शेख़ हसीना के सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर बांग्लादेश ने भारत से क्या कहा?

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने पिछले छह महीने से भारत में शरण ली हुई हैं. बांग्लादेश ने शेख़ हसीना के सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भारत सरकार से कड़ा विरोध दर्ज कराया है.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, इफ़्तेख़ार अली

  1. शेख़ हसीना के सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर बांग्लादेश ने भारत से क्या कहा?

    शेख़ हसीना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शेख़ हसीना के विरोधियों का कहना है वो भारत में बैठ कर बांग्लादेश विरोधी गतिविधियां चला रही हैं

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने पिछले छह महीने से भारत में शरण ली हुई हैं. बांग्लादेश ने शेख़ हसीना के सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भारत सरकार से कड़ा विरोध दर्ज कराया है.

    इसे लेकर बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म फेसबुक पर एक बयान जारी किया गया है.

    पोस्ट में कहा गया, “पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना की ओर से सोशल मीडिया सहित अलग-अलग प्लेटफ़ार्म्स पर बांग्लादेश में अस्थिरता भड़काने वाली लगातार की जा रही झूठी और मनगढ़ंत टिप्पणियों और बयानों पर बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भारत सरकार से कड़ा विरोध दर्ज कराया है.”

    “ढाका में भारत के कार्यवाहक उच्चायुक्त को सौंपे गए विरोध नोट के माध्यम से मंत्रालय ने बांग्लादेश सरकार की गहरी चिंता, निराशा और गंभीर आपत्ति से अवगत कराया है, क्योंकि इस तरह के बयान बांग्लादेश में लोगों की भावनाओं को आहत कर रहे हैं.”

    बयान में कहा गया, “शेख़ हसीना की ऐसी गतिविधियां बांग्लादेश के प्रति एक शत्रुतापूर्ण कृत्य मानी जाती हैं और ये दोनों देशों के बीच अच्छे रिश्ते स्थापित करने की कोशिशों के लिए लाभकारी नहीं हैं

    बयान में आगे कहा गया, “विदेश मंत्रालय ने भारत सरकार से अनुरोध किया है कि वह आपसी सम्मान और समझ के तहत शीघ्रता से उचित कदम उठाए, ताक़ि शेख़ हसीना को भारत में रहते हुए सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों का उपयोग करके झूठे, मनगढ़ंत और भड़काऊ बयान देने से रोका जा सके.”

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

  3. ग़ज़ा के लोगों के लिए इसराइल ने बनाई ख़ास योजना, रक्षा मंत्री ने बताया

    इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़

    ग़ज़ा को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना के ख़िलाफ़ कई देशों में विरोध हो रहा है. कहा जा रहा है कि अगर ऐसा हुआ तो यह अंतर्राष्ट्रीय क़ानून का गंभीर उल्लंघन होगा.

    हालांकि ट्रंप के इस विचार को इसराइल में बेहतर प्रतिक्रिया मिली है.

    इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने ट्रंप की तारीफ़ करते हुए एक्स पर लिखा, "इससे ग़ज़ा में रहने वाले उन लोगों के लिए बड़े अवसर पैदा होंगे जो वहां से निकलना चाहते हैं."

    उन्होंने कहा, "स्पेन, आयरलैंड, नॉर्वे और अन्य देश, जिन्होंने ग़ज़ा में इसराइल की कार्रवाई पर झूठे आरोप लगाए हैं, वे क़ानूनी रूप से ग़ज़ा के लोगों को अपने क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति देने के लिए बाध्य हैं."

    काट्ज़ ने यह भी कहा कि उन्होंने इसराइली सेना को एक योजना तैयार करने का निर्देश दिया है, जिसके तहत "ग़ज़ा के किसी भी निवासी को, जो वहां से जाना चाहता है, किसी भी देश में जाने की अनुमति दी जा सके, बशर्ते वह देश उन्हें स्वीकार करने को तैयार हो.

