You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के बीच क़तर और यूक्रेन ने किया एयर डिफ़ेंस से जुड़ा रक्षा समझौता

क़तर और यूक्रेन ने एक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत दोनों देश मिसाइल और ड्रोन ख़तरों से निपटने में अपनी खूबियाँ साझा करेंगे.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. आईपीएल से शुरुआती दो हफ़्तों के लिए बाहर हो सकते हैं धोनी, क्या है कारण

    चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह दो हफ़्तों के लिए आईपीएल (इंडियन प्रीमियम लीग) से बाहर हो सकते हैं.

    चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "एम एस धोनी इस समय मांसपेशी में पिंडली में खिंचाव की वजह से इलाज करा रहे हैं और रिकवरी कर रहे हैं."

    धोनी को लेकर सीएसके ने सोशल मीडिया पर अपने बयान में लिखा, "जल्द ठीक हो जाओ, थाला."

    सीएसके को शुरुआती दो हफ़्तों में 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स से, तीन अप्रैल को पंजाब किंग्स से, पांच अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से और 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स से मैच खेलना है.

    फिर 14 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स का मुक़ाबला कोलकाता नाइटराइडर्स से चेन्नई में होगा. इस मैच में एम एस धोनी वापसी कर सकते हैं.

    आपीएल 2026 की शुरुआत आज से हो रही है. आज शाम 7.30 बजे बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में पिछले साल की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइज़र्स हैदराबाद के बीच पहला मैच खेला जाएगा.

  2. अबू धाबी: बैलिस्टिक मिसाइल के टुकड़ों से पांच भारतीय घायल

    संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी के ख़लीफ़ा इकोनॉमिक ज़ोन इलाक़े में मिसाइल का मलबा गिरने से 5 भारतीय नागरिक घायल हो गए हैं.

    अबू धाबी के आधिकारिक मीडिया ऑफ़िस ने एक्स पोस्ट में बताया, "यह घटना एयर डिफ़ेंस सिस्टम की ओर से बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोकने के बाद हुई."

    इस पोस्ट में बताया है कि भारतीयों नागरिकों को मामूली से लेकर मध्यम स्तर की चोटें लगी हैं.

    इससे पहले सऊदी अरब के एयरबेस पर भी हमले की जानकारी सामने आई थी. हमले में कुछ अमेरिकी सैनिक भी घायल हुए हैं.

    ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर हमला किया, जिसमें कई अमेरिकी सैनिक घायल हो गए.

    बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज़ ने सूत्रों के हवाले से कहा कि इस हमले में 10 सैनिक घायल हुए हैं.

    सूत्रों ने कहा कि, यह हमला मिसाइल और ड्रोन से हुआ था. दो अमेरिकी सैनिक 'बहुत गंभीर' रूप से घायल हुए हैं, जबकि आठ 'गंभीर' रूप से घायल हुए हैं. सेना की भाषा में इन दोनों का मतलब अलग-अलग होता है.

    वहीं, पिछले 24 घंटे में कुवैत में छह ड्रोन गिराए गए हैं. कुवैत नेशनल गार्ड ने एक्स पर बयान जारी कर इसकी जानकारी दी.

    दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने दावा किया कि इसराइल ने ईरान के दो सबसे बड़े स्टील कारख़ानों, एक पावर प्लांट और सिविलियन न्यूक्लियर साइट समेत अन्य ढांचों पर भी हमला किया है.

  3. जंग के कूटनीतिक हल के लिए रूस के विदेश मंत्री और अराग़ची के बीच हुई बातचीत

    रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची से बात की है.

    रूसी विदेश मंत्रालय ने बताया, "विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अराग़ची से ईरान संकट का कूटनीतिक हल निकालने की संभावना पर बातचीत की." यह जानकारी रॉयटर्स ने दी है.

    बीबीसी अरबी के मुताबिक़, मंत्रालय की वेबसाइट पर जारी बयान में कहा गया है, "दोनों विदेश मंत्रियों ने विस्तार से उस कठिन सैन्य और राजनीतिक संकट पर चर्चा की, जो अमेरिका-इसराइल की ईरान पर बिना वजह की गई कार्रवाई से शुरू हुआ."

    बयान में आगे कहा गया कि दोनों ने इस बात पर विचार साझा किए कि कैसे इस संघर्ष को अंतरराष्ट्रीय क़ानून और आसपास के सभी देशों के हितों को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक और कूटनीतिक रास्ते पर ले जाया जा सकता है.

