You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस और यूक्रेन ने ब्लैक सी पर सैन्य हमले रोकने पर सहमति जताई, अमेरिका ने बताया

पिछले दिनों अमेरिका ने रूस और यूक्रेनी अधिकरियों से रूस-यूक्रेन युद्ध पर अलग-अलग दिन वार्ता की थी. इन दोनों वार्ताओं में लिए गए फैसलों पर आज अमेरिका ने बयान जारी किया है.

सारांश

  • रूस और यूक्रेन ने ब्लैक सी पर सैन्य हमले रोकने पर सहमति जताई, अमेरिका ने बताया
  • मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश सरकार के तख़्तापलट की ख़बरों को अफ़वाह बताया
  • बांग्लादेशी क्रिकेटर तमीम इक़बाल ने सेहत को लेकर क्या कहा
  • रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस लगातार रूस के संपर्क में हैं
  • ऑस्कर विजेता डॉक्यूमेंट्री "नो अदर लैंड" के फ़लस्तीनी निर्देशक को 'हिरासत' में लिया गया
  • दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को विधानसभा में बजट पेश करते हुए बताया कि एक लाख करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित किया गया है.

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे और कीर्ति रावत

  1. रूस के हमले में दर्जनों घायल, यूक्रेन ने रूस पर लगाए खोखले वादे करने के आरोप, जेम्स ग्रेगोरी और फ्रेंक गार्डनर, बीबीसी न्यूज़

    जंग रोकने के लेकर अमेरिका और रूस के अधिकारियों के बीच वार्ता के बीच रूस ने यूक्रेन पर कई मिसाइलें दागीं जिनमें दर्जनों घायल हुए हैं.

    यह हमला सोमवार को किया गया था. इसके कारण सूमी शहर में दर्जनों लोग घायल हो गए.

    इस मामले में, यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सीबिहा ने कहा कि रूस को “शांति को लेकर किए जाने वाले खोखले दावों” के बजाए पहले इन हमलों को रोकना चाहिए."

    अमेरिका और रूस के बीच सोमवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद में ताज़ा दौर की बातचीत हुई. इसका मकसद रूस और यूक्रेन जंग को रोकना है.

    वैसे इस बातचीत का एजेंडा था कि यूक्रेन के लिए साल 2022 के अनाज समझौते को बहाल कर दिया जाएगा, जिसके तहत यूक्रेन काला सागर क्षेत्र से अनाज का निर्यात कर सकेगा.

    इसके बदले में, रूस को पश्चिम की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों से ढील दी जाएगी.

    रूस और अमेरिका के बीच 12 घंटों से बातचीत जारी है. रूसी न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, मंगलवार को एक साझा बयान जारी किया जाएगा.

    व्हाइट हाउस के एक सूत्र ने सोमवार को रॉयटर्स न्यूज़ एजेंसी से कहा था कि रियाद में जारी बातचीत “बहुत अच्छी” हो रही है. उम्मीद है कि निकट भविष्य में “एक सकारात्मक घोषणा” हो सकती है.

    यूक्रेन और अमेरिका का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को सऊदी अरब में मिलेगा. इस दौरान रूस और अमेरिका के बीच समझौते को लेकर जारी बातचीत के आगे की बात होगी. यह जानकारी यूक्रेन के नेशनल ब्रॉडकास्टर सस्पाइन ने दी.

  2. महाराष्ट्रः संयुक्त शिवसेना से बीजेपी का गठबंधन क्यों नहीं हो सका था, फडणवीस ने बताया

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को राज्य में शिवसेना के साथ गठबंधन को लेकर बात की.

    उन्होंने बताया कि राज्य में शिवसेना के दो गुटों में टूट जाने से पहले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और शिवसेना का गठबंधन क्यों नहीं हो पाया था.

    मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, “जब गठबंधन की बातें शुरू हुई थीं, तब शिवसेना ने अपने दिमाग में तय कर लिया था कि वे 151 सीटों पर ही चुनाव लड़ेंगे.”

    “हालांकि, हमारा प्रस्ताव था कि हम 127 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और शिवसेना 147 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, और बाकी बची सीटें हम हमारे सहयोगियों को देना चाहते थे.”

    उन्होंने कहा, “यही वजह थी कि गठबंधन की बात आगे नहीं बढ़ पाई. जबकि हमने उनको बताया था कि हम 127 सीटों पर लड़ेंगे और आप (शिवसेना) 147 सीटों पर. मुख्यमंत्री आपका होगा, और हमारा उप-मुख्यमंत्री होगा. मगर, वो लोग किसी समझौते के लिए तैयार नहीं थे.”

    फडणवीस ने कहा, “इसके बाद, भाई साहब (ओम प्रकाश माथुर) ने दृढ़ता से कहा था कि हम लड़ेंगे और जीतेंगे. ऐसा हुआ भी, और शायद, विधि का विधान यह भी था कि मुझे मुख्यमंत्री बनना था."

    मुंबई में यह कार्यक्रम बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सिक्किम के गर्वनर ओम प्रकाश माथुर के सम्मान में आयोजित हुआ था.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने देवेंद्र फडणवीस के सोशल मीडिया अकाउंट के हवाले से यह वीडियो शेयर किया है.

