राष्ट्रपति ने मांगी मंत्रिपरिषद की सूची, 9 जून को शपथ लेंगे नरेंद्र मोदी

नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें अपने समर्थक सांसदों की लिस्ट सौंपी और सरकार बनाने का दावा पेश किया.

सारांश

  • नरेंद्र मोदी 9 जून को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे.
  • छत्तीसगढ़ में पुलिस का दावा- मुठभेड़ में मारे गए 7 माओवादी.
  • चंद्रबाबू नायडू 12 जून को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. राष्ट्रपति ने मांगी मंत्रिपरिषद की सूची, 9 जून को शपथ लेंगे नरेंद्र मोदी

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    नरेंद्र मोदी 9 जून की शाम को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं.

    यह जानकारी खुद नरेंद्र मोदी ने दी है. शाम को राष्ट्रपति से मिलने के बाद उन्होंने कहा, "आज सुबह एनडीए की मीटिंग हुई थी. एनडीए के सभी साथियों ने मुझे फिर से एक बार इस दायित्व के लिए पसंद किया है. सभी एनडीए के साथियों ने राष्ट्रपति जी को इसकी जानकारी दी."

    उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति जी ने अभी मुझे बुलाया था और मुझे नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में काम करने की नियुक्ति दी है और मुझे शपथ समारोह के लिए और मंत्रिपरिषद के सदस्यों की लिस्ट के लिए सूचित किया है. मोटे तौर पर राष्ट्रपति जी को कहा है कि 9 तारीख शाम को सुविधा रहेगी."

    मोदी ने कहा, "बाकी जानकारी राष्ट्रपति भवन वर्क आउट करेगा. तब तक हम मंत्रिपरिषद की सूची राष्ट्रपति जी को सुपुर्द करेंगे और उसके बाद शपथ समारोह होगा."

    शुक्रवार सुबह बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के चुने गए सांसदों की एक बैठक संसद के सेंट्रल हॉल में हुई, जिसमें नरेंद्र मोदी को नेता चुना गया.

  2. कंगना को 'थप्पड़' मारने वालीं कुलविंदर कौर के भाई ने कहा- मामला कुछ और है

    कुलविंदर कौर

    इमेज स्रोत, Socialmedia

    इमेज कैप्शन, शेर सिंह माहीवाल और कुलविंदर कौर

    कंगना रनौत को कथित तौर पर थप्पड़ मारने वाली कुलविंदर कौर के भाई शेर सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात की है.

    कुलविंदर कौर के बड़े भाई शेर सिंह माहीवाल ने कहा, “कुलविंदर मेरी छोटी बहन है. हम छह भाई बहन हैं. वह मुझसे छोटी है. उसकी ड्यूटी चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर है.”

    उन्होंने कहा, “जितनी हमारे पास जानकारी है उसके मुताबिक कल जब कंगना रनौत आए तो कुलविंदर कौर ने कहा कि आपको अपना पर्स और मोबाइल फोन को स्कैनर से पास कराना पड़ेगा. इसे लेकर उन दोनों के बीच तू-तू, मैं-मैं हुई. इसे लेकर यह सारी घटना हुई है.”

    शेर सिंह ने कहा, “दूसरी तरफ यह कहा जा रहा है कि कुलविंदर कौर ने कंगना रनौत को थप्पड़ मारा है. हमारा कहना है कि अगर कुलविंदर कौर ने कोई थप्पड़ मारा है तो उसकी कोई वीडियो क्यों नहीं है.”

    उन्होंने कहा, “कंगना रनौत को भी हम कहना चाहते हैं कि जब आप एक्टर थे. उस समय आप जो कहते थे वह लोगों को पसंद नहीं आता था, लेकिन अब आप सांसद बन चुके हैं. आपकी जो भाषा है वह भी ठीक नहीं है.”

    “कभी आप किसानों के बारे में बुरा बोलते हो, कभी हमारी माता-बहनों को टके-टके की बताते हो, कभी कहते हो कि वे 100-100 रुपये दिहाड़ी पर आई हैं.”

    कुलविंदर कौर के भाई ने कहा कि कंगना रनौत ने किसानों को जो खालिस्तानी बताया था उसे लेकर भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए.

    कंगना रनौत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कंगना रनौत

    क्या है पूरा मामला?

    भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत ने गुरुवार को दावा किया कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर एक सुरक्षाकर्मी ने उन्हें थप्पड़ मारा.

    कंगना रनौत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, "मुझे बहुत ज्यादा फोन कॉल्स आ रहे हैं. मैं बिल्कुल सुरक्षित हूं और ठीक हूं. आज जो हादसा हुआ, वो चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर हुआ. यह हादसा सिक्योरिटी चेक के दौरान हुआ."

    "मैं सिक्योरिटी चेक से जैसी ही निकली तो दूसरे केबिन में एक महिला थीं, जो कि सीआईएसएफ की सुरक्षा कर्मचारी थीं. उन्होंने साइड से आकर मेरे चेहरे पर हिट किया और अपशब्द कहे."

    कंगना रनौत ने कहा, "मैंने उनसे (सुरक्षाकर्मी) ऐसा करने की वजह पूछी तो उन्होंने कहा कि वो किसान आंदोलन का समर्थन करती हैं."

    "मैं सुरक्षित हूं, लेकिन मेरी चिंता है कि पंजाब में जो आतंकवाद और उग्रवाद बढ़ रहा है, उसको हम कैसे हैंडल करेंगे."

    चंडीगढ़ एयरपोर्ट का एक वीडियो भी वायरल है जिसमें सीआईएसएफ की वर्दी में एक महिला सुरक्षाकर्मी को ये कहते हुए सुना जा सकता है, "इसने बयान दिया था न कि सौ-सौ रुपए के लिए बैठी हैं आंदोलन में ? ये बैठेगी वहां पर? मेरी माँ भी बैठी हुई थी जब इसने बयान दिया था."

  3. छत्तीसगढ़ पुलिस का दावा- मुठभेड़ में मारे गए सात माओवादी, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    नक्सल

    इमेज स्रोत, CG KHABAR

    इमेज कैप्शन, फाइल फोटो

    छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बस्तर में पुलिस ने एक मुठभेड़ में सात माओवादियों के मारे जाने का दावा किया है.

    पहले पुलिस ने पांच माओवादियों के मारे जाने का दावा किया था, लेकिन बाद में पुलिस को दो और शव बरामद हुए हैं. पुलिस के अनुसार शुक्रवार को दिन भर रुक-रुक कर मुठभेड़ चलती रही.

    पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बीबीसी से कहा, "बस्तर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव और नारायणपुर के डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवान माओवादियों के ख़िलाफ़ एक ऑपरेशन के लिए निकले थे, जहां गोबेल क्षेत्र में माओवादियों के साथ मुठभेड़ हुई."

    पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ के बाद बस्तर के तीन ज़िलों दंतेवाड़ा, नारायणपुर और कोंडागांव की सीमा पर स्थित मुठभेड़ स्थल मुंगेड़ी, गोबेल इलाके से पुलिस ने सात संदिग्ध माओवादियों के शव बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार मारे गए सभी लोग वर्दी में थे.

    मारे जाने वालों के पास से पुलिस ने हथियार भी बरामद करने का दावा किया है. हालाँकि मारे जाने वाले संदिग्ध माओवादियों की पहचान नहीं हो सकी है.

    पुलिस के अनुसार इस मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के तीन जवान भी घायल हुए हैं लेकिन उनकी स्थिति सामान्य है. पुलिस के अनुसार इस मुठभेड़ में बड़ी संख्या में माओवादियों के घायल होने की आशंका है. फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है.

  4. एनडीए के नेताओं ने समर्थन पत्र राष्ट्रपति को सौंपा- तस्वीरों में देखिए

    एनडीए प्रतिनिधिमंडल ने आज दिन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें एक पत्र सौंपा.

    इमेज स्रोत, @rashtrapatibhvn

    इमेज कैप्शन, एनडीए प्रतिनिधिमंडल ने आज दिन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें एक पत्र सौंपा.
    राष्ट्रपति को दिए गए पत्र में कहा गया कि नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुना गया है. एनडीए के घटक दलों की ओर से समर्थन पत्र भी राष्ट्रपति को सौंपा गया.

