चीन के लिए रवाना हुए उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन

बुधवार को होने वाली 'विक्ट्री डे' परेड में किम के साथ चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और दुनिया के अन्य नेता नज़र आएंगे.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, अंशुल सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. चीन के लिए रवाना हुए उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन, यवेट टैन, बीबीसी न्यूज़

    किम जोंग उन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, किम जोंग उन 2023 में ट्रेन से रूस की यात्रा करते हुए.

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन प्योंगयांग से चीन के लिए रवाना हो गए हैं. यहाँ किम जोंग उन बीजिंग में होने वाली सैन्य परेड में हिस्सा लेंगे.

    बुधवार को होने वाली 'विक्ट्री डे' परेड में किम के साथ चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और दुनिया के अन्य नेता नज़र आएंगे.

    किम सोमवार शाम को उत्तर कोरिया की राजधानी से अपनी बख्तरबंद ट्रेन में रवाना हुए. कहा जाता है कि इस ट्रेन में एक रेस्टोरेंट कोच है, जिसमें फ्रेंच वाइन और ताज़ा लॉबस्टर जैसे व्यंजन परोसे जाते हैं.

    भारी सुरक्षा व्यवस्था की वजह से ट्रेन धीमी चलती है और दक्षिण कोरिया की योनहाप एजेंसी के मुताबिक़, किम का सफर 24 घंटे तक का हो सकता है.

  3. उत्तर प्रदेश: सरकारी स्कूल के ऊपर कथित रूप से फ़लस्तीनी झंडा फहराया, एफ़आईआर दर्ज, प्रशांत पांडेय, बीबीसी हिन्दी के लिए

    लखीमपुर खीरी

    इमेज स्रोत, BBC/PRASHANT PANDEY

    इमेज कैप्शन, लखीमपुर खीरी ज़िले के लखहा गांव का सरकारी स्कूल

    उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी ज़िले में कथित रूप से सरकारी स्कूल पर फ़लस्तीनी झंडा फहराने के मामले में एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    आरोप है कि फूलबेहड़ कोतवाली क्षेत्र के लखहा गांव के स्कूल पर रविवार को तिरंगा झंडा उतारकर कुछ लोगों ने कथित रूप से फ़लस्तीनी झंडा लगा दिया.

    लखहा गांव के ही एक शख़्स की शिकायत पर फूलबेहड़ कोतवाली में तीन नामजद और चार अज्ञात लोगों पर पर मुक़दमा दर्ज किया गया है.

    स्थानीय निवासी संजय त्रिवेदी ने चौकी इंचार्ज सुंदरवल को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि लखहा गांव के निवासी सद्दाम, बऊरा, अनन्ने और चार अज्ञात लोगों ने उच्च प्राथमिक विद्यालय पर तिरंगा झंडा उतारकर फ़लस्तीनी झंडा लगा दिया.

    पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बीबीसी को बताया कि इस मामले में एक अभियुक्त सद्दाम की गिरफ़्तारी हुई है और बाक़ी अभियुक्तों की तलाश जारी है.

  4. दिल्ली: ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवा बाधित, डीएमआरसी ने क्या बताया

    दिल्ली मेट्रो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन सबसे व्यस्त रूट में से एक है

    दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर सोमवार शाम यात्री दिक़्क़तों का सामना कर रहे हैं.

    डीएमआरसी ने एक्स पर जानकारी दी है कि बाराखंभा और इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाओं में देरी हो रही है. हालांकि, बाकी सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं.

    डीएमआरसी ने कहा है कि तकनीकी टीम समस्या को ठीक करने में लगी हुई है और जल्द ही सेवाएं सामान्य हो जाएंगी.

  5. डोनाल्ड ट्रंप का दावा, भारत ने टैरिफ़ ज़ीरो करने की पेशकश की

    डोनाल्ड ट्रंप टैरिफ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापार को 'एकतरफा आपदा' बताया है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि भारत ने अमेरिकी सामानों पर आयात शुल्क घटाकर ज़ीरो करने की पेशकश की है लेकिन, इसमें बहुत देरी हुई है.

