इसराइली सेना ने कहा- मध्य ग़ज़ा से चार इसराइली बंधकों को छुड़ाया गया

इसराइली सेना ने कहा है कि सात अक्टूबर को हमास के द्वारा बंधक बनाए गए चार इसराइली नागरिकों को छुड़ा लिया गया है.

सारांश

  • इसराइली सेना ने कहा है कि सात अक्टूबर को हमास के द्वारा बंधक बनाए गए चार इसराइली नागरिकों को छुड़ा लिया गया है.
  • कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सोनिया गांधी को संसदीय दल का नेता चुना गया है.
  • फ्रेंच ओपन वुमेन सिंगल्स का खिताब पोलैंड की इगा स्वियातेक ने जीत लिया है.
  • नरेंद्र मोदी 9 जून की शाम को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं, राष्ट्रपति ने मांगी मंत्रिपरिषद की सूची.
  • कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए इंडिया गठबंधन के नेताओं को न्योता नहीं मिला है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. टी-20 वर्ल्ड कप में कनाडा ने किया उलटफेर, आयरलैंड की मज़बूत टीम को 12 रन से हराया

    आयरलैंड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    टी-20 विश्व कप में एक और रोमांचक मुक़ाबले में कनाडा ने आयरलैंड को हरा दिया.

    कनाडा ने आयरलैंड के सामने जीत के लिए 138 रनों का आसान सा लक्ष्य रखा, लेकिन आयरलैंड की टीम सिर्फ़ सात विकेट पर 125 रन ही बना सकी.

    आयरलैंड की टीम को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है.

    कनाडा की जीत के हीरो निकोलस किरटन रहे. उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' करार दिया गया.

    इससे पहले अमेरिका ने पाकिस्तान को हराकर बड़ा उलटफेर किया था. पाकिस्तान को सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा.

    अगर पाकिस्तान को भारत, कनाडा या आयरलैंड के ख़िलाफ़ किसी उलटफेर का सामना करना पड़ा तो सुपर-8 में पहुंचने की उसकी उम्मीदें धूमिल पड़ सकती हैें.

  2. डेनमार्क की प्रधानमंत्री पर हमला, राजधानी की सड़क पर हमलावर ने की मारपीट

    मेते फ्रेडरिक्सन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेते फ्रेडरिक्सन

    डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेते फ्रेडरिक्सन पर राजधानी कोपेनहेगन की सड़क पर हमला हुआ है. हमले से प्रधानमंत्री सदमे में हैं.

    प्रधानमंत्री दफ़्तर ने बताया कि शहर के मध्य एक चौराहे पर एक शख़्स प्रधानमंत्री की ओर बढ़ा और उन पर हाथ चला दिया. हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    यूरोपियन कमिश्नर उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इसे 'नीच हरकत' क़रार दिया है.

    उन्होंने कहा कि ये उन सभी चीज़ों के ख़िलाफ़ है जिन पर यूरोप के लोग विश्वास करते हैं और जिसके लिए लड़ते हैं.

    डेनमार्क की प्रधानमंत्री के कार्यालय ने इस घटना का ब्योरा देते हुए बयान जारी किया है.

    बयान में कहा गया है, ''शुक्रवार को प्रधानमंत्री मेते फ्रेडरिक्सन की कोपेनहेगन के कुल्टोरवेट में एक शख़्स ने मारपीट की. हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया गया है. प्रधानमंत्री इस घटना से सदमे में हैं.''

    पुलिस ने कहा है कि हमलावर से पूछताछ की जा रही है लेकिन अभी तक हमले के मक़सद के बारे में पता नहीं चला है.

  3. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    7 जून की ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें.