You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोले, 'पुतिन को जीतने नहीं दे सकते'

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर का कहना है कि अगर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आक्रामकता छोड़ दें तो युद्ध आज ही ख़त्म हो सकता है.

सारांश

  • यूक्रेन की संसद ने कीएव पर रूसी मिसाइल हमले के खतरे को देखते हुए शुक्रवार के सत्र को रद्द कर दिया है.
  • उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग-उन का कहना है कि इससे पहले परमाणु युद्ध का "इतना ज़्यादा ख़तरा" कभी नहीं रहा.
  • बीजेपी नेता विनोद तावड़े ने मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और सुप्रिया श्रीनेत के ख़िलाफ़ एक क़ानूनी नोटिस भेजा है.
  • मणिपुर सरकार के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में राज्य के सुरक्षा हालात की ताज़ा स्थिति पर बयान दिया.
  • ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर का कहना है कि अगर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आक्रामकता छोड़ दें तो युद्ध आज ही ख़त्म हो सकता है.

लाइव कवरेज

शिल्पा ठाकुर और अभिषेक पोद्दार

  1. संभल की जामा मस्जिद से जुड़े विवाद पर मायावती ने सरकार से की ये मांग

    पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभल ज़िले की शाही जामा मस्जिद से जुड़े विवाद पर बीएसपी (बहुजन समाज पार्टी) सुप्रीमो मायावती ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस मामले में सरकार और सुप्रीम कोर्ट से संज्ञान लेने की मांग की.

    दरअसल सदियों पुरानी इस मस्जिद के हिंदू मंदिर होने का दावा कर अदालत में मंगलवार को वाद दायर किया गया था. फिर उसी दिन शाम को एडवोकेट कमिश्नर ने पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में मस्जिद का सर्वे किया.

    सर्वे के दौरान यहां की तस्वीरें और वीडियो लिए गए. करीब दो घंटे चले सर्वे में ज़िलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक संभल भी पुलिस बल के साथ मौजूद थे. इसके बाद से इलाके में तनाव बढ़ गया है.

    मायावती ने अपने पोस्ट में लिखा है, "यूपी के संभल ज़िले की शाही जामा मस्जिद को लेकर अचानक विवाद, सुनवाई और फिर उसके फौरन बाद आपाधापी में सर्वे की खबरें राष्ट्रीय चर्चा और मीडिया की सुर्खियों में हैं. लेकिन इस प्रकार सद्भाव और माहौल को बिगाड़ने का संज्ञान सरकार और सुप्रीम कोर्ट को भी ज़रूर लेना चाहिए."

    संभल की जामा मस्जिद मामले की विस्तृत रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

  2. मणिपुर हिंसा पर जेपी नड्डा ने खड़गे को लिखा खत, कांग्रेस अध्यक्ष ने राष्ट्रपति से की थी हस्तक्षेप की मांग

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को मणिपुर हिंसा को लेकर एक लेटर लिखा है. इससे पहले खड़गे ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को खत लिखकर मणिपुर में शांति लाने के लिए हस्तक्षेप की मांग की थी.

    नड्डा ने चिट्ठी में मणिपुर में जारी हिंसा के लिए कांग्रेस और पूर्व की यूपीए सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया है. तीन पन्ने के लेटर को बीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शेयर किया.

    लेटर में नड्डा ने कहा है कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब मणिपुर में स्थानीय मुद्दों से निपटने में उसकी 'घोर विफलता' का असर ही आज महसूस किया जा रहा है.

    जेपी नड्डा ने लेटर में लिखा, "ऐसा लगता है कि आप भूल गए कैसे आपकी सरकार ने भारत में विदेशी चरमपंथियों के अवैध प्रवास को वैध बनाया. केवल इतना ही नहीं बल्कि तत्कालीन गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने उनके साथ संधियों पर हस्ताक्षर किए."

    नड्डा ने लिखा है, "मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि हमारी सरकार किसी भी कीमत पर ये सब नहीं होने देगी."

    खड़गे ने क्या लिखा था?

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 19 नवंबर को राष्ट्रपति के नाम पर खत लिखा था. खड़गे ने आरोप लगाया था कि मणिपुर में केंद्र और राज्य सरकार पूरी तरह से विफल रही हैं.

    उन्होंने अपने ख़त में राष्ट्रपति से मणिपुर के हालात पर काबू पाने के लिए तुरंत हस्ताक्षेप की मांग की थी.

  3. 'पीएम मोदी और जयशंकर के ख़िलाफ़ कोई सबूत नहीं', कनाडा ने जारी बयान में क्या कहा?

    कनाडा ने एक बयान जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य भारतीय वरिष्ठ अधिकारियों पर लगे आरोपों को निराधार बताया है.

    बयान में कहा गया है, "कनाडा के पास प्रधानमंत्री मोदी, मंत्री जयशंकर (विदेश मंत्री एस जयशंकर) और एनएसए डोभाल (अजित डोभाल) को कनाडा के भीतर आपराधिक गतिविधियों से जोड़ने के कोई सबूत नहीं हैं."

    कनाडा ने वहां के 'द ग्लोब एंड मेल' नाम के अख़बार में भारतीय प्रधानमंत्री का नाम आने के बाद ये बयान जारी किया है.

    कनाडाई सरकार ने कहा कि आरोप काल्पनिक और गलत हैं. बयान कनाडाई पीएम जस्टिस ट्रूडो के प्रिवी काउंसिल के डिप्टी क्लर्क और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नथाली जी. ड्रौइन की तरफ से जारी किया गया है.

    इसमें लिखा है कि 14 अक्टूबर को सार्वजनिक सुरक्षा पर खतरे को देखते हुए रॉयल कनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) और अधिकारियों ने भारत सरकार के एजेंटों पर कनाडा में आपराधिक गतिविधियों के सार्वजनिक आरोप लगाए थे.