    इमेज स्रोत, @rashtrapatibhvn

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति को दिए गए पत्र में कहा गया कि नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुना गया है. एनडीए के घटक दलों की ओर से समर्थन पत्र भी राष्ट्रपति को सौंपा गया.
  5. जयंत चौधरी को एनडीए की बैठक में मंच पर नहीं मिली जगह, कांग्रेस-सपा ने उठाए सवाल

    आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी

    एनडीए की आज(9 जून) सुबह हुई बैठक में मंच पर राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी को जगह न मिलने पर समाजवादी पार्टी से लेकर कांग्रेस तक ने सवाल उठाए हैं.

    इस बैठक में नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुना गया है.

    समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आरएलडी के मुखिया जयंत चौधरी को मंच पर स्थान तक नहीं दिया गया, जबकि उनकी 2 सीटें हैं, वहीं 1-1 सीट वाले दलों के नेताओं को मंच पर साथ में बिठाया गया.”

    सपा ने लिखा, “भाजपा की जाट समाज से नफरत और स्व. चौधरी चरण सिंह जी एवं चौधरी अजीत सिंह जी के प्रति नाटकीय झूठे सम्मान का भंडाफोड़ हो गया है.

    “जयंत चौधरी जी अगर सच में किसान हितैषी हैं तो उन्हें एनडीए से दूरी बनानी चाहिए और किसान हितों पर भाजपा के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए.”

    “छोटे और नजदीकी लालच के चक्कर में अपने स्वाभिमान और किसान हितों का सौदा भाजपा से नहीं करना चाहिए.”

    जयंत चौधरी

    इमेज स्रोत, BJP

    इमेज कैप्शन, जयंत चौधरी

    वहीं कांग्रेस पार्टी के प्रवक्तासुरेंद्र राजपूत ने पोस्ट कर लिखा, “मोदी जी और भाजपा राष्ट्रीय लोक दल को बेइज्जत कर रहे है या श्री जयंत चौधरी को या फिर जाट समाज को कोई संदेश? जयंत चौधरी नीचे बिठाए गए, जबकि एक सीट वाली अनुप्रिया पटेल, एक सीट वाले अजीत पवार, जीतन मांझी सबको जगह मिली मंच पर. सिर्फ़ भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी के पोते हमारे छोटे चौधरी के बेटे जयंत जी ही नीचे बिठाया गया.”

    न सिर्फ राजनीतिक पार्टियों के नेता बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोग इसे लेकर काफी कुछ लिख रहे हैं.

  6. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद क्या बोले नरेंद्र मोदी

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, BJP

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नरेंद्र मोदी को नई सरकार बनाने का न्योता दिया है.

    शुक्रवार सुबह नरेंद्र मोदी को एनडीए बैठक में संसदीय दल का नेता चुना गया, जिसके बाद वे शाम को राष्ट्रपति भवन द्रौपदी मुर्मू से मिलने पहुंचे थे.

    मुलाकात के बाद नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज सुबह एनडीए की मीटिंग हुई थी. एनडीए के सभी साथियों ने मुझे फिर से एक बार इस दायित्व के लिए पसंद किया है. सभी एनडीए के साथियों ने राष्ट्रपति जी को इसकी जानकारी दी."

    उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति जी ने अभी मुझे बुलाया था और मुझे नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में काम करने की नियुक्ति दी है और मुझे शपथ समारोह के लिए और मंत्रिपरिषद के सदस्यों की सूची के लिए सूचित किया है. मोटे तौर पर राष्ट्रपति जी को कहा है कि 9 तारीख शाम को सुविधा रहेगी."

    मोदी ने कहा, "बाकी जानकारी राष्ट्रपति भवन वर्क आउट करेगा. तब तक हम मंत्री परिषद की सूची राष्ट्रपति जी को सुपुर्द करेंगे और उसके बाद शपथ समारोह होगा."

  7. नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की

    मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    एनडीए गठबंधन की बैठक में संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की.

    वहीं दूसरी तरफ दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर एनडीए के नेताओं का पहुंचना तेज हो गया है.

    बीजेपी नेता महेश शर्मा के मुताबिक़, नरेंद्र मोदी रविवार, 9 जून की शाम छह बजे प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे.

  8. नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद की शपथ कब लेंगे, बीजेपी नेता महेश शर्मा ने बताया

    महेश शर्मा

    इमेज स्रोत, @dr_maheshsharma

    उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट से सांसद महेश शर्मा ने बताया कि रविवार, 9 जून को नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे.

    मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "आज हमें सूचना मिली है कि 9 तारीख को छह बजे (शाम) शपथ ग्रहण होगा."

    शर्मा ने कहा, "विकसित भारत का जो हमारा संकल्प है, उसे हम पूरा करेंगे. जो बचे हुए कार्य हैं, उन्हें पूरा करेंगे. सभी सहयोगी दलों ने विश्वास जताया है. एनडीए पहले से ज्यादा मजबूत होकर निकला है. एनडीए पहले से और ज्यादा पारदर्शी होकर निकलेगा."

    उन्होंने कहा, "इंडिया गठबंधन के जो लोग ईवीएम पर दोष लगाते थे. आज उनकी आवाज बंद हो गई है. मैं समझता हूं कि भारत के भविष्य के लिए आज बहुत सुनहरा दिन था."

    आज यानी शुक्रवार सुबह नरेंद्र मोदी को एनडीए की बैठक में संसदीय दल का नेता चुना गया है.

  9. जयराम रमेश बोले- 'सत्ता के लिए नहीं, संविधान बचाने के लिए लड़ रहे हैं'

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आने के लिए नहीं बल्कि संविधान बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, “ये बात याद रखिए कि कांग्रेस पार्टी को आर्थिक रूप से अपंग करने का प्रयास किया गया. खाताबंदी हुआ था. आप जानते हैं. इलेक्टोरल बॉन्ड स्कैम हुआ था. इन्होंने 8 हजार 200 करोड़ रुपये चंदा इक्ट्ठा किया. चंदा दो धंधा लो. हफ्ता वसूली के आधार पर. मैं इसमें आज नहीं जाना चाहता हूं. हमने चुनाव प्रचार के दौरान यह बात की.”

    जयराम रमेश ने कहा, “जो जीत हुई है, वो इसकी (संविधान) जीत हुई है. जो राहुल जी ने बार-बार चुनाव प्रचारों में जनता को दिखाया. हम किस के लिए लड़ रहे हैं. हम सत्ता के लिए नहीं लड़ रहे हैं. कौन बनेगा प्रधानमंत्री, इसके लिए नहीं लड़ रहे हैं, लेकिन भारत का संविधान, बाबा साहेब आंबेडकर के संविधान को सुरक्षित रखने के लिए लड़ रहे हैं.”

    उन्होंने कहा, “आज वो ही एक तिहाई प्रधानमंत्री डॉ. आंबेडकर की मूर्ति, महात्मा गांधी की मूर्ति, छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति संसद में जिस पवित्र स्थान पर है. जहां हम पिछले दस साल से जाया करते थे. जहां मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते थे. वहां से मूर्तियां हटाई गई और कहीं कोने में लगाई जा रही है. ये उनकी मानसिकता है.”

  10. कंगना ने कहा- 'नरेंद्र मोदी ने 10 साल नहीं बल्कि 25 साल का विजन दिया है'

    हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कंगना रनोट

    हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा कि पूरे देश में उत्साह का वातावरण है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कंगना ने कहा, 'मुझे लगता है कि पूरे देश के लिए उत्साह का वातावरण है, क्योंकि ये देश का बहुमत है. देश चाहता है कि मोदी जी हमारा नेतृत्व करें."

    उन्होंने कहा, "पूरे देश में आप देख सकते हैं कि किस तरह की ऊर्जा, वातावरण है. ये सेलिब्रेशन सिर्फ एनडीए के लिए नहीं है, पूरे देश वासियों के लिए है...दस साल ही नहीं इन्होंने (नरेंद्र मोदी) 25 साल का विजन दिया है. एनडीए लंबा चलेगा."

    शुक्रवार सुबह एनडीए की बैठक में नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुना गया है.

  11. कंगना को 'थप्पड़' मारने की घटना पर बोले राकेश टिकैत- 'बेटी के साथ हैं...'

    राकेश टिकैत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राकेश टिकैत

    भारतीय जनता पार्टी की नवनिर्वाचित सांसद कंगना को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 'थप्पड़' लगने की घटना पर किसान नेता राकेश टिकैत ने प्रतिक्रिया दी है.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने अपना बयान शेयर करते हुए लिखा, "...हम सब उस परिवार और बेटी के साथ हैं."