    ट्रंप का कहना है कि भारत को सालों पहले यह काम कर देना चाहिए था. ट्रंप ने अपने पोस्ट में भारत-अमेरिका व्यापार को 'एकतरफा आपदा' भी कहा है.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "बहुत कम लोग इस बात को समझते हैं हम भारत के साथ बहुत कम बिज़नेस करते हैं, लेकिन वो (भारत) हमारे साथ भारी पैमाने पर कारोबार करते हैं."

    "दूसरे शब्दों में, भारत हमें बड़े पैमाने पर सामान बेचता है. हम उनके सबसे बड़े क्लाइंट हैं लेकिन हम उन्हें बहुत कम सामान बेचते हैं. अभी तक ये पूरी तरह एकतरफा रिश्ता रहा है और दशकों से यह इसी तरह रहा है."

    उन्होंने लिखा, "हमारे कारोबारी भारत में अभी तक सामान नहीं बेच पा रहे. इसकी वजह है कि भारत ने अभी तक दूसरे देशों के मुक़ाबले हम पर सबसे ज्यादा टैरिफ़ लगाया है. यह अभी तक एकतरफा आपदा जैसा रहा है."

    "भारत सबसे ज्यादा तेल और सैन्य उत्पाद रूस से ख़रीदता है. अमेरिका से बहुत कम ख़रीदता है. अब उन्होंने टैरिफ घटाकर जीरो करने की पेशकश की है, लेकिन इसमें अब देरी हो रही है. उन्हें यह काम सालों पहले कर लेना चाहिए था.”

  6. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मानसी दाश और मोहनलाल शर्मा से

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. रूसी जीपीएस जैमिंग के शक में ईयू प्रमुख वॉन डेर लेयेन की उड़ान प्रभावित

    उर्सुला वॉन डेर लेयेन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वॉन डेर लेयेन पूर्वी ईयू देशों के दौरे के तहत बुल्गारिया जा रही थीं

    यूरोपीय आयोग ने कहा कि उर्सुला वॉन डेर लेयेन को ले जा रहे विमान का नेविगेशन सिस्टम संदिग्ध रूसी दख़ल के कारण बाधित हुआ है.

    आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि 'जीपीएस जैमिंग तब हुआ जब आयोग की अध्यक्ष रविवार को बुल्गारिया पहुंचने वाली थीं, हालांकि उनकी लैंडिंग सुरक्षित रही.

    उन्होंने कहा, "हमें बुल्गारियाई अधिकारियों से जानकारी मिली है कि उन्हें संदेह है कि यह रूस की सीधी दख़लअंदाज़ी के कारण हुआ."

    फ़ाइनेंशियल टाइम्स ने अज्ञात अधिकारियों के हवाले से बताया कि लेयेन को प्लोवदिव एयरपोर्ट पर काग़ज़ी नक्शों की मदद से उतरना पड़ा.

    यूरोपीय आयोग ने कहा कि 'धमकी और डराना रूस की शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों का नियमित हिस्सा हैं' और इस घटना से यह संकल्प और मज़बूत हुआ है कि 'हम अपनी रक्षा क्षमता और यूक्रेन को समर्थन बढ़ाएंगे.'

    बुल्गारिया सरकार ने पुष्टि की कि उड़ान के दौरान 'विमान के जीपीएस नेविगेशन सिस्टम को जानकारी भेजने वाला सैटेलाइट सिग्नल जैम कर दिया गया था.'

    बयान में आगे कहा गया, "उड़ान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एयर कंट्रोल सेवाओं ने तुरंत ज़मीनी नेविगेशन से वैकल्पिक लैंडिंग का तरीका उपलब्ध कराया."

    रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने फ़ाइनेंशियल टाइम्स से कहा कि यह जानकारी 'ग़लत' है.

    विशेषज्ञ पहले भी चेतावनी दे चुके हैं कि रूस सैटेलाइट नेविगेशन प्रणालियों में बाधा डाल रहा है, जिससे हज़ारों नागरिक उड़ानें प्रभावित हो रही हैं.

    लेयेन पूर्वी यूरोपीय संघ देशों के दौरे पर बुल्गारिया गई थीं, जहाँ रक्षा तैयारी पर चर्चा होनी थी.

