You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या

शनिवार की देर रात मुंबई के बांद्रा ईस्ट में उन पर कई राउंड फायरिंग की गई. इसके बाद उन्हें गंभीर स्थिति में लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बताया जा रहा है कि उन्हें छाती पर गोलियां लगी थीं.

सारांश

  • दिल्ली यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफेसर रहे जीएन साईबाबा का शनिवार शाम को हैदराबाद के निम्स अस्पताल में निधन हो गया है.
  • तमिलनाडु ट्रेन हादसा: रेलवे ने कहा 13 अक्तूबर सुबह तक पूर्ण रूप से बहाल हो जाएगी रेलवे लाइन.
  • शनिवार को आरएसएस ने 100वें वर्ष में प्रवेश करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है.
  • गुजरात: मेहसाणा के जासलपुर गांव में एक निजी कंपनी की दीवार गिरने से छह लोगों की मौत हो गई है.
  • बांग्लादेश में पूजा मंडप पर हमले और मंदिर से चोरी के मामले पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सौरभ यादव

  1. बांग्लादेश में दुर्गापूजा के दौरान गड़बड़ी करने वाले 17 लोग गिरफ़्तार

    बांग्लादेश की राजधानी ढाका की पुलिस ने बताया है कि, इस महीने चल रही दुर्गा पूजा समारोह से जुड़ी करीब 35 घटनाओं के बाद 17 लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पुलिस ने इन घटनाओं से संबंधित एक दर्ज़न से भी ज़्यादा मामले दर्ज़ किए हैं. ढाका पुलिस की यह कार्रवाई जोगेश्वरी मंदिर में चोरी की घटना के एक दिन बाद सामने आई है.

    बांग्लादेशी समाचार संस्था ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक़, पुलिस इंस्पेक्टर जनरल (आईजीपी) मोहम्मद मोइनुल इस्लाम वे कहा, "एक अक्तूबर के बाद से दुर्गा पूजा सामारोह को लेकर 35 अप्रिय घटनाएं सामने आ चुकी हैं."

    इनमें कुल 11 मामले दर्ज़ किए गए हैं, 24 शिकायतें दर्ज़ हुई हैं और 17 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    शुक्रवार को बांग्लादेश के सतखीरा ज़िले में स्थित जोगेश्वरी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई थी.

    इस घटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंदिर को भेंट किया गया मुकुट भी चोरी हो गया था.

    भारतीय उच्चायोग ने इस घटना पर अपनी आपत्ति दर्ज़ कराते हुए बांग्लादेश की सरकार से जल्द ही कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी.

  2. राहुल गांधी ने चेन्नई रेल हादसे पर केंद्र सरकार को घेरा, क्या बोले?

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार की रात चेन्नई में हुए रेल हादसे पर ट्वीट करते हुए प्रतिक्रिया ज़ाहिर की है.

    राहुल गांधी ने लिखा है, “मैसूर-दरभंगा रेल दुर्घटना बालासोर दुर्घटना की तरह ही है- एक यात्री ट्रेन एक खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई. कई दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जाने के बावजूद कोई सबक नहीं सीखा गया. जवाबदेही शीर्ष स्तर से शुरू होती है. इस सरकार के जागने से पहले कितने और परिवार बर्बाद होने चाहिए?”

    शुक्रवार की रात चेन्नई के पास मैसूर-दरभंगा ट्रेन के खड़ी मालगाड़ी से टकराने से बड़ी दुर्घटना हो गई थी. इस दुर्घटना में ट्रेन के 13 डिब्बे पटरी से उतर गए.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ इस हादसे में अभी तक 19 लोगों के घायल होने की ख़बर है.

    साथ ही इस दुर्घटना में एक डिब्बे में आग भी लग गई थी. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ मैसूर-दरभंगा ट्रेन के यात्रियों को रेस्क्यू करने के बाद उनको एक स्पेशल ट्रेन के ज़रिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है.

    दुर्घटना की वजह से ट्रैक भी बाधित हुआ है. हालांकि ट्रैक को बहाल करने काम भी तेज़ी से किया जा रहा है.