  4. ट्रंप ने दोहराई ग़ज़ा पर अमेरिकी नियंत्रण की योजना, फ़लस्तीनियों का विरोध प्रदर्शन शुरू

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि फ़लस्तीनियों को ग़ज़ा से निकालकर मिस्र और जॉर्डन में बसाया जाना चाहिए

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग़ज़ा पर नियंत्रण की अपनी योजना को फिर से दोहराया है. इसके बाद ग़ज़ा में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया.

    ट्रंप की योजना है कि फ़लस्तीनियों को ग़ज़ा से निकालकर मिस्र और जॉर्डन में भेजा जाए और ग़ज़ा का फिर से निर्माण किया जाए.

    गुरुवार को एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल ट्रूथ अकाउंट पर एक पोस्ट में ग़ज़ा का जिक्र करते हुए लिखा, "संघर्ष के अंत में इसराइल ग़ज़ा पट्टी को अमेरिका को सौंप देगा."

    उन्होंने लिखा, "फ़लस्तीनी बहुत पहले ही, इलाक़े में नए और आधुनिक घरों के साथ सबसे सुरक्षित जगह और अधिक सुंदर समुदायों में बस गए होते."

    उन्होंने लिखा, "उन्हें खुश, सुरक्षित और स्वतंत्र होने का मौका मिलेगा. अमेरिका, दुनिया भर की महान डेवपलपमेंट टीमों के साथ मिलकर, धीरे-धीरे और सावधानी से एक ऐसा विकास शुरू करेगा जो पृथ्वी पर अपनी तरह का सबसे महान और शानदार मॉडल बनेगा. इसके लिए अमेरिकी सैनिकों की ज़रूरत नहीं होगी."

    हालांकि इसके ठीक बाद गुरुवार को जब वॉशिंगटन डीसी के हिल्टन होटल में ट्रंप बोल रहे थे तो उन्होंने ग़ज़ा युद्ध को समाप्त करने का श्रेय तो लिया लेकिन ग़ज़ा पर अमेरिकी नियंत्रण की अपनी योजना के बारे में कुछ नहीं कहा.

    'ग़ज़ा योजना' को लेकर ग़ज़ा में विरोध प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इस बीच डोनाल्ड ट्रंप की 'ग़ज़ा योजना' को लेकर ग़ज़ा में फ़लस्तीन के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

    कुछ लोग हाथ में बैनर लिए दिखे जिन पर लिखा है, "ये ज़मीनें हमारी हैं. हम अपनी इच्छा और विचार से ग़ज़ा का निर्माण और विकास करेंगे."

  5. पहले वन डे मैच में भारत ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराया, गिल ने बनाए 87 रन

    भारतीय क्रिकेट टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तीन मैचों की सिरीज़ में भारत ने 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है

    भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को नागपुर में खेले गए पहले वन डे मैच में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 4 विकेट से शिकस्त दे दी है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने 249 रनों का लक्ष्य भारत को दिया था. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 11.2 ओवर रहते इसे हासिल कर लिया.

    भारत की ओर से बल्बेबाज़ी करते हुए शुभमन गिल ने सबसे ज़्यादा 87, श्रेयस अय्यर ने 59 और अक्षर पटेल ने 52 रन बनाए.

    वहीं एक बार फिर भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा की तरफ़ से ख़राब प्रदर्शन देखने को मिला, जहां 2 रन बनाकर वह आउट हो गए.

    टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इंग्लैंड के लिए कप्तान जोस बटलर ने सबसे ज़्यादा 52, जेकब बेथेल ने 51 और फिलिप साल्ट ने 43 रन बनाए थे.

    इस मैच में भारत के लिए हर्षित राणा और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट चटकाए हैं. ये हर्षित राणा और यशस्वी जायसवाल का वनडे क्रिकेट में डेब्यू मैच है.

    वहीं इंग्लैंड की तरफ़ से आदिल रशीद और साकिब महमूद ने दो-दो विकेट लिए हैं.

    इस जीत के बाद तीन मैचों की सिरीज़ में भारत ने 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है.

  6. बिहार: मुजफ़्फ़रपुर में पुलिस हिरासत में युवक की मौत पर थाने में तोड़फोड़, पुलिस ने क्या बताया?

    मुजफ़्फ़रपुर के एसएसपी सुशील कुमार

    इमेज स्रोत, @MuzaffarpurPol3/X

    इमेज कैप्शन, मुजफ़्फ़रपुर के एसएसपी सुशील कुमार

    बिहार के मुजफ़्फ़रपुर ज़िले में हिंसक भीड़ ने एक पुलिस स्टेशन में तोड़फोड़ की है. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुकाबिक़ हिरासत में हुई एक व्यक्ति की मौत के बाद आक्रोषित भीड़ ने हमला किया.

    ज़िला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक़, घटना के बाद कांटी थाने के एसएचओ और दो अन्य अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है.

    पुलिस ने दावा किया कि चोरी के एक मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में पुलिस की ओर से गिरफ़्तार किए गए शिवम कुमार ने लॉकअप के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

    हालांकि, मृतक के परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पुलिस की बर्बरता के कारण हिरासत में उसकी मौत हो गई.

    मुजफ़्फ़रपुर के एसएसपी सुशील कुमार ने कहा, “सीसीटीवी के फुटेज देखने से पहली बार में यही लगता है कि शिवम ने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की है.”

    उन्होंने कहा, “जांच में हमने यह पाया है कि पहरा देने वाले पदाधिकारी, कॉन्सटेबल और थानाध्यक्ष की लापरवाही प्रथम दृष्टि में प्रतीत हो रही है, जिसपर तीनों को निलंबित कर दिया गया है.”

    “सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) की ओर से जारी दिशानिर्देशों के मुताबिक़ जांच की जा रही है.”

  7. अवैध प्रवासी भारतीयों को हथकड़ी और बेड़ी में भेजने पर विपक्ष का तंज़- 'ट्रंप उनके अज़ीज़ दोस्त हैं'

    शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी

    अमेरिका में बिना वैध दस्तावेज़ के रह रहे भारतीय प्रवासियों को वापस भारत भेजे जाने पर विपक्ष ने भारत सरकार पर निशाना साधा है.

    इस पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद कल्याण बनर्जी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "आम तौर पर हम विदेशी मामलों पर बात नहीं करते लेकिन जिस तरह से उन्हें हथकड़ी लगाकर देश निकाला दिया गया वह स्वीकार्य नहीं है."

    "यह मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन है. मेरा मानना ​​है कि इस मुद्दे पर भारत सरकार को उच्च असहमति व्यक्त करनी चाहिए."

    वहीं इस पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "जिस तरीक़े से उन्हें हाथ में हथकड़ियां और पैरों में कड़ियां लगाकर भेजा गया, उन्हें वॉशरूम तक नहीं जाने दिया गया, मैं अमेरिका को याद दिलाना चाहूंगी कि ये वहां के अपराधी नहीं हैं."

    उन्होंने कहा, "जिस बेइज़्ज़ती से उन्हें भेजा गया है, ये देश को स्वीकार्य नहीं है. इसकी ज़िम्मेदारी देश की सरकार को लेनी पड़ेगी."

    "एक तरफ मोदी जी कहते हैं को ट्रंप उनके अज़ीज़ दोस्त हैं और दूसरी तरफ़ इस तरह से वह हमारे भारतीय को भेजते हैं."

    अमेरिकी सेना का एक विमान अमेरिका में बिना दस्तावेज़ों के रह रहे भारतीयों को लेकर बुधवार को अमृतसर के श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा था.

    डोनाल्ड ट्रंप के दूसरी बार सत्ता संभालने के बाद से ये अमेरिका में रह रहे भारतीयों का पहला निर्वासन है.

    अमेरिका

    इमेज स्रोत, @USBPChief

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के बॉर्डर पेट्रोल के प्रमुख चीफ़ माइकल डब्ल्यू बैंक्स ने भारतीयों के निर्वासन का एक वीडियो साझा किया है.

    हथकड़ियों और बेड़ियों में लाए गए आप्रवासी?

