पूर्व गृह सचिव अजय कुमार भल्ला को नियुक्त किया गया मणिपुर का गवर्नर

राष्ट्रपति भवन की ओर से मंगलवार को जारी अधिसूचना में पांच राज्यों के नए गवर्नरों की नियुक्ति की जानकारी दी गई है. इनमें सबसे दिलचस्प नाम भारत के पूर्व गृह सचिव अजय कुमार भल्ला का है. वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह को मिज़ोरम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है.

सारांश

  • पूर्व गृह सचिव अजय कुमार भल्ला को नियुक्त किया गया मणिपुर का गवर्नर
  • जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में सेना के एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच सैनिकों की हुई मौत
  • खेल रत्न से जुड़े मामले में मनु भाकर ने लोगों से अटकलें न लगाने की अपील की है
  • 19 फ़रवरी से पाकिस्तान के कराची में शुरू होगा चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025
  • क्रिसमस ट्री जलाए जाने के बाद सीरिया में शुरू हुए विरोध प्रदर्शन
  • दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि उसने पांच बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ़्तार किया है

लाइव कवरेज

शिल्पा ठाकुर और कीर्ति रावत

  1. पटना में बीपीएससी अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन में पहुँचे पप्पू यादव, क्या कहा

    बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव

    इमेज स्रोत, @pappuyadavjapl/X

    इमेज कैप्शन, पप्पू यादव बीपीएससी अभ्यर्थियों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए

    बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पटना में चल रहे बीपीएससी अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए. उन्होंने ट्वीट कर बताया कि वो बीती रात 12 बजे से यहां हैं.

    उन्होंने एएनआई से बातचीत में कहा, "हम चाहते हैं कि विपक्ष के जितने भी सांसद और विधायक हैं, वो भी यहां आएं. पूरे बिहार में सत्ता पक्ष के सांसदों और विधायकों के घर के बाहर बैठना चाहिए. उन्हें घर से नहीं निकलने देना चाहिए."

    पप्पू यादव ने कहा, "इसमें राजनीति जैसी क्या बात है. किसी को आना है तो वो यहां आएं. इन बच्चों के साथ बैठें, ताकि इसे पूरी दुनिया देख सके. यहां बच्चे कई दिनों से बैठे हैं, अपना जीवन जोखिम में डाल रहे हैं."

    पप्पू यादव ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से भी बात की.

    इसका वीडियो उन्होंने अपने एक्स पर शेयर किया और लिखा, "बिहार सरकार और बीपीएससी होश में आओ. छात्र हित में ये परीक्षा रद्द करो. ये बेटियां इस भीषण ठंड में धरने पर बैठी थीं. मैं कैसे घर में रजाई में सो जाता? साथियों रजाई से निकलें, तभी क्रांति होगी."

    बीपीएससी अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन

    बिहार में छात्र बीपीएससी परीक्षा को रद्द कराने के लिए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं.

    छात्रों की मांग है कि 70वीं बीपीएससी परीक्षा को दोबारा कराया जाए.

  2. राजस्थान में 150 फीट गहरे बोरवेल में गिरी साढ़े तीन साल की बच्ची, बचाव अभियान जारी

    राजस्थान में बोरवेल में गिरी बच्ची

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राजस्थान में बोरवेल में गिरी बच्ची

    राजस्थान के बहरोड़ ज़िले के कोटपुतली में साढ़े तीन साल की एक बच्ची 150 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई थी. उसे बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

    इसके लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को तैनात किया गया है.

    ये बच्ची अपने खेतों में खेलते वक्त बोरवेल में गिर गई थी. बच्ची की मां धोली देवी ने पीटीआई से कहा, "मैं सरकार से अपील करती हूं कि मेरी बच्ची को बचा लें."

    एएनआई से बातचीत में कोटपुतली के एसडीएम ब्रजेश चौधरी ने कहा, "कोटपुतली तहसील के कीरतपुर गांव में एक साढ़े तीन साल की बच्ची बोरवेल में गिर गई है. प्रशासन और मेडिकल टीम यहां पहुंच गए हैं. ऑक्सीजन की सप्लाई हो रही है. बचाव अभियान जारी है."

  3. पाकिस्तान की सैन्य अदालत के फ़ैसलों पर अमेरिका ने जताई चिंता, क्या है मामला?

    अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मैथ्यू मिलर ने पाकिस्तान में नागरिकों को सज़ा सुनाए जाने पर चिंता जताई

    पाकिस्तान से दो दिन पहले ख़बर आई थी कि यहां की सैन्य अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के 25 समर्थकों को जेल की सज़ा सुनाई है. अब इस मामले में अमेरिका ने प्रतिक्रिया दी है.

    अमेरिकी विदेश विभाग की तरफ से बयान जारी कर कहा गया है, "अमेरिका इस बात से काफी चिंतित है कि पाकिस्तानी नागरिकों को वहां की सैन्य अदालत ने 9 मई, 2023 को हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर सज़ा सुनाई है."

    बयान में कहा गया है, "इन सैन्य अदालतों में न्यायिक स्वतंत्रता और पारदर्शिता का अभाव है. अमेरिका पाकिस्तानी अधिकारियों से वहां के संविधान के तहत निष्पक्ष सुनवाई और इस प्रक्रिया के दौरान उचित नियमों का पालन करने का आह्वान करता है."