  3. मोहन भागवत ने इसराइल-हमास संघर्ष को लेकर क्या कहा

    विजयदशमी के अवसर पर नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत स्वयंसेवकों को संबोधित किया.

    साल 1925 में विजयदशमी के दिन ही नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई थी.

    इस मौके पर उन्होंने इसराइल हमास के बीच चल रही लड़ाई का भी ज़िक्र किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “इसराइल और हमास के बीच जो लड़ाई हो रही है वो अब और कितनी व्यापक होगी और उसकी आग में कौन-कौन से देश और झुलसेंगे इसकी चिंता पूरी दुनिया को है.”

    इसराइल और हमास के बीच सात अक्तूबर 2023 से ही संघर्ष जारी है.

    वहीं इसराइल हमास के अलावा लेबनान में ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह के साथ भी संघर्ष में है.

    पिछले कुछ दिनों में इसराइल के लेबनान में किए गए हमलों में संयुक्त राष्ट्र संघ के पीसकीपर्स के घायल होने की ख़बरें भी सामने आई हैं.

    लेबनान में इसराइल के हमलों में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के दो सैनिकों के घायल होने के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान लिखा है.

    विदेश मंत्रालय ने कहा, “ब्लू लाइन के पास बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को लेकर हम काफी चिंतित हैं. हम हालात पर बारीकी से नज़र बनाए रखना जारी रखेंगे.”

    वहीं ग़ज़ा में हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा था कि पिछले 24 घंटे में 61 लोगों की मौत हुई है और 231 लोग घायल हुए हैं.

    अपने नियमित अपडेट में हमास ने कहा है कि पिछले साल 7 अक्तूबर के बाद से अब तक इसराइली हमलों में ग़ज़ा में 42,126 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है और 98,117 फ़लस्तीनी लोग घायल हुए हैं.

  4. मोहन भागवत ने विजयदशमी के कार्यक्रम में बांग्लादेशी हिंदुओं के बारे में क्या कहा

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने नागपुर में संगठन के विजयदशमी उत्सव के अवसर पर, स्वयंसेवकों के सामने अपना संबोधन दिया.

    इस मौके पर उन्होंने बांग्लादेश की स्थितियों के बारे में भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, “सबको पता है कि बांग्लादेश को कौन बहका रहा है. बांग्लादेश में ऐसी चर्चाएं होती हैं कि भारत से हमें ख़तरा है इसीलिए हमें पाकिस्तान को साथ लेना चाहिए वही हमारा सच्चा दोस्त है.”

    उन्होंने कहा, “बांग्लादेश में ऐसी राय है कि पाकिस्तान के पास परमाणु हथियार है तो हम भारत को रोक सकते हैं. जिस बांग्लादेश को भारत की सहायता से बनाया गया, वहां ऐसी बातें हो रही हैं.”

    बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों ख़ास तौर से हिंदुओं को लेकर मोहन भागवत ने कहा, “बांग्लादेश में जो हुआ उसके कुछ तात्कालिक कारण हो सकते हैं. लेकिन ऐसा उत्पात अचानक से नहीं हुआ. लेकिन इसके कारण वहां के हिंदू समाज को लेकर जो अत्याचार होते रहते थे उनको फ़िर से दोहराया गया.”

    मोहन भागवत ने कहा, “ बांग्लादेश में पहली बार हिंदू संगठित होकर आगे आए इसीलिए कुछ बचाव हो पाया. उनको भारत सरकार और दुनिया भर के हिंदुओं की मदद की ज़रूरत है. इसीलिए हिंदू समाज को यह सोचना चाहिए कि दुर्बल रहना भी एक अपराध है. इसीलिए हिंदुओं को जहां भी रहें वहां संगठित और सशक्त रहना चाहिए.”

    इसी साल जुलाई के महीने में बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी आंदोलन के उग्र होने से स्थितियां नियंत्रण के बाहर हो गई थीं.

    इन्हीं आंदोलन के चलते तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को बांग्लादेश छोड़कर भारत आना पड़ा था.