    अमेरिका के बॉर्डर पेट्रोल के प्रमुख चीफ़ माइकल डब्ल्यू बैंक्स ने भारतीय आप्रवासियों के निर्वासन को लेकर एक ट्वीट किया है और कुछ वीडियो फ़ुटेज भी साझा किए हैं, जिसमें साफ़ दिखता है कि आप्रवासियों के हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ी लगी हुई है.

    ट्वीट में उन्होंने लिखा है, “यूएसबीपी और सहयोगियों ने सफ़लतापूर्वक अवैध एलियंस को भारत भेजा, जो सैन्य ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करते हुए अब तक की सबसे सुदूर की निर्वासन उड़ान है. यह मिशन आव्रजन क़ानूनों को लागू करने और तेसी से निर्वासन सुनिश्चित करने की हमारी प्रतिबद्धता को दिखाता है.”

    “अगर आप अवैध रूप से सीमा पार करेंगे, तो आपको वापस भेज दिया जाएगा.”

    इंडियन एक्सप्रेस ने भी वापस पहुंचे भारतीयों के हवाले से कहा है कि उन्हें पूरे चालीस घंटे तक हथकड़ियों और बेड़ियों में रहना पड़ा था.

  8. ‘15 करोड़ का ऑफ़र’, आप ने बीजेपी पर लगाया विधायकों को तोड़ने का आरोप

    संजय सिंह

    इमेज स्रोत, AAP/X

    इमेज कैप्शन, दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ फ़रवरी को आएंगे.

    दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर 'आप' के विधायक को फ़ोन कर 15 करोड़ रुपये का ऑफ़र देने का आरोप लगाया है.

    संजय सिंह ने कहा, "चुनाव लड़ रहे आम आदमी पार्टी के सात विधायकों के पास भारतीय जनता पार्टी के तत्वों की तरफ़ से एक फ़ोन आया, जिसमें वह आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के लिए 15 करोड़ रुपये देने की बात कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "ऑपरेशन लोटस चला कर दिल्ली में चुनाव का परिणाम आने से पहले भारतीय जनता पार्टी ये खेल करना शुरू कर चुकी है."

    संजय सिंह ने आगे कहा, "हमने अपने विधायकों को साफ़ तौर पर कहा है कि जो भी ऐसी कॉल आए उन्हें रिकॉर्ड कीजिए, जो भी ऐसे लोग आपसे मिलने के लिए आएं, छुपा हुआ कैमरा लगाकर उनका वीडियो रिकॉर्ड करिए."

    भारतीय जनता पार्टी पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "बीजेपी सोचती है कि वह हर राज्य में चुनाव जीते या न लेकिन इस तरह का हथकंडा अपना कर अपनी सरकार बना लेगी. दिल्ली में ये सब नहीं होने वाला है."

  9. पीएम मोदी ने संसद में आम्बेडकर पर ऐसा क्या कहा कि विपक्ष ने मचाया शोर

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, ANI/ SansadTV

    इमेज कैप्शन, संसद ने अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधा है

    गुरुवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर राज्यसभा में बोलते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब अम्बेडकर का ज़िक्र करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.

    उन्होंने कांग्रेस पर आम्बेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा, “बाबा साहब आम्बेडकर के प्रति कांग्रेस को कितनी नफ़रत, कितना गुस्सा था और किसी भी हालत में बाबा साहब की किसी भी बात पर कांग्रेस चिढ़ जाती थी, और इसके सारे दस्तावेज मौजूद हैं. और इस गुस्से को दो दो बार, बाबा साहेब को चुनाव में पराजित करके क्या कुछ नहीं किया गया.”

    उनके इन आरोपों पर विपक्षी कांग्रेस पार्टी के सांसदों ने शोर मचाना शुरू कर दिया. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी आपत्ति दर्ज कराई.

    लेकिन पीएम मोदी ने अपना भाषण जारी रखा, “कभी भी बाबा साहब को भारत रत्न के योग्य नहीं समझा गया. इतना ही नहीं. इस देश के लोगों ने बाबा साहेब की भावना का आदर किया, सर्वसमाज ने आदर किया. और तब आज मजबूरन कांग्रेस को जय भीम बोलना पड़ रहा है. उनका मुंह सूख जाता है.”

