You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

किसान नेता डल्लेवाल के आमरण अनशन का 34वां दिन, सोमवार को रहेगा पंजाब बंद

किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के अनिश्चिकालीन अनशन का रविवार को 34वां दिन था और उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ने लगी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव और अश्वनी पासवान

  1. जसप्रीत बुमराह ने बनाया एक नया रिकॉर्ड, ये कारनामा करने वाले पहले भारतीय तेज़ गेंदबाज़

    मेलबर्न में खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट मैच में भारतीय तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है.

    जसप्रीत बुमराह टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज़ 200 विकेट लेने वाले पहले भारतीय तेज़ गेंदबाज़ बन गए हैं. ट्रेविस हेड के विकेट के साथ ही जसप्रीत बुमराह ने ये रिकॉर्ड बनाया.

    बुमराह ने 44 मैचों में 200 टेस्ट विकेट हासिल किए हैं. इसी के साथ वो ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज़ बन गए हैं. भारतीय स्पिन गेंदबाज़ रविचंद्रन अश्विन ने यह मुकाम 37 मैचों में हासिल किया था.

    टीम इंडिया के तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह ने आईसीसी की ताज़ा टेस्ट रैंकिंग में 904 पॉइंट्स हासिल कर लिए हैं. बुमराह गेंदबाज़ों की रैंकिंग में नंबर वन पायदान पर काबिज़ हैं

    चौथे दिन का खेल शुरू होने के कुछ देर बाद भारत की पहली पारी 369 रन पर सिमट गई. वहीं ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 474 रन बनाए थे.

  2. ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट से टिक टॉक पर बैन लगाने में देरी करने को क्यों कहा?

    अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टिक टॉक पर लगने वाले बैन को लेकर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट से देरी के लिए अनुरोध किया है.

    ट्रंप के वकील ने अदालत में शुक्रवार को एक क़ानूनी याचिका दाखिल की. जिसमें कहा गया कि ट्रंप टिक टॉक पर बैन लगाने का विरोध करते हैं और अपने पदभार ग्रहण करने के बाद राजनीतिक माध्यमों से इस मुद्दे को हल करना चाहते हैं.

    आगामी दस जनवरी को अदालत में इस पर सुनवाई होगी जिसमें चीनी कंपनी बाइटडांस को टिक टॉक को एक अमेरिकी कंपनी को बेचना होगा या 19 जनवरी को प्रतिबंध का सामना करना होगा.

    अमेरिकी अधिकारियों और सांसदों ने बाइटडांस को चीनी सरकार से जुड़े होने का दावा किया था. हालांकि इस दावे को कंपनी नकार दिया था.

  3. दक्षिण कोरिया विमान हादसे में कम से कम 47 लोगों की हुई मौत

    दक्षिण कोरिया के मुआन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को लैंडिंग के वक़्त एक विमान दुर्घटना का शिकार हो गया.

    इस विमान में 181 लोग सवार थे, जिसमें 175 यात्री और चालक दल के छह सदस्य शामिल थे.

    दक्षिण कोरिया की अग्निशमन विभाग के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 47 लोगों की मौत हुई है.

    जेजू एयर का यह विमान कथित तौर पर बैंकॉक से दक्षिण कोरिया वापस आ रहा था. विमान के लैंड करते वक्त यह हादसा हुआ है.

    अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया है कि दो लोग ज़िंदा पाए गए हैं और उन्हें बचा लिया गया है. बचाव कार्य अभी भी जारी है.

    एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि विमान के पिछले वाले हिस्से से लोगों को बचाने का कार्य जारी है.

    समाचार एजेंसी योनहेप के मुताब़िक विमान में सवार यात्रियों में से 173 दक्षिण कोरिया के थे और दो थाईलैंड के थे.

    दक्षिण कोरिया के अग्निशमन विभाग की ओर से जारी किए बयान में बताया गया है कि एक यात्री और चालक दल के एक सदस्य को बचा लिया गया है. विभाग ने बताया है कि दमकल की 32 गाड़ियों और 80 कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया है.

