You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूएई ने कहा- ईरान के ख़िलाफ़ नहीं होने देंगे अपने क्षेत्र का इस्तेमाल

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा है कि वह अपने क्षेत्र से ईरान पर सैन्य कार्रवाई की मंज़ूरी नहीं देगा.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, सुरभि गुप्ता

  1. अमेरिका के विदेश मंत्री ने गणतंत्र दिवस पर भारत को दी बधाई

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं.

    उन्होंने रक्षा और अन्य क्षेत्रों में भारत-अमेरिका के बीच 'क्वाड' सहयोग की सराहना की.

    रूबियो ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंधों से दोनों देशों को 'नतीजे' मिल रहे हैं.

    उन्होंने रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में क्वाड के जरिए क़रीबी सहयोग का ज़िक्र किया.

    भारत आज 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. इसी दिन 1950 में देश का संविधान लागू हुआ था.

  2. राजस्थान: नागौर से 10 हज़ार किलो विस्फोटक सामग्री ज़ब्त, पुलिस ने दी ये जानकारी

    राजस्थान की नागौर पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत एक बड़े अभियान में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की और एक अभियुक्त को गिरफ़्तार किया.

    नागौर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा कि खु़फ़िया जानकारी के आधार पर ज़िले में यह ऑपरेशन किया गया.

    पुलिस ने 10 हज़ार किलो अमोनियम नाइट्रेट के साथ बड़ी मात्रा में डेटोनेटर, डेटोनेशन वायर और अन्य खनन संबंधी विस्फोटक सामग्री भी ज़ब्त की.

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी कच्छावा ने रविवार को बताया, "काफ़ी समय से नागौर पुलिस को खु़फ़िया जानकारी मिल रही थी कि ज़िले में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया जा रहा है."

    उन्होंने कहा, "सूचना मिलने के बाद इस पर जानकारी जुटाई गई. कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है, जिसका नाम सुलेमान ख़ान है."

    "मामले में विस्फोटक अधिनियम और संगठित अपराध के तहत केस दर्ज किया गया. साइट से बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए."

    पुलिस के अनुसार अभियुक्त सुलेमान खान हर्सोरे का निवासी है और अपने फार्महाउस में विस्फोटक सामग्री इकट्ठा कर रहा था.

    उन्होंने कहा, "कुल 10 हज़ार किलो अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया गया. बड़ी मात्रा में डेटोनेटर, डेटोनेशन वायर और अन्य खनन संबंधी विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई. सुलेमान ख़ान हर्सोरे का निवासी है और अपने फार्महाउस में स्टॉक रख रहा था."

  3. भारत का 77वां गणतंत्र दिवस, कर्तव्य पथ पर परेड का आयोजन देखिए लाइव

    भारत आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. इस मौक़े पर कर्तव्य पथ पर परेड का आयोजन किया जा रहा है. देखिए लाइव.

  4. कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी को मिलेगा ये सम्मान

    'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान चर्चा में आईं और भारतीय सेना में कर्नल सोफ़िया कु़रैशी को 2026 के विशिष्ट सेवा पदक के लिए चुना गया है.

    'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान कर्नल सोफ़िया कु़रैशी ने विंग कमांडर व्योमिका सिंह और विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ मिलकर मीडिया को सैन्य कार्रवाइयों की रोज़ाना जानकारी साझा की थी.

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों के 70 कर्मियों को उनकी असाधारण बहादुरी और बलिदान के लिए वीरता पुरस्कारों की मंज़ूरी दी. इनमें छह सम्मान मरणोपरांत दिए जाएंगे.

    सम्मान पाने वालों में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ और सेना, नौसेना और वायुसेना के कई अन्य अधिकारी शामिल हैं.

    अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र दिया जाएगा.

  5. धर्मेंद्र को पद्म विभूषण मिलने पर हेमा मालिनी ने कहा- 'मुझे बहुत गर्व है'

    अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ने अपने दिवंगत पति और मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने पर प्रतिक्रिया दी है.

    पद्म विभूषण देश का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है.

    हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए इस सम्मान के लिए खुशी और आभार जताया.

    उन्होंने लिखा, "मुझे बहुत गर्व है कि सरकार ने धर्म जी के फ़िल्म इंडस्ट्री में दिए गए अपार योगदान को पहचानते हुए उन्हें प्रतिष्ठित पद्म विभूषण सम्मान दिया है."

    उनके साथ ही चार अन्य लोगों को भी पद्म विभूषण दिए जाने का एलान हुआ है.

    इस बार 13 लोगों को पद्म भूषण पुरस्कार की घोषणा हुई है, जबकि 113 लोगों को पद्म श्री पुरस्कार दिया गया है.

    धर्मेंद्र के साथ ही सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश केटी थॉमस, वायलिन वादक एन राजम, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े पी नारायणन और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन को पद्म विभूषण दिया जाएगा.

  6. पीएम मोदी ने गणतंत्र दिवस के मौक़े पर देशवासियों से क्या कहा?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 77वें गणतंत्र दिवस के मौक़े पर सभी देशवासियों को बधाई दी है.

    गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान भारत अपनी विकास यात्रा, सांस्कृतिक विविधता और सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करेगा.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई."

    उन्होंने कहा, "भारत की आन-बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय महापर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे. विकसित भारत का संकल्प और अधिक सुदृढ़ हो, यही कामना है."

  7. भारत आने के बाद उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने क्या कहा?

    यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा है कि भारत और यूरोपीय संघ एक 'बिखरी हुई दुनिया' को एक विकल्प दिखा रहे हैं.

    यूरोपीय काउंसिल के अध्यक्ष एंतोनियो लुईस सांतोस दा कोस्टा और यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन सोमवार को भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगी.

    यह बयान ऐसे समय में आया है, जब ईयू के व्यापार आयुक्त ने कहा है कि भारत-ईयू फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफ़टीए) पर बातचीत अपने अंतिम चरण में है. यह बात ईयू प्रतिनिधिमंडल के दिल्ली दौरे की शुरुआत में कही गई.

    यह बैठक ऐसे वक्त हो रही है, जब यूरोपीय संघ और अमेरिका के बीच ज़मीन और व्यापार से जुड़े मुद्दों को लेकर तनाव देखा जा रहा है.

    उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "भारत और यूरोप ने एक साफ़ विकल्प चुना है, रणनीतिक साझेदारी, संवाद और खुलेपन का."

    उन्होंने कहा, "हम एक बिखरी हुई दुनिया को दिखा रहे हैं कि एक दूसरा रास्ता भी मुमकिन है."

    वॉन डेर लेयेन शनिवार (24 जनवरी) को दिल्ली पहुंचीं. इससे पहले उन्होंने दावोस में हुए वर्ल्ड इकोनॉमिक फ़ोरम में हिस्सा लिया था, जहां कई यूरोपीय नेताओं ने ग्रीनलैंड और टैरिफ़ को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रुख़ पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी.

    ये भी पढ़ें:

  8. 77वें गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर क्या होगा खास, दिखेगी सैन्य ताक़त

    भारत आज 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के मौक़े पर अपनी विकास यात्रा, सांस्कृतिक विविधता और सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करेगा.

    आज ही के दिन 1950 में भारत का संविधान लागू हुआ था.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, परेड में हाल ही में गठित सैन्य इकाइयों के साथ-साथ 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान तैनात प्रमुख हथियार प्रणालियों के मॉडल भी शामिल होंगे.

    यूरोपीय काउंसिल के अध्यक्ष एंतोनियो लुईस सांतोस दा कोस्टा और यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन सोमवार को भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे.

    कर्तव्य पथ पर होने वाले कार्यक्रम का मुख्य विषय 'वंदे मातरम् के 150 साल' होगा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समारोह की अगुवाई करेंगी. कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होगा और क़रीब 90 मिनट तक चलेगा.

    परेड की शुरुआत से पहले क़रीब 100 सांस्कृतिक कलाकार 'विविधता में एकता' विषय पर प्रस्तुति देंगे.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.