You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ईरानी मीडिया ने सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के बेटे पर दिया ये अपडेट

ईरान के मीडिया ने दावा किया है कि सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के बेटे मोज़तबा ख़ामेनेई 'पूरी तरह स्वस्थ' हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, रौनक भैड़ा

  1. सीबीएसई ने मध्य पूर्व में टाली 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं, जानें नया अपडेट

    सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन यानी सीबीएसई ने मध्य पूर्व के कई देशों में जारी तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए वहां कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने का फ़ैसला लिया है.

    बोर्ड की ओर से जारी एक ताज़ा सर्कुलर के मुताबिक़, खाड़ी देशों और ईरान में मौजूदा हालातों की समीक्षा के बाद यह क़दम उठाया गया है.

    वहां 5 मार्च (गुरुवार) और 6 मार्च (शुक्रवार) 2026 को होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं.

    इन परीक्षाओं के लिए नई तारीख़ों का एलान आने वाले समय में किया जाएगा.

    बोर्ड ने कहा कि है कि वह 5 मार्च को स्थिति की दोबारा समीक्षा करेगा. इसके बाद ही यह तय किया जाएगा कि 7 मार्च और उसके बाद होने वाली परीक्षाएं अपने निर्धारित समय पर होंगी या नहीं.

    बोर्ड ने सभी छात्रों को सलाह दी है कि वे ताज़ा जानकारी के लिए अपने संबंधित स्कूलों के संपर्क में रहें और आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करें.

    किन देशों पर पड़ेगा असर?

    • संयुक्त अरब अमीरात
    • सऊदी अरब
    • ओमान
    • क़तर
    • बहरीन
    • कुवैत
    • ईरान
  2. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइल ने तेहरान और बेरूत पर फिर से हमले शुरू किए

    इसराइली सेना ने पुष्टि की है कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान और लेबनान की राजधानी बेरूत में हमले किए हैं.

    सेना ने एक बयान में कहा कि वह तेहरान और बेरूत में सैन्य ठिकानों पर एक साथ निशाना बनाकर हमले कर रहा है.

    आईडीएफ़ के अरबी भाषा के प्रवक्ता अविचे अद्रई ने कहा, "बड़े पैमाने पर हवाई हमलों जारी हैं."

    ये हमले उस समय हुए जब क़रीब एक घंटे पहले आईडीएफ़ ने बेरूत के दक्षिणी इलाक़ों और कई गाँवों के लोगों को चेतावनी जारी कर वहां से निकलने के लिए कहा था.

    आईडीएफ ने कहा था कि वह हिज़्बुल्लाह के कमांड सेंटर और हथियार भंडारण ठिकानों को निशाना बना रहा है.

  3. ईरान की सरकारी मीडिया का दावा, 'बहरीन स्थित एक अमेरिकी एयरबेस को तबाह किया गया'

    खबरें आ रही हैं कि ईरान के हमले में बहरीन में स्थित एक अमेरिकी एयरबेस को नुक़सान पहुंचा है.

    ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर से जुड़ी फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी की ओर से जारी वीडियो में दूर के ठिकानों पर रॉकेट हमले होते दिखाई दे रहे हैं.

    रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आईआरजीसी के ड्रोन और मिसाइल हमले में बहरीन के शेख ईसा इलाके़ में मौजूद अमेरिकी एयरबेस के कमांड और स्टाफ़ बिल्डिंग को नष्ट कर दिया गया और ईंधन टैंकों में विस्फोट हुआ.

    हालांकि इन हमलों पर अभी तक अमेरिका की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    इससे पहले बहरीन में अमेरिकी नौसैनिक अड्डे से धुआं उठता हुआ देखा गया था.

    इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बहरीन समेत मध्य पूर्व के कई देशों में रह रहे अपने नागरिकों को तुरंत वहां से निकलने का निर्देश दिया है.

  4. ट्रंप ने रियाद में अमेरिकी दूतावास पर हुए हमले पर कहा, 'जल्द ही जवाब दिया जाएगा'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रियाद में अमेरिकी दूतावास पर हुए हमले का 'जल्द ही' जवाब दिया जाएगा.

    केबल नेटवर्क न्यूज नेशन की एक पत्रकारने एक्स पर लिखा कि ट्रंप ने उनसे यह भी कहा कि उन्हें 'नहीं लगता कि ईरान के अंदर सेना तैनात करने की जरूरत होगी.'

    सोमवार को अमेरिका ने कहा था कि हालिया लड़ाई में उसके छह सैनिक मारे गए और 18 घायल हुए हैं

    मंगलवार सुबह सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर दो ड्रोन से हमला किया गया.

    दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि इस हमले से हल्की आग लगी और इमारत को मामूली नुक़सान हुआ है.

  5. ख़ामेनेई के मारे जाने पर मोदी सरकार की 'चुप्पी' को लेकर सोनिया गांधी ने कसा तंज़

    कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को अमेरिका और इसराइल के ईरान के साथ युद्ध पर मोदी सरकार के रुख़ की कड़ी आलोचना की है.

    उन्होंने द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित अपने लेख में कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की 'हत्या' पर सरकार की चुप्पी 'न्यूट्रल नहीं, बल्कि ज़िम्मेदारी से पीछे हटना' है.

    उन्होंने कहा कि इससे भारत की विदेश नीति की दिशा और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठते हैं.

    पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी मांग की कि संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के फिर शुरू होने पर इस मुद्दे पर खुलकर और बिना किसी टालमटोल के बहस होनी चाहिए.

    अपने लेख में सोनिया गांधी ने कहा कि हमें अपनी नैतिक ताकत को फिर से पहचानने और उसे स्पष्टता और प्रतिबद्धता के साथ सामने रखने की तत्काल ज़रूरत है.