  8. अफ़ग़ानिस्तान में भूकंप से गई जानों पर पीएम मोदी ने जताया शोक, भारत ने पहुंचानी शुरू की मदद

    पीएम नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान में भूकंप से 800 से ज्यादा जानें जा चुकी हैं (फाइल फोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अफ़ग़ानिस्तान में भूकंप से गई जानों पर शोक जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अफ़ग़ानिस्तान में भूकंप से गई जानों से बेहद दुखी हूं."

    उन्होंने लिखा, "इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. हम घायल लोगों के जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं. भारत प्रभावित लोगों को हर मानवीय मदद और राहत पहुंचाने के लिए तैयार है."

    भारत ने भूकंप प्रभावित अफ़ग़ानिस्तान को राहत सामग्री पहुंचाना शुरू भी कर दिया है.

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी से आज बात हुई. भूकंप में गई जानों पर हमें दुख है.”

    उन्होंने बताया कि भारत ने काबुल में 1000 फैमिली टेंट भेजे हैं. भारत की तरफ से 15 टन खाद्यान्न कुनार भेजा जा रहा है. भारत मंगलवार को और राहत सामग्री अफ़ग़ानिस्तान भेजेगा.

    एस. जयशंकर

    इमेज स्रोत, X/DrSJaishankar

    इमेज कैप्शन, भारत की तरफ से अफ़ग़ानिस्तान को 15 टन खाद्यान्न सामग्री भेजी जा रही है

    जयशंकर ने लिखा, “हम घायल लोगों के जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं. इस मुश्किल समय में भारत अफ़ग़ानिस्तान के साथ खड़ा है.”

    अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी हिस्से में 6.0 की तीव्रता के भूकंप में अब तक 800 से अधिक लोगों के मारे जाने की ख़बर है. 2,000 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

    भूकंप के झटके राजधानी काबुल और पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी महसूस किए गए हैं. सबसे ज़्यादा नुकसान पहाड़ी इलाकों में हुआ है.

    नूरगल और कुनार में पूरे के पूरे गाँव तबाह हो गए. भूकंप प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है.

    तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने एक बयान में कहा कि भूकंप पीड़ितों की सहायता के लिए एक विशेष समिति गठित की गई है.

    मुजाहिद ने बताया कि पीड़ितों को निकालने और प्रभावित लोगों तक भोजन और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाने के लिए कदम उठाए गए हैं.

  9. 'थप्पड़ कांड' का वीडियो वायरल होने पर हरभजन सिंह क्या बोले?

    हरभजन सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हरभजन सिंह को कई मैचों के निलंबन और फ़ीस कटने जैसी सज़ा भी भुगतनी पड़ी थी

    'थप्पड़ कांड' का 17 साल पुराना वीडियो वायरल होने के बाद क्रिकेटर हरभजन सिंह ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने आरोप लगाया है कि ललित मोदी ने 'निजी स्वार्थ' के लिए इतने सालों बाद फ़ुटेज जारी किया है.

    दरअसल, माइकल क्लार्क के पॉडकास्ट में पहुंचे पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने हरभजन सिंह और श्रीसंत के बीच 17 साल पुराने 'थप्पड़ कांड' का वीडियो जारी किया था.

    हरभजन ने इंस्टेंट बॉलीवुड को बताया, "जिस तरह से वीडियो लीक हुआ है, वह ग़लत है. ऐसा नहीं होना चाहिए था. इसके पीछे उनका कोई स्वार्थ हो सकता है. सालों पहले जो हुआ था, लोग उसे भूल चुके हैं और वे लोगों को उसकी याद दिला रहे हैं."

    हरभजन का कहना है कि जो कुछ भी हुआ था, उसका उन्हें पछतावा है.

    25 अप्रैल 2008 को मोहाली में खेले गए आईपीएल मैच में किंग्स इलेवन पंजाब ने मुंबई इंडियंस को 66 रन से हराया था.

    मैच के बाद अचानक टेलीविज़न स्क्रीन पर पंजाब के गेंदबाज़ श्रीसंत रोते हुए दिखाई दिए थे. पता चला कि मुंबई के स्पिनर हरभजन सिंह ने किसी बात पर उत्तेजित होकर श्रीसंत को थप्पड़ मारा था.