    राकेश टिकैत ने कहा, "चंडीगढ़ में एयरपोर्ट पर सांसद कंगना के साथ जो हुआ, वह एक बहस थी. लड़की को लेकर जो बताते हैं कि उसने थप्पड़ मारा है. उसने थप्पड़ नहीं मारा है. वो बहस हुई. जब किसान आंदोलन चल रहा था, उसने यह बयान दिया कि जो किसान बैठे थे, जो महिलाएं आती हैं, वे 100-100 रुपये आंदोलन में लेकर बैठती हैं. वह लड़की उससे आहत थी."

    "पूरा पंजाब उस लड़की के साथ है. जितनी उससे गलती हुई, वो धारा लगा दो उस पर, लेकिन उसे सस्पेंड करना, नौकरी से बर्खास्त करना. उसकी जांच करो कि ये हादसे क्यों हो रहे हैं. क्या फोर्स के लोग तंग नहीं हैं. जय जवान, जय किसान का नारा देश में लगता है. जो फौज में बच्चे हैं, वे भी अपने ही परिवार से हैं."

    उन्होंने कहा, "क्या एक साल तक उनको आतंकवादी नहीं कहा. क्या 13 महीने तक उनकी बेइज्जती नहीं की. ये दर्द फौज के हर जवान में है. ज्यादा छेड़खानी करने की जरूरत नहीं है. नेता भी अपनी बयानबाजी बंद करें."

    भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत

    भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत ने गुरुवार को दावा किया कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर एक सुरक्षाकर्मी ने उन्हें थप्पड़ मारा.

    कंगना रनौत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, "मुझे बहुत ज्यादा फोन कॉल्स आ रहे हैं. मैं बिल्कुल सुरक्षित हूं और ठीक हूं. आज जो हादसा हुआ, वो चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर हुआ. यह हादसा सिक्योरिटी चेक के दौरान हुआ."

    "मैं सिक्योरिटी चेक से जैसी ही निकली तो दूसरे केबिन में एक महिला थीं, जो कि सीआईएसएफ की सुरक्षा कर्मचारी थीं. उन्होंने साइड से आकर मेरे चेहरे पर हिट किया और अपशब्द कहे."

    कंगना रनौत ने कहा, "मैंने उनसे (सुरक्षाकर्मी) ऐसा करने की वजह पूछी तो उन्होंने कहा कि वो किसान आंदोलन का समर्थन करती हैं."

    "मैं सुरक्षित हूं, लेकिन मेरी चिंता है कि पंजाब में जो आतंकवाद और उग्रवाद बढ़ रहा है, उसको हम कैसे हैंडल करेंगे."

    चंडीगढ़ एयरपोर्ट का एक वीडियो भी वायरल है जिसमें सीआईएसएफ की वर्दी में एक महिला सुरक्षाकर्मी को ये कहते हुए सुना जा सकता है, "इसने बयान दिया था न कि सौ-सौ रुपए के लिए बैठी हैं आंदोलन में ? ये बैठेगी वहां पर? मेरी माँ भी बैठी हुई थी जब इसने बयान दिया था."

  12. लालकृष्ण आडवाणी से मिलने पहुंचे नरेंद्र मोदी- तस्वीरें

    एनडीए का नेता चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली में बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की.

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एनडीए का नेता चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की.
    राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की शुक्रवार को संयुक्त बैठक में नरेंद्र मोदी को नेता सदन के रूप में चुन लिया गया है. नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे.

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की शुक्रवार को संयुक्त बैठक में नरेंद्र मोदी को नेता सदन के रूप में चुन लिया गया है. नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे.
  13. नीतीश कुमार बोले- 'इधर-उधर कोई करना चाहता है, उसको कोई...'

    नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, BJP

    इमेज कैप्शन, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

    नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा वे पूरी तरह से सरकार के साथ हैं.

    उन्होंने कहा, "इधर-उधर कोई करना चाहता है, उसको कोई लाभ नहीं है. इसलिए मैं आपका (नरेंद्र मोदी) अभिनंदन करता हूं. आपके नेतृत्व में सब लोग काम करेंगे… हम सब लोग इनके साथ रहेंगे. इनकी बात को मानते हुए आगे चलेंगे."