  4. ग़ज़ा के आख़िरी बड़े अस्पताल को इसराइली सेना ने जबरन ख़ाली कराया

    इसराइली डिफेंस फोर्सेस (आईडीएफ) ने उत्तरी ग़ज़ा के बैत लाहिया में आख़िरी बचे बड़े अस्पताल को ज़बरदस्ती ख़ाली करवा दिया है.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इसराइली सेना ने मेडिकल स्टाफ़ को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की.

    कमाल अदवान अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. हुस्साम अबु साफिया उन सभी लोगों में से एक हैं जिन्हें आईडीएफ पूछताछ के लिए लेकर गई थी.

    इसराइली बलों का दावा था कि डॉ. हुस्साम चरमपंथी गुट हमास के संचालक हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार शुक्रवार को अस्पताल के पास हुए इसराइली हमले में क़रीब 50 लोगों की मौत हुई. इसमें मेडिकल स्टाफ भी शामिल हैं.

    इसराइली सेना ने दावा किया है कि अस्पताल "हमास के चरमपंथियों का गढ़" था इसलिए वहां पर कार्रवाई की गई है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा कि पंद्रह गंभीर मरीज़, 50 देखभाल करने वालों और 20 स्वास्थ्य कर्मियों को पास के इंडोनेशियाई अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, दक्षिण कोरिया में विमान दुर्घटना, 181 यात्री थे सवार

    दक्षिण कोरिया के मुआन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक विमान दुर्घटना की ख़बर आ रही है. इस विमान में तक़रीबन 181 लोग सवार थे.

    ऐसा माना जा रहा है कि लैंडिंग के समय रनवे से फिसलकर विमान दीवार से टकरा गया. दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी योनहेप का कहना है कि सोशल मीडिया की तस्वीरें वायरल हो रही हैं जिसमें धुआं निकलते देखा जा सकता है.

    इस घटना में कितने लोगों की मौत हुई है इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हुई है. समाचार एजेंसी योनहेप के मुताबिक़ इस हादसे में कम से कम 28 लोगों की मौत हुई है.

    समाचार एजेंसी योनहेप के मुताबिक़, दुर्घटना की वजह विमान का पक्षियों से टकराना नज़र आ रही है.

    योनहेप ने दमकल विभाग के हवाले से बताया है कि बचाव एजेंसियों ने विमान के पिछले हिस्से से यात्रियों को बाहर निकाला है.

  6. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी: 369 रन पर सिमटी भारत की पहली पारी

    ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी समाप्त हो गई है.

    चौथे दिन का खेल शुरू होने के कुछ देर बात ही भारत की पहली पारी 369 रन पर सिमट गई.

    ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में पहले बैटिंग करते हुए 474 रन बनाए थे.

    भारत की ओर से नीतीश रेड्डी ने अपना पहला टेस्ट शतक लगाते हए 114 रन बनाए.

    भारतीय टीम की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल, नीतीश रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को छोड़कर कोई भी खिलाड़ी कुछ ख़ास प्रदर्शन नहीं कर सका.

    ख़बर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 1 विकेट के नुक़सान पर 39 रन बना लिए थे और भारत के ख़िलाफ़ 144 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी.

    ये भी पढ़ें-

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    - हिज़्बुल्लाह को चकमा देकर लेबनान में कैसे पेजर धमाकों को दिया गया अंजाम, मोसाद के पूर्व एजेंटों ने बताया. इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - आम आदमी पार्टी की 'महिला सम्मान योजना' की होगी जांच, एलजी के आदेश पर क्या बोले केजरीवाल? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - अन्ना यूनिवर्सिटी में यौन उत्पीड़न का मामला: छात्रों और प्रोफ़ेसरों ने बीबीसी को क्या बताया? मामले की पूरी जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी के नाम पर यात्रा से क्या चुनावों में प्रदर्शन सुधार सकती है? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.