    कांग्रेस पर तीखा निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, “यह कांग्रेस भी रंग बदलने में माहिर लग रही है. इतनी तेजी से अपना नकाब बदल देते हैं, इसमें साफ़ साफ़ नज़र आ रहा है.”

    मजरूह सुल्तानपुरी, बलराज साहनी का जिक्र

    पीएम मोदी ने नेहरू के समय की गई कार्रवाई और बाद में इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान लागू की गई इमरजेंसी का हवाला देते हुए कांग्रेस पर 'संविधान की धज्जियां उड़ाने' के आरोप लगाए.

    उन्होंने कहा, “देश में पहली सरकार बनी और जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री थे. उसी दौरान मुंबई में मज़दूरों की एक हड़ताल हुई जिसमें प्रसिद्ध गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी ने एक गीत गाया था- ‘कामनवेल्थ का दास है’ सिर्फ यह कविता गाने के जुर्म ने नेहरू जी ने एक महान कवि को जेल में ठूंस दिया था.”

    “मशहरू एक्टर बलराज साहनी जी एक जुलूस में शामिल हुए थे, सिर्फ इसलिए उन्हें जेल में बंद कर दिया गया था…महान गायक किशोर कुमार के गाने भी आकाशवाणी में बंद करा दिए गए थे.”

  10. पहले वनडे में पूरे ओवर नहीं खेल पाई इंग्लैंड, भारत को मिला 249 रन का लक्ष्य

    भारतीय टीम

    इमेज स्रोत, Gett

    इमेज कैप्शन, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था

    गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच नागपुर में खेले जा रहे पहले वन डे मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 248 रन पर सिमट गई.

    इंग्लैंड के लिए कप्तान जोस बटलर ने सबसे ज़्यादा 52, जेकब बेथेल ने 51 और फिलिप साल्ट ने 43 रन बनाए.

    वहीं, भारत के लिए हर्षित राणा और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट चटकाए हैं. ये हर्षित राणा और यशस्वी जायसवाल का वनडे क्रिकेट में डेब्यू मैच है.

    नागपुर वनडे के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है-

    रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जाडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और मोहम्मद शमी.

    जबकि इंग्लैंड की टीम में ये खिलाड़ी शामिल हैं-

    बेन डकेट, फ़िल सॉल्ट, जो रूट, हैरी ब्रूक, जॉस बटलर (कप्तान), लियम लिविंगस्टन, जेकेब बेथेल, ब्राइडन कार्स, जोफ़्रा आर्चर, ब्राइडन कार्स और साक़िब महमूद

    भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वन डे मैचों की सिरीज़ का यह पहला मैच है.

    इससे पहले, भारतीय टीम इंग्लैंड को पांच टी-20 मैचों की सिरीज़ में 4-1 से हरा चुकी है.

  11. चैंपियंस ट्रॉफ़ी से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए आई बुरी ख़बर, ये दिग्गज नहीं खेलेंगे टूर्नामेंट

    पैट कमिंस और मार्कस स्टोइनिस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस ने भी वनडे फॉर्मेट से संन्यास का एलान कर दिया है.

    ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस और तेज़ गेंदबाज़ जॉश हेज़लवुड चोट के चलते आगामी आईसीसी टेस्ट चैंपियंस ट्रॉफ़ी में नहीं खेल पाएंगे.

    मिशेल मार्श की चोट और मार्कस स्टोइनिस के संन्यास लेने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए हालात पहले से ही मुश्किल भरे थे.

    क्रिकेट.कॉम.एयू के मुताबिक़ कमिंस और हेज़लवुड के एंकल और हिप की समस्या के कारण टूर्नामेंट से बाहर होने से उनके तेज़ गेंदबाज़ी विकल्प और भी कम हो गए हैं.

    कमिंस और हेज़लवुड के टूर्नामेंट से बाहर होने की ख़बर उसी दिन आई है जब स्टोइनिस ने वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की.

