You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: कई राज्यों में वोटिंग समाप्त, अब तक की बड़ी बातें

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग जारी है. अमेरिका के पूर्वी तट के समय के अनुसार, सुबह 7 बजे ईएसटी शुरू हुई वोटिंग रात 8:30 बजे तक चलेगी. इस बीच शुरुआती एग्ज़िट पोल भी सामने आने लगे हैं. ये हैं चुनाव से जुड़ी अब तक की बड़ी बातें

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, कीर्ति रावत और अभय कुमार सिंह

  1. दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर क्या बोले पर्यावरण मंत्री गोपाल राय?

    दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सभी विभागों के साथ एक बैठक की.

    बैठक में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कई ज़रूरी फ़ैसले लिए गए.

    गोपाल राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया, "दिवाली के बाद से दिल्ली के अंदर और इसके आस पास के इलाकों में एक्यूआई का स्तर 300 से 400 के बीच में बना हुआ है. लेकिन जिस तरह से एक्सपर्ट्स और मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले दस दिन मौसम प्रतिकूल दिशा में जा रहा है."

    "तापमान और हवा की गति भी कम होने वाली है. ऐसे में एक्यूआई का स्तर बढ़ने पर कैसे सक्रियता से 'विंटर एक्शन प्लान' दिल्ली के अंदर लागू किया जाए. इसके लिए आज हमने बैठक करके इसकी समीक्षा की."

    उन्होंने कहा, "बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने को लेकर अगले 10 दिनों के लिए सभी विभागों को अलर्ट किया गया है. आज हमने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि एंटी पॉल्यूशन कैंपेन में जितनी टीमें लगी हैं उनके साथ समीक्षा बैठक करें और अगले दस दिन के लिए उनको भी अलर्ट मोड में तैयार किया जाए."

    गोपाल राय ने कहा, "दिल्ली में पहले से ही प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए अभियान चल रहा है लेकिन अब जैसे ठंड बढ़ रही है तो प्रदूषण का स्तर भी पूरे भारत में बढ़ रहा है. सड़कों पर जलाए जाने वाले कूड़े का भी महत्वपूर्ण योगदान देखा जा रहा है."

    "इसलिए खुले में आग जलाने पर रोक लगाने के लिए 6 नवंबर से 6 दिसंबर तक अभियान चलाया जाएगा. साथ ही जो लोग दिल्ली के अंदर नाईट ड्यूटी करते हैं उन लोगों को हीटर मुहैया कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं. जिससे आग जलाने की घटनाओं को कम किया जा सके."

    "हमारी कोशिश है कि दिल्ली वालों के साथ मिलकर पूरी सक्रियता के साथ हम अपने अभियान को तेज़ करें साथ ही साथ जितने हमारे पड़ोसी राज्य हैं जहां भाजपा की सरकार है, मैं उनसे निवेदन करता हूं कि आप भी इन सारी गतिविधियों को तेज़ करें क्योंकि हम सब मिलकर प्रयास करेंगे तो प्रदूषण को कम करने में हम और सफ़ल होंगे."

    उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव से दिल्ली में आर्टिफिशियल बारिश करवाने के लिए अनुमति मांगी है.

  2. सलमान ख़ान को फिर से मिली धमकी, पांच करोड़ रुपये की मांग

    एक्टर सलमान खान को फिर जान से मारने की धमकी मिली है. हर बार की तरह इस बार भी यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई के नाम से मिली है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ मुंबई ट्रैफ़िक पुलिस को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से एक धमकी भरा संदेश मिला है. धमकी देने वाले ने दावा किया है कि वह लॉरेंस बिश्नोई का भाई है.

    धमकी भरे इस संदेश में सलमान ख़ान से 5 करोड़ रुपये की मांग की गई है.

    इस मामले पर मुंबई पुलिस का कहना है, "अभिनेता सलमान खान को मिली धमकी के बाद वर्ली पुलिस थाने में मामले पर कार्रवाई की जा रही है. जिस नंबर से यह मैसेज आया है उसका पता लगाया जा रहा है."

