You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

गाम्बिया से स्पेन जा रही नाव पलटी, कम से कम 69 प्रवासियों की मौत

तटरक्षकों के अनुसार, इसके तट के पास एक नाव पलटने से कम से कम 69 प्रवासियों की मौत हो गई है और कई लोग लापता हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

अंशुल सिंह, संदीप राय

  1. बिहार के पटना में भिड़े बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता

    बिहार की राजधानी पटना में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पटना में बीजेपी कार्यकर्ता पीएम मोदी के 'अपमान' को लेकर कांग्रेस के ऑफ़िस के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई.

    वीडियो में कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर लाठियां बरसाते हुए दिख रहे हैं.

    गुरुवार को बीजेपी ने बिहार के दरभंगा में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर 'अपमानजनक टिप्पणी' किए जाने का आरोप लगाया है.

    इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा था, “ये सब ध्यान भटकाने की बातें हैं. ये ना हमारी परंपरा है और ना हम ऐसी बात करते हैं. हमारे सवाल इतने तीखे हैं कि भाजपा जवाब नहीं दे पा रही है इसलिए वो ऐसे मुद्दों को उठा रहे हैं. हमारे यहां ऐसा नहीं हो सकता है."

  2. ट्रंप के व्यापार सलाहकार का आरोप, 'रूस की काली कमाई को सफे़द कर रहा भारत'

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने आरोप लगाया है कि भारत रूसी सरकार की तेल से होने वाली काली कमाई को सफ़ेद करने में मदद कर रहा है.

    नवारो ने शुक्रवार को एक्स पर अपनी पोस्ट में दावा किया है कि भारतीय तेल कंपनियां रूस से सस्ता तेल ख़रीदकर उसे रिफ़ाइन करके यूरोप, अफ़्रीका और एशिया में बेच रही हैं.

    एक दिन पहले पीटर नवारो ने यूक्रेन की लड़ाई को ‘मोदी का युद्ध’ कहा था.

    नवारो का दावा है, “भारत अब रोज़ाना 10 लाख बैरल से ज़्यादा रिफाइंड पेट्रोलियम निर्यात करता है, जो रूस से आने वाले कच्चे तेल की कुल मात्रा का आधे से भी ज़्यादा है.”

    "इससे होने वाली कमाई भारत के राजनीतिक तौर पर जुड़े ऊर्जा कारोबारियों तक पहुंचती है और सीधे पुतिन के युद्ध फंड में भी जाती है."

    पीटर नवारो ने लिखा कि भारत अगर अमेरिका के रणनीतिक साझेदार होने का फ़ायदा उठाना चाहता है तो उसे रणनीतिक साझेदार की तरह बर्ताव भी करना होगा.

  3. 'अपनी बारी आई तो नियम बदल दिए', 75 साल की उम्र में रिटायरमेंट पर बोले अखिलेश यादव

    '75 साल की उम्र में रिटायरमेंट' पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.

    अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "न रिटायर होऊंगा, न होने दूंगा. जब अपनी बारी आई तो नियम बदल दिए."

    "ये दोहरापन अच्छा नहीं. अपनी बात से पलटनेवालों पर पराया तो क्या, कोई अपना भी विश्वास नहीं करता है. जो विश्वास खो देते हैं, वो राज खो देते हैं."

    गुरुवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने 75 साल की उम्र में रिटायरमेंट पर बयान दिया था.

    मोहन भागवत से सवाल पूछा गया था कि 75 साल के बाद क्या राजनीति से रिटायर हो जाना चाहिए?

    इस सवाल के जवाब में मोहन भागवत ने कहा, "मैंने ये बात मोरोपंत जी के बयान का हवाला देते हुए उनके विचार रखे थे...मैंने ये नहीं कहा कि मैं रिटायर हो जाऊंगा या किसी और को रिटायर हो जाना चाहिए."

    "हम ज़िंदगी में किसी भी समय रिटायर होने के लिए तैयार हैं और संघ हमसे जिस भी समय तक काम कराना चाहेगा, हम संघ के लिए उस समय तक काम करने के लिए भी तैयार हैं."

  4. डायमंड लीग फ़ाइनल: अरशद नदीम और नीरज चोपड़ा के बीच मुक़ाबला क्यों नहीं हुआ

    पेरिस ओलंपिक में गोल्ड जीतने के बावजूद डायमंड लीग फ़ाइनल में पाकिस्तान के अरशद नदीम नहीं दिखे.

    कारण है कि अरशद नदीम ने डायमंड लीग 2025 की किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया था, इसलिए वह फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई नहीं कर पाए.

    भारतीय जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में हुए डायमंड लीग फ़ाइनल में दूसरे नंबर पर रहे हैं. जर्मनी के जूलियन वेबर ने नीरज चोपड़ा को हराकर गोल्ड मेडल जीता.

    नीरज और नदीम के बीच मुक़ाबला सितंबर में टोक्यो में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में होने की संभावना है.

  5. आरबीआई के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल आईएमएफ़ के कार्यकारी निदेशक बने

    भारतीय रिज़र्व बैंक के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) में कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है. यह जानकारी शुक्रवार को जारी बयान में दी गई.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, पटेल की नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है.