    अब ऑस्ट्रेलिया को टीम में संतुलन और अनुभव की कमी को पूरा करने के लिए कम से कम दो ऑल-राउंड प्रतिभाओं के साथ चार बदलाव की ज़रूरत है.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक लड़ाकू विमान हुआ क्रैश, पायलट घायल

    दुर्घटनाग्रस्त लड़ाकू विमान
    इमेज कैप्शन, दुर्घटनाग्रस्त लड़ाकू विमान

    मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में गुरुवार को एक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है.

    बीबीसी संवाददाता विष्णुकांत तिवारी के मुकाबिक़ ये क्रैश दोपहर के वक़्त हुआ है.

    घटना शिवपुरी के करैरा थाना क्षेत्र के सुनारी चौकी क्षेत्र के पास की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक ये विमान दो सीट वाला मिराज 2000 था.

    बताया जा रहा है कि हादसे में दोनों पायलटों को चोटें आई हैं और अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं.

    इस पर भारतीय वायु सेना ने बयान में कहा है, "तकनीकी खामियों के कारण मिराज 2000 शिवपुरी ग्वालियर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया."

    "यह नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था. दोनों पायलट सुरक्षित हैं. इस घटना की जांच के लिए कोर्ट आफ़ इंक्वायरी के आदेश जारी कर दिए गए हैं."

  13. आप नेता सौरभ भारद्वाज ने क्यों कहा, ...तो बीजेपी अपना मुख्यमंत्री भी बना ले

    सौरभ भारद्वाज

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आए ज़्यादातर एग्ज़िट पोल में राज्य में बीजेपी की जीत की संभावना जताई गई है.

    एग्ज़िट पोल में बीजेपी की जीत के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, "बीजेपी एग्ज़िट पोल से अगर खुश है तो अपना मुख्यमंत्री भी बना ले. एग्ज़िट पोल की उम्र एक दिन और बची है. परसों नतीजे आ जाएंगे."

    सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है चुनावों में आम आदमी पार्टी की ही जीत होनी है और अरविंद केजरीवाल को ही मुख्यमंत्री बनना है.

    दिल्ली में 70 सीटों की विधानसभा के लिए बुधवार को वोट डाले गए हैं, चुनाव के नतीजे 8 फ़रवरी को घोषित किए जाएंगे.

  14. अमेरिका से अवैध प्रवासी भारतीयों के निर्वासन पर प्रियंका गांधी ने ये कहा

    प्रियंका गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भारतीय नागरिकों को वापस भेजे जाने के 'तरीके' पर सवाल खड़े किए हैं

    अमेरिका में बिना वैध दस्तावेज़ के रह रहे भारतीय प्रवासियों को वापस भेजे जाने के 'तरीके' पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सवाल खड़े किए हैं.

    प्रियंका गांधी ने कहा है, "बहुत बात की गई थी कि मोदी जी और ट्रंप जी बहुत अच्छे मित्र हैं, फिर मोदी जी ने ऐसा क्यों होने दिया? क्या इंसानों के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है कि उनको हथकड़ियां और बेड़ियां पहनाकर भेजा जाए? ये कोई तरीका है... प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए."

    इससे पहले विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन भी किया, जिसमें प्रियंका गांधी भी शामिल थीं.

    कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया है, "नरेंद्र मोदी ने अपने मित्र ट्रंप के लिए चुनावी कैंपेन किया था. लेकिन मोदी जी के मित्र ट्रंप ने राष्ट्रपति बनते ही सबसे पहला हमला हिंदुस्तानियों पर ही किया है. क्या हिंदुस्तान की सरकार के पास अपने लोगों को देश वापस लाने के लिए एक प्लेन नहीं था?"

    विपक्षी दलों ने दोनों ही सदनों में इस मुद्दे पर सरकार से जवाब की मांग की है.

  15. अवैध प्रवासी भारतीयों को वापस भेजे जाने पर बोले जयशंकर- ‘कोई नई बात नहीं है’

    जयशंकर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इससे पहले इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन किया.

    अमेरिका में बिना वैध दस्तावेज़ के रह रहे भारतीय प्रवासियों को वापस भारत भेजे जाने के मुद्दे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संसद में बयान दिया है.