    लावरोव ने ईरान को भेजी गई रूस की ताज़ा मानवीय मदद के बारे में जानकारी भी दी.

    दरअसल, रूस और ईरान ने एक रणनीतिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें राजनीतिक, आर्थिक, सैन्य और ऊर्जा सहयोग शामिल है, लेकिन इसमें आपसी रक्षा समझौता नहीं है.

    यूरोपीय विदेश मंत्रियों ने शुक्रवार को जी-7 बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से सबूत मांगा, जिससे साबित हो कि रूस ईरान को युद्ध में अमेरिकी सेनाओं को निशाना बनाने में मदद कर रहा है.

    दो सुरक्षा सूत्रों और ईरानी शासन के क़रीबी एक अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया, "रूस ईरान को सैटेलाइट तस्वीरें दे रहा है और ईरान के ड्रोन को बेहतर बनाने में मदद कर रहा है."

  4. डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ को कहा 'स्ट्रेट ऑफ़ ट्रंप', फिर बोले 'सॉरी'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को 'स्ट्रेट ऑफ़ ट्रंप' कह दिया. हालांकि, इसके बाद उन्होंने माफ़ी भी मांगी.

    दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक सम्मेलन में दिए गए भाषण के दौरान, पहले स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को 'स्ट्रेट ऑफ़ ट्रंप' कहा. इस पर वहां मौजूद लोग हंसने लगे और ट्रंप ने तुरंत 'सॉरी' बोला.

    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "ये कितनी भयानक ग़लती है. फ़ेक न्यूज़ मीडिया इसे ग़लती कह सकता है, लेकिन मैं बहुत कम ग़लती करता हूं."

    इसके बाद ट्रंप ने अपनी बात ख़त्म करते हुए कहा कि उन्होंने गल्फ़ ऑफ़ मैक्सिको का नाम बदलकर "गल्फ़ ऑफ़ अमेरिका" कर दिया था, जो उनके दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में अमेरिकी नक़्शों पर दिखाया गया था.

    इसके बाद ट्रंप ने फिर से ईरान पर हुए भारी अमेरिकी हमलों का ज़िक्र किया और दावा किया कि ईरान की सैन्य ताक़त लगभग पूरी तरह से ख़त्म कर दी गई है.

  5. ईरान के परमाणु ठिकानों पर इसराल का हमला, अब्बास अराग़ची ने क्या कहा

    ईरान ने आरोप लगाया है कि अमेरिका और इसराइल ने नागरिक ढांचों और केंद्रों पर लगातार हमले करना जारी रखा है.

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि इसराइल ने ईरान के दो सबसे बड़े स्टील कारख़ानों, एक पावर प्लांट और सिविलियन न्यूक्लियर साइट्स समेत अन्य ढांचों पर भी हमला किया है.

    अब्बास अराग़ची ने एक्स पर लिखा, "इसराइल दावा करता है कि उसने यह हमला अमेरिका के साथ मिलकर किया. यह हमला राष्ट्रपति की ओर से बढ़ाई गई डेडलाइन के ख़िलाफ़ है."

    उन्होंने आगे लिखा, "ईरान, इसराइल के अपराधों की बहुत बड़ी क़ीमत वसूल करेगा."

    दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान के ऊर्जा ढांचे पर किसी भी हमले को अगले 10 दिनों तक रोकेंगे.

    लेकिन यह हमला ट्रंप की ओर से दिए गए बयान के 24 घंटे के भीतर ही हो गया.

    इसके अलावा, इसराइली सेना ने ईरान के अराक हैवी वॉटर न्यूक्लियर प्लांट पर भी हमला किया है. बीबीसी वेरिफ़ाई ने उन तस्वीरों को सही बताया है जिनमें फ़ैसिलिटी के पास आग और धुआं दिख रहा है.

    ईरान की परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने पुष्टि की है कि अराक फ़ैसिलिटी को आज दो बार निशाना बनाया गया, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ.

    गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप के ख़ास दूत स्टीव विटकॉफ़ ने कहा, "अमेरिका को उम्मीद है कि ईरान के साथ इस हफ़्ते मीटिंग होगी."