  3. नमस्कार

    अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक ख़बरों को पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक दिन भर की ख़बरों को पहुंचाने की ज़िम्मेदारी निभाएंगीं.

    दोपहर दो बजे तक हमारे बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी खबरें उनके लिंक के साथ नीचे दी जा रही हैं. आपको उन ख़बरों को पढ़ना चाहिए.

    अमेरिका में टिके रहने की ‘जंग’ लड़ रहे हैं ये भारतीय, देश से निकाले जाने का डर- ग्राउंड रिपोर्ट- इस रिपोर्ट को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे धुरंधरों के रहते न्यूज़ीलैंड के सामने क्यों बेबस रही टीम- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    कनाडा के हिन्दू मंदिर में लोगों पर हमले को लेकर क्या कह रहे हैं वहाँ के सिख नेता- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    अमेरिका राष्ट्रपति चुनाव: ट्रंप और कमला हैरिस की वो ख़ूबियां, जिनसे मिल सकती है जीत- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

  4. 10 हाथियों की मौत कोई दुर्घटना नहीं, उन्हें ज़हर दिया गया: जीतू पटवारी

    मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ नेशनल पार्क में पिछले कुछ दिनों के भीतर 10 हाथियों की मौत पर राजनीति तेज़ हो गई है.

    मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वन विभाग के मंत्री रामनिवास रावत का इस्तीफ़ा मांगा है और साथ ही इन मौतों का ज़िम्मेदार राज्य सरकार को ठहराया है.

    जीतू पटवारी कहते हैं, "10 हाथियों की मौत कोई दुर्घटना नहीं थी उन्हें ज़हर दिया गया था. उनको ज़हर किसने दिया ये जांच का विषय है. लेकिन अगर उनकी मौतों का कोई अभियुक्त है तो वो सरकार और वन विभाग है."

    "टाइगर अभी जिंदा है, अब टाइगर मर रहे हैं"

    पटवारी कहते हैं, "ये वो मौतें हैं जिसके बारे में पता चला, इसके अलावा भी मौतें होती हैं जो पता नहीं चलती. वन्य जीवों को लेकर ये सरकार सिर्फ़ बजट पास करती है और उसमें भ्रष्टाचार करती है."

    "तीन साल का आंकड़ा ये कहता है कि लगभग 140 बाघों की मौतें हुई हैं. काले चीते लाए और उस पर 5 हज़ार करोड़ रुपये खर्च किए गए. जो टाइगर स्टेट का दर्जा हमारा सम्मान बढ़ाते हैं वो मर रहे हैं."

    "अगर सरकार इन हत्याओं के लिए केवल कर्मचारियों को सज़ा देती है तो ये अन्याय होगा. इसमें वन मंत्री का भी इस्तीफ़ा लेना चाहिए. रामनिवास रावत जी को भी ज़िम्मेदार ठहराना चाहिए. वो चुनाव में व्यस्त हैं इधर हाथियों की हत्याएं हो रही हैं."

    भाजपा को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा, "भाजपा का जो पाखंड है इसे जनता को समझना चाहिए. मुख्यमंत्री मोहन यादव से मेरा आग्रह है कि या तो रामनिवास रावत का वन मंत्री होने के नाते इस्तीफा लें या हम वोट के माध्यम से उन्हें पद से हटा देंगे"

    वन विभाग के मुताबिक, सबसे पहले 29 अक्टूबर को विभाग की टीम को 4 हाथी मृत अवस्था में मिले थे, जबकि 6 अन्य हाथी गंभीर रूप से बीमार थे.

    बीमार हाथियों का इलाज चल रहा था, लेकिन अगले ही दिन मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर के कारण चार और हाथियों की मौत हो गई और 31 अक्टूबर को बाकी के दो हाथियों ने दम तोड़ दिया.