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने इसे लेकर ट्वीट भी किया है.

    उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, "अमेरिका सैन्य अदालत में पाकिस्तानी नागरिकों को सज़ा सुनाए जाने से चिंतित है और पाकिस्तानी अधिकारियों से निष्पक्ष सुनवाई करने और उचित प्रक्रिया के अधिकार का सम्मान करने का आह्वान करता है."

    क्या सज़ा सुनाई थी

    पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने बीते साल सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले के मामले में इन लोगों को 2 से 10 साल की सज़ा सुनाई है.

    अदालत में भ्रष्टाचार के मामले में पेश किए जाने के बाद सुरक्षा बलों ने तब इमरान ख़ान को गिरफ़्तार कर लिया था. जिसके विरोध में देश भर में प्रदर्शन हुए थे.

    इमरान ख़ान के हज़ारों समर्थकों ने सरकारी इमारतों और सैन्य प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाया था.

  4. ट्रंप के करीबी पर 'ड्रग्स और नाबालिग से यौन संबंध' समेत कई आरोप लगे

    मैट गेट्स

    इमेज स्रोत, getty

    इमेज कैप्शन, एथिक्स कमिटी की रिपोर्ट में मैट गेट्स पर लगाए गए आरोप

    पूर्व रिपब्लिकन कांग्रेसमैन मैट गेट्स पर आरोप लगे हैं कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान यौन संबंध और ड्रग्स पर हज़ारों डॉलर खर्च किए.

    गेट्स पर ये आरोप हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की एथिक्स कमिटी की रिपोर्ट में लगाए गए हैं.

    मैट गेट्स पर अवैध ड्रग्स समेत लगाए गए अन्य आरोपों की अब जांच की गई. गेट्स वही हैं, जिन्हें नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल नामित किया था.

    कमिटी को ऐसे सबूत भी मिले हैं कि 42 साल के गेट्स ने अपनी बहामास की 2018 की यात्रा के दौरान तय सीमा से अधिक मात्रा में तोहफे लिए थे.

    हालांकि गेट्स खुद पर लगे इन आरोपों को हमेशा ही खारिज करते रहे हैं.

    इन विवादों को बीच उन्होंने अमेरिकी अटॉर्नी जनरल के तौर पर नामित होने के बाद अपना नाम वापस ले लिया था.

    अमेरिकी कांग्रेस की एथिक्स रिपोर्ट में ये भी कहा गया है, "इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि गेट्स ने वेश्यावृत्ति, नाबालिग के साथ यौन संबंध, अवैध ड्रग्स के इस्तेमाल और तोहफे स्वीकार कर सदन के नियमों और आचरण के अन्य मानकों का उल्लंघन किया है."

    रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2017-2020 के बीच गेट्स ने 12 अलग-अलग महिलाओं को 90 हज़ार से अधिक डॉलर की पेमेंट की थी. इसे कमिटी संभावित रूप से यौन गतिविधि या ड्रग्स के इस्तेमाल से जोड़कर देख रही है.

  5. इसराइल ने कहा, ईरान में हमास नेता इस्माइल हनिया को उसी ने मारा था

    हमास के नेता इस्माइल हनिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हमास के नेता इस्माइल हनिया को ईरान में मारा गया था

    इसराइल ने पुष्टि की है कि उसी ने ईरान के तेहरान में हमास के वरिष्ठ नेता इस्माइल हनिया को मारा था.

    इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने पहली बार स्वीकार किया कि इसराइल ने इस साल जुलाई में तेहरान में हमास के राजनीतिक नेता इस्माइल हनिया को मारा था.

    उन्होंने अपने भाषण में यमन में ईरान समर्थित हूती समूह के प्रमुखों को निशाना बनाने की बात कही. इसी दौरान वो हमास नेताओं पर भी बोले.

    हनिया की मौत

    हनिया उस वक्त ईरान के तेहरान में एक इमारत में थे, जब उन्हें मारा गया. उस वक्त भी हमले के लिए हमास और ईरान ने इसराइल को ही ज़िम्मेदार ठहराया था.

    वहीं इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमास के साथ ग़ज़ा में युद्धविराम पर सहमति की दिशा में कुछ प्रगति हुई है. हालांकि कोई समयसीमा नहीं बताई जा सकती कि ये समझौता कब तक होगा.

    वहीं एक वरिष्ठ फ़लस्तीनी अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि हमास और इसराइल के बीच बातचीत 90 फ़ीसदी पूरी हो गई है लेकिन कुछ अहम मुद्दों पर बात करना बाकी है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता शिल्पा ठाकुर अब से दोपहर दो बजे तक आप तक बड़ी ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप यहां पढ़ सकते हैं:

    - श्याम बेनेगल: जिन्होंने समानांतर सिनेमा में 'अंकुर' से लेकर 'मंथन' तक में 'भूमिका' निभाई. पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - उत्तर कोरिया के सैनिक रूस-यूक्रेन युद्ध पर किस तरह असर डाल रहे हैं? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - बांग्लादेश ने आधिकारिक तौर पर भारत से मांगा शेख़ हसीना का प्रत्यर्पण, और क्या कहा? इसे विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - दुनिया के सबसे अमीर परिवारों में पहले नंबर पर कौन, अंबानी परिवार किस स्थान पर? पूरी ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.