    नीतीश ने कहा, "बहुत ही खुशी की बात है कि दस साल से ये प्रधानमंत्री हैं और फिर प्रधानमंत्री होने जा रहे हैं. इन्होंने पूरे देश की सेवा की और पूरा भरोसा है कि अगली बार ये सब पूरा कर देंगे."

    उन्होंने कहा, "हम लोग पूरे तौर पर सब दिन इनके साथ रहेंगे…इस बार हम देखे हैं कि कुछ लोग इधर उधर जीत गए हैं. अगली बार सब हारेंगे. हमें पूरा भरोसा है. ये सब बिना मतलब की बात बोल बोलकर क्या किया है. ये सब कोई काम किया है. उन लोगों ने आज तक कोई काम नहीं किया है. देश की कोई सेवा नहीं की है."

    नीतीश कुमार ने कहा, "मेरा आग्रह है कि आपकी शपथ हो जाए. आप रविवार को करने वाले हैं. हम चाहते थे कि आज ही ये काम हो जाता, लेकिन आपकी जब इच्छा है, जितना तेजी से काम हो जाए, उतना अच्छा है."

  14. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह बोले- 'इस बार विपक्ष बहुत मजबूत होगा'

    जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारूक़ अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारूक़ अब्दुल्लाह

    जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इस बार संसद में विपक्ष की भूमिका काफी मजबूत रहेगी.

    उन्होंने कहा, "लोगों ने फ़ैसला सुना दिया और हिंदुस्तान का जो संविधान है वो बच गया. उन्होंने यह दिखाया कि ताक़त लोगों की है. लोग ही ताक़त रखते हैं. ये साबित हो गया है. ये बहुत बड़ी कामयाबी है. लोगों के पास और कुछ नहीं है, ये सिर्फ़ वोट है. जिससे वे लोगों को गिराते हैं."

    अब्दुल्लाह ने कहा, "वो जो चिल्लाते थे, 370, 400 पार. मैं समझता हूं कि ये एग्जिट पोल को बंद कर देना चाहिए. उनको अपने ठेके बंद कर देने चाहिए और लोगों से माफी मांगनी चाहिए."

    उन्होंने कहा, "एनडीए सरकार बनने दीजिए. मैं कुछ नहीं कहूंगा. आप मीडिया में हैं. आप खुद देखेंगे, मैं भी देखूंगा. थोड़ा इंतजार करिए. इस बार विपक्ष बहुत मजबूत होगा. मैं जिस समय संसद में था, उसमें हम कमजोर थे. हमारी बात सुनाई नहीं देती थी. हमारी सुनते नहीं थे."

  15. मोदी ने संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद कहा- ग्रीन युग शुरू होने जा रहा है, भारत उठा सकता है फायदा

    मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गठबंधन के सभी सहयोगी दलों का आभार व्यक्त किया. साथ ही उन्होंने इस मौक़े पर इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, एनडीए गठबंधन हिंदुस्तान का सबसे सफल प्री-पोल अलायंस है. मैं हृदय से सबका बहुत आभार व्यक्त करता हूं. खुशी की बात है कि इतने बड़े समूह का मुझे स्वागत करने का अवसर मिला है, जो साथी विजयी होकर आए हैं वे सब अभिनंदन के अधिकारी हैं."

    उन्होंने कहा, "2019 में मैंने एक बात पर बल दिया था और वह था विश्वास. जब आप मुझे फिर से एक बार दायित्व दे रहे हैं तो इसका मतलब ये है कि हम दोनों के बीच विश्वास का सेतु अटूट है. ये अटूट रिश्ता विश्वास की मजबूत धरातल पर है."

    'इंडिया गठबंधन ने साजिश की'

    उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, "चुनाव के दौरान हर तीसरे दिन चुनाव आयोग के दरवाज़े खटखटाए गए और इसका निरंतर प्रयास करते रहे कि कैसे बाधा पैदा करें.और चुनाव के वक्त आयोग का बड़ा वक्त कोर्ट में गुज़रा, ये उनका बड़ा षडयंत्र था. इसके लिए देश उनको माफ़ नहीं करेगा."

    उन्होंने कहा, "मैं मानता हूं कि 2024 के लोकसभा के नतीजे जो हैं, दुनिया इसे मानती है और मानेगी भी कि ये एनडीए की महाविजय है. आपने देखा दो दिन कैसे चला.... जैसे हम हार चुके हैं. अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए उन्हें ये करना पड़ रहा है. कोशिश की गई कि इस विजय को पराजय की छाया में डुबो कर रखा जाए और उसे स्वीकार किया जाए."

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

    'सदन में चर्चा को मिस किया'

    उन्होंने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधना जारी रखा और कहा, "10 साल बाद भी कांग्रेस 100 के आंकड़े को नहीं छू सकी. बीते तीन चुनावों में कुल मिलाकर कांग्रेस को जितनी सीटें मिली हैं उतनी बीजेपी को इस चुनाव में मिली हैं."

    उन्होंने कहा कि बीते सालों में उन्होंने सदन में चर्चा को मिस किया है.

    उन्होंने कहा, "पिछले दस सालों में मैं सदन में चर्चा मिस किया करता था अब उम्मीद करता हूं कि विपक्षी नेता राष्ट्र के हित में चर्चा करेंगे. वो हमारे विपक्ष में हैं, राष्ट्र के विपक्ष में नहीं है. मैं उम्मीद करता हूं कि वो राष्ट्र को मज़बूत करने के लिए सदन में राष्ट्र हित को देखते हुए चर्चा करेंगे."

    'विपक्ष में बिखराव शुरू हुआ'

    उन्होंने दावा किया कि मैंने कहा था कि चार जून के बाद बाद बिखराव शुरू हो जाएगा, जो शुरू हो चुका है.

    उन्होंने इंडिया गठबंधन को झूठा करार देते हुए कहा कि अपने वादों को लेकर उन्होंने लोगों के बीच जाकर झूठ भरे पर्चे बांटे.

    उन्होंने कहा, "अब कांग्रेस के दफ्तरों के सामने ये लोग पर्चियां लेकर खड़े हैं और अपने पैसे मांग रहे हैं. लेकिन अब उन्हें भगाया जा रहा है."

    मोदी

    इमेज स्रोत, bjp

    'बड़े फ़ैसलों का दौर'

    मोदी ने कहा, "एनडीए का ये कार्यकाल बड़े फ़ैसलों का और तेज़ विकास का है. हम समय नहीं गंवाना चाहते, हमें हमारी अर्थव्यवस्था को पांच नंबर से तीन नंबर पर पहुंचाना है."

    उन्होंने कहा कि संविधान हमें कोऑपरेटिव फेडेरलिज़्म की बात सिखाता है लेकिन हम कंपीटीटिव कोऑपरेटिव फेडेरलिज़्म की बात कर रहे हैं और चाहते हैं कि विकास के लिए राज्य आपस में प्रतिस्पर्धा करें.

    'ग्रीन युग शुरू होने जा रहा है'

    मोदी ने भारत के विकास और भविष्य को लेकर बात की और कहा कृषि से लेकर तकनीक और स्पेस से लेकर आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस तक भारत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है.

    उन्होंने कहा, "हमें हमारी विरासत के प्रति सजग होना चाहिए और हम टूरिज़्म को बढ़ावा देना चाहते हैं. हम वोकल फ़ॉर लोकल और रीजनल टूरिज़्म को बढ़ावा देना चाहते हैं."

    "जिस समय ओद्योगिक क्रांति शुरू हुई भारत ग़ुलामा के दौर से गुज़र रहा था इसलिए वो इसका फायदा नहीं ले सका लेकिन अब ग्रीन युग शुरू होने जा रहा है और भारत इससे फायदा ले सकता है."

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, नरेंद्र मोदी एनडीए संसदीय दल के नेता चुने गए, नीतीश और चंद्रबाबू नायडू ने क्या कहा

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, YOUTUBE GRAB

    नरेंद्र मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है.

    शुक्रवार को एनडीए की संसदीय दल की बैठक में राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी के नाम का प्रस्ताव किया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई.

    इस दौरान टीडीपी चीफ़ एन चंद्रबाबू नायडू और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद थे. नरेंद्र मोदी के संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि भारत के पास मोदी जी के तौर पर सही समय पर सही नेता मिला है.

    वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब देश के विकास का काम और आगे बढ़ेगा. उनके नेतृत्व में एनडीए के सभी घटक दल कर मिल कर काम करेंगे.