    उन्होंने कहा, "यह सभी देशों की ज़िम्मेदारी है कि वे अपने नागरिकों को वापस लें अगर वे विदेश में अवैध रूप से रह रहे हैं."

    विदेश मंत्री ने कहा, "यह तभी संभव है जब उनकी नागरिकता की पुष्टि स्पष्ट रूप से की जाए. यह कोई विशेष नीति नहीं है, न ही केवल भारत की ओर से अपनाई जाने वाली नीति है. यह अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एक सामान्य रूप से स्वीकृत सिद्धांत है."

    उन्होंने कहा, "निर्वासन की प्रक्रिया कोई नई नहीं है, यह कई वर्षों से चली आ रही है. यह केवल एक देश पर लागू होने वाली नीति नहीं है."

    अमेरिकी सेना का एक विमान अमेरिका में बिना दस्तावेज़ों के रह रहे भारतीयों को लेकर बुधवार को अमृतसर के श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा था.

    डोनाल्ड ट्रंप के दूसरी बार सत्ता संभालने के बाद से ये अमेरिका में रह रहे भारतीयों का पहला निर्वासन है.

  16. अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ताज़ा ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    फ़िलहाल आप बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  17. नागपुर वन डे: इंग्लैंड का टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला, हर्षित और यशस्वी का डेब्यू

    रोहित और बटलर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है

    भारत और इंग्लैंड के बीच नागपुर में हो रहे वन डे मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    ये हर्षित राणा और यशस्वी जायसवाल का वनडे क्रिकेट में डेब्यू मैच होगा.

    नागपुर वनडे के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है-

    रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जाडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और मोहम्मद शमी.

    जबकि इंग्लैंड की टीम में ये खिलाड़ी शामिल हैं-

    बेन डकेट, फ़िल सॉल्ट, जो रूट, हैरी ब्रूक, जॉस बटलर (कप्तान), लियम लिविंगस्टन, जेकेब बेथेल, ब्राइडन कार्स, जोफ़्रा आर्चर, ब्राइडन कार्स और साक़िब महमूद

    भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वन डे मैचों की सिरीज़ का यह पहला मैच है. इससे पहले भारतीय टीम इंग्लैंड को पांच टी-20 मैचों की सिरीज़ में 4-1 से हरा चुकी है.

  18. 'अवैध प्रवासी' भारतीयों को वापस भेजे जाने के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने किया विरोध प्रदर्शन

    वपक्ष का विरोध

    इमेज स्रोत, ANI

    अमेरिका में बिना वैध दस्तावेज़ के रह रहे भारतीय प्रवासियों को वापस भेजे जाने के मुद्दे पर विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन किया है.

    कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया, "अमेरिका से भारतीय नागरिकों को जिस अमानवीय तरीके से भारत भेजा गया है, उनके हाथों में हथकड़ी और पैरों में जंजीर थी. ये बेहद ही शर्मनाक है."

    "ये विश्व पटल पर भारत और भारतीयों का अपमान है. आज इंडिया गठबंधन के नेताओं ने इस गंभीर मुद्दे पर नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की खामोशी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया."

    इस मुद्दे पर विपक्ष की तरफ से लोकसभा कांग्रेस सदस्यों ने काम रोको प्रस्ताव का नोटिस दिया, जबकि राज्य सभा भी विपक्ष की तरफ से नियिम 267 के तहत चर्चा की मांग की गई.

    आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की है.

    उनका कहना है, "अमेरिका का सैनिक विमान भारत की धरती पर कैसे उतरा? हथकड़ी बाँधकर हमारे नागरिकों को क्यों लाया गया? भारत को पूरी दुनिया में अपमानित क्यों किया गया?"

    अमेरिकी सेना का एक विमान कथित तौर पर अमेरिका में बिना दस्तावेज़ों के रह रहे भारतीयों को लेकर अमृतसर के श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा था.

    डोनाल्ड ट्रंप के दूसरी बार सत्ता संभालने के बाद से ये अमेरिका में रह रहे भारतीयों का पहला निर्वासन है.

