ट्रंप और पुतिन के बीच बातचीत समाप्त, यूक्रेन का मुद्दा रहा अहम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर बातचीत समाप्त हो हो गई है.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. इसराइल का ग़ज़ा पर बड़ा हमला, हमास का दावा- 100 से ज़्यादा लोग मारे गए, रुश्दी अबुलौफ़ और जॉर्ज राइट, बीबीसी न्यूज़

    ग़ज़ा पट्टी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा पट्टी पर जनवरी के बाद किया गया यह सबसे बड़ा हमला बताया जा रहा है.

    इसराइली सेना ने कहा कि वह ग़ज़ा पट्टी पर बड़े हमले कर रही है. हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इस हमले में कम से कम 130 फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

    इससे पहले इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स ने एक बयान में कहा था कि वह हमास के ‘आतंकी ठिकानों’ को निशाना बना रही है.

    इसी हमले में ग़ज़ा के आंतरिक मामलों के उप मंत्री और हमास के एक बड़े सैन्य कमांडर महमूद अबू वफ़ाह के मारे जाने की ख़बर है.

    ग़ज़ा में 19 जनवरी से शुरू हुए युद्ध विराम के बाद से अब तक का यह सबसे बड़ा हमला है. चश्मदीदों ने बताया कि ग़ज़ा में हमलों की शुरुआत उस वक़्त हुई, जब लोग खाना खा रहे थे.

    उन्होंने बताया कि आसमान में 20 से ज़्यादा इसराइली लड़ाकू विमान दिखाई दिए. कुछ ही देर में उन लड़ाकू विमानों ने ग़ज़ा शहर, रफ़ाह और ख़ान यूनिस पर हमला करना शुरू कर दिया.

    इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी किए गए बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने मंगलवार सुबह ग़ज़ा पट्टी पर हमलों का आदेश दिया.

    इस बयान में कहा गया, “यह हमला हमास द्वारा हमारे बंधकों को रिहा करने से लगातार इनकार करने और अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष प्रतिनिधि विट कॉफ़ और अन्य मध्यस्थों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को ख़ारिज करने के बाद किया गया है.”

  2. ट्रंप ने कहा- पुतिन से बातचीत के पहले कुछ मुद्दों पर बनी सहमति, जॉर्ज राइट और जैक़लीन हॉवर्ड, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को लेकर अपनी बात रखी है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यूक्रेन में शांति स्थापित करने के लिए होने वाले समझौते के मामले में ‘कुछ मुद्दों’ पर सहमति बन गई है.

    यह जानकारी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर दी.

    उन्होंने लिखा, “मैं मंगलवार की सुबह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन में जारी युद्ध से जुड़े मामलों पर बातचीत करूंगा. वैसे समझौते को लेकर ‘कुछ मुद्दों’ पर सहमति बन गई है, मगर कई बाकी हैं.”

    रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को लेकर ट्रंप ने लिखा, “हज़ारों युवा सैनिकों समेत कई लोग मारे जा चुके हैं. हर सप्ताह दोनों ही तरफ़ 2500 सैनिकों की मौत हो रही है. यह अब ख़त्म होना चाहिए.”

    “मैं राष्ट्रपति पुतिन के साथ फ़ोन पर होने वाली बातचीत को लेकर उत्सुक हूं.”

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, @realDonaldTrump

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पुतिन से होने वाली बातचीत को लेकर टिप्पणी की है.

    इससे पहले, राष्ट्रपति ट्रंप ने रिपोर्टर्स से कहा था, “हम यह देख रहे हैं कि क्या हम एक शांति समझौता, एक युद्ध विराम कर सकते हैं. और मुझे लगता है कि हम ऐसा कर सकते हैं.”

    सोमवार रात को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस पर युद्ध को लंबा खींचने का आरोप लगाया था.

  3. इसराइल ने फिर शुरू किए ग़ज़ा पट्टी पर हमले, 34 की मौत कई घायल, जॉर्ज राइट, बीबीसी न्यूज़

    ग़ज़ा पट्टी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, युद्ध विराम शुरू होने के बाद यह ग़ज़ा पट्टी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला है. (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइली सेना ने कहा है कि वह ग़ज़ा पट्टी पर बड़े हमले कर रही है. सेना ने एक बयान कहा कि वह हमास के आतंकी ठिकानों को निशाना बना रही है.

    रॉयटर्स ने चिकित्सकों और चश्मदीदों के हवाले से बताया कि मध्य ग़ज़ा में देर अल-बलाह में तीन घरों को निशाना बनाया गया. इसके अलावा ख़ान यूनिस और रफ़ाह में भी इमारतों को निशाना बनाया गया.

    ग़ज़ा की सिविल डिफ़ेंस एजेंसी ने कहा है कि इन हमलों में 34 फ़लस्तीनी मारे गए हैं और 70 घायल हुए हैं.

    ग़ज़ा में 19 जनवरी से शुरू हुए युद्ध विराम के बाद से अब तक का यह सबसे बड़ा हमला है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी किए गए बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने मंगलवार सुबह ग़ज़ा पट्टी पर हमलों का आदेश दिया.

    इस बयान में कहा गया, “यह हमला हमास द्वारा हमारे बंधकों को रिहा करने से लगातार इनकार करने और अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष प्रतिनिधि विट कॉफ़ और अन्य मध्यस्थों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को ख़ारिज करने के बाद किया गया है.”

  4. नागपुर में हिंसा के बाद पुलिस ने लगाया क़र्फ़्यू, कहा अफ़वाहों पर विश्वास न करें

    नागपुर पुलिस

    इमेज स्रोत, ANI

    महाराष्ट्र में नागपुर के महाल इलाक़े में सोमवार, 17 मार्च की रात दो गुटों के बीच झड़प और पत्थरबाजी की घटना हुई. इसके बाद पुलिस ने नागपुर शहर के कुछ इलाक़ों में क़र्फ़्यू लगा दिया.

    इनमें कोतवाली, गणेशपेठ, लकड़गंज, पचपावली, शांतिनगर, सक्करदारा, नंदनवन, इमामवाड़ा, यशोधरा नगर और कपिल नगर शामिल है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नागपुर पुलिस आयुक्त डॉ. रविंदर सिंघल ने बताया कि अगले आदेश तक यह क़र्फ़्यू जारी रहेगा.

    इससे पहले, सोमवार रात नागपुर के पुलिस उपायुक्त अर्चित चंदक ने कहा था, "ये घटना कुछ गलत जानकारियों की वजह से हुई. अब स्थिति नियंत्रण में है. मैं सभी से अपील करता हूं कि वो घरों से बाहर न निकलें और पत्थरबाज़ी न करें."

    पुलिस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है कि लोग किसी भी प्रकार की अफ़वाहों पर ध्यान न दें और पुलिस की मदद करें.

    नागपुर पुलिस

    इमेज स्रोत, @NAGPUR POLICE

    इमेज कैप्शन, नागपुर पुलिस

    वहीं, पथराव की घटना और पुलिस पर हुए हमले के सवाल पर नागपुर पुलिस आयुक्त डॉ. रविंदर सिंघल ने कहा था, "घटना करीब 8-8:30 बजे की है. दो वाहन जलाए गए. कौन-कौन और कितने लोग घायल हैं, ये आंकड़ा अभी हमारे पास आया नहीं है."

    इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री और नागपुर से सांसद नितिन गडकरी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पेज की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.