व्लादिमीर पुतिन ने कहा- यूक्रेन को कज़ान पर हमले की चुकानी होगी क़ीमत

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कज़ान शहर पर हुए यूक्रेनी ड्रोन हमलों का बदला लेने की बात कही है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अभिषेक पोद्दार

  1. छत्तीसगढ़: महतारी वंदन योजना में 'सनी लियोन' को मिल रहे एक हज़ार रुपये, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, छत्तीसगढ़ सरकार मार्च महीने से विवाहित महिलाओं को हर महीने एक हज़ार रुपये दे रही है (सांकेतिक तस्वीर)

    छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की महत्वाकांक्षी 'महतारी वंदन योजना' के अंतर्गत सनी लियोन नामक महिला को भी हर महीने एक हज़ार रुपये का भुगतान किया जा रहा है.

    राज्य सरकार की वेबसाइट पर जो विवरण दर्ज है, उसके अनुसार माओवाद प्रभावित बस्तर के तलूर आंगनबाड़ी में उनका आवेदन दर्ज किया गया था.

    वेबसाइट पर दर्ज विवरण के अनुसार, सनी लियोन पति जॉनी सिंस का पंजीयन क्रमांक MVY006535575 आंगनबाड़ी और सुपरवाईज़र द्वारा सत्यापित है और इस साल मार्च से उनके स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के खाता क्रमांक xxxxx76531 में राशि जमा की जा रही है. इस महीने भी उनके खाते में एक हज़ार रुपये जमा किए गए हैं.

    हालांकि विधायक और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने इसे किसी भी तरह की अनियमितता मानने से इनकार किया है.

    उन्होंने बीबीसी से कहा, "यह बस्तर का परंपरागत नाम नहीं है. लेकिन बस्तर में धर्मांतरण होता रहता है. हो सकता है, किसी धर्मांतरित महिला का नाम सनी लियोनी हो. इसे किसी भी तरह की अनियमितता की तरह नहीं देखा जा सकता है."

    इस विवरण के सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने राज्य सरकार की आलोचना की है.

    छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने बीबीसी से कहा, "हमारी पार्टी शुरू से कह रही है कि यह योजना भ्रष्टाचार की योजना है. ज़रूरतमंद लोगों तक इस योजना का लाभ नहीं पहुंच रहा है, बल्कि भाजपा के लोगों की जेब में पैसा पहुंच रहा है."

    उन्होंने कहा कि सरकार 75 लाख महिलाओं के खाते में हर महीने पैसे देने की बात कह रही है लेकिन हक़ीक़त ये है कि मुश्किल से 20 से 25 लाख महिलाओं को ही पैसे दिए जा रहे हैं.

    सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह योजना, भाजपा सरकार की सबसे बड़ी भ्रष्टाचार की योजना बन कर उभरी है.

    स्क्रीनशॉट

    इमेज स्रोत, CG GOVT

    इमेज कैप्शन, महतारी वंदन योजना के तहत 'सनी लियोन' नामक महिला के ख़ाते में पैसे जा रहे हैं

    क्या है महतारी वंदन योजना?

    पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत के पीछे, एक बड़ा कारण इस योजना को माना जाता है. चुनाव के दौरान ही भाजपा ने महिलाओं से फॉर्म भरवाने शुरू कर दिए थे कि अगर वह सत्ता में आई तो हर विवाहित महिला को हर महीने 'महतारी वंदन योजना' के तहत एक हज़ार रुपये देगी.

    इसके बाद इस साल मार्च के महीने से ही सरकार ने विवाहित महिलाओं को हर महीने एक हज़ार रुपये देने की शुरुआत की.

    राज्य सरकार का दावा है कि मार्च 2024 से दिसंबर 2024 तक, 70 लाख महिलाओं के खाते में 6530.41 करोड़ रुपये की राशि पहुंचाई जा चुकी है.

  2. देवेंद्र फडणवीस ने अपने पास रखा गृह विभाग, एकनाथ शिंदे और अजित पवार को क्या मिला?

    देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, देवेंद्र फडणवीस ने पांच दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी

    महाराष्ट्र में महायुति सरकार के मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा हो गया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गृह विभाग अपने पास रखा है.

    वहीं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को शहरी विकास विभाग और अजित पवार को वित्त विभाग का प्रभार मिला है.

    देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री के तौर पर और एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर पांच दिसंबर को शपथ ली थी. जबकि 33 कैबिनेट और 6 राज्य मंत्रियों ने 15 दिसंबर को शपथ ली.

    महाराष्ट्र के सभी मंत्री विभागों के बिना ही विधानसभा के शीतकालीन सत्र में शामिल हुए थे.

    किन्हें कौन सा विभाग मिला?

    मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस: गृह, ऊर्जा, क़ानून, सूचना और सामान्य प्रबंधन विभाग

    उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे: शहरी विकास और आवासीय (सामाजिक पहल) विभाग

    उपमुख्यमंत्री अजित पवार: वित्त और योजना विभाग

    चंद्रशेखर प्रभावती कृष्णराव बावनकुले: राजस्व विभाग

    पंकजा प्रज्ञा गोपीनाथ मुंडे: पर्यावरण और पशुपालन विभाग

    अदिति वरदा सुनील तटकरे: महिला एवं बाल कल्याण विभाग

    नितेश नीलम नारायण राणे: मत्स्य पालन और बंदरगाह विभाग

    आशीष मीनल बाबाजी शेलार: सूचना प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक विभाग

    राधाकृष्ण सिंधुताई एकनाथराव विखे पाटिल: जल संसाधन विभाग (गोदावरी और कृष्णा बेसिन विकास निगम)

    हसन साकिनाबी मियालाल मुशरिफ़: चिकित्सा शिक्षा विभाग

    चंद्रकांत सरस्वती बच्चू पाटिल: उच्च और तकनीकी शिक्षा, संसदीय कार्य

    गुलाबराव रेवाबाई रघुनाथ पाटिल: जल आपूर्ति और स्वच्छता विभाग

    दादाजी रेशमाबाई दगडू भुसे: स्कूल शिक्षा विभाग

    गणेश रामचंद्र नाइक: वन विभाग

  3. मुंबई फ़ेरी हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हुई

    मुंबई फेरी हादसा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नौसेना के स्पीडबोट के फ़ेरी से टकरा जाने से यह हादसा हुआ था

    मुंबई फ़ेरी हादसे में मरने वालों की संख्या 15 पहुंच गई है. मरने वालों में आठ पुरुष, चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं.

    इस हादसे में दो लोग अब भी लापता हैं. 43 साल के हंसराम भाटी का शव भाऊचा धक्का में मिला. वहीं सात साल के बच्चे का शव मुंबई के हार्बर में शनिवार को मिला.

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को हादसे की जानकारी देते हुए बताया था कि हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है. उन्होंने मरने वालों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का भी एलान किया था.

    वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी हादसे पर संवेदना व्यक्त की थी.

    पीएम कार्यालय ने मृतकों के परिवारों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का एलान किया था. घायलों को 50 हज़ार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.

    यह हादसा नौसेना के स्पीडबोट के फ़ेरी से टकरा जाने के बाद हुआ था. यह फ़ेरी मुंबई के गेटवे ऑफ़ इंडिया से एलिफेंटा द्वीप जा रही थी, जिसमें क़रीब 80 लोग सवार थे.

  4. मोहाली में बिल्डिंग गिरने की घटना में एक महिला की मौत, बचाव कार्य अभी भी जारी

    डीएसपी हरसिमरन सिंह बाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि पुलिस ने इमारत के मालिक के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है

    पंजाब के मोहाली में एक बहुमंज़िला इमारत के गिरने से एक महिला की मौत हो गई है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ एक महिला की इस हादसे में मौत हुई है.

    पुलिस के मुताबिक़ अभी भी राहत-बचाव कार्य जारी है. यह घटना शनिवार की है.

    इससे पहले पंजाब पुलिस के एक अधिकारी ने बताया था कि एक महिला को रेस्क्यू किया गया था. उप-पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) हरसिमरन सिंह बल ने बताया, "हमने इमारत के मालिक के ख़िलाफ़ बीएनएस की धारा 105 के तहत एफ़आईआर दर्ज की है."

    इस घटना के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, "इमारत के बगल वाली जगह पर नई इमारत बनाने के लिए खुदाई की जा रही थी. जिसकी वजह से इमारत गिर गई."

    ज़िला प्रशासन के मुताबिक़ इमारत के मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है.

    एनडीआरएफ़ और भारतीय सेना की टीम राहत-बचाव कार्य में जुटी हुई है.

    शनिवार को पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि मलबे में कितने लोग दबे हैं.

  5. फ़लस्तीनी अधिकारी ने कहा- ग़ज़ा में युद्ध विराम के लिए बातचीत 90 प्रतिशत पूरी हुई, रुश्दी अबूअलूफ़ और शाइमा ख़लील, बीबीसी संवाददाता

    फ़लस्तीनी महिला

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइल के साथ बातचीत में ग़ज़ा की सीमा पर कई किलोमीटर चौड़े बफ़र ज़ोन बनाने की बात भी शामिल है.

    फ़लस्तीन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया है कि ग़ज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई के लिए इसराइल और हमास के बीच बातचीत 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है. लेकिन अभी भी प्रमुख मुद्दों पर बातचीत नहीं बन पाई है, जिन पर काम करना बाक़ी है.

    इन प्रमुख मुद्दों में से एक फिलाडेल्फिया कॉरिडोर में इसराइली सेना की उपस्थिति को लेकर भी है, जो कि मिस्र की सीमा पर दक्षिण ग़ज़ा इलाके़ में रणनीतिक रूप से एक अहम भूमि है.

    फ़लस्तीनी अधिकारी ने इसराइल और हमास के बीच दोहा में हो रही बातचीत की जानकारी साझा की है.

    इसमें इसराइल के साथ ग़ज़ा की सीमा पर कई किलोमीटर चौड़े बफ़र ज़ोन बनाने की बात भी शामिल है.