    उर्जित पटेल ने सितंबर 2016 में रघुराम राजन के इस्तीफ़े के बाद आरबीआई गवर्नर का पद संभाला था.

    दिसंबर 2018 में पटेल ने निजी कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

  6. रूसी हमले का ज़िक्र कर अमेरिकी सांसद ने पूछा- भारत को अब कैसा लग रहा है

    यूक्रेन में रूसी हमले के बाद अमेरिकी सांसद लिंडसे ग्राहम ने भारत का ज़िक्र कर पूछा है कि अब कैसा महसूस हो रहा है?

    लिंडसे ग्राहम ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "भारत, चीन, ब्राज़ील और अन्य देश जो रूस से सस्ता तेल खरीदकर पुतिन की युद्ध मशीन को ताक़त दे रहे हैं: अब कैसा महसूस हो रहा है?"

    "आपकी ख़रीदारी की वजह से निर्दोष लोगों की जान जा रही है. इनमें बच्चे भी शामिल हैं."

    लिंडसे ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें यूक्रेन में रूस के हमले में बच्चों समेत कम से कम 15 लोगों की मौत की बात कही गई है.

    लिंडसे का कहना है कि 'भारत पुतिन को सपोर्ट करने की‌ क़ीमत चुका रहा है. बाक़ी देशों की बारी भी जल्द आएगी.'

  7. नीरज चोपड़ा डायमंड लीग फ़ाइनल में दूसरे नंबर पर, जर्मनी के वेबर ने ख़िताब जीता

    भारतीय जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में हुए डायमंड लीग फ़ाइनल में उप विजेता रहे हैं. जर्मनी के जूलियन वेबर ने नीरज चोपड़ा को हराया है.

    वेबर ने दो बार 90 मीटर से अधिक की दूरी तक थ्रो करके डायमंड लीग में अपना पहला ख़िताब जीता है.

    वेबर ने अपने दूसरे प्रयास में 91.51 मीटर का थ्रो कर इस सीज़न में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जो उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था.

    नीरज चोपड़ा 84.35 मीटर के अपने शुरुआती प्रयास के बाद पांचवें राउंड तक तीसरे स्थान पर थे, लेकिन 85.01 मीटर के अपने अंतिम प्रयास से वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए.

  8. अमेरिका से तनाव के बीच जापान पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचे. पीएम मोदी दो देशों- जापान और चीन की चार दिवसीय यात्रा पर हैं.

    प्रधानमंत्री मोदी की जापान और चीन की यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार और टैरिफ़ नीतियों के कारण भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव पैदा हो गया है.

    जापान पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "भारत और जापान अपने विकास सहयोग को लगातार मजबूत कर रहे हैं. इस यात्रा के दौरान मैं प्रधानमंत्री इशिबा और अन्य नेताओं से मिलने को उत्सुक हूं. इससे मौजूदा साझेदारी को और गहरा करने और नए सहयोग के रास्ते तलाशने का अवसर मिलेगा."

    यात्रा पर रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर जानकारी दी थी कि वह जापान के बाद चीन में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में हिस्सा लेंगे.

    यहां पीएम मोदी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई नेताओं से मिलेंगे.

  9. भारत और कनाडा ने महीनों बाद बहाल किए उच्चायुक्त

    भारत और कनाडा ने दोनों देशों में अपने उच्चायुक्तों की नियुक्ति को लेकर घोषणा की है.

    भारत सरकार ने वरिष्ठ राजनयिक दिनेश के. पटनायक को कनाडा में भारत का नया उच्चायुक्त नियुक्त किया है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, वर्तमान में स्पेन में राजदूत दिनेश के. पटनायक जल्द ही कनाडा में भारत के अगले उच्चायुक्त के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे.

    कनाडा ने क्रिस्टोफ़र कूटर को भारत में अपना नया उच्चायुक्त नियुक्त किया है. यह पद पिछले साल से खाली था.

    कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने एक बयान में कहा, "नए उच्चायुक्त की नियुक्ति भारत के साथ कूटनीतिक जुड़ाव को धीरे-धीरे गहरा करने और द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने की कनाडा की नीति को दर्शाती है."

    भारत के पिछले उच्चायुक्त ने अक्तूबर में कनाडा छोड़ दिया था. कनाडा ने कहा था कि वे उन छह राजनयिकों में शामिल थे जिन्हें अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या से जुड़ाव के बाद निष्कासित किया गया था, जबकि भारत ने कहा था कि उसने उच्चायुक्त को वापस बुला लिया था.

    भारत ने उसी दिन यह भी कहा था कि उसने छह वरिष्ठ कनाडाई राजनयिकों को निष्कासित करने का आदेश दिया है, जिनमें तत्कालीन कार्यवाहक उच्चायुक्त भी शामिल थे.

    भारत-कनाडा के बीच संबंध पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के इस आरोप से बिगड़ गए थे कि भारत का कनाडा में एक सिख अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या से संबंध था. जबकि भारत लगातार इस आरोप से इनकार कर रहा था.