  6. जम्मू-कश्मीर: ज़ोजिला में एवलांच से 7 लोगों की मौत, 5 अन्य घायल

    जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर-लेह हाईवे पर ज़ोजिला दर्रे के पास हिमस्खलन (एवलांच) हुआ, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई है और 5 घायल हुए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, हिमस्खलन शुक्रवार दोपहर में ज़ोजिला दर्रे पर ज़ीरो पॉइंट और मिनीमार्ग के बीच वाले हिस्से में हुआ. यह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग है. इस दौरान कई गाड़ियां बर्फ़ के मलबे में फंस गईं.

    दरअसल ऊंचाई वाले इस रास्ते से गाड़ियां गुज़र रही थीं, तभी भारी मात्रा में बर्फ़ नीचे गिर गई और कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया.

    मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने इस घटना को दुखद बताते हुए शोक जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की दुआ की.

    केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी घटना पर शोक जताते हुए कहा कि घायलों को मदद दी जा रही है.

  7. ईरान का सऊदी अरब के एयरबेस पर हमला, कई अमेरिकी सैनिक घायल

    ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर हमला किया, जिसमें कई अमेरिकी सैनिक घायल हो गए.

    बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज़ ने सूत्रों के हवाले से कहा कि इस हमले में 10 सैनिक घायल हुए हैं.

    सूत्रों ने कहा कि, यह हमला मिसाइल और ड्रोन से हुआ था. दो अमेरिकी सैनिक 'बहुत गंभीर' रूप से घायल हुए हैं, जबकि आठ 'गंभीर' रूप से घायल हुए हैं. सेना की भाषा में इन दोनों का मतलब अलग-अलग होता है.

    वहीं, पिछले 24 घंटे में कुवैत में छह ड्रोन गिराए गए हैं. कुवैत नेशनल गार्ड ने एक्स पर बयान जारी कर इसकी जानकारी दी.

    देश के पोर्ट्स अथॉरिटी के मुताबिक, "आज सुबह कुवैत के मुख्य कारोबारी बंदरगाह शुवैक़ पर हमला हुआ. इसमें सामान का नुक़सान हुआ, लेकिन कोई इंसानी जान नहीं गई."

    इस बीच, इसराइल की एंबुलेंस सेवा मगेन डेविड एडोम (एमडीए) ने बताया कि एक मिसाइल हमले में तेल अवीव में एक 52 साल के व्यक्ति की मौत हो गई.

    एमडीए के प्रवक्ता ने बताया कि शहर के एक और जगह पर दो लोग घायल हुए हैं.

    टाइम्स ऑफ इसराइल की रिपोर्ट के मुताबिक़, मिसाइल में क्लस्टर बम वारहेड था, जिसके छोटे-छोटे बम (बॉम्बलेट्स) बड़े इलाक़े में फैल गए.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार रात ईरान से छोड़ी गई मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया है और लोगों को 'सुरक्षित जगह' में रहने का निर्देश दिया है.

  8. ट्रंप के दूत ने ईरान के साथ मीटिंग होने को लेकर अब क्या कहा?

    डोनाल्ड ट्रंप के ख़ास दूत स्टीव विटकॉफ़ ने कहा है कि अमेरिका को उम्मीद है कि ईरान के साथ इस हफ़्ते मीटिंग होगी.

    मियामी में हुए एफ़ 11 प्रायोरिटी इवेंट में बोलते हुए मध्य पूर्व में ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ़ ने कहा, "अमेरिका ईरान से बात कर रहा है, हमें लगता है कि इस हफ़्ते मुलाक़ात होगी, हम इसके लिए पूरी तरह उम्मीद रखते हैं."

    उन्होंने जहाज़ों की आवाजाही पर भी कहा, "जहाज़ गुज़र रहे हैं, यह बहुत ही अच्छा संकेत है."

    उन्होंने आगे कहा, "ट्रंप शांति समझौता चाहते हैं और हमारे पास 15 बिंदुओं वाला समझौता है जो ईरान को भेज दिया गया था. हमें उनसे जवाब की उम्मीद है."

    इससे पहले अमेरिकी और इसराइली मीडिया ने दावा किया था कि अमेरिका ने युद्ध विराम समझौते के लिए ईरान को 15 सूत्रीय प्लान सौंपा था.

    हालांकि, इसके बाद ईरान के 'प्रेस टीवी' ने बताया था कि ईरान ने अपनी ओर से अमेरिका के सामने 5 शर्तें रखी हैं.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.