    क्रिकेट की दुनिया में यह मामला 'स्लैपगेट' के नाम से चर्चित हो गया था, हालांकि इसकी कोई वीडियो फुटेज उपलब्ध नहीं थी.

    श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, ''ललित मोदी और माइकल क्लार्क आपको शर्म आनी चाहिए. आप लोगों में इतनी मानवीयता भी नहीं है. सस्ती पब्लिसिटी और व्यूज़ हासिल करने के लिए 2008 की घटना को घसीट लाए. हरभजन और श्रीसंत, दोनों के अब स्कूल जाने वाले बच्चे हैं. और अब आप उनके पुराने घावों को हरा कर रहे हैं. बिल्कुल ही घिनौना, निर्मम और अमानवीय काम है ये.''

  10. कार्टून: तुमसे ना हो पाएगा

    पीटर नवारो
    इमेज कैप्शन, ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो के 'ब्राह्मण' वाले बयान पर कार्टून
  11. राहुल गांधी बोले- 'एटम बम के बाद हाइड्रोजन बम आ रहा है'

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एक सितंबर को 'वोटर अधिकार यात्रा' का आख़िरी दिन है

    लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का कहना है कि 'एटम बम' के बाद अब 'हाइड्रोजन बम' आने वाला है.

    बिहार के पटना में 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान राहुल गांधी ने कहा, "महादेवपुरा में हमने एटम बम दिखाया था. बीजेपी वालों तैयार हो जाओ. हाइड्रोजन बम आ रहा है. आपकी जो वोट चोरी की सच्चाई है, वो पूरे देश को पता लगने जा रही है. हाइड्रोजन बम के बाद नरेंद्र मोदी जी अपना चेहरा देश को नहीं दिखा पाएंगे."

    राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी ने कहा कि उनका 'एटम बम' फुस्स हो गया है.

    बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, "चुनाव में मतगणना को लेकर कर्नाटक में जो उनका एटम बम था वो तो फुस्स हो गया, वो दिवाली का एक छोटा पटाखा भी नहीं निकला और वो हाइड्रोजन बम फोड़ने की बात कर रहे हैं. अभी तक तो दुनिया में भी हाइड्रोजन बम नहीं फूटा है."

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में बिहार में चल रही 'वोटर अधिकार यात्रा' एक सितंबर को पटना में समाप्त हो रही है. इस यात्रा की शुरुआत 17 अगस्त को रोहतास ज़िले से हुई थी.

  12. महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए हुआ यह बड़ा एलान

    आईसीसी वीमन्स वर्ल्ड कप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 2022 वीमन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए कुल प्राइज़ मनी 3.5 मिलियन डॉलर थी (फ़ाइल फोटो)

    इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने महिला वर्ल्ड कप 2025 के लिए प्राइज मनी में बढ़ोतरी का एलान किया है. इस बार टूर्नामेंट की कुल प्राइज मनी पिछली बार की तुलना में चार गुना अधिक होगी.

    आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 की कुल प्राइज मनी बढ़ा दी गई है. 2025 वर्ल्ड कप के लिए कुल प्राइज मनी 13.38 मिलियन डॉलर होगी.”

    उन्होंने कहा, “2025 वर्ल्ड कप के लिए घोषित प्राइज मनी, 2022 महिला वर्ल्ड कप और 2023 पुरुष वर्ल्ड कप की प्राइज मनी से भी अधिक है.”

    आईसीसी की वेबसाइट के अनुसार, 2022 में न्यूज़ीलैंड में आयोजित महिला वर्ल्ड कप की कुल प्राइज मनी 3.5 मिलियन डॉलर थी.

    2025 टूर्नामेंट में विजेता टीम को 4.48 मिलियन डॉलर और उपविजेता टीम को 2.24 मिलियन डॉलर दिए जाएंगे.

    महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 की शुरुआत 30 सितंबर से होगी. टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी. पहला मुक़ाबला भारत और श्रीलंका के बीच असम के गुवाहाटी में खेला जाएगा.