  6. पीएम मोदी ने सऊदी अरब, बहरीन और जॉर्डन से क्या बात की?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बातचीत की.

    उन्होंने हाल में हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि यह संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन है. उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारत उनके लोगों के साथ खड़ा है.

    इसके अलावा प्रधानमंत्री ने जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय से भी बात की और क्षेत्र में तेज़ी से बदलते हालात पर गहरी चिंता जताई.

    बहरीन और सऊदी अरब के नेताओं से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और स्थिरता बहाल होना काफ़ी ज़रूरी है.

    उन्होंने इन मुश्किल हालात में वहां रह रहे भारतीय समुदाय का ख्याल रखने के लिए उनका धन्यवाद भी किया.

  7. ट्रंप ने ओबामा पर निशाना साधते हुए कहा, 'ईरान के पास तीन साल पहले ही परमाणु हथियार होता'

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान परमाणु समझौते से बाहर निकलने के अपने फै़सले का बचाव किया. उन्होंने कहा कि इस क़दम से तेहरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका गया.

    ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "अगर मैंने ओबामा का ईरान परमाणु समझौता (जेसीपीओए) ख़त्म नहीं किया होता, तो ईरान के पास तीन साल पहले ही परमाणु हथियार होता."

    यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका-इसराइल ने ईरान के साथ युद्ध शुरू कर दिया है.

    जॉइंट कॉम्प्रिहेंसिव प्लान ऑफ़ एक्शन यानी जेसीपीओए को पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के समय तैयार किया गया था. इसके तहत ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर सीमाएं लगाई गई थीं और बदले में प्रतिबंधों में राहत दी गई थी.

    ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में इस समझौते से अमेरिका को बाहर कर लिया था.

    ट्रंप ने अपने हालिए पोस्ट में इस समझौते को 'अब तक का सबसे ख़तरनाक समझौता' बताया. उन्होंने कहा कि अगर यह लागू रहता, तो आज दुनिया पूरी तरह अलग होती.

    उन्होंने लिखा, "आप इसके लिए बराक ओबामा और 'स्लीपी जो' जो बाइडन को ज़िम्मेदार ठहरा सकते हैं."

  8. ईरान में स्कूल और अस्पताल पर हुए हमले को लेकर राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने क्या कहा?

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा कि अमेरिका और इसराइल के हमले 'मानवीय सिद्धांतों का खुला उल्लंघन' हैं.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अस्पतालों पर हमले ज़िंदगी पर हमला हैं. स्कूलों पर हमले किसी देश के भविष्य को निशाना बनाते हैं. मरीजों और बच्चों को निशाना बनाना मानवीय सिद्धांतों का साफ़ उल्लंघन है."

    पेज़ेश्कियान ने कहा, "दुनिया को इसकी निंदा करनी चाहिए. मैं अपने शोक में डूबे देश के साथ खड़ा हूं. ईरान इन अपराधों पर चुप नहीं रहेगा और न ही झुकेगा."

    ईरानी अधिकारियों के मुताबिक़, ईरान में एक स्कूल पर हुए हवाई हमले में कई बच्चों समेत 153 लोग मारे गए हैं.

  9. अमेरिका ने अपने नागरिकों को इन देशों से फ़ौरन निकल जाने को कहा

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने मध्य पूर्व के कई देशों में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एक बयान जारी किया है.

    इसमें मंत्रालय ने कहा है कि वे हमले के ख़तरे के कारण जितनी जल्दी हो सके वहां से निकल जाएं.

    इन देशों में बहरीन, मिस्र, ईरान, इराक़, इसराइल, वेस्ट बैंक, ग़ज़ा, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, क़तर, सऊदी अरब, सीरिया, संयुक्त अरब अमीरात और यमन शामिल हैं.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से ये बयान ऐसे समय में जारी किया गया है जब ईरान मध्य पूर्व देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य बेस को निशाना बना रहा है.

    इसराइल और अमेरिका ने शनिवार को ईरान पर हमला किया था, जिसके बाद से ईरान और इसराइल का एक दूसरे पर हमला जारी है.

  10. ओमान में तेल टैंकर पर ड्रोन हमले में एक भारतीय की मौत

    ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर बम से लैस ड्रोन ने हमला किया. इस हमले में जहाज पर मौजूद एक भारतीय नाविक की मौत हो गई.

    इस पर मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक बयान जारी किया है.

    भारत के दूतावास ने एमकेडी व्योम जहाज पर भारतीय नागरिक की मौत पर गहरा दुख जताया है.

    दूतावास ने कहा है कि वह ओमान के स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि जहाज पर मौजूद भारतीयों की सुरक्षित और जल्द वापसी सुनिश्चित की जा सके.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, सऊदी अरब के रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर हमला

    सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर दो ड्रोन से हमला किया गया.

    दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि इस हमले से हल्की आग लगी और इमारत को मामूली नुक़सान हुआ है.

    सऊदी अरब में अमेरिकी मिशन ने जेद्दा, रियाद और धहरान में रहने वालों को 'घर में ही सुरक्षित रहने' की सलाह दी है.

    इससे पहले सोमवार को कुवैत में अमेरिकी दूतावास से या उसके पास से धुआं उठता देखा गया था.

    इसके बाद दूतावास ने लोगों से कहा कि वे दूतावास न आएं और अपने घर में सुरक्षित रहें.

    इसराइल और अमेरिका ने शनिवार को ईरान पर हमला किया था, जिसके बाद से ईरान और इसराइल का एक दूसरे पर हमला जारी है.

    वहीं ईरान मध्य पूर्व देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य बेस को निशाना बना रहा है.

  12. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.