    जबकि गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि संसदीय दल के नेता के तौर पर नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव देश के 140 करोड़ लोगों का प्रस्ताव है. ये देश की आवाज़ है कि पीएम मोदी अगले पांच साल तक देश का नेतृत्व करें.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  17. कर्नाटक: राहुल गांधी को अवमानना मामले में मिली बेल, बीजेपी ने लगाए थे ये आरोप

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    बेंगलुरु के एक स्पेशल कोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अवमानना के एक मामले में ज़मानत दे दी है.

    ये मामला बीजेपी की कर्नाटक इकाई ने दर्ज कराया था. पार्टी ने कांग्रेस की ओर से 2023 के विधानसभा चुनावों से पहले अख़बारों को दिए गए उन विज्ञापनों के ख़िलाफ़ अदालत का दरवाजा खटखटाया था, जिनमें उसे भ्रष्ट कहा गया था.

    इससे पहले इसी केस में कर्नाटक के कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार और मुख्यमंत्री सिद्दारमैया को 1 जून को जमानत मिल चुकी थी. राहुल गांधी इस केस में चौथे ऐसे व्यक्ति थे जिनके ख़िलाफ़ बीजेपी ने अवमानना का मामला दर्ज किया था.

    राहुल गांधी के साथ कांग्रेस पार्टी, डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया था.

    बीजेपी की शिकायत में कहा गया था कि कांग्रेस ने बीजेपी पर ये आरोप लगाया था कि इसके नेताओं ने सीएम पद पर नियुक्ति के लिए 2500 करोड़ रुपये और मंत्री पद के लिए 500 करोड़ रुपये की कीमत तय कर दी थी.

  18. कंगना ने कहा- महिला कॉन्स्टेबल ने थप्पड़ा मारा, जानिए कौन हैं कुलविंदर कौर? कौर और कंगना के पक्ष में बँटे लोग

  19. रेपो रेट में आठवीं बार भी कोई बदलाव नहीं, 6.5 फ़ीसदी पर बरकरार

    शक्तिकांत दास

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास (फाइल फोटो)

    रिजर्व बैंक ने चुनाव के बाद अपनी पहली मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है. फ़िलहाल ये 6.5 फीसदी पर ही बना हुआ है.

    आरबीआई ने 2022 में रेपो दरों में बढ़ोतरी शुरू की थी और अब तक ये 250 बेसिस प्वाइंट बढ़ चुकी है. आरबीआई के सामने अभी भी महंगाई दर चुनौती बनी हुई है.

    हालांकि रिटेल महंगाई दर में कमी के संकेत है. लेकिन खाद्य महंगाई दर ऊंची बनी हुई है. फिलहाल मानसून की चुनौती बनी हुई है. हालांकि आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि मानसून की बारिश अच्छी रहने की संभावना है.

    आरबीआई ने कहा है कि ग्रोथ रेट भी अच्छा है. वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान ग्रोथ रेट 8.2 फीसदी रहा है.

  20. नेपाल ने भारत समेत 11 देशों से अपने राजदूतों को वापस बुलाया

    प्रचंड

    इमेज स्रोत, PRAKASH SINGH

    इमेज कैप्शन, पुष्प कमल दाहाल प्रचंड (फाइल फोटो)

    नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल प्रचंड के दिल्ली आने से पहले नेपाल सरकार ने भारत और अमेरिका समेत 11 देशों में काम कर रहे अपने राजदूतों को वापस बुला लिया है.

    ये राजदूत नेपाली कांग्रेस के कोटे से नियुक्त हुए थे. पुष्प कमल दाहाल प्रचंड की सरकार की ओर से कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूमाले) के साथ गठबंधन के तीन महीने बाद ये फैसला किया गया है. इससे पहले प्रचंड की पार्टी नेपाली कांग्रेस के साथ गठबंधन में थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने ‘काठमांडू पोस्ट’ की ख़बर के हवाले से कहा है कि भारत में नेपाल के राजदूत डॉ. शंकर शर्मा, अमेरिका में राजदूत श्रीधर खत्री समेत ब्रिटेन, उत्तर कोरिया, क़तर, स्पेन, डेनमार्क, इसराइल, सऊदी अरब, मलयेशिया और पुर्तगाल में नेपाल के राजदूतों को वापस बुला लिया गया है.