  13. उत्तराखंड: भारी बारिश के कारण तीन दिन तक रोकी गई केदारनाथ यात्रा, आसिफ़ अली, बीबीसी हिन्दी के लिए

    केदारनाथ यात्रा

    इमेज स्रोत, BBC/ASIF ALI

    इमेज कैप्शन, राज्य के मौसम विभाग ने उत्तरकाशी ज़िले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है

    उत्तराखंड के कई ज़िलों में भारी बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा को तीन दिन के लिए रोक दिया गया है.

    रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए ज़िला प्रशासन ने यह फ़ैसला लिया है. अधिकारियों के मुताबिक़, यात्रा 1-3 सितंबर तक स्थगित रहेगी.

    ज़िलाधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह क़दम उठाया गया है. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं.

    प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल अपनी यात्रा स्थगित करें और सुरक्षित जगहों पर रहें.

    उत्तरकाशी

    इमेज स्रोत, BBC/ASIF ALI

    इमेज कैप्शन, उत्तरकाशी के ज़िला मजिस्ट्रेट का आदेश

    राज्य के मौसम विभाग ने सोमवार को अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का अनुमान लगाया है.

    राज्य मौसम विभाग ने उत्तरकाशी ज़िले में सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. ज़िले में कक्षा 1 से 12 तक के बच्चों के लिए अवकाश घोषित किया है.

  14. पुतिन बोले- यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने पर ट्रंप से 'समझ' बनी

    पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हाल ही में अमेरिका के अलास्का में पुतिन और ट्रंप की मीटिंग हुई थी

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि पिछले महीने अलास्का में हुई मुलाक़ात में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने को लेकर 'आपसी समझ' बनी है.

    लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि क्या वे यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के साथ शांति वार्ता के लिए तैयार हैं, जिसका प्रस्ताव ट्रंप ने दिया था और पुतिन से जवाब देने को कहा था.

    चीन में एससीओ सम्मेलन के दौरान पुतिन ने यूक्रेन पर हमले के अपने फ़ैसले का बचाव किया और एक बार फिर युद्ध के लिए पश्चिम को ज़िम्मेदार ठहराया.

    अलास्का बैठक के बाद अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ ने कहा था कि पुतिन यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी देने पर राज़ी हो गए हैं. हालांकि, रूस ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है.

    अपने भाषण में पुतिन ने कहा कि अलास्का में ट्रंप से हुई उनकी मुलाक़ात में जो 'सहमति' बनी थी, 'उम्मीद है कि वे (ट्रंप) इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और यूक्रेन में शांति का रास्ता खोल रहे हैं.'

    उन्होंने युद्ध के लिए 'पश्चिम की लगातार कोशिशों को भी ज़िम्मेदार ठहराया, जिनका मक़सद यूक्रेन को नेटो में शामिल करना था.' रूसी राष्ट्रपति लगातार इस विचार के ख़िलाफ़ रहे हैं कि यूक्रेन पश्चिमी सैन्य गठबंधन नेटो में शामिल हो.

    2014 में पुतिन ने क्राइमिया पर कब्ज़ा किया और रूसी समर्थक गुटों ने पूर्वी यूक्रेन के कुछ हिस्सों पर क़ब्ज़ा कर लिया. इसके सालों बाद, फ़रवरी 2022 में पुतिन ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमले का आदेश दिया.

  15. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. मोदी-पुतिन द्विपक्षीय वार्ता में यूक्रेन युद्ध समेत इन मुद्दों पर हुई बात

    मोदी और पुतिन

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन के साथ उनकी मुलाक़ात सकारात्मक रही

    चीन के तियानजिन में आयोजित शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइज़ेशन (एससीओ) सम्मेलन में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर बातचीत की.

    इस बातचीत की जानकारी देते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "तियानजिन में एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति पुतिन से बेहद सकारात्मक मुलाक़ात हुई. बातचीत में व्यापार, खाद, अंतरिक्ष, सुरक्षा और संस्कृति समेत सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मज़बूत करने के तरीक़ों पर चर्चा हुई."

    प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी राष्ट्रपति के साथ यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर भी बात की.

    उन्होंने कहा, "हमने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए, जिनमें यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान पर बातचीत शामिल थी."

    भारत-रूस के बीच रिश्तों पर पीएम मोदी ने कहा, "हमारी ख़ास और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता का अहम स्तंभ बनी हुई है."

    एससीओ सम्मेलन में शामिल होने के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन एक ही कार से द्विपक्षीय बैठक के लिए रवाना हुए थे.

  17. एससीओ के साझा बयान में पहलगाम हमले की निंदा, पाकिस्तान में हुए 'आतंकवादी' हमले पर यह कहा

    एससीओ देशों के नेता

    इमेज स्रोत, VLADIMIR SMIRNOV/SPUTNIK/KREMLIN/POOL/EPA/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, एससीओ के साझा बयान में कहा गया है कि 'सदस्य देशों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ संयुक्त राष्ट्र की भूमिका के तहत काम किया जाए.'

    शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइज़ेशन (एससीओ) सम्मेलन में पहलगाम हमले की निंदा की गई है.

    एससीओ के साझा बयान में कहा गया, "सदस्य देशों ने आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा की. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में दोहरे मापदंड अस्वीकार्य हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ संयुक्त राष्ट्र की केंद्रीय भूमिका के तहत काम किया जाए."

    "सदस्य देशों ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि सर्वसम्मति से अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद पर एक व्यापक कन्वेंशन अपनाना अहम है."

    बयान में कहा गया, "सदस्य देशों ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की है."

    जाफ़र एक्सप्रेस

    साथ ही एससीओ के साझा बयान में पाकिस्तान में जाफ़र एक्सप्रेस ट्रेन में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की गई है.

    बयान में कहा गया, "सदस्य देशों ने 11 मार्च को जाफ़र एक्सप्रेस और 21 मई 2025 को खुज़दार में हुए आतंकवादी हमलों की भी कड़ी निंदा की है. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे हमलों के अपराधियों, आयोजकों और समर्थकों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए."

    "सदस्य देशों ने आतंकवाद, अलगाववाद और अतिवाद के ख़िलाफ़ अपनी मज़बूत प्रतिबद्धता दोहराई है. उन्होंने साफ़ किया कि ऐसे गुटों का फ़ायदा उठाना या उन्हें अपने हित में इस्तेमाल करना अस्वीकार्य है. साथ ही उन्होंने माना कि आतंकवाद और अतिवाद से निपटने में संप्रभु देशों और उसकी संस्थाओं की अहम भूमिका होती है."

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, तालिबान के गृह मंत्रालय ने कहा, अफ़ग़ानिस्तान में भूकंप से 610 लोगों की मौत हुई

    अफ़ग़ानिस्तान में भूकंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, तालिबान के मुताबिक़ भूकंप में 1300 से अधिक लोग घायल हुए हैं

    तालिबान के गृह मंत्रालय ने बताया है कि अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी इलाक़े में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 610 हो गई है. मंत्रालय के अनुसार 1,300 से ज़्यादा लोग ज़ख़्मी हुए हैं.

    अफ़ग़ानिस्तान के नांगरहार और कुनार प्रांत में रविवार रात 11:47 बजे भूकंप आया था. इसकी गहराई 8 किलोमीटर थी. इसके बाद दोबारा कम से कम तीन झटके आए, जिनकी तीव्रता 4.5 से 5.2 के बीच रही.

    न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, भूकंप के झटके अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल और पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद तक महसूस किए गए.

    अफ़ग़ानिस्तान में भूकंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, हेलिकॉप्टर की मदद से राहत-बचाव कार्य किया जा रहा है

    भूकंप से ज़्यादातर नुक़सान कुनार सूबे में बताया जा रहा है, जिसकी तक़रीबन 90 फ़ीसदी ज़मीन पहाड़ी है.

    भूकंप से प्रभावित इलाक़ों की तरफ़ जाने वाली सड़कें बहुत संकरी हैं और उनमें से कई भूस्खलन की वजह से बंद हो चुकी हैं.

    तालिबान अधिकारियों का कहना है कि उनके पास सीमित संसाधन हैं और वे अंतरराष्ट्रीय संगठनों से मदद की गुज़ारिश कर रहे हैं ताकि हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराए जा सकें और प्रभावित इलाक़ों तक पहुंचा जा सके.

  19. पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र की व्यवस्था में बदलाव के लिए एससीओ देशों से की यह अपील

    एससीओ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि ग्लोबल साउथ की आकांक्षाओं को आउटडेटेड फ़्रेमवर्क में क़ैद रखना भावी पीढ़ियों के प्रति घोर अन्याय है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइज़ेशन (एससीओ) सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र की व्यवस्था में बदलाव की मांग की. उन्होंने एससीओ के देशों से यूएन रिफ़ॉर्म के लिए अपील की.

    पीएम मोदी ने कहा, "वैश्विक संस्थानों में रिफ़ॉर्म्स के लिए एससीओ सदस्य आपसी सहयोग बढ़ा सकते हैं. संयुक्त राष्ट्र की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर हम एकमत होकर यूएन रिफ़ॉर्म का आह्वान कर सकते हैं."

    उन्होंने कहा, "ग्लोबल साउथ की आकांक्षाओं को आउटडेटेड फ़्रेमवर्क में क़ैद रखना भावी पीढ़ियों के प्रति घोर अन्याय है. नई पीढ़ी के बहुरंगी सपनों को हम पुराने जमाने की ब्लैक एंड व्हाइट स्क्रीन पर नहीं दिखा सकते. स्क्रीन बदलनी ही होगी."

    समिट में पीएम मोदी ने पहलगाम हमले का ज़िक्र कर 'आतंकवाद' पर निशाना साधा और मित्र देशों का धन्यवाद किया. पीएम मोदी ने पाकिस्तान का नाम लिए बग़ैर उस पर निशाना साधा.

  20. प्रधानमंत्री मोदी ने एससीओ समिट में 'आतंकवाद' पर निशाना साधते हुए क्या कुछ कहा?

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान का नाम लिए बग़ैर उसपर निशाना साधा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइज़ेशन (एससीओ) सम्मेलन में पहलगाम हमले का ज़िक्र करते हुए कहा कि सभी देशों को एक आवाज़ में कहना होगा कि 'आतंकवाद पर कोई भी दोहरा मापदंड स्वीकार्य नहीं होगा'.

    अपने संबोधन में पीएम मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को धन्यवाद कहा.

    उन्होंने कहा, "मुझे एससीओ समिट में शामिल होने पर खुशी हो रही है. मैं राष्ट्रपति शी जिनपिंग को उनके भव्य स्वागत के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं."

    पीएम मोदी ने कहा, "एससीओ को लेकर भारत की सोच और नीति तीन मुख्य स्तंभों पर आधारित है. एससीओ यानी सिक्योरिटी, कनेक्टिविटी और अपॉर्चुनिटी."

    समिट में पीएम मोदी ने पहलगाम हमले का ज़िक्र कर 'आतंकवाद' पर निशाना साधा और मित्र देशों का धन्यवाद किया. पीएम मोदी ने पाकिस्तान का नाम लिए बग़ैर उस पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, "भारत पिछले चार दशकों से निर्मम आतंकवाद का दंश झेल रहा है. कितनी माताओं ने अपने बच्चे खोए और कितने बच्चे अनाथ हो गए. हाल ही में हमने पहलगाम में आतंकवाद का बहुत ही घिनौना रूप देखा. इस दुख की घड़ी में जो मित्र देश हमारे साथ खड़े रहे मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं."

    पीएम मोदी ने कहा, "यह हमला केवल भारत की अंतर्आत्मा पर आघात नहीं था, यह मानवता पर विश्वास रखने वाले हर देश, हर व्यक्ति को खुली चुनौती थी. ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या कुछ देशों का आतंकवाद का खुलेआम समर्थन हमें स्वीकार्य हो सकता है?"

    उन्होंने कहा, "हमें स्पष्ट रूप से और एक आवाज़ में कहना होगा कि आतंकवाद पर कोई भी दोहरा मापदंड स्वीकार्य नहीं होगा. हमें मिलकर आतंकवाद का हर रंग में, हर रूप में विरोध करना होगा."