    जिसके बाद मोहम्मद यूनुस की अध्यक्षता में बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का गठन किया गया. इसी दौरान बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, ख़ास तौर पर हिंदू समुदाय के साथ हिंसा की कई सारी ख़बरें भी सामने आईं थीं.

  5. मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस और मालगाड़ी के टकराने से हुए हादसे के बारे में अब तक क्या पता है?

    शुक्रवार की रात चेन्नई के पास एक पैसेंजर ट्रेन के खड़ी मालगाड़ी से टकराने से बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में पैसेंजर ट्रेन के 13 डिब्बे पटरी से उतर गए.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ इस रेल हादसे में अभी तक 19 लोगों के घायल होने की ख़बर है.

    साथ ही इस दुर्घटना में एक डिब्बे में आग भी लग गई. यात्री ट्रेन मैसूर से दरभंगा की तरफ़ जा रही थी. इस घटना पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के स्टालिन ने एक ट्वीट में लिखा, “मुझे तिरुवल्लूवर ज़िले के कावेरिपेट्टई में हुए रेल हादसे के बारे में जानकर झटका लगा है.”

    उन्होंने लिखा, “सरकार बचाव और राहत कार्य में तेजी से काम कर रही है. घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा है. अन्य यात्रियों के घर लौटने के लिए भोजन और यात्रा सुविधाओं की व्यवस्था करने के लिए एक अलग टीम काम कर रही है. मैं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहा हूँ.”

    एक यात्री ने कहा कि हम ट्रेन में ही थे तभी अचानक से आवाज़ आई. जब हमने ट्रेन से बाहर देखा तो डिब्बे पलटे हुए थे. जब हम बाहर निकले तो देखा कि डिब्बे में आग भी लगी हुई थी.

    हादसे के बाद ट्रेन रूट को बहाल करने का काम भी तेज़ी से किया जा रहा है.

    दक्षिण रेलवे के महाप्रबंधक आरएन सिंह ने कहा, “ट्रेन का स्टेशन पर स्टॉप नहीं था, चेन्नई से रवाना होने के बाद इस ट्रेन (मैसूर दरभंगा एक्सप्रेस) के लिए हरी झंडी दे दी गई थी. ड्राइवर ने सिग्नल को सही तरीके से फॉलो भी किया, लेकिन ट्रेन को मेन लाइन से गुज़रना था. लेकिन वह लूप लाइन पर चली गई जिस वजह से हादसा हुआ.”

    यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन के ज़रिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है. साथ ही हादसे की वजह से कुछ ट्रेनों को डायवर्ट भी किया गया है.

    डायवर्ट की गई ट्रेनों में हावड़ा-तिरुचिलापल्ली, गोरखपुर-कोचुवेली, चेन्नई एगमोर-जोधपुर एक्सप्रेस, तिरुणावेली-पुरुलिया सुपरफ़ास्ट एक्सप्रेस, एमजीआर सेंट्रल-हैदराबाद एक्सप्रेस, चेन्नई सेंट्रल-छपरा गंगा कावेरी एक्सप्रेस शामिल है.

  6. बराक ओबामा की ब्लैक वोटरों से भावुक अपील, कमला हैरिस को लेकर क्या बोले

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार और मौजूदा अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के लिए वोटरों से भावुक अपील की है.

    अब उन्होंने अमेरिकी ब्लैक नागरिकों से कमला हैरिस के पक्ष में वोट करने की अपील की है.

    बराक ओबामा ने ब्लैक वोटरों से अपील करते हुए कहा, "कमला हैरिस की परवरिश भी आपके जैसी ही है. वे आपके साथ ही कॉलेजों में पढ़ी हैं, और वे आपके अनुभवों के साथ सुख-दुख से भी वाकिफ़ हैं. वहीं ट्रंप ने केवल आपके और पूरे समुदाय के साथ एक उपेक्षा का भाव रखा है."

    अपने संबोधन में बराक ओबामा ने रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की उनके भाषणों की आलोचना भी की.

    डोनाल्ड ट्रंप ने भी मिशिगन में अपनी रैली के दौरान कहा था कि 'अगर कमला हैरिस राष्ट्रपति बनती हैं तो यह अमेरिका के लिए समस्या की तरह से होगा.'