  5. छठ पर्व पर बोले गिरिराज सिंह, 'दूसरे धर्म के लोगों पर भरोसा नहीं'

    महापर्व कहे जाना वाला 'छठ' की आज 'नहाय-खाय' के साथ शुरुआत होगी. छठ पूजा में स्वच्छता का पूरा ख़याल रखा जाता है. ऐसे में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने स्वच्छता को लेकर लोगों से अपील की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "इसकी पवित्रता को लेकर हमने बेगूसराय के बरौनी में हिंदू समाज के लिए छठ बाज़ार लगाने की व्यवस्था कई सालों से की है. छठ अनुशासन का पर्व है और ऐसे में दूसरे धर्म के लोगों पर भरोसा नहीं किया जा सकता, कोई थूक फेंक दे या मिलावट कर दे."

    वो आगे कहते हैं,'' इसलिए मैं अपील करता हूं कि जो छठ पर्व को मानते हैं, जो सनातन के छठ पर्व का सम्मान करते हैं, ऐसे ही लोगों के हाथ से छठ का सामान ख़रीदना चाहिए."

    भारत में इन दिनों छठ पर्व की तैयारियां ज़ोरों पर हैं. यह त्योहार बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाक़ों में मनाया जाता है.

    इसके अलावा बिहार से सटे नेपाल के कुछ इलाक़ों में भी छठ का त्योहार मनाते हैं. हालांकि इन इलाक़ों के लोग जहां भी बसे हैं, वहां छठ का त्योहार भी पहुंच गया है.

  6. यूपी मदरसा बोर्ड एक्ट- 2004 पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया फ़ैसला, क्या कहा

    सुप्रीम कोर्ट ने यूपी बोर्ड ऑफ़ मदरसा एजुकेशन एक्ट 2004 को संवैधानिक क़रार दिया है.

    सर्वोच्च अदालत ने अपने फ़ैसले में इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस फ़ैसले को ग़लत क़रार दिया है, जिसमें यूपी मदरसा बोर्ड एक्ट को असंवैधानिक बताया गया था.

    सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले में चीफ़ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा है,''राज्य सरकार राज्य में शिक्षा के मानदंडों को रेग्यूलेट कर सकती है.''

    कोर्ट ने कहा है कि मदरसे में कुछ धार्मिक शिक्षा दी जाती है इस वजह से इसे रोका नहीं जा सकता है.

    हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इस क़ानून के कुछ प्रावधानों को रद्द कर दिया है, जिसमें बोर्ड को कामिल, फ़ाज़िल और इस तरह की अन्य डिग्री जारी करने का अधिकार दिया गया था.

    कोर्ट के मुताबिक़ इस तरह की डिग्री जारी करना विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी यूजीसी के ख़िलाफ़ है.

  7. पैगंबर मोहम्मद का कार्टून दिखाने वाले शिक्षक की हत्या के मामले में फ्रांस में सुनवाई शुरू

    फ़्रांस की राजधानी पेरिस में एक शिक्षक सैमुअल पैटी के हत्यारे को उक़साने और मदद करने के आरोप में आठ लोगों के ख़िलाफ पेरिस की एक अदालत में सुनवाई शुरू हो गई है.

    चेचन्या मूल के निवासी अब्दुल्लाख़ एंज़ोरोव ने 16 अक्तूबर 2020 को शिक्षक सैमुअल पैटी की हत्या पेरिस में उनके स्कूल के बाहर कर दी थी.

    हालाँकि इस दौरान पुलिस की गोली से अब्दुल्लाख़ की भी मौत हो गई थी. लेकिन इस हत्या में साथ देने या मदद करने के लिए आठ लोगों के ख़िलाफ़ अब अगले सात हफ़्ते सुनवाई चलेगी.

    इस मामले के दो अभियुक्तों पर शिक्षक को इंटरनेट पर 'ईश निंदा' करने वाला बताने का आरोप है, जबकि अन्य अभियुक्तों पर अलग-अलग तरीके से एंज़ोरोव की मदद करने का आरोप है.

    सैमुअल पैटी राजधानी पेरिस के उपनगरीय इलाक़े कॉन्फ्लैन्स सौं होनोरी के स्कूल के शिक्षक थे. साल 2020 में 6 अक्तूबर के दिन वो 'फ्रीडम ऑफ़ स्पीच' यानी अभिव्यक्ति की आज़ादी पर बच्चों को पढ़ा रहे थे.

