जम्मू-कश्मीर में दो विलेज डिफ़ेंस ऑफ़िसर की हत्या पर क्या बोले सीएम उमर अब्दुल्लाह
जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को अपहरण के बाद दो विलेज डिफ़ेंस अधिकारियों की हत्या पर अब राज्य के सीएम उमर अब्दुल्लाह का बयान भी सामने आ गया है.
उमर अब्दुल्लाह ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “किश्तवाड़ के कुंतवाड़ा में स्थानीय ग्राम रक्षा समिति के सदस्य कुलदीप कुमार और नज़ीर अहमद पद्दर की हत्या से मैं बहुत दुखी और चिंतित हूं.”
उमर अब्दुल्लाह ने लिखा, “आतंकवादियों ने दो निर्दोष लोगों की हत्या कर दी जो अपने पशुओं को चराने ले गए थे. मैं इस हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करता हूं और परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. साथ ही मैं सुरक्षा बलों से अपेक्षा करता हूं कि वे हमारे आतंकवाद विरोधी ग्रिड में किसी भी कमी को दूर करने के लिए तेज़ी से कदम उठाएं और सुनिश्चित करें कि इस तरह के हमले पूरी तरह से बंद हो जाएं.”
गुरुवार को हुई हत्या की इस घटना की राज्य के उपराज्यपाल ने भी निंदा की है.
पिछले कुछ समय के दौरान जम्मू-कश्मीर में चरमपंथी हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं.