में बहुत ज़्यादा विस्फोटक सामग्री थी, जिसमें धमाका हुआ और कई लोगों की मौत हुई."

    सोमवार को दिल्ली के लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार धमाके में कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं.

    भारत सरकार ने बुधवार को एक बयान जारी कर इसे 'जघन्य आतंकवादी घटना' करार दिया. इसके साथ ही केंद्रीय कैबिनेट ने इस घटना से जुड़ा एक प्रस्ताव पास किया है.

    संबंधित कहानियां:

  4. लाल क़िला मेट्रो स्टेशन कब तक रहेगा बंद, दिल्ली मेट्रो ने बताया

    लाल क़िला मेट्रो स्टेशन

    इमेज स्रोत, Kabir Jhangiani/NurPhoto via Getty

    इमेज कैप्शन, लाल क़िला मेट्रो स्टेशन को कार धमाके के बाद बंद किया गया था

    दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया है कि लाल क़िला मेट्रो स्टेशन फ़िलहाल बंद ही रहेगा. सोमवार को मेट्रो स्टेशन के पास कार धमाका होने के बाद इस बंद किया गया था.

    डीएमआरसी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, "सुरक्षा कारणों से लाल क़िला मेट्रो स्टेशन अगली सूचना तक बंद रहेगा. अन्य सभी स्टेशन सामान्य रूप से संचालित रहेंगे."

    सोमवार को हुए कार धमाके में कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हैं.

    भारत सरकार ने बुधवार को एक बयान जारी कर इसे 'जघन्य आतंकवादी घटना' करार दिया है. इसके साथ ही केंद्रीय कैबिनेट ने इस घटना से जुड़ा एक प्रस्ताव पास किया है.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, अमेरिका में शटडाउन ख़त्म करने से जुड़ा बिल संसद के निचले सदन से पास

    अमेरिकी कांग्रेस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शटडाउन ख़त्म करने से जुड़ा बिल 'हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स' से पास होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति के पास हस्ताक्षर के लिए जाएगा

    अमेरिका के 'हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव' से देश में शटडाउन समाप्त करने से जुड़ा बिल पास हो गया है. यह बिल 222-209 मतों से पारित हुआ है.

    हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स, अमेरिकी संसद (कांग्रेस) का निचला सदन है, जबकि सीनेट इसका उच्च सदन है.

    वोटिंग के दौरान अंत में छह डेमोक्रेट सदस्यों ने इस रिपब्लिकन बिल का समर्थन किया. अब यह बिल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास हस्ताक्षर के लिए जाएगा.

    ट्रंप ने कहा है कि वो इस बिल पर गुरुवार को ही दस्तख़त करने की योजना में हैं.

    राष्ट्रपति की मंज़ूरी के बाद आधिकारिक तौर पर अमेरिका के इतिहास का सबसे लंबा सरकारी शटडाउन समाप्त हो जाएगा.

    बिल पास होने के बाद हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स के स्पीकर माइक जॉनसन ने कहा, "हम आज बहुत राहत महसूस कर रहे हैं. डेमोक्रेट शटडाउन अब आख़िरकार ख़त्म हो गया."

    जॉनसन ने शटडाउन के लिए विपक्षी डेमोक्रेट सांसदों को ज़िम्मेदार ठहराया.

    शटडाउन के बाद कई सरकारी कामकाज बंद हो गए हैं.

    साथ ही बड़ी तादाद में संघीय सरकार के कर्मचारी या तो छुट्टी पर चले गए हैं या बिना वेतन के काम कर रहे हैं.

    दरअसल, सीनेट में सरकार के खर्चों से जुड़ा बिल पास नहीं हो पाया था. सीनेट के सदस्यों ने इस बिल को 14 बार रिजेक्ट किया था. इसकी वजह से अमेरिका में शटडाउन की स्थिति बनी.

  6. नीतीश कुमार रेड्डी दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ नहीं खेलेंगे पहला टेस्ट मैच, ये है वजह

    नीतीश कुमार रेड्डी

    इमेज स्रोत, Alex Davidson/Getty

    इमेज कैप्शन, नीतीश अब भारत-ए टीम से जुड़ेंगे और दक्षिण अफ़्रीका-ए के ख़िलाफ़ राजकोट में होने वाली वनडे सिरीज़ का हिस्सा होंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच शुक्रवार से खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच से भारतीय ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को रिलीज़ किया गया है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसकी जानकारी दी है.

    यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 14 से 18 नवंबर के बीच खेला जाएगा.

    बीसीसीआई के मुताबिक़, नीतीश अब भारत-ए टीम से जुड़ेंगे और दक्षिण अफ़्रीका-ए के ख़िलाफ़ राजकोट में होने वाली वनडे सिरीज़ का हिस्सा होंगे.

    भारत-ए और दक्षिण अफ़्रीका-ए के बीच तीन वनडे मैचों की सिरीज़ होगी. तीनों ही मैच राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले जाएंगे.

    बीसीसीआई ने यह भी बताया है कि नीतीश कुमार रेड्डी इस वनडे सिरीज़ के बाद दूसरे टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में दोबारा शामिल होंगे.

    इसके साथ ही बोर्ड ने अपडेटेड टीम की सूची भी जारी की है. इसके मुताबिक़ टीमें इस प्रकार हैं:

    पहले टेस्ट के लिए भारत की अपडेटेड टीम: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर, उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप.

    वनडे सिरीज़ के लिए भारत-ए की अपडेटेड टीम: तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, रियान पराग, ईशान किशन (विकेटकीपर), आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, विप्रज निगम, मानव सुथार, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, खलील अहमद, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी.

  7. विदेश मंत्री एस जयशंकर जी7 बैठक में हुए शामिल, समुद्री सुरक्षा को लेकर ये हुई चर्चा

    जी7 देशों के विदेश मंत्री

    इमेज स्रोत, X/@DrSJaishankar

    इमेज कैप्शन, जी7 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले एस जयशंकर ने कई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर बुधवार को जी7 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए. यह बैठक कनाडा के ओंटारियो में हुई.

    एस जयशंकर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए इस बैठक के दौरान जिन मुद्दों पर चर्चा हुई, उनकी जानकारी दी है.

    उन्होंने बताया, "बैठक में समुद्री सुरक्षा को लेकर भारत के दृष्टिकोण, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और बंदरगाह आधारित विकास के मुद्दों को हाईलाइट किया गया."

    भारतीय विदेश मंत्री के मुताबिक़, बैठक में भरोसेमंद और डायवर्सिफ़ाइड समुद्री मार्गों की ज़रूरत पर ज़ोर दिया गया. साथ ही शिपिंग इन्फ़्रास्ट्रक्चर और समुद्री गलियारों को मज़बूत करने के भारत के प्रयासों पर भी चर्चा हुई.

    इसके अलावा महत्वपूर्ण समुद्री इन्फ़्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा, समुद्री ख़तरों- डकैती, तस्करी और ग़ैरक़ानूनी मछली पकड़ना, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में जॉइंट एक्सरसाइज़ जैसे मुद्दों पर भी ज़ोर दिया गया.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.