    कनाडा के अखबार में छपी रिपोर्ट में ये आरोप लगाए गए थे कि हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की कथित साज़िश में शीर्ष भारतीय नेताओं का हाथ था.

    पेज पर लगी अन्य अहम ख़बरें पढ़ें:

  4. गौतम अदानी पर लगे आरोपों को लेकर अमेरिका के व्हाइट हाउस ने क्या कहा?

    भारत के दूसरे सबसे अमीर शख्स गौतम अदानी पर अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने रिश्वत और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है.

    अदानी और उनके सात सहयोगियों के ख़िलाफ़ न्यूयॉर्क की अदालत में आरोप पत्र दाखिल किए गए हैं. इस मामले में अब व्हाइट हाउस का बयान आया है.

    व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव करीन ज्यां पियेर ने कहा है, "हम इन आरोपों से वाकिफ हैं. इन आरोपों पर अमेरिका के सिक्योरिटीज़ एंड एक्सचेंज कमिशन (एसईसी) और न्याय विभाग (डीओजी) ही अधिक जानकारी दे पाएंगे."

    प्रवक्ता से पूछा गया कि गौतम अदानी पर लगे आरोपों के कारण क्या दोनों देशों के बीच संबंधों को नुकसान होगा.

    इसके जवाब में प्रवक्ता ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच रिश्ते काफी मज़बूत नींव पर टिके हैं.

  5. पर्थ टेस्ट: नीतीश रेड्डी और हर्षित राना का डेब्यू, जायसवाल और देवदत्त पडिक्कल बिना रन बनाए आउट हुए

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी का पहला टेस्ट मैच शुक्रवार को पर्थ में शुरू हो गया है.

    भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    इस मैच में यशस्वी जायसवाल के साथ केएल राहुल बतौर ओपनर मैदान में उतरे पर जायसवाल बिना कोई रन बनाए आउट हो गए. उनकी जगह उतरे देवदत्त पड़िक्कल भी बिना कोई रन बनाए आउट हो गए हैं.

    अब मैदान पर केएल राहुल का साथ देने विराट कोहली उतरे हैं.

    इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह कर रहे हैं.

    पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में भारत की ओर से नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राना ने डेब्यू किया है.

    शुक्रवार सुबह विराट कोहली ने नीतीश कुमार रेड्डी को टेस्ट कैप पहनाई.

    हर्षित को कैप आर अश्विन ने पहनाई. ये दोनों टीमों के बीच पांच टेस्ट मैच की सिरीज़ का पहला मैच है.

  6. मैट गेट्स के नाम वापस लेने के बाद ट्रंप ने पैम बोंडी को अटॉर्नी जनरल बनाने की घोषणा की

    अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हार्डलाइनर रिपब्लिकन मैट गेट्स को अटॉर्नी जनरल बनाने की घोषणा की थी लेकिन घोषणा के आठ दिन बाद गेट्स ने अपना नाम वापस ले लिया है.

    मैट गेट्स के नाम पर रिपब्लिकन पार्टी के भीतर ही विरोध शुरू हो गया था. डेमोक्रेटिक पार्टी के लोग तो नाम की घोषणा होने के बाद से ही सवाल उठा रहे थे.

    गेट्स ने पिछले हफ़्ते ही हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स से इस्तीफ़ा दे दिया था. एथिक्स कमिटी के पास गेट्स से जुड़े एक मामले की जांच चल रही है.

    उन पर 17 साल की एक नाबालिग़ लड़की के साथ यौन संबंध बनाने का आरोप है. हालांकि गेट्स ने इन आरोपों को ख़ारिज किया है.

    अब ट्रंप ने मैट गेट्स की जगह पैम बोंडी को अटॉर्नी जनरल बनाने की घोषणा की है. पैम बोंडी फ्लोरिडा की पूर्व अटॉर्नी जनरल हैं और ट्रंप की वकील भी रही हैं.

    ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर जारी बयान में कहा, ''मुझे यह घोषणा करते हुए ख़ुशी हो रही है कि फ्लोरिडा की पूर्व अटॉर्नी जनरल पैम बोंडी अमेरिका की अगली अटॉर्नी जनरल होंगी. पैम पिछले 20 सालों से एक प्रॉसिक्युटर रही हैं और हिंसक अपराधियों को लेकर बहुत ही सख़्त रही हैं.

    फ्लोरिडा की सड़कों को सुरक्षित बनाने में इनकी अहम भूमिका रही है.

    फ्लोरिडा की पहली महिला अटॉर्नी जनरल के रूप में पैम ने ड्रग्स तस्करी के ख़िलाफ़ शानदार काम किया है.'' पैम बोंडी के नाम की घोषणा के बाद कहा जा रहा है कि मैट गेट्स को लेकर जो आलोचना हो रही थी, उससे अब ध्यान हट जाएगा क्योंकि बोंडी रिकॉर्ड अच्छा है. बोंडी ट्रंप की वफ़ादार सहयोगी हैं.

  7. नमस्कार

    आज दोपहर दो बजे तक बीबीसी संवाददाता शिल्पा ठाकुर आप सभी तक बड़ी ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें:

    - गौतम अदानी पर लगे आरोप कितने गंभीर, उनकी कंपनियों पर क्या होगा असर? पूरी ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - रूस-यूक्रेन युद्ध: शांति समझौता होने की कितनी उम्मीद? इसे विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - ‘जॉइंट थेरेपी’ क्या है, जो आमिर ख़ान अपनी बेटी के साथ ले रहे हैं. यहां क्लिक कर पूरी ख़बर पढ़ें.