  3. तुर्की: विपक्ष का प्रदर्शन जारी, राष्ट्रपति अर्दोआन ने कहा पार्टियां हिंसा के लिए उकसा रही हैं

    तुर्की में सोमवार को लगातार छठी रात को भी विरोध प्रदर्शन जारी रहे. राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने इस मामले में विपक्षी दलों पर आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “राजनीतिक दल ‘हिंसक गतिविधि’ को बढ़ावा दे रहे हैं.”

    तुर्की में इस प्रदर्शन की शुरुआत इस्तांबुल के मेयर और रिपब्लिकन पीपल्स पार्टी (सीएचपी) के नेता इकरम इमामोअलू को हिरासत में लिए जाने के बाद हुई थी.

    पुलिस ने बुधवार को इकरम इमामोअलू को भ्रष्टाचार और चरमपंथी ग्रुपों को मदद करने के आरोप में गिरफ़्तार किया था.

    जबकि इमामोअलू को चंद दिन बाद ही 2028 के राष्ट्रपति चुनावों के लिए सीएचपी का उम्मीदवार नामित किया जाने वाला था.

    सोमवार को एक बार फ़िर हज़ारों लोग प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुए. रविवार रात प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले और रबर बुलेट चलाई गई थी.

    इस बीच, इकरम इमामोअलू को मेयर के पद से हटा दिया गया. उन्होंने कहा, “मेरे ख़िलाफ़ लगाए गए आरोप राजनीति से प्रेरित हैं.” उनके इस दावे को अर्दोआन ने ख़ारिज कर दिया.

  4. हूतियों पर हमले की योजना लीक होने के दावे को ट्रंप और रक्षा मंत्री हेगसेथ ने किया ख़ारिज, क्या है मामला

    एक पत्रकार ने दावा किया है कि अमेरिका के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों ने यमन पर हमले की योजना को लीक कर दिया था.

    ये दावा द अटलांटिक के एडिटर इन चीफ़ जेफ़्रा गोल्डबर्ग ने किया है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनको इस बारे में कुछ नहीं मालूम. उन्होंने कहा, "मुझे इस बारे में कुछ नहीं मालूम. मेरे लिए तो अटलांटिक एक ऐसी मैगज़ीन है जो बंद होने वाली है."

    अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी पत्रकार के दावे को सही नहीं माना है.

    सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "तो आप एक धोखेबाज और बेहद बदनाम तथाकथित पत्रकार के बारे में बात कर रहे हैं. कोई भी वॉर प्लान के बारे में मैसेज नहीं भेज रहा था. मुझे इस बारे में और कुछ नहीं कहना है."

    क्या है पत्रकार का दावा

    जेफ़्रा गोल्डबर्ग ने दावा किया, “11 मार्च को सिग्नल एप पर मुझे एक मैसेज मिला था. इस अकाउंट की पहचान व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल वॉल्ट्ज़ के रूप में बताई गई थी.”

    “13 मार्च को इस पर एक नोटिफिकेशन मिला. इसमें बताया गया कि मुझे एक चैट ग्रुप में जोड़ा गया है. इस ग्रुप का नाम ‘हूती पीसी स्मॉल ग्रुप’ था. इसी ग्रुप में यह मैसेज किया गया था कि हूती विद्रोहियों पर हमला करने के लिए इस ग्रुप के ज़रिए कॉर्डिनेशन किया जाएगा.”

    उन्होंने बताया, “15 मार्च को मुझे एक और मैसेज मिला. इसमें हूती विद्रोहियों पर हमला किए जाने की बात कही गई थी. दो घंटे बाद इसी चैट ग्रुप में वॉल्ट्ज़ ने लिखा, “ऑपरेशन सफल रहा”.”

    अब इस मामले में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के पूर्व ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी पैट बटिगीग ने सवाल उठाया है.

    उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “ये लोग अमेरिका को सुरक्षित नहीं रख सकते हैं.”

    वहीं, स्पीकर ऑफ़ द हाउस माइक जॉनसन ने कहा, “ट्रंप प्रशासन ने स्वीकार किया है कि यह एक गलती थी.”

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पेज की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - कुणाल कामरा विवाद और दोबारा सीएम बनने के सवाल पर बीबीसी से क्या बोले एकनाथ शिंदे

    - कौन हैं स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा, जिनका विवादों से रहा है पुराना नाता

    - डीके शिवकुमार के 'संविधान' वाले बयान और 'मुस्लिम आरक्षण' को लेकर संसद से सड़क तक क्यों हुआ हंगामा

    - कोरोना काल में दिल्ली से छतरपुर जा रहे जिस मज़दूर की बीबीसी संवाददाता ने की मदद, आज वो कहां है?

    - बांग्लादेश की आर्मी को लेकर अब भारी विवाद, भारत का भी क्यों आया नाम

    - चीन से रिश्ते बेहतर होने की उम्मीद जता रहे हैं पीएम मोदी लेकिन ये भी हैं चुनौतियां