    बराक ओबामा अमेरिकी इतिहास के पहले अश्वेत व्यक्ति थे, जिन्होंने राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी.

    बराक ओबामा साल 2008 में अमेरिका के पहले ब्लैक राष्ट्रपति बने थे और लगातार दो कार्यकाल (2008 से 2012 और 2012 से 2016) तक वे इस पद पर रहे.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में अब केवल 25 दिनों का ही समय बाकी रह गया है.

    ऐसे में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस ब्लैक लोगों का समर्थन हासिल करने की पुरज़ोर कोशिशों में लगी हुई हैं.

    कमला हैरिस की जड़ें भारत से भी जुड़ी रही हैं, उनकी मां दक्षिण भारतीय थीं.

    दरअसल सितंबर में नेशनल एसोसिएशन फ़ॉर द एडवांसमेंट ऑफ़ कलर्ड पीपल (एनएएसीपी) के एक पोल्स के मुताबिक़, 50 साल से कम उम्र के चार में से एक ब्लैक वोटर हैरिस के मुक़ाबले ट्रंप को राष्ट्रपति के तौर पर ज़्यादा पसंद कर रहे हैं.

  7. महिला टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान की हार से भारत की सेमाफ़ाइनल की राह आसान

    महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 में शुक्रवार की रात ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से जीत मिली है.

    इस मुक़ाबले के बाद अब सेमीफ़ाइनल में जगह बनाने वाली टीमों की संभावनाएं भी साफ़ होती दिखाई दे रही हैं.

    दरअसल पाकिस्तान की इस हार के बाद भारतीय टीम के लिए सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की संभावनाएं थोड़ी बढ़ गई हैं.

    शुक्रवार को खेले गए मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था. पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तानी टीम की कोई भी खिलाड़ी क्रीज़ पर टिक कर नहीं खेल सकीं.

    केवल मध्यक्रम की बल्लेबाज़ आलिया रियाज़ ने ही 26 रनों की जुझारू पारी खेली. लेकिन वे अपनी टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक नहीं पहुंचा सकीं.

    पाकिस्तानी टीम 19.5 ओवरों में केवल 82 रनों के कुल स्कोर पर ही ऑल आउट हो गई.

    वहीं लक्ष्य का पीक्षा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने आसानी से एक विकेट खोकर लक्ष्य को महज़ 11 ओवरों में ही हासिल कर लिया.

    कप्तान एलिसी हेली ने सबसे ज़्यादा 37 रन बनाए. वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ले गार्डनर ने सबसे ज़्यादा चार विकेट लिए.

    न्यूज़ीलैंड के प्रदर्शन पर टिकी भारत की उम्मीद

    ऑस्ट्रेलिया, भारत और पाकिस्तान ये तीनों ही टीमें ग्रुप ए का हिस्सा हैं. जहां ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तीन मैच खेले हैं और सभी में जीत हासिल करके पहले पायदान पर है. उसका नेट रनरेट भी सबसे ज़्यादा है.

    वहीं भारतीय टीम ने भी तीन मैच खेले हैं. लेकिन वह दो मैच में जीत हासिल करके दूसरे पायदान पर है. जबकि न्यूज़ीलैंड की टीम तीसरे, पाकिस्तान चौथे और श्रीलंका की टीम आखिरी यानी पांचवें पायदान पर है.

    जहां श्रीलंकाई टीम सेमीफ़ाइनल की रेस से बाहर तो वहीं बाकी की सभी टीमों की संभावनाएं अभी भी जीवित बची हुई हैं.

    ऐसे में अब भारत को ऑस्ट्रेलिया के साथ अपना अगला मुक़ाबला किसी भी हाल में जीतना होगा. वहीं न्यूज़ीलैंड का अगला मुक़ाबला श्रीलंका से होगा.

    अगर न्यूज़ीलैंड यह मुक़ाबला जीत जाती है और भारत अपना अगला मुकाबला हारता है तो उसके सेमीफ़ाइनल की राहें मुश्किल हो सकती है.