  19. अमेरिका दक्षिण अफ़्रीका में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में नहीं होगा शामिल, क्या है वजह?

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बताया है कि वो दक्षिण अफ़्रीका के जोहान्सबर्ग में जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे.

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी दी है और कहा है, "दक्षिण अफ़्रीका बहुत बुरे काम कर रहा है. वह निजी संपत्तियों का सार्वजनिक इस्तेमाल के लिए अधिग्रहण कर रहा है."

    उनका कहना है, "मेरा काम अमेरिका के राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाना है न कि करदाताओं के पैसे बर्बाद करना या अमेरिका विरोधी भावना को बढ़ावा देना."

    दक्षिण अफ़्रीका ने जोहान्सबर्ग के जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए सॉलिडेरिटी, इक्वलिटी और सस्टेनेबिलिटी ( एकता, समानता और निरंतरता) को थीम बनाया है.

    जोहान्सबर्ग साल 2025 में जी-20 शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है.

    जी-20 के नाम से ही स्पष्ट है यह 20 देशों का एक समूह है.

    साल 1999 में जब एशिया में आर्थिक संकट आया था, तब तमाम देशों के वित्त मंत्रियों और सेंट्रल बैंक के गवर्नरों ने मिलकर एक फोरम बनाने की सोची थी.

    कुछ साल बाद 2007 में पूरी दुनिया पर आर्थिक मंदी का साया मंडरा रहा था. उसके बाद जी-20 की पहली बैठक साल 2008 में अमेरिका के वॉशिंगटन में हुई थी.

    जी20 ग्रुप में 19 देश- अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राज़ील, कनाडा, चीन, फ़्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, रिपब्लिक ऑफ़ कोरिया, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका शामिल हैं.

    इसके साथ ही इस ग्रुप का 20वां सदस्य है यूरोपियन यूनियन.

  20. अमेरिका से वापस भेजे गए 'अवैध प्रवासियों' के बारे में अमृतसर के सांसद ने क्या कहा

    गुरजीत सिंह औजाला

    इमेज स्रोत, SANSAD TV/ ANI

    इमेज कैप्शन, अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजाला ने कहा है कि सरकार को कॉमर्शियल विमान भेजकर लोगों को वापस लाना चाहिए था

    अमेरिका में कथित तौर पर बगैर वैध दस्तावेज़ के रह रहे भारतीय प्रवासियों को वापस भेजने के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजाला ने प्रतिक्रिया दी है.

    अमृतसर के सांसद औजाला ने कहा है, "अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर अमेरिकी सेना का एक प्लेन अमृतसर आया है."

    "इसके अंदर की जो तस्वीरें सामने आई है, वो बड़ी शर्मनाक है. जिस तरीके भारतीय नागरियों को हथकड़ी लगाकर और पैर में चेन लगाकर यहां भेजा गया है वो शर्मनाक है. ये सरकार की भी नाकामी है."

    उन्होंने कहा "सरकार को पता था ही कि इस तरह की फ़्लाइट आ रही है. कुछ तो बातचीत हुई होगी इसके उपर तो सरकार को इन सबको कॉमर्शियल विमान में लेकर आना चाहिए था. वो कोई कुख्यात अपराधी लोग नहीं हैं. उन्होंने वहां कोई अपराध नहीं किया है. वो एक सरहद पार कर दूसरे देश में चले गए हैं.

    औजाला ने कहा, "पहले इस तरह के निर्वासन होते थे. लेकिन ये जो तस्वीर सामने आई है. ये बहुत ही शर्मनाक है. इसलिए हमने नियम 197 के तहत लोकसभा अध्यक्ष को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का नोटिस दिया है और मांग की है कि इसके उपर सरकार जवाब दे."

    अमेरिकी सेना का एक विमान कथित तौर पर अमेरिका में बिना दस्तावेज़ों के रह रहे भारतीयों को लेकर अमृतसर के श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा था.

    डोनाल्ड ट्रंप के दूसरी बार सत्ता संभालने के बाद से ये अमेरिका में रह रहे भारतीयों का पहला निर्वासन है.