    इस मुद्दे पर वो बच्चों को पहले भी कई बार पढ़ा चुके थे.

    इस दौरान उन्होंने साल 2015 में फ़्रेंच पत्रिका 'शार्ली एब्दो' में काम करने वालों पर हुए हमले का ज़िक्र किया था और काफ़ी संक्षेप में पैगंबर मोहम्मद के वो कार्टून दिखाए थे जो शार्ली एब्दो ने छापे थे.

    हालांकि ऐसा करने से पहले उन्होंने ऐसे छात्रों को अपनी आंखें बंद कर लेने के लिए कहा था, जो इस तरह के कार्टून को देखना पसंद नहीं करते.

    उस वक़्त की कुछ ख़बरों में बताया गया था कि कुछ मुस्लिम अभिभावकों ने शिक्षक की शिकायत की थी.

    पेरिस में साल 2015 में व्यंग्य पत्रिका 'शार्ली एब्दो' के दफ़्तर पर हुए हमले में पत्रिका के प्रसिद्ध कार्टूनिस्टों समेत 12 लोगों की मौत हो गई थी.

    शार्ली एब्दो पत्रिका को पैगंबर मोहम्मद का विवादित कार्टून प्रकाशित करने के लिए निशाना बनाया गया था.

  8. लोक गायिका शारदा सिन्हा के बेटे ने कहा- हालत नाज़ुक है

    मशहूर लोक गायिका शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य पर दिल्ली के एम्स अस्पताल ने जानकारी दी है.

    एम्स के मुताबिक़ प्रधानमंत्री मोदी लगातार उनकी सेहत पर निगरानी रख रहे हैं और वो इलाज कर रहे डॉक्टरों से सीधे संपर्क में हैं.

    एम्स ने लिखा है, "उन्होंने डॉक्टरों के ज़रिए शारदा सिन्हा की अच्छी सेहत और जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना की है."

    इस बीच शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमान ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में बताया है कि उनकी माँ फ़िलहाल वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत काफ़ी नाज़ुक है.

    अंशुमान ने कहा है, "मैंने डॉक्टरों से बात की है और उनका कहना है कि ख़तरा अभी बना हुआ है. डॉक्टरों की टीम अंतिम समय तक इससे लड़ने की कोशिश कर रही है. शारदा जी फ़िलहाल बड़ी जंग लड़ रही हैं."

    अंशुमान ने छठ के मौक़े पर लोगों से अपनी मां के लिए दुआ करने की अपील की है.

  9. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर किन अहम मुद्दों पर की बातचीत

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री स्तर की 15वीं बातचीत समाप्त हो गई है.

    इस बातचीत के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं, जहाँ उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वॉन्ग से कई वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत की है.

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में बताया है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार बढ़ रही है.

    उन्होंने लिखा है कि यह राजनीतिक साझेदारी, रक्षा सहयोग, आपसी व्यापार, बढ़ते संपर्क और शिक्षा के क्षेत्र में नज़र आता है.

    एस जयशंकर ने एक्स पर लिखा ,"हमने इस बातचीत में अपने-अपने पड़ोसियों, इंडो-पैसिफ़िक, पश्चिम एशिया, यूक्रेन और अन्य वैश्विक रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा की है."

  10. कनाडा में हिन्दू मंदिर पर हुए हमले को लेकर एस जयशंकर ने क्या कहा?

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कनाडा के हिन्दू सभा मंदिर में हुई घटना को ''बहुत ही चिंताजनक'' बताया है.

    ऑस्ट्रेलिया के आधिकारिक दौरे पर गए एस जयशंकर से पूछा गया कि क्या इस तरह की घटना से भारत और कनाडा के बीच राजनयिक तनाव बढ़ सकता है?

    एस जयशंकर ने कहा, "कनाडा में हिन्दू मंदिर पर जो कुछ हुआ वह ज़ाहिर तौर पर काफ़ी चिंताजनक है."

