मशहूर उद्योगपति रतन टाटा नहीं रहे

भारत के जानेमाने उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार रात मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया. टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने टाटा समूह की ओर से बयान जारी रतन टाटा के निधन की पुष्टि की.

सारांश

  • केमिस्ट्री के क्षेत्र में डेविड बेकर, डेमिस हसाबिस और जॉन एम. जंपर को मिलेगा नोबेल
  • आम आदमी पार्टी ने कहा- दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास पर कब्जा करना चाहती है भाजपा
  • हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनावों पर बोले राहुल गांधी-लोगों का दिल से शुक्रिया
  • अनुच्छेद 370 पर उमर अब्दुल्लाह ने कहा- इस मुद्दे को हम जिंदा रखेंगे, देश में ऐसी हुकूमत आएगी जिसके साथ हम बैठकर बात करेंगे
  • हरियाणा विधानसभा चुनाव: आम आदमी पार्टी ने कहा- कांग्रेस को उसके अति आत्मविश्वास ने हराया
  • आरबीआई ने लगातार 10वीं बार नहीं बढ़ाई रेपो रेट दर, 6.50 प्रतिशत पर बरकरार रखी दर

लाइव कवरेज

सौरभ यादव और अश्वनी पासवान

  1. हरियाणा विधान सभा चुनाव: जानिए आम आदमी पार्टी को मिले कुल कितने वोट, बीजेपी और कांग्रेस में कितना रहा अंतर

    हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिला बहुमत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिला बहुमत

    हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं. चुनावों में बीजेपी को बहुमत मिला है तो कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही है.

    बीजेपी के खाते में 48 सीटें गईं है तो वहीं कांग्रेस के खाते में 37 सीटें गई है.

    बीजेपी को कुल 5,548,800 वोट मिले हैं, जो कुल वोटों का 39.94 प्रतिशत है.कांग्रेस को कुल 5, 430, 602 वोट मिले हैं, जो कुल वोटों का 39.09 प्रतिशत हैं.

    आम आदमी पार्टी को हरियाणा विधानसभा चुनाव में कुल 2,48,455 वोट मिले हैं जो कुल वोटों का 1.79 प्रतिशत है.

    कांग्रेस और बीजेपी के बीच 1,18,198 वोटों का अंतर है. बीजेपी को कांग्रेस से 11 सीटें अधिक मिली हैं.

  2. जम्मू-कश्मीर विधान सभा चुनाव: पीएम मोदी से मिली बधाई का उमर अब्दुल्लाह ने दिया ये जवाब

    उमर अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, उमर अब्दुल्लाह (फाइल फोटो)

    जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं. नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के गठबंधन को 48 सीटों के साथ बहुमत मिला है.

    जम्मू कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस को बहुमत मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नेशल कॉफ्रेंस को बधाई दी थी.

    पीएम ने कहा है,''मैं जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में प्रशंसनीय प्रदर्शन के लिए जम्मू कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस को बधाई देना चाहता हूं.''

    जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्लाह ने प्रधानमंत्री के बंधाई संदेश पर प्रतिक्रिया दी है.

    उमर अब्दुल्लाह ने कहा है, ''आपके बधाई संदेश के लिए बहुत शुक्रिया प्रधानमंत्री साहब. हम संघवाद की सच्ची भावना के साथ रचनात्मक रिश्तों की आशा करते हैं, जिससे कि जम्मू कश्मीर के लोगों को विकास और सुशासन का लाभ मिल सके.''

  3. हरियाणा विधानसभा चुनाव: महज़ 32 वोटों से विधायक बनने से कौन चूका

    मतगणना

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिला बहुमत

    हरियाणा में कई सीटों पर मुकाबला कांटे का रहा है.

    जेजेपी के नेता और राज्य के उप मुख्यमंत्री रहे दुष्यंत चौटाला उचाना कलां से पांचवे स्थान पर रहे लेकिन इस सीट पर कांटे की टक्कर देखने को मिली.

    भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार देवेंद्र चतर्भुज अत्तरी ने महज़ 32 वोटों से कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह को मात दी.

    अत्तरी को 48968 वोट पड़े जबकि बृजेंद्र सिंह को 48936 वोट मिले.

    उचाना कलां के नतीजे

    इमेज स्रोत, ECI

    इमेज कैप्शन, महज 32 वोटों से जीते भाजपा के देवेंद्र चतर्भुज

    इसके अलावा कुछ और सीटों पर नज़दीकी मुकाबला रहा.

