You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ईरान से 310 भारतीय दिल्ली पहुंचे, वापस लौटे लोगों ने क्या बताया

ईरान से सुरक्षित निकाले गए 310 भारतीयों को लेकर एक विमान शनिवार को दिल्ली पहुंचा है.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत और संदीप राय

  1. कोलंबिया यूनिवर्सिटी के छात्र और एक्टिविस्ट महमूद खलील ज़मानत पर हुए रिहा, कायला एपस्टीन, बीबीसी न्यूज़

    कोलंबिया यूनिवर्सिटी के छात्र और एक्टिविस्ट महमूद खलील को तीन महीने से ज़्यादा समय तक हिरासत में रखने के बाद ज़मानत पर रिहा कर दिया गया है.

    रिहाई के बाद उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन ने स्टूडेंट प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करते हुए "गलत व्यक्ति को निशाना बनाया."

    शुक्रवार को एक संघीय जज ने फै़सला सुनाया कि खलील न तो भागने की कोशिश करेंगे और न ही अपने समुदाय के लिए वह किसी तरह का ख़तरा हैं,. इसलिए उन्हें हिरासत से रिहा किया जा सकता है.

    हालांकि, उनके ख़िलाफ़ आप्रवासन की कार्रवाई अब भी जारी है.

    महमूद खलील पिछले साल कोलंबिया यूनिवर्सिटी में फ़लस्तीनियों के समर्थन में हुए प्रदर्शनों का एक अहम चेहरा थे.

    8 मार्च को गिरफ़्तार होने के बाद महमूद खलील के समर्थन में न्यूयॉर्क और वॉशिंगटन डीसी में विरोध प्रदर्शन हुए थे.

    वहीं, अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि खलील का एक्टिविज़्म अमेरिका की विदेश नीति के ख़िलाफ़ है और इसी वजह से उन्हें देश से निकाले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई.

  2. इसराइली हमलों के बीच ईरान ने परमाणु वार्ता से किया इनकार, रचेल म्यूलर, बीबीसी

    ईरान ने कहा है कि जब तक उस पर हमले हो रहे हैं, वह अपने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत फिर से शुरू नहीं करेगा.

    यह बयान ऐसे वक़्त आया है जब इसराइल के रक्षा मंत्री ने ईरान के साथ लंबे संघर्ष की चेतावनी दी है.

    ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा कि ईरान केवल तभी बातचीत पर विचार करेगा जब इसराइल अपने हमले बंद करेगा.

    उन्होंने यह भी दोहराया कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण है और इसराइल के हमले अंतरराष्ट्रीय क़ानून के ख़िलाफ़ हैं.

    अब्बास अराग़ची ने कहा, "मैं साफ़ कर दूं कि हमारी रक्षा क्षमताओं पर कोई समझौता नहीं होगा."

    वहीं इसराइली सेना के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ इयाल ज़मीर ने एक वीडियो संदेश में कहा कि इसराइल को एक लंबी लड़ाई के लिए तैयार रहना चाहिए और आगे "कठिन दिन" आने वाले हैं.

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने शुक्रवार को जेनेवा में यूरोपीय नेताओं से मुलाकात की. इस मुलाकात में यूरोपीय नेताओं ने उनसे अमेरिका के साथ परमाणु कार्यक्रम को लेकर फिर से बातचीत शुरू करने की अपील की.

    इस बीच दोनों देशों के बीच संघर्ष जारी है. इसराइली सेना ने जानकारी दी है कि उसने ईरान के मिसाइल ठिकानों पर एक और बड़ा हमला किया है.

  3. पाकिस्तान ने भारत की ओर से संघर्षविराम को लेकर किए इस दावे को किया ख़ारिज

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भारत की ओर से किए इस दावे को ख़ारिज कर दिया है कि दोनों देशों के बीच मई महीने में हुआ संघर्षविराम पाकिस्तान के आग्रह पर हुआ था.

    इस मामले पर पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है.

    बयान के मुताबिक, "भारतीय मीडिया में यह दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री, सीनेटर इसहाक़ डार ने कहा है कि पाकिस्तान ने युद्धविराम की अपील थी."

    "हम इन दावों को पूरी तरह ख़ारिज करते हैं कि भारत की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने युद्धविराम की मांग की थी."

    पाकिस्तान की ओर से जारी इस बयान में कहा गया है कि भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम करवाने में सऊदी अरब और अमेरिका ने अहम भूमिका निभाई थी.

    बयान के मुताबिक, "पूरा घटनाक्रम ये दिखाता है कि पाकिस्तान ने किसी से सीज़फ़ायर के लिए नहीं कहा. 10 मई 2025 को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री इसहाक़ डार को फ़ोन पर ये सूचित किया था कि अगर पाकिस्तान चाहता है तो भारत सीज़फ़ायर के लिए तैयार है. पाकिस्तान बस इस पर सहमत हुआ था."

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, रुबियो का कॉल सुबह क़रीब सवा आठ बजे आया और नौ बजे के क़रीब सऊदी के विदेश मंत्री प्रिंस फ़ैसल ने भी इसहाक़ डार को कॉल किया और भारत के बारे में वही सूचना दी.

    इससे पहले भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फ़ोन पर हुई बातचीत के बारे में जानकारी दी थी.

    उन्होंने ये भी कहा था कि पीएम मोदी ने ट्रंप से ये स्पष्ट कहा है कि भारत ने न तो मध्यस्थता स्वीकार की थी और न ही कभी करेगा. भारत और पाकिस्तान के बीच सीज़फ़ायर पाकिस्तान के आग्रह पर हुआ था.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ये कई बार कह चुके हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच जंग रुकवाई.

  4. नीरज चोपड़ा ने पेरिस डायमंड लीग का खिताब जीता

    भारत के जैवलिन स्टार नीरज चोपड़ा ने पेरिस डायमंड लीग का खिताब जीत लिया है. यह मुकाबला शुक्रवार को पेरिस के स्टेड सेबेस्टियन शारलेती स्टेडियम में हुआ.

    नीरज चोपड़ा ने पेरिस में हुए इस इवेंट में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जर्मनी के जूलियन वीबर को हराया.

    उन्होंने 87.88 मीटर का थ्रो किया था. नीरज ने पहले प्रयास में 88.16 मीटर का थ्रो किया था और इसी ने उन्हें जीत भी दिलाई.

    दूसरे प्रयास में उन्होंने 85.10 मीटर का थ्रो किया.

    हालांकि, इसके बाद उनके तीन प्रयास फाउल रहे. वहीं, छठे प्रयास में उन्होंने 82.89 मीटर दूर भाला फेंका.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.