    कनाडा के ब्रैम्पटन में रविवार को एक हिन्दू मंदिर में लोगों पर हमला हुआ था. यह हमला तब हुआ, जब कनाडा स्थित भारतीय उच्चायोग के अधिकारी मंदिर में गए थे.

    कनाडा के ब्रैम्पटन में हुए इस हमले की भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोमवार को निंदा की थी.

    उन्होंने कहा था, "चरमपंथियों और अलगाववादियों द्वारा सोमवार को ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर में किए गए हमले की हम निंदा करते हैं. हम ये भी उम्मीद करते हैं कि इस हिंसा में जो भी शामिल हैं उन्हें गिरफ़्तार जाए."

    "हमें कनाडा में रह रहे भारतीय नागरिकों के बचाव और सुरक्षा की बहुत चिंता है."

    इस मामले पर भारत के प्रधानमंत्री ने भी सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए घटना की आलोचना की थी.

    अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स के हैंडल पर लिखा, "मैं कनाडा में हिंदू मंदिर पर जानबूझकर किए गए हमले की कड़ी निंदा करता हूँ. हमारे राजनयिकों को डराने-धमकाने की कायरतापूर्ण कोशिशें भी उतनी ही भयावह हैं. हिंसा की ऐसी हरकतें भारत के संकल्प को कभी कमज़ोर नहीं कर सकतीं. हम उम्मीद करते हैं कि कनाडा की सरकार न्याय सुनिश्चित करेगी और कानून का शासन कायम रखेगी."

  11. स्पेन के बार्सिलोना में बाढ़ की वजह से फ़्लाइटें रद्द, रेल सेवा पर रोक

    स्पेन का बार्सिलोना शहर सोमवार को बाढ़ की चपेट में आ गया है. स्पेन के मौसम विभाग ने बार्सिलोना के कैटेलोनिया को रेड अलर्ट पर रखा है.

    बार्सिलोना में मौजूद स्पेन के दूसरे सबसे बड़े एयरपोर्ट पर भी इस बाढ़ का असर दिख रहा है और इसकी वजह से 80 विमानों को रद्द किया गया है या फिर उनके समय में बदलाव किया गया है. वहीं इलाक़े में रेल सेवा फ़िलहाल रोक दी गई है.

    इससे पहले पिछले सप्ताह भारी बारिस की वजह से स्पेन के वेलेंसिया शहर में कम से कम 217 लोगों की मौत हो चुकी है. बाढ़ राहत में लगे कर्मी अब भी वहाँ अंडरग्राउंड पार्किंग में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं.

    स्पेन में आई इस बाढ़ के बाद राहत कार्यों को लेकर लोगों में काफ़ी नाराज़गी देखी गई है. लोगों का यह भी आरोप है कि बाढ़ की चेतावनी बेहतर होने से इस तरह के बड़े नुक़सान से बचा जा सकता था.

  12. कमला हैरिस के समर्थन में तमिलनाडु में उनके नाना-नानी के गाँव में लगे पोस्टर

    अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग शुरू होने से पहले डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस के समर्थन में तमिलनाडु के गांव थुलासेंद्रापुरम में पोस्टर लगाए गए हैं.

    कमला हैरिस के नाना और नानी भारत के दक्षिणी शहर चेन्नई से 300 किलोमीटर दूर एक छोटे से गांव थुलासेंद्रापुरम में रहते थे.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस का मुक़ाबला पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप से है.

    कमला हैरिस फ़िलहाल अमेरिका की उपराष्ट्रपति भी हैं.

    अमेरिका में ज़्यादातर इलाक़ों में मतदान भारतीय समय के अनुसार, मंगलवार शाम क़रीब साढ़े चार बजे शुरू होगा और यह अगले दिन यानी बुधवार सुबह क़रीब 6 बजे तक चलेगा.

    कमला हैरिस की जड़ें भारतीय परंपराओं से जुड़ी हैं. अंग्रेजी अख़बार 'द हिंदू' में छपी ख़बर के मुताबिक़, माँ की मृत्यु के बाद वो हिन्दू रीति रिवाज के मुताबिक़ उनकी अस्थियां समुद्र में प्रवाहित करने अपनी बहन के साथ चेन्नई आई थीं.