    अधिकारी ने कहा कि इसराइल इस इलाके़ में अपनी सैन्य उपस्थिति बनाए रखेगा.

    उन्होंने कहा कि इन मुद्दों के हल होने के बाद कुछ ही दिनों में युद्धविराम पर सहमति बन सकती है, जो कि तीन चरणों में लागू होगी.

    युद्ध विराम के पहले चरण के तहत हर एक महिला सैनिक की रिहाई पर 20 फ़लस्तीनी क़ैदियों की अदला-बदली की जाएगी.

    इसराइली बंधकों को चरणबद्ध तरीके़ से रिहा किया जाएगा, क्योंकि ऐसा माना जा रहा है कि हमास को अभी भी कुछ लापता बंधकों का पता लगाना है.

    ग़ज़ा में अभी भी 96 इसराइली बंधक हैं. इसराइल का अनुमान है कि इनमें से 62 लोग ज़िंदा हैं.

  6. अमेरिका ने यमन में हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर किए हवाई हमले, थॉमस मैकिन्टोश, बीबीसी न्यूज़

    एफ़/ए-18 लड़ाकू विमान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका ने इस हमले में एफ़/ए-18 लड़ाकू विमान का इस्तेमाल किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने यमन की राजधानी सना में हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. इन हमलों में उन ठिकानों को निशाना बनाया गया है जहां से कमांड सुविधाएं दी जाती हैं और मिसाइलें रखी हैं.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसने लाल सागर में हूती विद्रोहियों के कई ड्रोन्स और एक एंटी-शिप क्रूज़ मिसाइल को भी मार गिराया है.

    अमेरिका ने यह हमला इसराइल पर हूती विद्रोहियों के हमले के बाद किया है. हूती विद्रोहियों ने शनिवार को इसराइल के तेल अवीव पर एक बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया, जिसमें दर्जनभर से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

    हूती एक ईरान समर्थित विद्रोही समूह है, जिसका यमन के उत्तर-पश्चिम इलाक़े पर नियंत्रण है.

    अक्तूबर 2023 में ग़ज़ा में युद्ध की शुरुआत के बाद हूती ने इसराइल और अंतरराष्ट्रीय जहाज़ों पर हमला करना शुरू किया था. हूती विद्रोहियों का कहना है कि वो और फ़लस्तीनी एकजुट हैं.

  7. जर्मनी के क्रिसमस मार्केट पर हुए हमले पर भारत ने क्या कहा?

    जर्मनी क्रिसमस मार्केट अटैक

    इमेज स्रोत, EPA-EFE/REX/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, क्रिसमस मार्केट हमले में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर जर्मनी के मैगडेबर्ग में क्रिसमस मार्केट पर हुए हमले की निंदा की है.

    विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम जर्मनी के मैगडेबर्ग में क्रिसमस मार्केट पर हुए भयानक हमले की निंदा करते हैं."

    "कुछ क़ीमती जानें गई हैं और कई लोग घायल हुए हैं. हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ हैं."

    विदेश मंत्रालय ने कहा, "इस हमले में घायल हुए भारतीयों और उनके परिवारों से संपर्क में हैं. हमारा मिशन हर संभव मदद कर रहा है."

    शुक्रवार की रात को जर्मनी के मैगडेबर्ग में एक क्रिसमस मार्केट पर हमला हुआ, जिसमें एक कार ने कई लोगों को रौंद दिया था.

    इस हमले में अभी तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है. इसमें एक नौ साल का बच्चा भी शामिल है. वहीं क़रीब 200 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इस हमले में सात भारतीय घायल हुए हैं.

    पुलिस ने बाद में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है और उससे पूछताछ की जा रही है.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति की पहचान तालेब अल-अब्दुलमोहसेन के रूप में हुई है, जो कि एक मनोचिकित्सक हैं.

    वो मैगडेबर्ग से लगभग 40 किलोमीटर (25 मील) दूर दक्षिण में बर्नबर्ग में रहते हैं.

    पुलिस ऐसा मान रही है कि इन्होंने यह हमला अकेले ही किया है.

    अब्दुलमोहसेन मूल रूप से सऊदी अरब के निवासी हैं और 2006 में जर्मनी पहुंचे थे. 2016 में उन्हें शरणार्थी के रूप में जर्मनी में मान्यता दी गई.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप पढ़ सकते हैं.

    - म्यांमार: सेना में छिपे जासूसों की वजह से लोकतंत्र समर्थक विद्रोहियों का पलड़ा कैसे हुआ भारी. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - अल्पसंख्यकों के 'उत्पीड़न' के आंकड़ों और एक सोशल मीडिया पोस्ट पर भारत और बांग्लादेश में फिर तनातनी. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - रूस-यूक्रेन जंग: पुतिन के दावे, उत्तर कोरिया से नज़दीकी और वो अहम घटनाएं जिन पर रही दुनिया की नज़र. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - आलू को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार के फ़ैसले से बढ़ी व्यापारियों और पड़ोसी राज्यों की दिक्कतें. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - जस्टिन ट्रूडो की मुश्किलें और बढ़ीं, उनकी सरकार का टिक पाना क्यों हुआ मुश्किल? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.