You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कश्मीर के अनंतनाग में चरमपंथियों की गोली से प्रवासी मज़दूर गंभीर रूप से घायल

पुलिस ने कहा ये एक चरमपंथी हमला था जिसमें जिसमें एक मजदूर घायल हुआ है.

सारांश

  • टीएमसी का घोषणापत्र जारी, सीएए-एनआरसी और यूसीसी लागू ना करने का वादा
  • गुलाम नबी आज़ाद नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
  • चुनाव से ठीक पहले बीजेपी ने मणिपुर के नेता को पार्टी से निकाला
  • राहुल गांधी ने कहा- ये संविधान की लड़ाई लड़ने वालों और लोकतंत्र खत्म करने वालों के बीच का चुनाव है
  • हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- कुछ दिनों में असम से आफ़स्पा क़ानून हट जाएगा

लाइव कवरेज

प्रवीण

  1. अमेठी या रायबरेली से चुनाव लड़ने के सवाल पर राहुल गांधी ने दिया ये जवाब?

    अमेठी या रायबरेली से चुनाव लड़ने के सवाल पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि, ''पार्टी की ओर से जो भी आदेश मिलेगा मैं उसका पालन करूंगा.''

    इंडिया गठबंधन के नेता राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव के पहले चरण के चुनाव प्रचार के आख़िरी दिन बुधवार को उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस की.

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि ''यह चुनाव विचारधारा का चुनाव है. एक तरफ आरएसएस और बीजेपी संविधान और लोकंतत्र को खत्म कर रही हैं. इंडिया गंठबंधन संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है.''

    वहीं अखिलेश यादव ने दावा किया कि ''पीडीए बीजेपी को हराने जा रहा है. इस बार बीजेपी की विदाई शानदार होने वाली है.''

    राहुल गांधी ने कहा, ''देश में दो या तीन मुख्य मुद्दे हैं. बेरोज़गारी, महंगाई और भागीदारी.''

    राहुल गांधी ने कहा, ''बीजेपी भटकाव की राजनीति करती है. पीएम समुद्र में चले जाते हैं. लेकिन मुद्दों के बारे में बात नहीं करते.''

    ''कुछ दिन पहले पीएम मोदी ने एएनआई को इंटरव्यू दिया. पीएम का इंटरव्यू फ्लॉप शो था. इंटरव्यू स्क्रिप्टेड था. पीएम मोदी ने इलेक्टोरल बॉन्ड समझाने की कोशिश की. पीएम कहते हैं कि यह सिस्टम पारदर्शिता के लिए लाया गया. तो सुप्रीम कोर्ट ने यह सिस्टम रद्द क्यों किया.''

    ''अगर पारदर्शी था तो बीजेपी ने चंदा देने वाली कंपनियों के नाम क्यों नहीं बताए.''

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ''किसी कंपनी को कॉन्ट्रैक्ट मिलता है तो उसके बाद बीजेपी को पैसा मिलता है. किसी कंपनी पर ईडी की सीबीआई की कार्रवाई होती है, 10 या 15 दिन बाद बीजेपी को चंदा मिलता है.''

    उन्होंने कहा, ''सड़क पर इसे वसूली कहा जाता है. पीएम मोदी भ्रष्टाचार के चैंपियन हैं.''

    अखिलेश यादव ने कहा कि जिस दिन भारत सरकार किसानों की आय बढ़ा देगी उस दिन गरीबी दूर हो जाएगी.

    ''जातिगत जनगणना, सामाजिक न्याय देश की खुशहाली के लिए ज़रूरी है.''

    अखिलेश यादव ने कहा, ''हम लोग जी-20 की तरह नहीं हैं. जहां दो का चलता हो और बाकी सब ज़ीरो हों.''

    उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं.

  2. राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने की साझा प्रेस कॉन्फ़्रेंस, जानिए इलेक्टोरल बॉन्ड पर क्या बोले

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए सरकार का इरादा पारदर्शिता लाने का होता तो बीजेपी ने चंदा देने वालों के नाम क्यों नहीं बताए.

    उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में इंडिया गठबंधन के नेता राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने प्रेस-कॉन्फ्रेंस की.

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि ''ये चुनाव विचारधारा का चुनाव है, बीजेपी संविधान को ख़त्म करने की कोशिश कर रही है तो वहीं इंडिया गठबंधन इसे बचाने की कोशिश कर रही है.''

    “महंगाई, बेरोज़गारी और भागीदारी इस चुनाव का मुद्दा है. कभी पीएम मोदी समुद्र के नीचे चले जाते हैं, कभी प्लेन में आसमान पर चले जाते हैं लेकिन जो मुद्दे हैं, उन पर न ही मोदी और न ही बीजेपी बात करती है.”

    “पिछले दिनों पीएम मोदी ने एएनआई को इंटरव्यू दिया जो स्क्रिप्टेड था लेकिन फ्लॉप था. पीएम मोदी कहते हैं कि इलेक्टोरल बॉन्ड ट्रांसपेरेंसी के लिए लाया गया, अगर ये सच है तो इसे सुप्रीम कोर्ट ने रद्द क्यों किया.”

    “अगर आप ट्रांसपेरेंसी लाना चाहते थे तो जिन लोगों ने पैसा दिया आप उनका नाम क्यों छिपाना चाहते थे.”

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ''किसी कंपनी को कॉन्ट्रैक्ट मिलता है तो उसके बाद बीजेपी को पैसा मिलता है. किसी कंपनी पर ईडी की सीबीआई की कार्रवाई होती है, 10 या 15 दिन बाद बीजेपी को चंदा मिलता है.''