    2021 में अमेरिका की पहली महिला, पहली ब्लैक और दक्षिण एशियाई मूल की उप-राष्ट्रपति बनी कमला हैरिस ने इतिहास रच दिया था.

    तमिलनाडु की ब्रेस्ट कैंसर रिसर्चर श्यामला गोपालन की बेटी कमला हैरिस 1958 में अमेरिका चली गईं. उनके पिता डोनाल्ड हैरिस जमैका के थे.

    2023 में कमला हैरिस ने ट्वीट किया था

    "19 वर्ष की आयु में मेरी माँ श्यामला अमेरिका अकेली आ गयी थीं. वो एक शक्ति थीं - एक वैज्ञानिक, सिविल राइट एक्टिविस्ट माँ थी जिसने अपनी दोनों बेटियों में गर्व के भाव भरे."

    कमला हैरिस एक विशिष्ट परिवार से आती हैं. उनके मामा गोपालन बालाचंद्रन एक विद्वान व्यक्ति थे.

  13. अमेरिका राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज मतदान, जानिए कब आएंगे नतीजे

    अमेरिका के अगले राष्ट्रपति को चुनने के लिए कुछ घंटों में वोटिंग शुरू होने वाली है. इन चुनावों पर दुनियाभर की नज़र बनी हुई है.

    माना जा रहा है कि इस बार का मुक़ाबला काफ़ी क़रीबी हो सकता है, जिसमें एक तरफ़ पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप हैं, वहीं दूसरी तरफ डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस हैं.

    कमला हैरिस अमेरिका की मौजूदा उपराष्ट्रपति भी हैं.

    ट्रंप ने उपराष्ट्रपति पद के लिए जेडी वेंस को उम्मीदवार बनाया है.

    वहीं कमला हैरिस ने मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज़ को इस पद के लिए उम्मीदवार बनाया है.

    अमेरिका में ज़्यादातर इलाक़ों में मतदान भारतीय समय के अनुसार, मंगलवार शाम क़रीब साढ़े चार बजे शुरू होगा और यह अगले दिन यानी बुधवार सुबह क़रीब 6 बजे तक चलेगा.

    माना जा रहा है कि क़रीबी मुक़ाबले की वजह से इस साल हो रहे अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनावों के नतीज़ों की घोषणा में कुछ दिनों का वक़्त लग सकता है.

    अमेरिका में हुए कुछ राष्ट्रपति चुनावों में विजेता की घोषणा वोटिंग के दिन या अगली सुबह ज़रूर हुई है, लेकिन इस बार कड़े मुक़ाबले की वजह से इसके लिए इंतज़ार करना पड़ सकता है.

    पेंसिल्वेनिया जैसे कुछ स्विंग स्टेट में अगर वोटों की गिनती में काफ़ी कम अंतर पाया गया तो इसकी भी संभावना है कि वोटों की गिनती दोबारा की जाए.

    इन चुनावों को लेकर यह संभावना भी जताई जा रही है कि क़रीबी नतीजों को क़ानूनी तौर पर भी चुनौती दी जाए. अगर ऐसा होता है इसकी घोषणा में कुछ दिनों का वक़्त लग सकता है.

    साल 2020 में अमेरिका में राष्ट्रपति चुनावों के लिए 3 नवंबर को वोटिंग हुई थी, लेकिन अमेरिकी टीवी नेटवर्क पर जो बाइडेन को 7 नवंबर को विजेता घोषित किया गया था.

  14. नमस्कार

    आज सुबह छह बजे से दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    साथ ही बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    -अमेरिका के राष्ट्रपति को कितना वेतन मिलता है? इस ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    -कनाडा के ब्रैम्पटन में हिन्दू मंदिर में हिंसक झड़प, ट्रूडो और वहाँ के विपक्षी नेता क्या बोले. विस्तार से जानने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    -झारखंड विधानसभा चुनाव में पान बेचने वाले, गार्ड और मज़दूर उम्मीदवारों के बारे में विस्तार के पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.