You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने कहा, 'ईरान के लोग ज़ोर ज़बरदस्ती के आगे नहीं झुकते'

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में ''अमेरिकी सरकार के रवैये'' पर सवाल खड़े किए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद फिर बढ़ी कच्चे तेल की क़ीमत, पीटर होस्किन्स, बिज़नेस रिपोर्टर

    डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा था कि अमेरिका ने ईरान के झंडे वाले एक कार्गो जहाज़ को रोककर कब्ज़े में ले लिया है, जिसके बाद सोमवार सुबह कच्चे तेल के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई.

    ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स की क़ीमत 4.74% बढ़कर 94.66 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई.

    इससे पहले ईरान ने शनिवार को कहा था कि वह होर्मुज़ स्ट्रेट को जहाज़ों के लिए बंद कर रहा है और जो भी जहाज़ वहां आएगा उसे निशाना बनाया जाएगा.

    28 फ़रवरी को अमेरिका-इसराइल और ईरान का युद्ध शुरू हुआ था, तब से ही ऊर्जा बाज़ार में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है.

    हालांकि, इस बीच ट्रंप ने कहा है कि उनके प्रतिनिधि सोमवार को पाकिस्तान में ईरान से बातचीत करने के लिए जाएंगे.

    व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि उप राष्ट्रपति जेडी वेंस अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे.

    लेकिन ईरानी सरकारी मीडिया ने कहा कि ईरान का अभी बातचीत में शामिल होने का कोई प्लान नहीं है.

  2. भारतीय झंडे वाले जहाज़ों पर हुई फ़ायरिंग को लेकर भारत के विदेश सचिव ने क्या कहा?

    भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने भारतीय झंडे वाले दो जहाज़ों पर हुई फ़ायरिंग पर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने यह भी बताया कि ईरान से बिना रुकावट आवाजाही के सिद्धांत का पालन करने के लिए कहा गया है.

    विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने श्रीलंका के कोलंबो में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "भारतीय जहाज़ों पर हुए हमले की घटना को लेकर हम बहुत चिंतित हैं. हमने ईरानी अधिकारियों से तुरंत संपर्क किया और उनके सामने गहरी चिंता ज़ाहिर की."

    उन्होंने कहा, "हमने उनसे यह भी कहा कि नाविकों की सुरक्षा का सम्मान किया जाए और अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों में बिना रुकावट आवाजाही के सिद्धांत का पालन किया जाए. ये सिद्धांत होर्मुज़ स्ट्रेट पर भी लागू होते हैं."

    गौरतलब है कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से भारत के झंडे वाले दो जहाज़ों पर शनिवार को फ़ायरिंग हुई थी.

    इसके बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने शनिवार शाम को भारत में ईरानी राजदूत मोहम्मद फ़थाली को बुलाया था और घटना पर 'गहरी चिंता' ज़ाहिर की थी.

  3. अमेरिका: गोलीबारी में आठ बच्चों की मौत, पुलिस ने हमलावर के बारे में क्या बताया, ग्रेस एलिज़ा गुडविन

    अमेरिका के लुइसियाना राज्य के श्रेवेपोर्ट शहर में हुई गोलीबारी में आठ बच्चों की मौत हो गई है. सभी की उम्र 1 से 14 साल के बीच बताई जा रही है. पुलिस ने इसे 'घरेलू विवाद' बताया है.

    पुलिस के अनुसार, रविवार को एक हमलावर ने 10 लोगों पर गोली चलाई और फिर एक गाड़ी छीनकर भाग गया. बाद में संदिग्ध की पुलिस फ़ायरिंग में मौत हो गई.

    पुलिस ने पीड़ितों के नाम नहीं बताए, लेकिन कहा कि कुछ बच्चे उस मृतक हमलावर के रिश्तेदार थे. सभी बच्चे नाबालिग थे.

    श्रेवेपोर्ट मेयर की कम्युनिकेशन डायरेक्टर ली ऐन एवेंसकी ने बीबीसी को बताया कि संदिग्ध हमलावर की पहचान शमार एल्किन्स के रूप में हुई है.

    श्रेवेपोर्ट के मेयर टॉम आर्सेनो ने रविवार को कहा, "यह एक दुखद घटना है, शायद श्रेवेपोर्ट में अब तक की सबसे बड़ी दुखद घटना."

  4. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और ईरान के राष्ट्रपति की फ़ोन पर क्या बातचीत हुई?

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने रविवार शाम को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से फ़ोन पर बात की.

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पोस्ट में बताया, "दोनों नेताओं के बीच क़रीब पैंतालीस मिनट तक मौजूदा क्षेत्रीय हालात पर विस्तार से चर्चा हुई. शहबाज़ शरीफ़ ने राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान और ईरानी नेतृत्व का शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने 11-12 अप्रैल को इस्लामाबाद में बातचीत के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजा."

    "पीएम शहबाज़ ने ईरानी राष्ट्रपति को सऊदी अरब, क़तर और तुर्की के नेताओं से हुई मुलाक़ात के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि ये मुलाक़ातें क्षेत्र में स्थायी शांति लाने के लिए बातचीत और कूटनीति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में बहुत मददगार साबित हुईं."

    पीएमओ ने बताया, "प्रधानमंत्री ने दोहराया कि दोस्तों और साझेदारों के सहयोग से पाकिस्तान क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को आगे बढ़ाने के लिए ईमानदार और सच्चे प्रयासों में पूरी तरह जुड़ा रहेगा."

    एक्स पोस्ट में लिखा, "ईरानी राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर का धन्यवाद किया. साथ ही कहा कि पाकिस्तान की ओर से शांति के लिए हो रही कोशिशें सराहनीय हैं. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में ईरान और पाकिस्तान के रिश्ते और मज़बूत होंगे."

    अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग को ख़त्म कराने के लिए पाकिस्तान मध्यस्थता कर रहा है. इस्लामाबाद में एक दौर की बातचीत हो चुकी है.

    अमेरिकी डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दूसरे दौर की बातचीत के लिए भी अमेरिका का प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद जाएगा.

  5. ईरान के वरिष्ठ सांसद ने होर्मुज़ स्ट्रेट पर 'कंट्रोल' को लेकर क्या कहा?

    ईरान ने कहा है कि वह होर्मुज़ स्ट्रेट पर से अपना नियंत्रण नहीं छोड़ने वाला. ईरान के एक वरिष्ठ सांसद ने इस पर 'ईरान का अधिकार' बताया है.

    ईरानी सांसद और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के पूर्व कमांडर इब्राहिम अज़ीज़ी ने बीबीसी से कहा, "ईरान तय करेगा कि जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने की इजाज़त मिलेगी या नहीं."

    उन्होंने दावा किया अब इससे जुड़ा क़ानून भी बनने वाला है, इसको लेकर संसद में बिल आने वाला है.

    इब्राहिम अज़ीज़ी ने होर्मुज़ स्ट्रेट को 'दुश्मन का सामना करने के लिए ईरान के पास मौजूद ताक़तों में से एक' बताया.

    गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि होर्मुज़ स्ट्रेट खुल गया है.

    हालांकि, बाद में ईरानी सरकारी मीडिया ने कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट फिर बंद कर दिया गया है.

  6. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पन्ने पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ें-