You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के सूचना सलाहकार नाहिद इस्लाम ने दिया इस्तीफ़ा, जानिए क्या कहा

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के सूचना सलाहकार और छात्र आंदोलन के प्रमुख नेताओं में से एक नाहिद इस्लाम ने सलाहकार परिषद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और अश्वनी पासवान

  1. फ़लस्तीनी कै़दियों की रिहाई को लेकर हमास ने इसराइल के सामने रखी ये शर्त

    ग़ज़ा युद्ध विराम समझौते में हमास ने इसराइल के सामने अपनी शर्त रखी है.

    हमास ने कहा है कि ग़ज़ा युद्ध विराम समझौते के अगले कदमों पर इसराइल के साथ बातचीत इस शर्त पर होगी कि जेल में बंद फ़लस्तीनी कै़दियों को मुक्त किया जाएगा, जैसा कि तय हुआ था.

    इसराइल ने रविवार को कहा कि वह 600 से ज़्यादा फ़लस्तीनी कै़दियों की रिहाई को रोक रहा है, जो छह जीवित और चार मृत बंधकों के बदले में रिहा किए जाने थे.

    इसराइल ने हमास पर लगातार ग़ज़ा युद्ध विराम समझौते के उल्लंघनों का आरोप लगाया है.

    हमास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इसराइल के फ़लीस्तीनी कैदियों को न छोड़ने पर अड़े रहने से पूरा समझौता ही "गंभीर खतरे" में पड़ गया है. उन्होंने मध्यस्थों, विशेषकर अमेरिका से इसराइल पर दबाव डालने का आह्वान किया है.

    समझौते का पहला चरण और छह सप्ताह का अस्थायी युद्धविराम शनिवार को समाप्त होने वाला है, लेकिन दूसरे चरण और युद्ध की समाप्ति पर अप्रत्यक्ष वार्ता अभी तक शुरू नहीं हुई है.

  2. बंगाल की खाड़ी में भूकंप, कोलकाता में महसूस किए गए झटके

    पश्चिम बंगाल में मंगलवार की सुबह 6 :10 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए. भूकंप का केंद्र बंगाल की खाड़ी में था.

    रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.1 मापी गई है.

    नेशनल सेंटर फ़ॉर सिस्मोलॉजी ने एक्स पर लिखा कि भूकंप का केंद्र बंगाल की खाड़ी में 91 किलोमीटर की गहराई में था.

    बीते 17 फ़रवरी को दिल्ली-एनसीआर में सुबह 5:36 बजे 4.0 की तीव्रता का भूकंप आया था.

  3. यूक्रेन युद्ध पर संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका ने दिया रूस का साथ, भारत किसके साथ?

    संयुक्त राष्ट्र ने सोमवार को रूस को यूक्रेनी क्षेत्र से तत्काल हटाने के समर्थन वाले एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इस प्रस्ताव के पक्ष में 93 और विरोध में 18 वोट डाले गए. 65 देशों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया.

    प्रस्ताव का समर्थन करने वालों में जर्मनी, ब्रिटेन और फ्रांस जैसे प्रमुख यूरोपीय देश शामिल हैं.

    वहीं रूस समेत अमेरिका, इसराइल और हंगरी ने इस प्रस्ताव के खिलाफ़ वोट किया. यह प्रस्ताव यूक्रेन के साथ रूस के युद्ध की तीसरी वर्षगांठ पर आया है.

    भारत और चीन ने संयुक्त राष्ट्र में हुए इस प्रस्ताव पर हुए मतदान में हिस्सा नहीं लिया.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.