हसन नसरल्लाह की मौत पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने क्या कहा

इमेज स्रोत, Getty Images
इसराइली हमले में हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की मौत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने बयान जारी किया है.
राष्ट्रपति बाइडन ने कहा है, "बीते चार दशक के आतंक के दौर में हसन नसरल्लाह और उसके नेतृत्व वाला आतंकवादी समूह ‘हिज़्बुल्लाह’ सैकड़ों अमेरिकियों की हत्या के लिए ज़िम्मेदार थे."
बयान में कहा गया है कि इसराइली हवाई हमले में नसरल्लाह की मौत उसके कई पीड़ितों के लिए एक इंसाफ़ है, जिसमें हज़ारों अमेरिकी, इसराइली और लेबनानी नागरिक शामिल हैं.
बाइडन ने आगे कहा है, "हिज़्बुल्लाह, हमास, हूती और ईरान समर्थित किसी भी अन्य ‘आतंकवादी’ समूहों के ख़िलाफ़ ख़ुद की रक्षा करने के इसराइल के अधिकार का अमेरिका पूरी तरह से समर्थन करता है."
"हमारा मक़सद राजनयिक तरीकों से ग़ज़ा और लेबनान में चल रहे संघर्षों को कम करना है. हम लेबनान में एक ऐसे समझौते पर बातचीत कर रहे हैं जो लोगों को इसराइल और दक्षिणी लेबनान में उनके घरों में सुरक्षित वापस लौटाएगा."
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने बयान में कहा है कि अब मध्य पूर्व के व्यापक क्षेत्र को ज़्यादा स्थिर बनाने का वक़्त आ गया है.