    ''सड़क पर इसे वसूली कहा जाता है. पीएम मोदी भ्रष्टाचार के चैंपियन हैं.''

    वहीं अखिलेश यादव ने दावा किया कि ''पीडीए बीजेपी को हराने जा रहा है. इस बार बीजेपी की विदाई शानदार होने वाली है.''

  3. राम नवमी के मौके पर पीएम मोदी क्या बोले?

    राम नवमी के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि 'श्रीराम भारतीय जनमानस के रोम-रोम में रचे-बसे हैं, अंतर्मन में समाहित हैं.'

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ''भव्य राम मंदिर की प्रथम राम नवमी का यह अवसर उन असंख्य राम भक्तों और संत-महात्माओं को स्मरण और नमन करने का भी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया.''

    पीएम मोदी ने आगे कहा, ''मुझे पूर्ण विश्वास है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन और उनके आदर्श विकसित भारत के निर्माण के सशक्त आधार बनेंगे.''

    ''उनका आशीर्वाद आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा. श्रीराम के चरणों में कोटि-कोटि नमन और वंदन!''

    श्रीराम मंदिर रामलला का सूर्याभिषेक बुधवार दोपहर 12 बजे होगा. इस दौरान करीब 4 मिनट तक रामलला के माथे पर सूर्य की किरणें रहेंगी.

  4. इसराइल पर हमले के बाद ईरान कैसे अमेरिका और यूरोपियन यूनियन के निशाने पर है?

    अमेरिका और यूरोपियन यूनियन ने कहा है कि वो ईरान पर नई पाबंदियां लगाने पर विचार कर रहे हैं.

    अमेरिकी ट्रेज़री सेक्रेटरी जेनेट येलेन ने कहा है कि आने वाले दिनों में इस दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं.

    वहीं यूरोपियन यूनियन की विदेश नीति के चीफ जोसेप बोरेल कहना है कि ब्लॉक इस पर काम कर रहा है.

    ईरान ने पिछले हफ्ते इसराइल पर 300 ड्रोन और मिसाइल दागे थे. इसराइल ने लगभग सभी ड्रोन और मिसाइल गिराने का दावा किया.

    इसराइल ने शनिवार को अपनी धरती पर हुए हमले के बाद सहयोगियों से तेहरान के मिसाइल कार्यक्रम पर पाबंदी लगाने की मांग की है.

    इस कार्यक्रम पर संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंध अक्टूबर में समाप्त हो चुके हैं. हालांकि तेहरान के मिसाइल कार्यक्रम पर अमेरिका, यूरोपियन यूनियन और ब्रिटेन की पाबंदियां जारी रही हैं और नई पाबंदियां भी लगाई गई हैं.

    एक अप्रैल को सीरिया में ईरान के वाणिज्य दूतावास पर हमला हुआ था, जिसमें ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड के टॉप कमांडर और उनके डिप्युटी समेत 13 लोग मारे गए.

    ईरान ने शनिवार को इसराइल पर किए गए हमले को एक अप्रैल की घटना की जवाबी कार्रवाई बताया है.

    इसराइल ने एक अप्रैल को हुए हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है. इसराइल ने हालांकि सही समय आने पर ईरान के हमले का जवाब देने का दावा किया है.

  5. लोकसभा चुनाव-2024 के पहले चरण के लिए आज थम जाएगा प्रचार अभियान, इतनी सीटों पर होना है मतदान

    लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के लिए प्रचार अभियान आज शाम 5 बजे थम जाएगा.

    पहले चरण में 19 अप्रैल को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर मतदान होना है.

    तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर पहले चरण में मतदान होने जा रहा है.

    उत्तर प्रदेश की आठ, उत्तराखंड की पांच और पश्चिम बंगाल की तीन लोकसभा सीटों पर पहले चरण में वोटिंग होगी.

    राजस्थान की 12 सीटों पर पहले चरण में वोटिंग होने जा रही है.

    पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश की दो और असम की पांच लोकसभा सीटों पर मतदान होने जा रहा है.

    बिहार की चार, छत्तीसगढ़ की एक, मध्य प्रदेश की छह, महाराष्ट्र की पांच और मणिपुर की दो लोकसभा सीटों पर पहले चरण में वोटिंग होगी.

    मेघालय की दो, मिज़ोरम, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम, जम्मू कश्मीर, लक्षद्वीप, अंडमान निकोबार और पुडुचेरी की एक-एक सीट पर पहले चरण में वोट डाले जाएंगे.

  6. राम नवमी के मौक़े पर अयोध्या में कैसी हैं सुरक्षा की तैयारियां?

    राम नवमी के मौके पर अयोध्या में सुरक्षा की तैयारियों के मद्देनज़र ज़ोन और सेक्टर बनाए गए हैं.

    अयोध्या रेंज के आईजी प्रवीण कुमार ने इस बात की जानकारी दी.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, ''व्यवस्था पहले से ही है. ज़ोन और सेक्टर बनाए गए हैं. वॉलंटियर्स और फोर्स दोनों हैं.''

    ''लोगों का आना लगातार जारी है. रात में ही बहुत सारे लोग घाट के आस-पास ठहरे हुए हैं. सुबह 3.30 बजे से दर्शन करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.''

    प्रवीण कुमार ने आगे कहा, ''भारी वाहन यहां से ना आकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जा रहे हैं.''

    श्रीराम मंदिर रामलला का सूर्याभिषेक बुधवार दोपहर 12 बजे होगा. इस दौरान करीब 4 मिनट तक रामलला के माथे पर सूर्य की किरणें रहेंगी.

  7. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है.

    16 अप्रैल की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.