    भिवानी ज़िले की लोहारू सीट पर कांग्रेस के राजबीर फार्तिया ने बीजेपी को जय प्रकाश दलाल को 792 वोटों से मात दी.

    इसके अलावा डाबवाली में इंडियन नेशनल लोकदल के उम्मीदवार और चौधरी देवीलाल के पोते आदित्य देवीलाल ने कांग्रेस के अमित सिहाग को 610 वोटों से हराया.

  4. ट्रंप ने कोरोना के दौर में पुतिन को भेजी थी कोविड टेस्ट किट

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप (बाएं) और रूस के राष्ट्रपति पुतिन

    वॉटरगेट स्कैंडल का पर्दाफाश करने वाले चर्चित पत्रकार बॉब वुडवर्ड ने अपनी नई किताब में दावा किया है कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आपूर्ति कम होने के बाद भी गुप्त रूप से रूस के राष्ट्रपति पुतिन को निजी उपयोग के लिए जरूरी कोविड टेस्ट किट भेजी थी.

    डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव कैंपेन ने इन आरोपों को खारिज किया है.

    अमेरिकी मीडिया के अनुसार वॉर नाम की इस किताब में यह भी दावा किया गया है कि राष्ट्रपति कार्यालय छोड़ने के बाद भी डोनाल्ड ट्रंप गुप्त रूप से पुतिन के संपर्क में थे.

    डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव कैंपेन ने कहा है कि इनमें से कोई भी ''मनगढ़ंत कहानी'' सच नहीं है.

  5. हरियाणा चुनाव में बसपा के शून्य पर सिमटने के बाद क्या बोलीं मायावती

    पूर्व मुख्यमंत्री मायावती

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती (फाइल फोटो)

    हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं. हरियाणा चुनावों में 48 सीटों के साथ बीजेपी को बहुमत मिली है तो वहीं 37 सीटों के साथ कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही है.

    हरियाणा विधानसभा चुनाव में बसपा ने इनेलो के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था. इनेलो के खाते में दो सीटें गई हैं तो बीएसपी का खाता भी नहीं खुल सका.

    हरियाणा चुनाव में खाता न खोल पाने के बाद मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी है.

    मायावती ने कहा है, "हरियाणा विधानसभा आम चुनाव बसपा और इनेलो ने गठबंधन करके लड़ा किन्तु आज आए परिणाम से स्पष्ट है कि जाट समाज के जातिवादी लोगों ने बसपा को वोट नहीं दिया, जिससे बसपा के उम्मीदवार कुछ सीटों पर थोड़े वोटों के अन्तर से हार गए हालांकि बसपा का पूरा वोट ट्रांस्फर हुआ."

    उन्होंने कहा है, “यूपी के जाट समाज के लोगों ने अपनी जातिवादी मानसिकता को काफी हद तक बदला है और वे बसपा से एमएलए और सरकार में मंत्री भी बने हैं. हरियाणा प्रदेश के जाट समाज के लोगों को भी उनके पदचिन्हों पर चलकर अपनी जातिवादी मानसिकता को जरूर बदलना चाहिए, यह खास सलाह है.”

    मायावती ने कहा है, “बसपा के लोगों ने पूरी दमदारी के साथ यह चुनाव लड़ने के लिए सभी का हार्दिक आभार प्रकट करती हूँ और आश्वस्त करती हूँ कि उनकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी."

    उन्होंने कहा है, “लोगों को निराश नहीं होना है और न ही हिम्मत हारनी है बल्कि अपना रास्ता खुद बनाने के लिए तत्पर रहना है. नया रास्ता निकलेगा.”

  6. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आज की ताज़ा ख़बरें लेकर हाज़िर हूं.

    बीबीसी हिंदी की वेबसाइट की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं. कल के लाइव पन्ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    हरियाणा में कांग्रेस क्यों हारी, इन चार कारणों से समझिए. इस रिपोर्ट को यहां पढ़ सकते हैं.

    आईओए अध्यक्ष पीटी ऊषा ने स्पॉन्सरशिप में गड़बड़ी के आरोप को नकारा, दी चेतावनी. पूरा मामले जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    विनेश फोगाट जीत तो गईं लेकिन कांग्रेस को इससे कितना फ़ायदा हुआ. ये जानन के लिए यहां क्लिक करें.

    हरियाणा में कांग्रेस की हार जलेबी से क्यों जुड़ी? पूरी रिपोर्ट यहां क्लिक करके पढ़ें..

    जम्मू-कश्मीर में फ़ारूक़ अब्दुल्लाह की पार्टी सब पर भारी कैसे पड़ी, महबूबा को क्यों लगा झटका? इस ख़बर को यहां पढ़े.