    ऐसे में भारतीय टीम की उम्मीदें न्यूज़ीलैंड की हार पर टिकी हैं.

  8. बोइंग ने किया छंटनी का फ़ैसला, 17 हज़ार कर्मचारियों की जाएगी नौकरी

    हवाई जहाज़ बनाने वाली कंपनी बोइंग ने अपने 10 फ़ीसदी कर्मचारियों की छंटनी का फ़ैसला किया है.

    कंपनी के इस फ़ैसले से लगभग 17 हज़ार कर्मचारियों को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा. बोइंग के इस फ़ैसले से उसके उत्पादन में भी देरी होगी.

    दरअसल कंपनी फ़िलहाल व्यापार से जुड़ी कई सारी समस्याओं का सामना कर रही है. बोइंग के चीफ़ एग्ज़ीक्यूटिव केली ऑर्टबर्ग ने कर्मचारियों को एक ईमेल के ज़रिए कहा है कि एग्ज़ीक्यूटिव, मैनेजर्स और कर्मचारी सभी की नौकरियां ख़तरे में है.

    बोइंग ने अपने हथियार और सैन्य उपकरण बनाने वाले व्यापार में भी घाटे की चेतावनी दी है. साथ ही कंपनी ने अपने नए जहाज़ 777एक्स की डिलिवरी तारीखों को भी आगे बढ़ा दिया है.

    बोइंग को कर्मचारियों की हड़ताल और अपने विमानों की क्वॉलिटी से जुड़ी समस्याओं से भी जूझना पड़ रहा है.

    कंपनी के चीफ़ एग्ज़ीक्यूटिव ऑर्टबर्ग ने अपने ईमेल में यह भी कहा है कि आने वाले महीनों में कंपनी कर्मचारियों की छंटनी को जारी रखेगी.

  9. अमेरिका ने इसराइल से कहा- यूएन के पीसकीपर्स पर गोली चलाना बंद करें

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने इसराइल से लेबनान में हिज़्बुल्लाह के साथ लड़ाई के दौरान संयुक्त राष्ट्र संघ के पीसकीपर्स पर गोलीबारी बंद करने के लिए कहा है.

    पिछले 48 घंटों के दौरान संयुक्त राष्ट्र संघ के पीसकीपर्स पर गोलीबारी की दो घटनाएं सामने आ चुकी हैं.

    शुक्रवार को इसराइली सेना (आईडीएफ़) ने कहा कि इस घटना के लिए उनके ही सैनिक ज़िम्मेदार थे. गोलीबारी की घटना के दौरान लेबनान में तैनात संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूनिफ़िल) के दो श्रीलंकाई सैनिक घायल हो गए थे.

    आईडीएफ़ के मुताबिक़, नाकोउरा में यूनिफ़िल बेस के पास काम कर रहे इसराइली सैनिकों ने खतरे का अंदेशा होने पर गोली चलाई थी. हालांकि इसराइली सेना का कहना है कि इस पूरी घटना की गहनता से जांच की जाएगी.

    फ़्रांस, इटली और स्पेन जैसे देशों ने इस घटना को लेकर इसराइल की कड़ी निंदा की है. इन तीनों ही देशों ने एक संयुक्त बयान जारी किया है, जिसमें इसराइल की कार्रवाई को पूरी तरह से गलत बताया गया.

    वहीं श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने भी कहा है कि वह आईडीएफ़ की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करता है, जिसमें कि उसके दो सैनिक घायल हुए हैं.

  10. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार, आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं. साथ ही शुक्रवार यानी कल के लाइव पेज पर जाने के लिए आप इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

    नीचे हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरें दी गई हैं, जिन्हें आप उनके लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    हरियाणा विधानसभा चुनाव: आंकड़ों से समझिए कैसे कांग्रेस से आगे निकली बीजेपी- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    झारखंड में बिहार के तीन युवकों की हत्या क्या मॉब लिंचिंग है? जानिए, पूरा मामला- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    नोएल टाटा होंगे टाटा ट्रस्ट के नए चेयरमैन- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    वो घटना जिसके बाद अमिताभ बच्चन ने शराब से तौबा कर लिया- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.