You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

केरल के पथनमथिट्टा गैंगरेप मामले में 14 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ़्तार

केरल के पथनमथिट्टा में 18 साल की एक छात्रा के साथ हुए कथित यौन उत्पीड़न और गैंग रेप मामले में पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ़्तार किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. आम आदमी पार्टी के विधायक की मौत पर पंजाब के मंत्री ने क्या कहा

    आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत गोगी की मौत पर पंजाब के मंत्री हरदीप सिंह मुंडियान ने कहा कि उन्हें जितना पता है उसके मुताबिक़ यह एक हादसा है.

    हरदीप सिंह मुंडियान ने कहा, "हमें गुरप्रीत गोगी की मौत की दुर्भाग्यपूर्ण ख़बर मिली. हम इतना जानते हैं कि ये एक हादसा है."

    उन्होंने कहा, "यह हमारी पार्टी और मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर बड़ा नुकसान है. वो बड़े भाई जैसे थे."

    पंजाब पुलिस के डीसीपी जसकरन सिंह तेजा के मुताबिक़ गुरप्रीत गोगी को गोली लगी थी. उनके परिवार ने पुलिस को बताया कि गोली गलती से चली थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था.

    लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक़ पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा.

    गुरप्रीत गोगी लुधियाना पश्चिम से आम आदमी पार्टी के विधायक थे.

  2. असम खदान हादसाः एक और मज़दूर का शव बरामद, 7 अब भी लापता, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    असम के दीमा हसाओ ज़िले की एक खदान में फंसे मज़दूरों को तलाशने के लिए लगातार चल रहे अभियान के बीच शनिवार सुबह खदान के अंदर एक और मज़दूर का शव बरामद हुआ है.

    एनडीआरएफ़ के डिप्टी कमांडर एन.के. तिवारी ने बीबीसी से इसकी पुष्टि करते हुए कहा, "खदान के अंदर आज सुबह गोताखोर गए थे, इस दौरान उन्हें एक और शव मिला है. पिछले दो दिन से खदान से पानी बाहर निकालने का काम तेज़ी से किया जा रहा है."

    उन्होंने कहा, "खदान में भरे पानी और मलबे के चलते वहां गोताखोरों के उपकरण भी कुछ डिटेक्ट नहीं कर पा रहे हैं. उम्मीद है जल्दी ही बाकी के मज़दूरों को तलाश लिया जाएगा."

    असम सरकार के जनसंपर्क विभाग ने बताया कि शनिवार को खदान से बरामद शव की पहचान 27 साल के लीजेन मगर के रूप में की गई है. यह शव सेना और एनडीआरएफ़ के एक संयुक्त अभियान के दौरान सुबह क़रीब साढ़े 7 बजे खदान के अंदर से बरामद किया गया.

    बीते सोमवार की सुबह दीमा हसाओ ज़िले के 3 किलो नामक जगह में मौजूद एक कोयला खदान में पानी भरने से कई मज़दूर अंदर फंस गए थे.

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने खदान में फंसे मज़दूरों की एक सूची जारी की थी जिसमें 9 मज़दूरों के नाम बताए गए थे. इससे पहले बचाव दल ने एक नेपाली श्रमिक का शव बरामद किया था, जो 6 जनवरी को कोयला खदान में अचानक पानी भर जाने के बाद फंसे मज़दूरों में से एक था.

  3. ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह के लिए बोइंग, गूगल समेत इन दिग्गज कंपनियों ने इतना पैसा दिया

    अमेरिका की दिग्गज विमानन कंपनी बोइंग ने बीबीसी को बताया कि डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह के लिए कंपनी एक मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 8.6 करोड़ रुपये) दान दे रही है.

    बोइंग के अलावा गूगल और माइक्रोसॉफ़्ट ने भी पुष्टि की है कि उन्होंने भी इतना ही दान दिया है. ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह के लिए दान देने वालों में कई अमेरिकी कंपनियां शामिल हैं.

    इनमें तेल उत्पादक कंपनी शेवरॉन और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र की दिग्गज कंपनी मेटा, अमेज़न और उबर भी शामिल हैं.

    डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं. यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा.

    बोइंग ने कहा, "बोइंग की द्विदलीय परंपरा को जारी रखते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उद्घाटन समारोह को समर्थन देने पर हमें खुशी है."

    कंपनी ने कहा कि उसने पिछले तीन राष्ट्रपति शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक समान दान दिया है.

    कार कंपनी फोर्ड, जनरल मोटर्स और टोयोटा ने भी उद्घाटन समारोह के लिए एक-एक मिलियन डॉलर का दान दिया है.

  4. तस्वीरों में देखें लॉस एंजेलिस के हालात: सपनों के वो घर जो जलकर राख़ बन गए

    अमेरिका के लॉस एंजेलिस में लगी आग से कई घर पूरी तरह से जलकर राख़ बन चुके हैं. यहां के लोग अब अपने घरों की ओर वापस जा रहे हैं, जहां उन्हें मलबे के सिवा और कुछ नहीं मिल रहा.

    लॉस एंजेलिस के लोग इन्हीं मलबों में अपनी यादें तलाश कर रहे हैं.

  5. अमेरिका और ब्रिटेन ने रूसी तेल कंपनियों पर कड़े प्रतिबंध लगाए, जेक लैपम, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका के बाइडन प्रशासन ने रूस पर अब तक के सबसे कड़े प्रतिबंध लगाए हैं. इसका मक़सद ऊर्जा क्षेत्र से रूस को मिल रहे राजस्व को चोट पहुंचाना है जिसका इस्तेमाल वो यूक्रेन में कर रहा है.

    इसका असर 200 से अधिक कंपनियों और व्यक्तियों पर होगा, जिनमें व्यापारियों से लेकर अधिकारी और बीमा कंपनियां शामिल हैं. इसके साथ ही इनमें सैकड़ों तेल टैंकर भी शामिल हैं.

    यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद यह पहली बार होगा, जब ब्रिटेन अमेरिका के साथ मिलकर ऊर्जा कंपनियों गैज़प्रोम नेफ़्ट और सर्गुटनेफ़्टेगस पर सीधे प्रतिबंध लगाएगा.

    ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कहा, "रूसी तेल कंपनियों से मुकाबला करने से रूस का युद्ध कोष ख़ाली हो जाएगा और पुतिन से छीना गया हर रूबल (रूसी करंसी) यूक्रेन के लोगों की जान बचाने में मदद करेगा."

    शुक्रवार को अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने जिन प्रतिबंधों की घोषणा की है, उनमें से कुछ को कानून बना दिया जाएगा. इसका मतलब है कि आने वाले ट्रंप प्रशासन को अगर इन प्रतिबंधों को हटाना है तो उन्हें यह करने के लिए कांग्रेस से इसे पास कराना होगा.

    इसके अलावा अमेरिका रूस के उन सहयोगियों को भी सीमित करने की दिशा में काम कर रहा है, जो कानूनी तौर पर रूस से ऊर्जा ख़रीद सकते हैं.

  6. लॉस एंजेलिस में लगी आग से अब तक 11 लोगों की मौत, अब तक कितना नुक़सान?

    अमेरिका के लॉस एंजेलिस काउंटी के मेडिकल एग़्जामिनर के मुताबिक़ आग से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है.

    शुक्रवार दोपहर (अमेरिकी समयानुसार) को जारी हुए अपडेट में मेडिकल एग़्जामिनर ने बताया कि पांच लोगों की मौत पैलिसेड्स की आग में हुई है, जबकि अन्य छह लोगों की मौत ईटन में लगी आग से हुई है.

    मरने वाले लोगों में से अब तक मात्र तीन लोगों की पहचान हो सकी है.

    लॉस एंजेलिस के पांच क्षेत्रों में फैली आग पर काबू पाने के लिए फ़ायर फ़ाइटर्स लगातार जुटे हुए हैं.

    पैलिसेड्स में सबसे ज़्यादा आग फैली हुई है. यहां की 20 हज़ार एकड़ से ज़्यादा ज़मीन आग से प्रभावित है. अब तक आठ प्रतिशत आग पर काबू पाया गया है.

    ईटन में फैली आग से क़रीब 14 हज़ार एकड़ का इलाक़ा जलकर ख़ाक हो चुका है. यहां तीन प्रतिशत आग पर काबू पाया गया है.

    लिडिया में 75 प्रतिशत आग पर काबू पा लिया गया है. आग से यहां क़रीब 400 एकड़ ज़मीन प्रभावित है.

    हर्स्ट में 771 एकड़ का इलाक़ा जल चुका है और 37 प्रतिशत आग पर काबू पाया गया है.

    वहीं कैनेथ में एक हज़ार एकड़ से अधिक भूभाग पर फैली आग को फैलने से रोक दिया गया है. अब तक 35 प्रतिशत आग पर काबू पाया जा चुका है.

  7. पंजाब: आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत गोगी की गोली लगने से मौत

    पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत गोगी की गोली लगने से मौत हो गई है. पंजाब पुलिस के मुताबिक़ यह घटना बीती रात क़रीब 12 बजे की है.

    गोली लगने के बाद गुरप्रीत गोगी को लुधियाना के डीएमसी अस्पताल लाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है.

    पंजाब पुलिस के डीसीपी जसकरन सिंह तेजा ने बताया, "गुरप्रीत गोगी को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया है. उनके शव को डीएमसी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है. शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा."

    उन्होंने कहा, "परिजनों के अनुसार, उन्होंने गलती से खुद को गोली मार ली, उनके सिर में गोली लगी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा."

    गुरप्रीत गोगी लुधियाना पश्चिम से आम आदमी पार्टी के विधायक थे.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.